गुल पनाग ने अपने बेटे से कहा- मोदी जी बोलो, पीएम मोदी बोले बहुत प्यारा #Social

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

बॉलीवुड अभिनेत्री और 2014 में चंडीगढ़ लोकसभा सीट से AAP की उम्मीदवार रहीं गुल पनाग का अपने बेटे के साथ एक वीडियो चर्चा में है.

गुल पनाग ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में गुल पनाग का बेटा निहाल हाथ में दो मैगज़ीन लिए हुए है.

इन मैगजीन के कवर पर पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर है. गुल पनाग गोद में बैठे निहाल से पूछती हैं- बेटा बताओ ये कौन हैं?

निहाल जवाब देता है- मोदी.

इस पर गुल पनाग कहती हैं- मोदी जी. फिर निहाल भी बोलता है- मोदी जी.

गुल पनाग का यह वीडियो पीएम मोदी को आया पसंद

गुल पनाग ने ट्विटर पर लिखा, ''मैगज़ीन और अख़बारों में निहाल पीएम मोदी को तुरंत पहचान लेता है. वो अक्सर सुबह सबसे पहले यही काम करता है.''

गुल पनाग के शेयर किए इस वीडियो को पीएम मोदी ने भी री-ट्वीट किया.

पीएम मोदी ने लिखा, ''कितना प्यारा है. निहाल को मेरा आशीर्वाद. निहाल को ख़ूब सारी शुभकामनाएं. गुल पनाग मुझे पूरा यक़ीन है कि निहाल को आपके रूप में एक बेहतरीन मेंटर और गाइड मिलेगी.''

गुल पनाग के इस ट्वीट पर कई लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.

सोशल मीडिया पर कुछ लोगों को हैरानी इसलिए भी हो रही है क्योंकि अतीत में गुल पनाग कई बार बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साध चुकी हैं.

2015 में जब पेट्रोल की क़ीमतें लगातार बढ़ रही थीं, तब गुल पनाग ने मीडिया के सामने कई सवाल उठाए थे.

2014 में भी जब कैप्टन विक्रम बत्रा की मां कमलकांत बत्रा ने AAP के टिकट पर चुनाव लड़ा था, तब गुल पनाग ने पीएम मोदी पर निशाना साधा था.

दरअसल, हिमाचल प्रदेश की इस सीट हमीरपुर से बीजेपी ने भी कमलकांत के ख़िलाफ़ उम्मीदवार उतारा था.

तब गुल पनाग ने कहा था, ''अगर बीजेपी शहीदों और उनके परिवारों के लिए वाक़ई चिंतित होती तो विक्रम की मां के ख़िलाफ़ उम्मीदवार नहीं उतारती.''

गुल पनाग कई फ़िल्मों में काम कर चुकी हैं और हाल ही में वो वेब सिरीज़ 'द फैमिली मैन' में भी काम कर चुकी हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)