You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन के वित्त मंत्री ने कहा, सभी को ज़्यादा टैक्स देना होगा

ब्रिटेन के वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने गुरुवार को जारी होने वाले नए टैक्स प्लान से पहले कहा है कि सभी को ज़्यादा टैक्स देने होंगे.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and शुभम किशोर

  1. तेलंगाना में छात्र की पिटाई, जबरन 'अल्लाहु अक़बर' बुलवाने का आरोप

    तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक लड़के से हॉस्टल में मारपीट करने और जबरन 'अल्लाहु अक़बर' बुलवाने का मामला सामने आया है.

    हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में दस में से पांच छात्रों को गिरफ़्तार किया है. उन पर एक छात्र को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप है.

    ये घटना एक नवंबर को एक स्थानीय लॉ कॉलेज के हॉस्टल में हुई थी. शमशाबाद पुलिस को इसकी जानकारी तब मिली जब पीड़ित लड़के हिमांक बंसल ने भारत के राष्ट्रपति और शीर्ष नेताओं को शिकायत की, जो बाद में तेलंगाना पुलिस के पास भेजी गई.

    शमशाबाद के डीसीपी जगदीश्वर रेड्डी ने बीबीसी हिंदी को बताया, ''हमने 10 छात्रों में से पांच को गिरफ़्तार किया है. इनमें से पांच लड़के हिंदू और अन्य मुसलमान समुदाय से है. जल्द ही बाकी पांच अभियुक्तों को भी पकड़ लिया जाएगा.''

    इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें हिंमांक को कुछ लड़के प्रताड़ित करते और मारते हुए दिख रहे हैं.

    हिमांक की शिकायत के मुताबिक़ उन्हें एक नवंबर की दोपहर को हॉस्टल के उनके कमरे में प्रताड़ित किया गया था. इसमें 10 लड़के शामिल थे. इनमें से एक ने उनके कपड़े फाड़ने और आपत्तिजनक हरकतें करने की कोशिश कीं. एक लड़का वीडियो में ये बोलता हुआ भी सुनाई दे रहा है कि ''इसे मारो जब तक ये मर ना जाए.''

    बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद हिमांक शहर छोड़कर अपने घर चले गए और उन्होंने वहां से राष्ट्रपति और अन्य शीर्ष नेताओं को शिकायत का मेल भेजा.

    शुरुआती पुलिस जांच में पता चला है कि सोशल मीडिया पर बंसल की अपने बैच की एक लड़की से दोस्ती हुई थी. पुलिस के अनुसार, ''लड़की ने हिमांक को बताया था कि वो पहले एक रिश्ते में थीं. इसके जवाब में हिमांक ने लड़की को बताया कि दिल्ली में पढ़ रही नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ उनके दोस्ताना संबंध थे. इसे लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई.''

    अपनी शिकायत में हिमांक ने कहा कि उन्होंने प्रताड़ित करने वाले छात्रों से पूछा था कि उनकी ग़लती क्या है. लड़कों ने कहा कि हिमांक ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

    पुलिस अधिकारी ने कहा, ''बताया गया है कि लड़की परेशान थी तो कॉलेज की उसकी एक दोस्त ने हिमांक और उसके बीच की बातचीत देख ली. उसने दूसरे दोस्तों के बीच इसे फैला दिया.''

    इस मामले में पुलिस ने आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं. इसमें हत्या की कोशिश, आपराधिक धमकी, ख़तरनाक हथियारों से चोट पहुंचाना और ग़लत तरीके से बंधक बनाना शामिल है.

    बीजेपी राज्य महासचिव विष्णु वर्धन रेड्डी ने भी इस मामले का वीडियो ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ''आईएफ़एचई हैदराबाद में पढ़ने वाले हिमांक बसंल को प्रताड़ित किया गया और दूसरे धर्म के सीनियर छात्रों ने जबरन 'अल्लाहु अक़बर' बुलवाया."

    उन्होंने लिखा "आईएफ़एचई असदुद्दीन ओवैसी के हैदाराबाद संसदीय क्षेत्र में आता है, लेकिन उन्होंने इस मामले में अब तक कुछ नहीं कहा है. इस मामले पर मीडिया भी ख़ामोश है."

  2. पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन बन रहे मुसीबत, बीएसएफ़ ने किया बड़ा दावा

    सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का कहना है कि पाकिस्तान से लगी पंजाब और जम्मू कश्मीर की सीमा पर ड्रोन से नशीले पदार्थों, हथियारों और गोला-बारूद भेजने के मामले 2022 में दोगुना से अधिक हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बीएसएफ़ के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि ड्रोन फॉरेंसिक का अध्ययन करने के लिए दिल्ली में हाल ही में एक शिविर में स्टेट ऑफ़ आर्ट लेबोरेट्री बनाई गई है. इसके परिणाम काफ़ी उत्साहजनक रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "इसके ज़रिए सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से इस अवैध गतिविधि में शामिल अपराधियों का पता लगाने, ड्रोन के रास्ते और अपराधियों के ठिकानों का पता लगाने में भी सक्षम हैं."

    उन्होंने यह भी कहा, "बीएसएफ काफ़ी समय से ड्रोन ख़तरे का सामना कर रहा है. पाकिस्तान कई तरह के ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है. ड्रोन कई तरह के काम कर सकता है, जिसके बारे में सब जानते हैं. लेकिन ड्रोन के इस तरह हो रहे इस्तेमाल ने हमारे लिए समस्या खड़ी कर दी है क्योंकि ड्रोन कहीं से भी आ सकते हैं और बहुत जल्दी ऊंची उड़ान भरते हैं."

    बीएसएफ़ के मुताबिक़, 2020 में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर क़रीब 79 ड्रोन के उड़ने का पता चला था. 2021 में यह संख्या बढ़कर 109 और 2022 में 266 हो गई है. 2022 में पंजाब में ड्रोन की 215 उड़ानों का पता चला. वहीं, जम्मू में ड्रोन की ऐसी 22 उड़ानों का पता चला.

    बीएसएफ़ के महानिदेशक ने कहा कि फिलहाल इस समस्या का पुख्ता समाधान नहीं है.

    उन्होंने कहा, "हम फॉरेंसिक लैब की मदद से इन ड्रोन के असली ठिकानों का पता लगा रहे हैं. इन ड्रोन्स में भी कंप्यूटर और मोबाइल फ़ोन की तरह चिप लगी होती है, जिससे काफ़ी जानकारी मिल सकती है."

    उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने ड्रोन से हो रही नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी को रोकने की बीएसएफ़ की मुहिम में बहुत अच्छा सहयोग किया है.

    महानिदेशक ने कहा, "इस साल हमने अब तक 11 ड्रोन गिराए हैं. इस पर काम करने वाली टीमों को हम काफ़ी अच्छा इनाम भी दे रहे हैं. हम सीमा पर पेट्रोलिंग भी बढ़ा रहे हैं ताकि ड्रोन से आने वाला सामान कोई उठा न सके. हम ड्रोन फॉरेंसिक में अभी और गहन अध्ययन कर रहे हैं ताकि इन्हें भेजने और पाने वाले के बारे में जानकारी जुटाई जा सके."

  3. एलन मस्क ने ट्विटर ब्लू टिक को लेकर अब दी नई जानकारी

    ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने कहा है कि हो सकता है कि अगले सप्ताह से ब्लू टिक सेवा फिर से शुरू हो जाए.

    ट्विटर पर पॉल जमील नाम के एक यूज़र के एस सवाल का जवाब देते हुए मस्क ने लिखा कि शायद अगले सप्ताह के अंत तक ये सेवा फिर शुरू हो.

    मस्क ने ये भी इशारा किया कि ट्विटर पर जल्द अलग-अलग तरह के इमोजी भी देखने को मिल सकते हैं.

    ट्विटर ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन सेवा में यूजर्स से 7.99 डॉलर प्रतिमाह का भुगतान मांगा जा रहा है.

    क्यों लगाई गई थी रोक?

    ट्विटर ने ब्लू टिक के लिए आठ डॉलर के सब्सक्रिप्शन को शुक्रवार को रोक दिया है. एलन मस्क के ट्विटर खरीदने के बाद ये पहली बार है जब बड़े बदलाव का एक फ़ैसला कंपनी ने वापस लिया है.

    एलन मस्क ने ब्लू टिक के लिए भुगतान का नया नियम शुरू किया था लेकिन फिलहाल इसे रोक दिया गया है.

    ब्लू टिक सब्सक्रिप्शन लागू होने के बाद से कई बड़े ब्रांड के फर्जी अकाउंट बन गए थे और उन्हें ब्लू टिक भी मिल गया था. इससे वो कंपनी के असली अकाउंट जैसे दिखने लगे थे.

    ऐसे ही एक मामले में एली लिलि नाम की कंपनी का एक फर्जी अकाउंट बनाया गया था जिसे ट्वीट किया गया, 'इंसुलिन मुफ़्त'.

    इस पर ट्विटर ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है. लेकिन कंपनी एली लिलि ने ट्वीट किया, "हम उनसे माफ़ी मांगते हैं जिन्हें फर्जी लिलि अकाउंट से ये गलत संदेश मिला है."

    इस घटना से ये चिंताएं बढ़ गई हैं कि ट्विटर से गलत सूचनाएं फैलाने के मामले बढ़ सकते हैं. इस घटना के बाद शुक्रवार को कंपनी के शेयर 4 प्रतिशत तक गिर गए.

    एलन मस्क ने पिछले महीने 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदा था. इसके बाद से उन्होंने ट्विटर में कई बदलाव किए हैं.

    ट्विटर से करीब 3700 लोगों को नौकरी से निकाल दिया गया था जो कि कंपनी के आधे स्टाफ के बराबर था.

  4. चीन एलएसी में जो कर रहा है उससे भारत को कितना ख़तरा, भारतीय सेना प्रमुख ने बताया

    भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा है कि चीन के 17वें दौर की बातचीत में सीमा पर चल रहे तनाव को सुलझाने की कोशिश होगी.

    उन्होंने बताया कि अब तक की बातचीत में सात बिंदुओं में से पांच पर सहमति बन चुकी है और अब आखिरी के दो बिंदुओं पर बातचीत चल रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ एक कार्यक्रम में बात करते हुए जनरल पांडे ने चीन और भारत की तैयारियों और पिछले कुछ समय में दोनों देशों के बीच बातचीत के नतीज़ों के बारे में भी बताया.

    उन्होंने कहा, "आपको दोनों देशों के बीच राजनीतिक और सेना के स्तर पर बातचीत के बारे में पता है, इन बातचीत की मदद से हमें सात में से पांच फ्रिक्शन पाइंट का हल निकल गया है. दो और फ्रिक्शन पॉइंट पर हल निकालना है."

    सेना प्रमुख ने कहा कि बातचीत लगातार जारी है और जल्द ही इनका हल भी निकल जाने की उम्मीद है.

    पूर्वी लद्दाख सीमा पर चीनी सेना की मौजूदगी को लेकर एक सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने कहा, "जहां तक ​​पीएलए (चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी) के सैनिकों की संख्या को लेकर बात है तो इसमें कोई महत्वपूर्ण कमी नहीं हुई है. हालांकि उनकी कुछ टुकड़ियां जो साझा ट्रेनिंग के लिए आई थीं, ठंड की शुरुआत के साथ उनके कम होने के संकेत मिल रहे हैं. लेकिन एलएसी की बात करें तो वहां चीनी सैनिकों की संख्या में कमी नहीं आई है."

    सीमा के पास चीन के इन्फ्रास्ट्रक्चर के बारे में उन्होंने कहा कि "सीमा पर रोड, हेलीपैड और सड़क, ख़ासतौर पर जी-695 सड़क पर काम लगातार चल रहा है. ये रोड या हाइवे जो भी है, एलएसी के साथ-साथ बन रहा है, जो उन्हें न सिर्फ अपनी सेना को आगे भेजने में मददगार होगा बल्कि एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर में सेना के मूवमेंट में भी मदद मिलेगी."

    भारतीय सेना की तैयारियों पर बात करते हुए जनरल पांडे ने कहा कि भारतीय सेना अब वहां ठंड की तैयारी कर रही है लेकिन किसी भी हालात से निबटने के लिए उचित संख्या में सेना वहां मौजूद है.

    उन्होंने कहा, "अगर देखें तो मुझे लगता है कि एलएसी पर हमें अपने एक्शन बेहद ध्यान से लेने की ज़रूरत है ताकि हम अपने हित और संवेदनशीलता दोनों को बचाए रखें. हमें किसी भी तरह के आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना होगा. मेरे हिसाब से एलएसी पर मौजूदा हालात कुछ ऐसे ही हैं."

  5. एयर शो के दौरान बीच हवा में टकराए दो विमान, जांच शुरू

    अमेरिकी राज्य डलास में एयर शो के दौरान द्वितीय विश्व युद्ध के दौर के दो विमान बीच हवा में टकरा गए हैं. जब ये हादसा हुआ उस वक्त दोनों विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे.

    सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है टकराने के कारण इनमें से एक विमान दो टुकड़ों में बंट गया और ज़मीन पर आ गिरा. इसके बाद विमान में आग लग गई और उससे धुंए का ग़ुबार उठने लगा.

    बताया जा रहा है कि इनमें से एक विमान बोइंग बी-17 फ्लाइंग फोर्ट्रेस था. दोनों विमान विंग्स ओवर डलास एयर शो में हिस्सा ले रहे थे जिसे द्वितीय विश्व युद्ध एयर शो भी कहा जाता है.

    अब तक ये पता नहीं चल पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे और हादसे में कोई जीवित बचा है या नहीं.

    अमेरिका की फेडेलर एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा है कि वो शनिवार को हुए इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

    डलास के मेयर एरिक जॉनसन ने इसे एक "दर्दनाक त्रासदी" कहा है. एक ट्वीट में उन्होंने लिखा "घटना का वीडियो दिल तोड़ने वाला है. लोगों का मनोरंजन करने और उन्हें विश्व युद्ध के बारे में और जानकारी देने की कोशिश करने के लिए उड़ान भरने वाले उन लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं जो इस हादसे का शिकार हुए."

    उन्होंने कहा कि अब तक हताहतों की संख्या को कोई अंदाज़ा नहीं है, हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि दर्शकों में से कोई भी इस हादसे में हताहत नहीं हुआ है.

    इस घटना के बारे में जानकारी देने वाली वेबसाइट के अनुसार एयर शो में कई पुराने विमान उड़ान भरने वाले थे.

    बोइंग बी-17 बॉम्बर विमान था जिसने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जर्मनी के ख़िलाफ़ युद्ध जीतने में निर्णायक भूमिका निभाई थी.

    वहीं हादसे में शामिल दूसरा विमान पी-63 किंगकोबरा भी एक लड़ाकू विमान था जिसका इस्तेमाल सोवियत वायु सेना कर रही थी.

  6. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपको दिनभर ताज़ा और अहम ख़बरें मिलेंगी.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 12 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    आज की अहम ख़बरें –

    • ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आज इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मैच खेला जाएगा.
    • अमेरिका के डलास में एयर शो के दौरान द्वितीय विश्व युद्ध के दौर के दो विमान बीच हवा में टकरा गए हैं.
    • भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा है कि एलएसी पर हालात “स्थिर लेकिन अनिश्चित” है.
    • यूक्रेन के खेरसोन से रूसी सेना के पीछे हटने के बाद ओडेशा और कीएव में जश्न.
    • कांग्रेस ने शनिवार को गुजरात चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया. इसमें कांग्रेस ने कहा कि वो बीजेपी के विवादित फ़ैसलों को पलट देगी.