You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान में इमरान सरकार के ख़िलाफ़ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव

पाकिस्तान में प्रमुख विपक्षी दलों ने इमरान सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है. अविश्वास प्रस्ताव लाने में विपक्षी दलों के गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) की अहम भूमिका है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा, मोहम्मद शाहिद and दीपक मंडल

  1. आज का कार्टून: कोई और फिल्म देख लें तो?

  2. यूक्रेन में लड़ने के लिए सीरिया के लड़ाकों को भर्ती करने की कोशिश में रूस: अमेरिका

    अमेरिका के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने कहा है कि रूस यूक्रेन में लड़ने के लिए सीरिया के लड़ाकों को भर्ती करने की कोशिश कर रहा है.

    इस अधिकारी ने पत्रकारों से कहा, "हमें इस पर गौर कर रहे हैं कि रूसी राष्ट्रपति मानते हैं कि उन्हें विदेशी लड़ाकों पर निर्भर करना होगा ताकि यूक्रेन के अंदर युद्ध की बेहद अहम प्रतिबद्धता में पूरक के तौर पर मदद दी जा सके."

    रूस ने 2015 में सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के समर्थन में एक सैन्य अभियान चलाया था. इससे सीरिया में चल रहा गृह युद्ध का पलड़ा बशर अल असद की सरकार के पक्ष में झुक गया था.

    सोमवार को वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूसी सेना पिछले कुछ दिनों से सीरिया से लड़ाकों की भर्ती कर रही है. इसके मुताबिक "रूस को उम्मीद है शहरी इलाकों में लड़ाई का इन लड़ाकों का अनुभव उसे कीएव पर क़ब्ज़ा करने में मददगार साबित होगा."

    सीरियाई Deir Ezzor 24 news नेटवर्क ने पिछले महीने ख़बर दी थी कि रूस सरकार के नियंत्रण वाले इलाकों में सीरियाई लड़ाकों की भर्ती के दौरान 200 से 300 डॉलर तक का वेतन दे रहा है. उन्हें छह महीनों के लिए ''यूक्रेन जाकर गार्ड के तौर पर काम करने के लिए कहा जा रहा है."

    हालांकि अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें यह पता नहीं है कि रूस की ओर से अब तक कितने सीरियाई लड़ाकों को भर्ती किया जा चुका है या फिर इसका कोई कोटा निर्धारित किया गया है.

  3. रूसी मिसाइलों के अलावा, एक और हमले से लड़ते यूक्रेनी युवा

  4. रूस यूक्रेन संकट: बम धमाकों के बीच सूमी में कैसे बीते वो 13 दिन.. भारतीय छात्रों की आपबीती..

  5. पाकिस्तान में इमरान सरकार के ख़िलाफ़ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव, सरकार के सहयोगी दलों को पाले में लाने की कोशिश, शुमाइला जाफ़री, बीबीसी संवाददाता

    पाकिस्तान में प्रमुख विपक्षी दलों ने इमरान सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है. अविश्वास प्रस्ताव लाने में विपक्षी दलों के गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) की अहम भूमिका है.

    लाहौर में कुछ सप्ताह पहले मूवमेंट की एक बैठक में इसके चीफ़ मौलाना फजलुर रहमान ने इमरान सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा था, ''पीडीएम में शामिल सभी दलों ने इस अवैध सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फ़ैसला किया है.''

    उन्होंने कहा, ''इसके लिए हम सरकार के सभी सहयोगी दलों से संपर्क करेंगे और कहेंगे कि पाकिस्तान के लोगों पर दया करें और सरकार को समर्थन देना बंद कर दें.''

    पाकिस्तान के संविधान के मुताबिक अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए साधारण बहुमत की ही ज़रूरत होती है.

    पाकिस्तान की नेशनल अंसेबली में 342 सदस्य हैं. इसका मतलब ये कि अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए इसके पक्ष में 172 वोट चाहिए. अगर प्रस्ताव को 172 सदस्यों का समर्थन मिल गया तो इमरान ख़ान को सत्ता से हटना पड़ेगा.

    इमरान की पार्टी पीटीआई के पास नेशनल असेंबली में 155 सीटें हैं. उनकी सरकार गठबंधन के सहयोगियों के समर्थन से चल रही है. माना जाता है कि इनमें से ज़्यादातर पार्टियां सेना के क़रीब हैं.

    पाकिस्तान मुस्लिम लीग कायद-ए-आजम ( पीएमएल-क्यू) और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट इमरान सरकार की प्रमुख सहयोगी पार्टियां हैं. ये पार्टियां सार्वजनिक तौर पर इमरान सरकार पर आरोप लगा चुकी हैं इन्हें पर्याप्त भागीदारी नहीं दी जा रही है. इन्हें तवज्जो नहीं मिल रही है.

    अब विपक्ष के पास यही एक रास्ता बचा है कि सरकारी के सहयोगी दलों को अपने पाले में किया जाए.

    सरकार की सहयोगियों के अपने पाले में लाने की कोशिश के तहत पीएमएल-एन के नेता शाहबाज़ शरीफ़ ने चौदह साल बाद पीएमएल-क्यू के नेता से लाहौर में मुलाक़ात की.

    हालांकि इन सहयोगी दलों ने विपक्ष का साथ देने के मामले में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है. एक तरफ़ तो वह इमरान को आश्वस्त कर रहे हैं कि वो समर्थन वापस नहीं लेंगे लेकिन दूसरी ओर वे विपक्षी दलों के प्रस्ताव को भी सकारात्मक संकेत दे रहे हैं.

    विपक्षी दलों ने पीडीएम से पिछले साल निकाल दी गई पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी को भी इमरान सरकार के ख़िलाफ़ अपने अभियान में साथ लिया है. पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो ने भी इमरान सरकार के ख़िलाफ़ मार्च निकाला था.

    लेकिन विपक्ष की इस कोशिश पर इमरान सरकार ने कहा कि उसे अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के एलान की परवाह नहीं है.

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने बीबीसी से कहा कि यह तेरहवीं बार है जब विपक्षी दल इमरान सरकार को हटाने की कोशिश कर रहे हैं.

    विपक्षी दल इमरान सरकार के ख़िलाफ़ तेज़ी से बढ़ती महंगाई को मुद्दा बनाने के साथ उस पर कुप्रबंधन और अक्षमता का आरोप लगा रहे हैं. हालांकि इमरान सरकार ने पेट्रोल और बिजली की कीमतों में कटौती कर इस विरोध को थामने की कोशिश की है.

    प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने सरकार की प्रमुख सामाजिक कल्याण योजना ''एहसास'' के तहत और अधिक सब्सिडी देने का भी एलान किया है.

    राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है इमरान ने ये क़दम अपने ऊपर बढ़ते राजनीतिक दबाव को कम करने के लिए किया है.

  6. यूक्रेन पर रूस का हमला : सोशल मीडिया पर वायरल इन तस्वीरों का सच क्या है?

  7. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 08 मार्च 2022, सुनिए फ़ैसल मोहम्मद अली से

  8. यूक्रेन से और 410 भारतीय लौटे, सरकार ने कहा- अब तक लगभग 18 हजार लोग निकाले

    भारत सरकार ने कहा है कि यूक्रेन के सूमी शहर में फंसे सभी भारतीयों को निकाल लिया गया है.

    उत्तराखंड की रहने वाले जिया बलूनी ने बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल को बताया कि सभी भारतीय सूमी से निकल चुके हैं.

    इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि ऑपरेशन गंगा के तहत मंगलवार को यूक्रेन से 410 भारतीयों को निकाला गया. इन लोगों को दो विशेष यात्री विमानों के जरिये वहां से निकाला गया. ये विमान सुसेइवा से रवाना हुए थे.

    भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक लगभग 18 हजार भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है.

    यह ऑपरेशन फरवरी 2022 में शुरू हुआ था.

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि 75 विशेष यात्री विमानों से 15,521 लोगों को निकाला जा चुका है.

    मंत्रालय के मुताबिक भारतीय वायुसेना ने 12 मिशन उड़ानें पूरी कीं और उनसे 2467 लोगों को निकाला गया. इस ऑपरेशन के जरिये 32 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गई. विशेष यात्री विमानों की उड़ानों में से 21 बुखारेस्ट से थीं. इनमें 4575 लोगों को लाया गया.

    नौ उड़ानें सुसेइवा से थीं जिनमें 1820 लोगों को लाया गया. बुडापेस्ट से 28 उड़ानों में 5571 लोगों को लाया गया. कोसिसे से पांच उड़ानों के जरिये 909 और रेजेस्जो से 11 उड़ानों के जरिए 2404 भारतीयों को निकाला गया. कीएव से एक विमान के जरिये 242 भारतीयों को निकाला गया.

  9. नेटो का दावा - रूस आम लोगों को बना रहा है निशाना

    रूस नेटो के महासचिव जेंस स्टॉल्टनबर्ग ने कहा है कि रूस यूक्रेन के युद्ध में आमलोगों को निशाना बना रहा है.

    उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें भरोसमंद रिपोर्ट्स मिली हैं. उन्होंने रूस से अनुरोध किया है कि वो लड़ाई बंद करे.

    नेटो प्रमुख ने ये भी कहा है कि वे इस जंग को फैलने नहीं देंगे. स्टॉल्टनबर्ग ने कहा, "ये हमारी ज़िम्मेदारी है कि ये जंग यूक्रेन के बाहर न फैले. हम अपने सहयोगियों की एक-एक इंच भूमि की रक्षा करेंगे."

    लातविया के राष्ट्रपति एगिल्स लेवित्स के साथ वक्तव्य देते हुए स्टॉल्टनबर्ग ने कहा कि रूस के हमले से आमलोगों को भयानक नुकसान हो रहा है और इस जंग के मानवीय परिणाम तबाही मचाने वाले हैं.

  10. रूस के हमले के बाद अब तक बीस लाख लोग छोड़ चुके हैं यूक्रेन - संयुक्त राष्ट्र

    तेरह दिन पहले यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद, अब तक बीस लाख लोग देश छोड़ चुके हैं. बीबीसी से बात करते हुए संयुक्त राष्ट्र के शरणार्थियों के लिए उच्चायुक्त फ़िलिपो ग्रांडी ने ये बात कही है.

    ये दूसरे विश्व यूद्ध के बाद सबसे बड़ा रिफ़्यूजी संकट बनता जा रहा है.

    ग्रांडी ने कहा कि यूक्रेन से शुरूआत में आए लोग संपन्न थे क्योंकि उनमें से कई कारों में सवार होकर आए थे.

    उन्होंने कहा, "इन लोगों के पास यूक्रेन से बाहर संपर्क थे. वे अपने परिवार, दोस्तों और समुदायों के पास गए हैं."

    लेकिन उन्होंने कहा कि अगर युद्ध जारी रहा तो ऐसा लोग यूक्रेन छोड़ेंगे जिनके पास संसाधन का अभाव होगा.

    ग्रांडी ने आगे कहा, "ये यूरोपीय देशों के लिए एक जटिल मुद्दा होगा. इस मुद्दे पर सारे यूरोप को एकजुट होना पड़ेगा. दुनिया के बाक़ी हिस्सों में भले ही ऐसा हुआ हो लेकिन यूरोप में दूसरे विश्व युद्ध के बाद ऐसा संकट नहीं आया है."

    उधर पोलैंड के उप विदेश मंत्री पावेल जाबलोंस्की ने पोल्साट न्यूज़ को बताया है कि यूरोपीय संघ को शरणार्थी संकट से लड़ने के लिए 50 करोड़ यूरो चाहिए होंगे.

    क़रीब 12 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर पोलैंड पहुँचे हैं.

  11. रूस ने यूक्रेन पर परमाणु हथियार बनाने के आरोपों को जोर-शोर से उछालना शुरू किया: ब्रिटेन

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि रूस ने पिछले कुछ वक्त से जोर-शोर से ये आरोप लगाना शुरू कर दिया है कि यूक्रेन परमाणु या जैविक हथियार बना रहा है.

    उसके मुताबिक रूस ने यह आरोप फरवरी से ही दोहराने शुरू कर दिए हैं.

    ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने कहा है, ''ये लंबे समय से चली आ रही कहानी है. ऐसा लगता है कि अब इसे जोर-शोर से उछाला जा रहा है. यह यूक्रेन पर रूस के हमले का औचित्य साबित करने की रणनीति के हिस्से के तौर पर किया रहा है.''

    बीबीसी ने पहले ही यह खबर दी थी कि यूक्रेन ने रूस पर मनौवैज्ञानिक युद्ध छेड़ने का आरोप लगाया है.

    यूक्रेन का कहना है कि रूसी सेना के कुछ समूह अपने कब्जे वाले इलाके में प्रोपगंडा कर रहे हैं ताकि स्थानीय नागरिकों को प्रभावित किया जा सके.

  12. ओलेना ज़ेलेंस्का: यूक्रेनी राष्ट्रपति की पत्नी, जो पर्दे के पीछे निभा रहीं अहम किरदार

  13. पाकिस्तान से LIVE: लाहौर में औरतें की क्या मांगें हैं?, #InternationalWomensDay के मौक़े पर औरतों का जुटान. ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी के उमर दराज़ नांगियाना

  14. यूक्रेन के सूमी में फंसे सभी बचे हुए छात्रों ने बसों में सवार होकर शहर छोड़ा: हरदीप सिंह पुरी

    सूमी में फंसे सभी 694 भारतीय छात्र-छात्राएं वहां से 175 किलोमीटर दक्षिण में बसे यूक्रेनी शहर पोल्तावा के लिए चल पड़े हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के हवाले से बताया है कि ये लोग बसों से इस शहर के लिए रवाना हो गए हैं.

    पुरी ने पत्रकारों से कहा, ''सूमी में कल रात को 694 भारतीय छात्र फंसे हुए थे. वो इस समय बसों में सवार हो कर पोल्तोवा पहुंच रहे हैं पोल्टोवा सेफ़ है. वहां पहुंचने के बाद उन्हें आगे ले जाया जाएगा.''

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक रूस और यूक्रेन की ओर से मानवीय कॉरिडोर बनाने पर सहमति के बाद वहां फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू हो गया है.

    सूमी में रूस और यूक्रेन के बीच संघर्षविराम सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक लागू है. इस दौरान वहां से निकाले जा रहे लोगों के साथ सैन्य टुकड़ियां होंगी. उनकी सुरक्षा में लोग सूमी से 175 किलोमीटर दक्षिण में बसे यूक्रेनी शहर पोलतावा पहुंचेंगे.

    रूसी सेना ने सूमी को आंशिक रूप से घेर रखा है. वहां जारी बमबारी में सोमवार को नौ लोगों की मौत हो गई. सूमी में लगभग 700 भारतीय छात्र-छात्राएं फंसे हुए थे और उन्हें खाना और पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था. लेकिन रूस और यूक्रेन में कॉरिडोर पर सहमति के बाद इन लोगों के यहां से निकलने का रास्ता लगभग साफ हो गया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदोमीर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करके भारतीय छात्रों की स्थिति पर चर्चा की थी उन्हें वहां से निकाले जाने में मदद देने को कहा था.

    भारत सरकार के मुताबिक यूक्रेन से भारतीयों को निकालने लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गंगा के जरिये सोलह हजार लोगों को निकाला जा चुका है. इसके लिए 76 विमानों को इस्तेमाल किया गया.

  15. रूस ने गैस पाइपलाइन बंद करने की दी धमकी, 300 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच सकता है तेल

  16. एग्ज़िट पोल पर बोले अखिलेश और जयंत- यूपी में बन रही है सपा-आरएलडी की सरकार

    राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत चौधरी ने भी एग्ज़िट पोल को खारिज करते हुए कहा है कि प्रदेश में सपा और उनकी पार्टी के गठबंधन की सरकार बनने जा रही है.

    इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बीजेपी की बढ़त दिखाने वाले एग्ज़िट पोल को ख़ारिज करते हुए प्रदेश में 300 से ज़्यादा सीटें लाने का दावा किया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान जयंत चौधरी ने कहा, "चुनाव के नतीजे एग्ज़िट पोल से अलग होंगे. गठबंधन सरकार बनेगी."

    उन्होंने कहा, "यूपी में डर का माहौल है, जिसकी वजह से मतदाता उनकी पसंद के बारे में ख़ुलकर नहीं बता पाते हैं. अगर किसी ने हमारे (सपा-आरएलडी) के लिए वोट किया है, तो भी डर के मारे ये कह सकते हैं कि उन्होंने बीजेपी को वोट दिया."

    इससे पहले सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एग्ज़िट पोल को लेकर कहा था, "उन्हें जो दिखाना है दिखाने दीजिए. हम बहुमत ला रहे हैं."

    उन्होंने कहा था, "बीजेपी का राज्य से सफाया होगा. सपा गठबंधन 10 मार्च को बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. उसे 300 से ज़्यादा सीटें मिलेंगी."

  17. शिवसेना नेता के करीबी राहुल कनाल के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी

    शिवसेना नेता के क़रीबी माने जाने वाले राहुल कनाल के ठिकानों पर आयकर विभाग ने मंगलवार को छापेमारी की.

    ये छापेमारी बृहन्मुंबई नगरपालिका (बीएमसी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव द्वारा की गई कथित टैक्स चोरी के मामले में हुई. कनाल बीएमसी की शिक्षा समिति के सदस्य और श्री शिरडी साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं.

    छापेमारी को लेकर शिवसेना नेता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि सरकार झुकेगी नहीं. कनाल को ठाकरे का करीबी माना जाता है.

    छापेमारी को लेकर आदित्य ठाकरे ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पहले भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग होता रहा है. ये बंगाल में हुआ, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब ये महाराष्ट्र में भी हो रहा है."

    उन्होंने कहा, "ये केंद्रीय एजेंसियां एक तरह से बीजेपी के प्रचार का ज़रिया बन गई हैं. महाराष्ट्र नहीं झुकेगा."

  18. यूक्रेन संकट: सूमी में हवाई हमले बढ़े, 9 लोगों की मौत

    यूक्रेन के सूमी में हुई बमबारी से 9 लोगों की मौत हो गई है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी ने बचाव कार्य में लगे अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    सूमी में जारी हवाई बमबारी की वजह से कई मकान बर्बाद हो गए हैं और एक इमारत में भयानक आग लग गई.

    इसी हमले में 9 लोगों की मौत हुई है जिनमें दो बच्चे भी हैं. हमले में एक महिला घायल हो गई है.

    सूमी वही इलाका है जहां क़रीब 700 भारतीय छात्र भी फंसे हैं. कीएव के पश्चिम में स्थित ज़्योतिमिर के चेरनियाखिव के एक तेल डिपो में लगी आग को मंगलवार सुबह बुझाया गया है.

    पूर्वी यूक्रेन के खारकीएव में जारी रूसी हमलों में एक नौ मंज़िला इमारत में आग लग गई. इस आग को बुझाने में करीब चार घंटे से भी ज़्यादा का समय लगा. वहीं, चार लोगों की मौत की भी ख़बर है.

  19. यूक्रेन का दावा - रूस के एक बड़े जनरल की खारकीएव की जंग में मौत

    यूक्रेन के डिफ़ेंस इंटेलिजेंस मंत्रालय ने कहा है कि खारकीएव की जंग में रूस के एक बड़े कमांडर की मौत हो गई है.

    बीबीसी स्वतंत्र रूप से इस ख़बर की पुष्टि नहीं कर सका है. रूसी अधिकारियों ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विताली गेरासिमोफ़ रूसी सेना में मेजर जनरल थे. और वे रूस की सेना की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में बतौर कमांडर तैनात थे.

    यूक्रेन की ओर जारी बयान में कहा गया था कि लड़ाई में कई और वरिष्ठ रूसी अधिकारी भी मारे गए हैं और कई घायल भी हैं.

    यूक्रेन ने कहा है कि जनरल गेरासिमोफ़ ने दूसरे चेचेन युद्ध में भी हिस्सा लिया था और सीरिया में भी वे रूसी सेना के अभियान में शामिल रहे हैं.

    यूक्रेन के अधिकारियों ने एक तस्वीर ट्वीट करते हुए दावा किया है कि गेरासिमोफ़ की मौत हो गई है. बीबीसी के डिप्लोमेटिक संवाददाता पॉल एड्म्स ने कहा है कि ये युद्ध रूसी सेना के लिए तबाही साबित हो रहा है.

  20. लखनऊ में इंटरनेशनल 'वीमेन्स डे मार्च' में जुटी महिलाएं. ज़्यादा जानकारी के साथ अनंत झणाणे