BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

प्रकाशित

नमस्ते. उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.

हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.

ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.

ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए

भारत बनाम चीन: सबसे ज़्यादा आबादी वाला देश होना वरदान या अभिशाप?

एक अनुमान के मुताबिक़ अगले साल अप्रैल के मध्य में भारत की आबादी चीन से ज़्यादा हो जाएगी और वो दुनिया का सबसे ज़्यादा आबादी वाला देश बन जाएगा.

चीन और भारत की मौजूदा आबादी क़रीब एक अरब 40 करोड़ से ज़्यादा है और क़रीब 70 वर्षों तक दुनिया की एक तिहाई आबादी इन्हीं दोनों देशों में रही है.

चीन ने भारत की तुलना में अपनी आबादी ज़्यादा तेज़ी से घटाई. साल 1973 में चीन की जनसंख्या वृद्धि दर क़रीब दो फ़ीसद थी. चीन ने 1983 तक इसे घटाकर 1.1 फ़ीसद कर दिया था.

जनसंख्या विशेषज्ञों का कहना है कि चीन ने यह सब कुछ हासिल करने के लिए मानवाधिकार का उल्लंघन किया. इसके लिए चीन ने दो अभियान चलाए.

पहला उसने केवल एक बच्चे की नीति अपनाई और फिर बाद में ज़्यादा उम्र में शादी करने और बच्चों के बीच फ़ासला रखने की नीति अपनाई.

चीन ने यह सब कुछ तब किया जबकि वहां अधिकतर लोग ग्रामीण इलाक़ों में रहते थे, ज़्यादातर अशिक्षित और ग़रीब थे. आगे की कहानी यहां पढ़ें.

यूक्रेन युद्ध: अमेरिकी पेट्रियट मिसाइल से कितना मज़बूत होगा यूक्रेन

यूक्रेन को अमेरिका एक एडवांस मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम दे रहा है. ये रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों के ख़िलाफ़ एक कारगर हथियार साबित होगा.

आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमीर ज़ेलेंस्की वॉशिंगटन पहुँच रहे हैं. इनके पहुँचने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय ने इस बात की पुष्टि कर दी है.

फ़रवरी में युद्ध शुरू होने के बाद से ही पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को कई एयर डिफ़ेंस सिस्टम भेजे हैं. इनमें स्टिंगर मिसाइलें और अन्य कई छोटी मिसाइलें शामिल हैं. कुछ तो रडार-संचालित एडवांस मिसाइलें भी यूक्रेन पहुँची हैं.

इन सभी मिसाइलों से रूस की ओर से आने वाले ख़तरों से कई स्तर पर मदद मिलती रही है.

पेट्रियट मिसाइल इसी श्रेणी में एक और हथियार है. लेकिन क्या ये मिसाइल यूक्रेन के लिए हर मर्ज़ की दवा है? आगे की स्टोरी यहां पढ़ें

कोरोना: ओमिक्रॉन का सबवेरिएंट BF.7 कितना घातक है?

कोरोना के ओमिक्रॉन सबवेरिएंट BF.7, जो संभावित तौर पर चीन में बढ़ते कोविड के मामलों के लिए ज़िम्मेदार है, उसके तीन मामले अभी तक भारत में पाए गए हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

उनके मुताबिक पहला BF.7 का मामला अक्टूबर में गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर में सामने आया था. अभी तक गुजरात से दो और ओडिशा से एक मामला सामने आया है.

जब भी कोई वायरस म्यूटेट करता है तो एक नई कैटेगरी (लीनिएज) या सब कैटेगरी शुरू कर देता है. बीएफ़.7 कुछ और नहीं बल्कि पहले आ चुका बीए.5.2.1.7 ही है. ये ऑमिक्रोन के सबवेरिएंट बीए.5 से ही म्यूटेट (टूट कर) होकर बना है.

चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद भारत में केंद्र सरकार ने सावधानी बरतने के लिए कहा है. आगे की स्टोरी यहां पढ़ें.

बोर होते लोगों के ब्रेन के लिए ये है 'गुड न्यूज़'

कोई आपसे कहे कि चुपचाप बैठो और कुछ मत करो, तो आपका दिमाग इसे सीधे कुबूल नहीं करेगा, बल्कि ये ख्याल बार-बार आएगा कि कैसे कुछ अधूरे छूटे टास्क और दूसरे जरूरी काम पूरा कर लें.

आज के भागदौड़ भरी जिंदगी में ये आम बात है. कुछ लोग अपने ख्यालों, विचारों के साथ अकेला रहने की बजाय खुद को 'बिजली का झटका देना' पसंद करते हैं.. ये बात मशहूर साइंस जर्नल में छपी एक रिसर्च में सामने आई है. शोध के लिए किए गए एक प्रयोग के तहत कुछ लोगों को 15 मिनट तक अकेले एक कमरे में बिठाया गया था.

इन सभी लोगों से कहा गया कि इस दौरान उन्हें कुछ नहीं करना है. सिर्फ एक विकल्प था- एक बटन दबाना, जिससे इन्हें बिजली के हल्के झटके लगेंगे. आगे की कहानी यहां पढ़िए.

जब होली के रंग में रंगे भारत और पाकिस्तान के क्रिकेटर

एशिया कप फ़ाइनल, शारजाह स्टेडियम. 18 अप्रैल,1986. विश्व चैम्पियन भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवरों में पाकिस्तान को 245 रन का लक्ष्य दिया था.

इसमें श्रीकांत के 75, सुनील गावस्कर के 92 और दिलीप वेंगसरकर की 50 रनों की बेहतरीन पारियाँ शामिल थीं.

पाकिस्तान को आख़िरी 30 गेंदों में 51 रन चाहिए थे, जब कप्तान इमरान ख़ान आउट होकर पविलियन लौट गए.

दूसरे छोर पर जावेद मियांदाद चट्टान की तरह डटे रहे और आख़िरी ओवर के पहले अपना शतक भी पूरा कर लिया. आख़िरी छह गेंदों में 11 रन चाहिए थे और वसीम अकरम और मियांदाद क्रीज़ पर थे. जावेद ने वसीम की तरफ़ देख कर पूछा, "लॉन्ग हैंडल वाला बैट चाहिए मुझे?" आगे की कहानी यहां पढ़िए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)