You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ब्रिटेन के वित्त मंत्री ने कहा, सभी को ज़्यादा टैक्स देना होगा

ब्रिटेन के वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने गुरुवार को जारी होने वाले नए टैक्स प्लान से पहले कहा है कि सभी को ज़्यादा टैक्स देने होंगे.

लाइव कवरेज

ब्रजेश मिश्र and शुभम किशोर

  1. ब्रिटेन के वित्त मंत्री ने कहा, सभी को ज़्यादा टैक्स देना होगा

    ब्रिटेन के वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने गुरुवार को जारी होने वाले नए टैक्स प्लान से पहले कहा है कि सभी को ज़्यादा टैक्स देने होंगे.

    बीबीसी से हंट ने कहा, “मैं इस बात को स्पष्ट कर रहा हूं कि कर बढ़ेंगे.”

    उन्होंने कहा कि जो लोग एनर्जी बिल से जूझ रहे हैं उनकी मदद से जुड़ी जानकारियां आगे दी जाएंगी लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि उनके सामने कई अड़चने हैं.

    वहीं लेबर पार्टी ने कहा है कि कन्जर्वेटिव पार्टी ने अर्थव्यवस्था को “पूरी तरह बिगाड़ दिया है."

    बीबीसी को जानकारी मिली है कि वित्त मंत्री 35 बिलियन डॉलर के कटौती का एलान कर सकते हैं और उनकी योजना 20 बिलियन डॉलर टैक्स जुटाने की है.

  2. राजस्थान: रेलवे ट्रैक पर धमाके की जांच में एटीएस, एनआईए जुटी

    राजस्थान में उदयपुर से 25 किलोमीटर दूर एक रेलवे ट्रैक पर धमाके की जांच एटीएस और एनआईए की टीमें करेंगी. रेल मंत्री अश्विनी वैश्नव ने इसकी जानकारी दी.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए वैश्नव ने कहा, “एटीएस, एएनआई, रेलवे आरपीएफ़ मौके पर मौजूद है. जांच जारी है. एक टीम पुल को दुरुस्त करने का काम कर रही है.”

    उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के ख़त्म होते ही, तीन से चार घंटे में ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रविवार को असरवा उदयपुर एक्सप्रेस के ग़ुज़रने से पहले इस ट्रैक पर धमाका हुआ था.

    पीएम मोदी ने 15 दिन पहले ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी, जो नए बने असरवा-उदयपुर गेज पर चल रही थी.

  3. जी-20: इंडोनेशिया पहुंचे जो बाइडन, कल पीएम मोदी पहुंचेंगे

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन जी-20 समिट के लिए इंडोनेशिया पहुंच गए हैं. वो इस हफ़्ते चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई दूसरे नेताओं से मिलेंगे.

    वो यूक्रेन जंग, ताइवान में तनाव समेत खाने, एनर्जी और क्लाइमेट से जुड़ी समस्याओं पर बात करेंगे.

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचेंगे

  4. तुर्की के इस्तांबुल में हुए धमाके में कम से कम एक की मौत

    तुर्की के इस्तांबुल में एक व्यस्त शॉपिंग इलाके में हुए धमाके में एक व्यक्ति के मौत की ख़बर है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक एक स्थानीय गवर्नर ने बताया है कि धमाके में कम से कम एक व्यक्ति के मारे जाने की ख़बर है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक धमाके में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, तुर्की के इस्तांबुल में बड़ा धमाका, कई घायल

    तुर्की के इस्तांबुल में एक व्यस्त शॉपिंग इलाके में बड़ा धमाका हुआ है.

    तुर्की के मीडिया के मुताबिक कई लोग इस धमाके में घायल हुए हैं.

    धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

  6. जी-20 के लोगो की आलोचना पर बोले राजनाथ, आरोप लगाने की भी एक हद होती है

    जी-20 के नए लोगो में कमल के फूल की आलोचनाओं का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवाब दिया है. एक भाषण में उन्होंने कहा, "जी-20 यानी दुनिया के ऐसे देशों का सम्मेलन यहां होने जा रहा है जिनका दुनिया की 85 फ़ीसदी अर्थव्यवस्था पर पकड़ है."

    "उस सम्मेलन के लिए पीएम ने लोगो जारी किया, कमल का फूल देख लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया. उन्होंने कहा कि ये फूल बीजेपी का चुनाव चिन्ह है."

    उन्होंने कहा, “आरोप लगाने की भी एक हद होती है. कोई एक सीमा होती है.”

    उन्होंने कहा कि फूल 1950 में ही भारत का राष्ट्रीय फूल घोषित किया गया था क्योंकि कमल का फूल इस देश की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है.

    उन्होंने कहा, "1857 में आज़ादी के मतवालों ने एक हाथ में रोटी और एक हाथ में कमल का फूल लेकर लड़े थे."

    उन्होंने कहा कि "क्या किसी पार्टी का चुनाव चिन्ह पंजा है, तो पंजा काट दें या साइकिल है तो साइकिल पर चलना छोड़ दें."

  7. पाकिस्तान की हार पर शोएब अख़्तर का 'दिल टूटा', अपने ट्वीट पर मोहम्मद शमी हुए ट्रेंड

    टी-20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले में हार के बाद पाकिस्तान के लोग निराश है, ट्वविटर पर लोग अलग अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं.

    पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने एक दिल टूटने की इमोजी पोस्ट की है.

    मोहम्मद शामी ने शोएब अख़्तर को जवाब देते हुए लिखा, "माफ़ करना भाई, इसे कर्मा कहते हैं, इसके बाद शमी ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे. कई लोग इस ट्वीट के लिए उनकी आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ तारीफ़."

    वहीं पूरे टूर्नामेंट ने दौरान अपने कमेंट्स के लिए सुर्खियों में रहे पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा कि उन्हें टीम पर गर्व है.

    उन्होंने लिखा, "आपने हर चुनौती का सामना किया और बहादुरी से लड़े. शानदार गेंदबाज़ी की. लेकिन इंग्लैंड ने आज बेहतर खेला. हमें गर्व है कि आप इस बड़े टूर्नामेंट के फ़ाइनल मैच तक पहुंचे.

    इसी के साथ कई लोग शाहीन अफ़रीदी के साथ हमदर्दी जता रहे हैं, तो कई लोग बेन स्टोक्स की तुलना युवराज सिंह से कर रहे हैं.

    एक ट्विटर यूज़र ने लिखा कि बेन स्टोक्स कभी हारने पर रोए थे और अब वो दो वर्ल्ड कप जिता चुके हैं.

    इसके अलावा एक ट्विटर यूज़र ने युवराज सिंह और बेन स्टोक्स को दुनिया का दो सबसे अच्छा खिलाड़ी बताया.

  8. इंग्लैंड ने जीता टी 20 वर्ल्ड कप, पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया

  9. LIVE: पाकिस्तान की टीम क्यों हारी?, टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप फ़ाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया. मैच और टूर्नामेंट में क्या ख़ास रहा? बीबीसी संवाददाता वात्सल्य राय और नवीन नेगी की बातचीत

  10. राष्ट्रपति पर तृणमूल नेता की टिप्पणी के बाद बंगाल में बढ़ा विवाद

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक और मत्स्य पालन मंत्री अखिल गिरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर की गई टिप्पणी पर राज्य में विवाद बढ़ता जा रहा है.

    तृणमूल ने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए खुद को इससे अलग कर लिया है. विवाद बढ़ने के बाद अकिल गिरी ने भी इसके लिए माफ़ी मांग ली है. लेकिन भाजपा ने इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन तेज़ कर दिया है और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग उठाई है.

    हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अब तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    विधायक गिरी ने नंदीग्राम में कहा था, "शुभेंदु का कहना है कि मैं सुंदर नहीं हूं. हम किसी को उसके रूप से नहीं आंकते. हम राष्ट्रपति के पद का सम्मान करते हैं. लेकिन हमारी राष्ट्रपति कैसी दिखती हैं?"

    विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने कहा, "मेरा आशय माननीय राष्ट्रपति का अनादर करने से नहीं था. मैं केवल उन बयानों का जवाब दे रहा था जो बीजेपी नेताओं ने मुझ पर हमला करते हुए किए हैं. अगर किसी को लगता है कि मैंने राष्ट्रपति का अनादर किया है, तो मैं इस बयान के लिए माफ़ी मांगता हूं. देश के राष्ट्रपति का मैं बहुत सम्मान करता हूं."

    दूसरी ओर, बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी ने रविवार को गिरी के ख़िलाफ़ नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.

    चटर्जी ने गिरी के ख़िलाफ़ आईपीसी और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) अधिनियम की धाराओं के तहत तत्काल कार्रवाई की मांग की है. मालदा में भी गिरी के ख़िलाफ़ एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

    उधर, बांकुड़ा और पुरुलिया ज़िले में कई स्थानों पर आदिवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया. आदिवासियों ने ममता बनर्जी सरकार के एक अन्य मंत्री ज्योत्सना मांडी के काफिले को बांकुड़ा में लगभग आधे घंटे तक रोक कर प्रदर्शन किया.

    कांग्रेस ने भी तृणमूल नेता की टिप्पणी की निंदा की है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि राजनीति कोई सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं है. “लेकिन टीएमसी के नेताओं को यह बात कौन सिखाएगा? बंगाल में सत्ता परिवर्तन कर ही टीएमसी को सबक सिखाया जा सकता है.”

  11. पंजाब: हथियारों से जुड़े नियम सख़्त, सार्वजनिक प्रदर्शन पर लगी रोक

    पंजाब सरकार ने हथियारों को रखने को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं.

    सीएम भगवंत मान के निर्देश दिए हैं कि अब तक जारी सभी हथियारों के लाइसेंस की अगले 3 महीनों के भीतर पूरी समीक्षा की जाएगी. कोई नया हथियार लाइसेंस तब तक नहीं दिया जाएगा जब तक कि डीसी व्यक्तिगत रूप से संतुष्ट न हो कि ऐसा करने के लिए असाधारण आधार मौजूद हैं.

    हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन (सोशल मीडिया पर प्रदर्शन सहित) सख़्त वर्जित होगा. आने वाले दिनों में अलग-अलग इलाकों में रैंडम चेकिंग की जाएगी. हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने सख़्त वर्जित होंगे.

    हथियारों का जल्दबाजी या लापरवाह उपयोग या जश्न की फायरिंग में जिससे मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़ जाए, एक दंडनीय अपराध होगा और उल्लंघन करने वाले के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की जाएगी.

  12. नोएडा: पालतू कुत्ते-बिल्लियों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, कुत्ते के काटने पर देना होगा इलाज का ख़र्चा

    बीते कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा के इलाक़े में कुत्तों के हमलों की घटनाएं चर्चा में रही हैं. पालतू कुत्तों और आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर कई शिकायतें भी हुईं.

    इस बीच शनिवार को उत्तर प्रदेश की नोएडा अथॉरिटी ने कुत्ते-बिल्ली पालने वालों और आवारा कुत्तों को लेकर गाइडलाइन जारी की हैं.

    नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु माहेश्वरी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि पालतू कुत्तों और बिल्लियों के मालिकों के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा.

    कितना जुर्माना लगेगा?

    नोएडा अथॉरिटी की नई गाइडलाइन के तहत अब पालतू कुत्तों और बिल्लियों का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. इसकी आख़िरी तारीख़ 31 जनवरी 2023 रखी गई है.

    पालतू कुत्ते या बिल्ली का रजिस्ट्रेशन न कराने पर जुर्माना भरना पड़ेगा.

    इसके अलावा पालतू कुत्तों के स्टेरिलाइज़ेशन और एंटीरेबीज़ वैक्सीनेशन को भी अनिवार्य किया गया है. इसका उल्लंघन करने पर एक मार्च 2023 से हर महीने 2000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा.

    नोएडा अथॉरिटी की ओर से जारी गाइडलाइन के तहत अगर पालतू कुत्ते या बिल्ली से किसी भी अन्य व्यक्ति को नुक़सान पहुंचता या कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके मालिक पर 10 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. जुर्माना भरने का यह नियम एक मार्च 2023 से लागू होगा.

    इसके साथ ही अगर पालतू कुत्ते या बिल्ली के हमले से अगर कोई व्यक्ति या जानवर घायल होता है तो उसके इलाज का खर्च भी पालतू कुत्ते के मालिक को ही भरना पड़ेगा.

    पालतू कुत्ते द्वारा सार्वजनिक स्थल पर गंदगी किए जाने पर उसकी सफाई की ज़िम्मेदारी उसके मालिक की होगी.

    नोएडा अथॉरिटी ने स्ट्रीट डॉग को लेकर भी कुछ निर्देश जारी किए हैं. स्ट्रीट डॉग के शेल्टर और खाने-पीने का दायित्व संबंधित आरडब्ल्यूए या एओए पर होगा.

  13. टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल: पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 138 रन का लक्ष्य दिया

    टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 138 रन का लक्ष्य दिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान के 20 ओवर में 8 विकेट पर 137 रन बनाए.

    पाकिस्तान की शुरुआत ख़राब रही, पहला विकेट चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा. सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान 15 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए.

    रिज़वान के बाद कप्तान बाबर आज़म का साथ देने मोहम्मद हारिस मैदान पर आए.

    हालांकि हारिस भी बहुत देर तक नहीं टिके. आठवें ओवर की पहली गेंद पर हारिस 8 रन बनाकर आउट हुए. आदिल रशीद की गेंद पर हारिस बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे. फिर इफ़्तिख़ार बिना खाता खोले आउट हो गए.

    बाबर आज़म 32 रन बना कर आउट हो गए. शान मसूद 38 रन के स्कोर पर सैम करन का शिकार हो गए.

  14. टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल: पाकिस्तान के सात विकेट गिरे

    टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में पाकिस्तान का सातवां विकेट गिर गया है. मोहम्मद नवाज़ पांच रन बना कर आउट हो गए.

    इससे पहले शान मसूद 38 रन के स्कोर पर सैम करन का शिकार हो गए. इफ़्तिख़ार बिना ख़ाता खोले आउट हो गए थे.

    पाकिस्तान की शुरुआत ख़राब रही, पहला विकेट चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा. सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान 15 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए.

    पहले विकेट पर पाकिस्तान का कुल स्कोर 29 रन था.

    इंग्लैड को पहली कामयाबी सैम करन ने दिलाई.

    रिज़वान के बाद कप्तान बाबर आज़म का साथ देने मोहम्मद हारिस मैदान पर आए.

    हालांकि हारिस भी बहुत देर तक नहीं टिके. आठवें ओवर की पहली गेंद पर हारिस 8 रन बनाकर आउट हुए. आदिल रशीद की गेंद पर हारिस बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे. फिर इफ़्तिख़ार बिना खाता खोले आउट हो गए.

    इसके बाद बाबर आज़म 32 रन बना कर आउट हो गए.

  15. टी20 वर्ल्ड कप फ़ाइनल: पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा, इफ़्तिख़ार आउट

    टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में पाकिस्तान का पहला विकेट चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा.

    सलामी बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान 15 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए.

    पहले विकेट पर पाकिस्तान का कुल स्कोर 29 रन था.

    इंग्लैड को पहली कामयाबी सैम करन ने दिलाई.

    रिज़वान के बाद कप्तान बाबर आज़म का साथ देने मोहम्मद हारिस मैदान पर आए.

    हालांकि हारिस भी बहुत देर तक नहीं टिके. आठवें ओवर की पहली गेंद पर हारिस 8 रन बनाकर आउट हुए. आदिल रशीद की गेंद पर हारिस बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे.

    इसके बाद बाबर आज़म 32 रन बना कर आउट हो गए.

  16. टी20 विश्व कप फ़ाइनल: पाकिस्तान में क्या माहौल है?

    टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप फ़ाइनल में पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड. लाहौर में कुछ पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस से बात कर रहे हैं बीबीसी संवाददाता अली काज़मी

  17. टी20 विश्व कप फ़ाइनल: इंग्लैंड ने जीता टॉस, पाकिस्तान की पहले बल्लेबाज़ी

    टी20 विश्व कप के फ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच यह मुक़ाबला ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में हो रहा है.

    इंग्लैंड की टीम ने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में भारत को 10 विकेट से हराया था और फ़ाइनल में पहुंची.

    वहीं पाकिस्तान की टीम ने न्यूज़ीलैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी.

    दोनों टीमों ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है.

    पाकिस्तान की टीम:

    मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद हारिस, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ.

    इंग्लैंड की टीम:

    जॉस बटलर, एलेक्स हेल्स, फिल साल्ट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन, मोईन अली, सैम कुरेन, क्रिस वोक्स, आदिल रशीद, क्रिस जॉर्डन.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, टी-20 विश्व कप के फाइनल से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने टीम से क्या कहा?

    ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल के मुक़ाबले से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने टीम को शुभकामनाएं दी हैं.

    प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया पर लिखा, "टीम पाकिस्तान, हर मुश्किल का सामना करते हुए आप फाइनल तक पहुंचे हैं. मैं जानता हूं कि आपमें जोश है और और जीतने की चाहत है."

    उन्होंने लिखा, "ख़ुद पर यकीन करें और अपना बेहतरीन प्रदर्शन करें, पूरा देश आपके साथ खड़ा है."

    अब से कुछ देर बाद मेलबर्न में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला जाना है.

    दूसरी तरफ इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इंग्लैंड की टीम को शुभकामनाएं दी थीं.

    ट्विटर पर उन्होंने लिखा था, "कल पाकिस्तान के ख़िलाफ़ होने वाले मैच के लिए शुभकामनाएं. यूके के अन्य क्रिकेट प्रेमियों के साथ मिलकर मैं भी आपके लिए चीयर करूंगा."

  19. जब मंत्री के भाषण के वक्त इमारत में घुस आए दर्जनों पर्यावरण कार्यकर्ता

    पुर्तगाल में जिस वक्त देश के वित्त मंत्री भाषण दे रहे थे उस वक्त दर्जनों पर्यावरण कार्यकर्ता इमारत के भीतर घुस आए जिसके बाद मंत्री को वहां से निकलना पड़ा.

    हाथों में बैनर लिए ये कार्यकर्ता नारेबाज़ी कर रहे थे और वित्त मंत्री एंटोनियो कोस्टा डा-सिल्वा के इस्तीफ़े की मांग कर रहे थे.

    कार्यकर्ताओं का कहना था कि कोस्टा डा-सिल्वा पहले तेल कंपनी में काम कर चुके हैं. पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को पकड़ कर इमारत से बाहर निकाला. इस बीच वित्त मंत्री कोस्टा डा-सिल्वा को पीछे के दरवाज़े से बाहर निकाला गया.

    इससे पहले मिस्र में हो रहे जलवायु सम्मेलन के विरोध में पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में सैंकड़ों पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार कुछ कार्यकर्ताओं ने संवाददाताओं को बताया कि वो मानते हैं कि जब तक तेल कंपनी में काम करने वालों को दबदबा रहेगा जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सम्मेलन में कुछ कारगर कदम नहीं उठाया जा सकेगा.

  20. सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का पाकिस्तान दौरा टला, ये है वजह

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाज़ा आसिफ़ ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के इस्लामाबाद लॉन्ग मार्च और धरने की घोषणा के कारण सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान की पाकिस्तान यात्रा स्थगित कर दी गई है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इमरान ख़ान को देश के हितों से कोई मतलब नहीं है और वो सिर्फ अपना हित साधने में लगे रहते हैं.

    उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "इमरान ख़ान ने साल साल पहले धरने के दौरान चीनी राष्ट्रपति की यात्रा रद्द कर दी थी. अब 21 नवंबर को धरने की घोषणा के चलते सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री की यात्रा स्थगित कर दी गई है. वो देश के ख़िलाफ़ एजेंडे पर काम कर रहा है.’’

    'नई तारीख़ जल्द तय होगी'

    पाकिस्तान के विदेश विभाग ने एक बयान में कहा है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की पाकिस्तान यात्रा की तारीख़ बदली जा रही है.

    विदेश विभाग की प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलूच ने कहा कि दोनों देश सऊदी क्राउन प्रिंस की पाकिस्तान यात्रा की नई तारीख तय करेंगे.

    सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान 21 नवंबर को पाकिस्तान जाने वाले थे.

    इस बीच तहरीक़-ए-इंसाफ़ की नेता शिरीन मजारी का कहना है कि तहरीक़-ए-इंसाफ़ के लॉन्ग मार्च के कारण यात्रा रद्द नहीं हुई.

    उन्होंने कहा, "हमने किसी को धमकी नहीं दी. हर लोकतंत्र में विरोध होता है. यह बहाना मूर्खतापूर्ण है. मोहम्मद बिन सलमान के साथ इमरान ख़ान के बहुत अच्छे संबंध हैं."

    भारत में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत रहे अब्दुल बासित ने कहा कि ज़ाहिर तौर पर यह आंतरिक स्थिति के कारण विदेशी संबंधों के प्रभावित होने का मामला है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "आंतरिक हालात की वजह से विदेशी रिश्तों पर असर पड़ने का यह स्पष्ट मामला है. यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण था. मुझे लगता नहीं कि जल्दी ही ये दौरा फिर से तय हो पाएगा. यह अच्छा संकेत नहीं है."