BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

हेलो. उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकरात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.

हम जानते हैं कि व्यस्तता की बीच आपके लिए सारी ख़बरों पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.

ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.

ये छह ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.

तो फिर इंतज़ार किस बात का? पढ़िए...

देवेंद्र फडणवीस: वो मुख्यमंत्री जो उप-मुख्यमंत्री बन गया...

बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के घर 20-21 जून की रात को देर तक राज्यसभा और एमएलसी चुनाव में बीजेपी की जीत का जश्न चला. महाराष्ट्र बीजेपी के तमाम बड़े नेता वहाँ मौजूद थे.

21 जून को सुबह सुबह जब एकनाथ शिंदे की बगावत की ख़बर आई और पता चला कि बाग़ी विधायकों के साथ वो सूरत पहुँच गए हैं, तो देर रात देवेंद्र फडणवीस के घर मौजूद बीजेपी नेताओं में से एक ने उन्हें फोन कर इस बात की जानकारी दी और कहा आप नासिक से तुरंत निकलिए. दूसरी तरफ़ से फ़ोन पर जवाब आया मैं दिल्ली में हूँ और मुझे सब पता है."

नागपुर के वरिष्ठ पत्रकार श्रीपाद अपराजित ने बीबीसी से बातचीत में इस पूरे घटनाक्रम का ज़िक्र देवेंद्र फडणवीस की राजनीतिक परिपक्वता और समझदारी के उदाहरण देने के लिए किया. पूरी स्टोरी यहां पढ़ें.

जी-7 का प्लान

इमेज स्रोत, Getty Images

जी-7 का ये प्लान चीन को कितनी चुनौती दे पाएगा?

जी-7 के देशों ने चीन की महत्वाकांक्षी परियोजना बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के मुकाबले 600 अरब डॉलर के इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान का ऐलान किया है. पिछले साल ब्रिटेन में G-7 देशों की बैठक के दौरान इस स्कीम को लाने की योजना बनाई गई थी.

लेकिन रविवार को पार्टनरशिप फॉर ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड इनवेस्टमेंट यानी पीजीआईआई के नाम से ये स्कीम रीलॉन्च की गई. इसे बिल्ड बैक बेटर वर्ल्ड ( Build Back Better World) यानी B3W भी कहा जाता है.

माना जा रहा है कि विकसित देशों की ये स्कीम चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव का मुकाबला करने के लिए लाई गई है. बीआरआई चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की दिमाग की उपज है. इसके ज़रिये चीन एशिया, यूरोप और अफ्रीका के जोड़ने के लिए विशाल इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को अंजाम दे रहा है. अमेरिका और यूरोपीय देश चीन के बिल्ड एंड रोड इनिशिएटिव की ये कह कर आलोचना करते रहे हैं कि इसके जरिये वह विकासशील और गरीब देशों को कर्ज़ के जाल में फंसा रहा है. पूरी स्टोरी यहां पढ़ें.

अमेरिका में गर्भपात पर फ़ैसले से हड़कंप

इमेज स्रोत, Getty Images

अमेरिका में गर्भपात पर फ़ैसले से हड़कंप, भारत में क्या है कानून?

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को 50 साल पुराने रो बनाम वेड मामले में आए फ़ैसले को पलट दिया है जिसके ज़रिए गर्भपात कराने को क़ानूनी करार दिया गया था और कहा गया था कि संविधान गर्भवती महिला को गर्भपात से जुड़ा फ़ैसला लेने का हक़ देता है.

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले को "भारी भूल" करार दिया है. सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले के बाद से अमेरिका के कुछ राज्यों में अबॉर्शन क्लीनिक बंद होना शुरू हो गए हैं. भारत में पिछले साल गर्भपात के बारे में क़ानून में संशोधन किया गया जिसके बाद गर्भपात करवाने के लिए मान्य अवधि को 20 हफ़्ते से बढ़ाकर 24 हफ़्ते कर दिया गया.

स्वास्थ्य और कल्याण मंत्रालय के अनुसार 16 मार्च 2021 भारत में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ़ प्रेग्नेंसी (संशोधित) बिल 2020 को राज्यसभा में पास किया गया. इसमें कहा गया कि गर्भपात के लिए मान्य अवधि विशेष तरह की महिलाओं के लिए बढ़ाई गई है, जिन्हें एमटीपी नियमों में संशोधन के ज़रिए परिभाषित किया जाएगा और इनमें दुष्कर्म पीड़ित, सगे-संबंधियों के साथ यौन संपर्क की पीड़ित और अन्य असुरक्षित महिलाएँ (विकलांग महिलाएँ, नाबालिग) भी शामिल होंगी. पूरी स्टोरी यहां पढ़ें.

जसप्रीत बुमराह

इमेज स्रोत, Getty Images

कितने सालों बाद भारतीय टेस्ट टीम की कमान किसी तेज़ गेंदबाज़ को?

भारत और इंग्लैंड के बीच एक जुलाई से बर्मिंघम में खेले जा रहे टेस्ट में रोहित शर्मा की जगह तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह कप्तानी करते नजर आएंगे. रोहित शर्मा का बुधवार को दूसरी बार कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने पर यह फ़ैसला किया गया है.

करीब 35 सालों बाद यह पहला मौका होगा कि कोई तेज़ गेंदबाज़ भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करता नजर आएगा. आखिरी बार तेज़ गेंदबाज़ कपिल देव कप्तान रहे थे. कपिल के 1987 में टेस्ट कप्तानी से हटने के बाद से बुमराह यह ज़िम्मेदारी संभालने वाले पहले तेज़ गेंदबाज होंगे.

बीसीसीआई ने ट्वीट में लिखा कि जसप्रीत इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में भारत की अगुआई करेंगे.

बुमराह का टेस्ट कप्तान बनने से भारतीय क्रिकेट में कोई बहुत बड़ा फर्क़ नहीं पड़ने जा रहा है, क्योंकि इस टेस्ट के बाद से रोहित शर्मा फिर से कप्तानी की ज़िम्मेदारी संभाल लेंगे. भविष्य के कप्तान के तौर पर केएल राहुल और ऋषभ पंत को तैयार किया जा रहा है. केएल राहुल के फ़िट नहीं होने के कारण ही बुमराह को टीम की उपकप्तानी सौंपी गई है. इस कारण ही वह कप्तानी की ज़िम्मेदारी संभालने जा रहे हैं. पूरी स्टोरी यहां पढ़ें.

बच्चों में डायबिटीज़

इमेज स्रोत, Getty Images

बच्चों में डायबिटीज़ के मामले क्यों बढ़ रहे हैं?

मौजूदा वक्त में भारत में तकरीबन 10 से 15 लाख बच्चों को डायबिटीज़ है.

अमेरिकी सरकार के डेटा के मुताबिक़, 20 साल की उम्र के 35% बच्चे डायबिटीज़ से प्रभावित हैं.

पहले ये माना जाता था कि बच्चों में टाइप 1 डायबिटीज़ कॉमन है लेकिन अब बच्चे बड़ी संख्या में टाइप 2 डायबिटीज़ के भी शिकार हो रहे हैं.

इस वीडियो में एंड्रोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ प्रियंवदा त्यागी बता रही हैं कि बच्चों में डायबिटीज़ के कारण क्या हैं और इसका इलाज़ क्या है. देखें पूरा वीडियो .

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)