राहुल गांधी ने पीएम मोदी के एक वीडियो पर कसा तंज़

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो शेयर करके उन पर तंज़ कसा है.

राहुल गांधी ने लिखा है कि भारत के लिए असली ख़तरा ये नहीं है कि प्रधानमंत्री समझते नहीं है. ये एक तथ्य है कि उनके इर्द-गिर्द लोगों में से किसी में हिम्मत नहीं है जो उन्हें बता सके कि वो ग़लत हैं.

इस वीडियो में प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि तटीय इलाक़ों में पानी की समस्या को हल करने के लिए ऐसी पवन चक्कियां लगाई जानी चाहिए जो वायु में मौजूद आद्रता से पानी बना सके.

प्रधानमंत्री डेनमार्क की पवन ऊर्जा कंपनी वेस्तास के सीईओ हेनरिक एंडरसन के साथ बातचीत कर रहे थे. ये वीडियो क्लिप उसी इवेंट से ली गई है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो में कह रहे हैं, ''हम इस टर्बाइन के माध्यम से ही हवा में से ऑक्सीजन निकाल सकते हैं. यदि वो पैरेलल ऑक्सीजन भी निकालता है हवा में से और उस ऑक्सीजन का भी मार्केट अगर कैप्चर किया जाए तो एक विंड टर्बाइन से बिजली भी मिल सकती है, पानी भी मिल सकता है और ऑक्सीजन भी मिल सकता है."

मोदी की इस बात पर हेनरिक एंडरसन ने हंसते हुए कहा,"अगर आप कभी डेनमार्क आए तो आप मुझसे मिलें, आप हमारे इंजीनियरों के लिए आइडिया जेनरेटर हो सकते हैं."

इस बात पर मोदी और एंडरसन दोनों हंसते हैं.

राहुल गांधी के ट्वीट पर जवाब देते हुए स्मृति ईरानी ने उन्हें युवराज बताया. स्मृति ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस के लिए जो वास्तविक ख़तरा है वह निश्चित रूप से फलफूल रहा है लेकिन किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि युवराज को बता सके.

वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कोई ऐसा नहीं है जो राहुल गांधी को बता सके कि उन्हें समझ नहीं है.

उन्होंने कहा, "वो प्रधानमंत्री के उस विचार का मज़ाक़ बना रहे हैं जिसका दुनिया की सबसे बड़ी ऊर्जा कंपनी के सीईओ ने स्वागत किया है."

राहुल गांधी ने भले ही प्रधानमंत्री का मज़ाक़ बनाया हो, लेकिन हवा से विंड टर्बाइन के ज़रिए पानी निकालने का विचार नया नहीं है.

साल 2012 में फ्रांस की एक कंपनी ने हवा से विंड टर्बाइन के ज़रिए पानी निकालने का दावा किया था. हालांकि एलोए वॉटर नाम की ये कंपनी बंद हो गई थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबर फ़ॉलो भी कर सकतेहैं.)