You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में 95 सीटें संवेदनशील घोषित

पांच साल पहले के विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान केंद्रों की संख्या में क़रीब दो फ़ीसदी का वृद्धि हुई है. वहीं पोलिंग बूथों की संख्या में 18.45 फ़ीसदी की बढ़ोतरी की गई है.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद, भूमिका राय and चंदन शर्मा

  1. रिलांयस इंडस्ट्रीज ने किया न्यूयॉर्क के लग्जरी होटल मंडारिन ओरियंटल को खरीदने का क़रार

    रिलायंस इंडस्ट्रीज़ क़रीब 735 करोड़ रुपये में न्यूयॉर्क के प्रीमियम लक्जरी होटल मंडारिन ओरियंटल न्यूयॉर्क को खरीदने का समझौता किया है. यह होटल अपने प्रसिद्ध बॉलरूम, फ़ाइव स्टार स्पा, एमओ लाउंज और बढ़िया खान-पान के लिए मशहूर है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 2003 में बना 248 कमरों और सुइट्स वाला यह मशहूर लक्ज़री होटल शहर के सेंट्रल पार्क और कोलंबस सर्कल से सटा हुआ है.

    रिलांयस इंडस्ट्रीज़ ने शनिवार शाम को शेयर बाज़ार को इस बारे में बताया.

    कंपनी ने बताया, "रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स लिमिटेड (आरआईआईएचएल) ने कोलंबस सेंटर कॉर्पोरेशन (केमैन) की सारी शेयर पूंजी खरीदने का एक समझौता किया है.''

    ''कोलंबस सेंटर कॉर्पोरेशन (केमैन) केमैन आइलैंड्स में स्थापित कंपनी है. न्यूयॉर्क के प्रीमियम होटलों में से एक मंडारिन ओरिएंटल न्यूयॉर्क में इसके क़रीब 73 फ़ीसदी शेयर हैं. रिलायंस ने 9.8 करोड़ डॉलर (करीब 735 करोड़ रुपये) में इसे खरीदने के लिए एक समझौता किया है.''

    रिलायंस इंडस्ट्रीज़ एक साल से भी कम समय में इस तरह से दूसरे होटल का अधिग्रहण कर रही है. पिछले साल अप्रैल में, इसने ब्रिटेन के स्टोक पार्क लिमिटेड को खरीदा था.

    रिलायंस का भारत में तेल से लेकर टेलीकॉम और रिटेल सेक्टर की बड़ी कंपनी है. मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले इस समूह के पास 2.6 लाख करोड़ रुपये की नक़दी है.

  2. बिहार: 11 बार वैक्सीन लेने का दावा करने वाले बुजुर्ग के ख़िलाफ़ एफ़आईआर

      • Author, नीरज सहाय
      • पदनाम, नीरज सहाय, पटना से बीबीसी हिंदी के लिए

    11 बार कोविड वैक्सीन लेने का दावा करने वाले ब्रह्मदेव मंडल के ख़िलाफ़ मधेपुरा ज़िला पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है.

    दरअसल, मधेपुरा ज़िला अंतर्गत उदाकिशुनगंज प्रखंड के ओरसाई गाँव निवासी 84 वर्षीय ब्रह्मदेव मंडल ने पूर्व में दावा किया था कि उन्होंने अब तक 11 बार कोरोना वैक्सीन की डोज ली है.

    डाक विभाग से सेवानिवृत हुए ब्रह्मदेव मंडल ने पूर्व में यह भी दावा किया था कि वैक्सीन लेने से उन्हें काफी राहत मिली है और इस लिए वह वैक्सीन की डोज बार-बार ले रहे थे.

    इस मामले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पुरैनी के शिकायत पर कारवाई करते हुए जिले के पुरैनी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.

    इस मामले पर मधेपुरा जिले के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अब्दुस सलाम का कहना है, "अलग-अलग ढंग से और अलग-अलग पहचान से उन्होंने डोज लेने का दावा किया था. भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इसलिए पीएचसी वालों ने एहतियातन स्थानीय थाने में शिकायत की ताकि लोगों के बीच ये संदेश जा सके कि ऐसा करना गलत है."

    "साथ ही जांच समिति भी गठित कर दी गई है और जांच जारी है. हालाँकि ऑफलाइन टीकाकरण कैम्पों में लोग ऐसी गड़बड़ी कर सकते हैं. इसे रोकने के लिए विभाग ने यह पहल की है."

    जानकारों के अनुसार उन्होंने आठ बार आधार कार्ड और एक मोबाइल नंबर पर टीका लिया और तीन बार मतदाता पहचान पत्र और अपनी पत्नी के मोबाइल नंबर पर टीका लगवाया था.

    मधेपुरा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के अनुसार, "स्वास्थ्य विभाग के शिकायत के आधार पर उनके ख़िलाफ़ धोखाधड़ी का मामला शनिवार को दर्ज कर लिया गया है. उनकी गिरफ्तारी तो नहीं होगी, लेकिन चार्जशीट दाखिल की जाएगी."

  3. बेरोज़गारी के आंकड़े बताने वाली संस्था पर सीएम खट्टर बोले- ज़रूरत पड़ने पर करेंगे कार्रवाई

    बेरोज़गारी के आंकड़ों पर नज़र रखने वाली संस्था सेंटर फ़ॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी यानी सीएमआईई (CMIE) ने अपनी एक रिपोर्ट में दिसंबर महीने में हरियाणा में बेरोज़गारी दर को चिंताजनक बताया था.

    इस संबंध में बीते दिन जब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम मनोहर लाल खट्टर से सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ज़रूरत पड़ने पर हम आंकड़े जारी करने वाली संस्था यानी सीएमआईई के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करेंगे.

    इसके पहले उन्होंने सीएमआईई के आंकड़ों को भी ख़ारिज किया.

    सीएमआईई की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते दिसंबर महीने के दौरान सबसे अधिक बेरोज़गारी दर हरियाणा की रही. वहां बेरोजगारी दर 34.1 फ़ीसदी रिकार्ड की गई थी.

  4. ब्राज़ील: चट्टान का हिस्सा गिरने से सात लोगों की मौत

    ब्राज़ील की एक झील में तैर रही नावों पर चट्टान का एक हिस्सा खिसक कर गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया है. हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी है.

    देश के दक्षिण पूर्व इलाक़े में हुए इस हादसे में अभी तक तीन लोग लापता हैं और 32 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं.

    इस हादसे का जो वीडियो ऑनलाइन मौजूद है उसमें साफ़ दिखाई दे रहा है कि कैसे चट्टान का एक हिस्सा अलग होकर नीचे गिर रहा है.

    वीडियो में देखा जा सकता है कि जिस वक्त ये हादसा हुआ उस वक्त झील के आसपास मौजूद लोग नाव पर सवार लोगों को चेतावनी देते हुए सतर्क करने की कोशिश कर रहे हैं.

    वीडियो देख कर लग रहा है कि झील पर तैर रही नावों में से कम से कम एक डूब गई जबकि दूसरी नावों पर सवार कुछ लोग बचने में कामयाब रहे.

    यह हादसा स्थानीय समयानुसार, 11 बजे के आसपास हुआ.

    स्थानीय अग्निशमन कर्मचारियों ने पत्रकारों को बताया कि मिनास गेराइस राज्य में बीते कुछ दिनों से बारिश हो रही थी, जिसके कारण चट्टानों के गिरने की आशंका बढ़ गयी थी.

    गोताखोरों और हेलीकॉप्टर की मदद से लापता लोगों को तलाशने की कोशिश की जा रही है.

  5. भविष्य की जंग की तस्वीर क्या होगी?

    भविष्य में ताक़तवर देशों के बीच जंग की तस्वीर कैसी होगी और क्या इस चुनौती का सामना करने के लिए पश्चिमी देश तैयार हैं?

    सबसे पहले तो यह जान लेना बेहतर होगा कि "भविष्य के हथियार" यहां पहले से ही मौजूद हैं.

    पश्चिमी मुल्कों से चल रही तनातनी के बीच रूस या चीन ने ऐसे कई हथियार पहले ही तैयार कर लिए हैं. कई हथियारों का पूर्वाभ्यास हो रहा है, जबकि कई को तो तैनात भी कर दिया गया है.

    16 नवंबर को रूस ने एक मिसाइल का परीक्षण करते हुए अंतरिक्ष में मौजूद अपने ही सैटेलाइट को तबाह कर दिया. उससे पहले पिछली गर्मी में चीन ने अपने उन्नत हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया, जो ध्वनि की गति से भी कई गुना तेज़ रफ़्तार से हमला कर सकती है.

    रिपोर्ट: फ़्रैंक गार्डनर

    आवाज़: गुरप्रीत सैनी

    एडिट: मनीष जालुई

  6. महाराष्ट्र में लेस्बियन लड़कियों ने की सगाई

    महाराष्ट्र की सुरभि मित्रा और कोलकाता की परोमिता मुखर्जी ने जीवनभर साथ रहने का फ़ैसला किया है. दोनों ने 29 दिसंबर 2021 को नागपुर में सगाई की.

    सुरभि और परोमिता की मुलाकात कोलकाता में हुई थी.

    भारत में समान सेक्स के साथ शादियों को क़ानूनी मान्यता नहीं है. इस तरह की शादियों को सिविल यूनियन कहते हैं. सुरभि और परोमिता आने वाले वक़्त में इसी के तहत शादी करना चाहती हैं.

    सुरभि और परोमिता को उनके दोस्तों और रिश्तेदारों ने सहयोग दिया. वो समान सेक्स की शादियों से जुड़ी भ्रांतियों पर भी बात करती हैं.

    रिपोर्टः प्रवीण मुधोलकर / शूटः शुभम वांजरी

    एडिटः निलेश भोसले / प्रोड्यूसरः जान्हवी मूले

  7. पीएम की घोषणा, 26 दिसंबर को हर साल 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाया जाएगा

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौक़े पर एक अहम घोषणा की है.

    पीएम मोदी ने इस साल से प्रतिवर्ष 26 दिसंबर की तारीख़ को 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की है.

    इस मौक़े पर पीएम ने ट्वीट किया, "आज, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौक़े पर यह बताते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि इस साल से 26 दिसंबर की तारीख़ को हर साल 'वीर बाल दिवस' के रूप में मनाया जाएगा. यह साहिबज़ादों के साहस को श्रद्धांजलि होगी."

  8. कोरोना: सीएम केजरीवाल ने कहा- दिल्ली में नहीं लगेगा लॉकडाउन

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी दी कि वो अब कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं.

    उन्होंने बताया, “7-8 दिन मैं होम आइसोलेशन में रहा, आपकी दुआएं मिली उसके लिए शुक्रिया. मुझे दो दिन बुख़ार था, उसके बाद मैं ठीक रहा. मैं वापस आपकी सेवा में हाज़िर हूं.”

    “दिल्ली में कोरोना की रफ़्तार तेज़ी से बढ़ रही है उसको लेकर मैं चिंतित था और सभी अफ़सरों के साथ संपर्क में था. आज शाम को 22 हज़ार कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आ सकते हैं. तेज़ी से मामले बढ़ रहे हैं लेकिन घबराने की बात नहीं है और यह मैं आंकड़ों के अध्ययन के आधार पर कह रहा हूं.”

    “पिछली लहर में बीते साल 7 मई को 20 हज़ार मामले आए थे लेकिन 7 मई को 341 मौतें हुई थीं लेकिन कल जब 20 हज़ार मामले आए हैं तो सिर्फ़ 7 मौतें हुई हैं. इस लहर के दौरान मौतें भी कम हो रही हैं और लोगों को अस्पताल जाने की भी ज़रूरत कम पड़ रही है.”

    “घबराने की ज़रूरत नहीं है लेकिन ज़िम्मेदारी के साथ काम करने की ज़रूरत है. मास्क पहनना बहुत ज़रूरी है. हम लॉकडाउन नहीं लगाने जा रहे हैं अगर आप मास्क पहनेंगे. दिल्ली में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है. हमारी कोशिश है कि कम से कम पाबंदियां लगाई जाएं ताकि लोगों के रोज़गार चलते रहें.”

    “डीडीएमए की कल दोबारा बैठक है और उसमें तय होगा कि आगे क्या करने की ज़रूरत है. हम केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं और हमें उनका सहयोग मिल रहा है.बीते साल अप्रैल में जब हमने कोरोना की लहर पर पार पा लिया है तो इस बार भी पार पा लेंगे. अधिक से अधिक लोग कोरोना की वैक्सीन लगवा लें.”

  9. नाइजीरिया में हथियारबंद गिरोहों के बदला लेने की घटना, 200 लोगों की मौत की ख़बर

    उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के कई गांवों के निवासियों ने बताया है कि हथियारबंद गिरोहों के बदला लेने के दौरान हुई घटना में कम से कम 200 लोग मारे गए हैं.

    ये हथियारबंद गिरोह जंगलों में छिपे हुए थे जब इन पर सैन्य बलों ने हवाई हमले किए थे. इसके बाद इन गिरोहों ने गांव के लोगों से बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है.

    हथियारबंद हमलावरों ने गांवों को जला दिया और पीड़ितों के शवों को क्षत-विक्षत किया. इस घटना में बचे लोग तब ही अपने घर वापस लौटे, जब सेना ने वापस गांवों को अपने क़ब्ज़े में लिया.

    ज़मफ़ारा राज्य में सोमवार की सुबह को हवाई हमले किए गए थे. रिपोर्टों के अनुसार इस हमले में हथियारबंद गिरोहों के 100 से अधिक लोग मारे गए थे.

    बीते दो सालों से इस क्षेत्र में अपहरण और बाकी हिंसा की घटनाओं में तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि सेना के आने के बाद शनिवार को गांव के लोगों ने सार्वजनिक रूप से लोगों को दफ़नाया है.

    राज्य सरकार का कहना है कि इन हमलों में सिर्फ़ 58 लोगों की मौत हुई है.

    रॉयटर्स के अनुसार, इस घटना में अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खोने वाले उम्मारू मकेरी ने कहा है कि तक़रीबन 154 लोगों को दफ़नाया गया है.

    एक और गांव के निवासी ईदी मूसा ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया है कि हमलावर अपने साथ उनके "दो हज़ार मवेशियों को भी ले गए हैं".

  10. कोविड-19: नेपाल में प्रचंड समेत आधा दर्जन माओवादी नेता कोरोना संक्रमित

    सीपीएन-माओवादी केंद्रीय समिति के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल प्रचंड समेत आधा दर्जन नेताओं के कोरोना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

    माओवादी पार्टी ऑफ़िस के चीफ़ सेक्रेटरी श्रीराम ढकाल ने बताया कि संक्रमण की पुष्टि होने के बाद, हाल ही में संपन्न माओवादी आम सम्मेलन में शामिल हुए सभी 1700 लोगों को अपना कोरोना वायरस टेस्ट कराने के लिए कहा गया है.

    ढकाल के अनुसार, यूसीपीएन (एम) के अध्यक्ष प्रचंड और नारायण काजी श्रेष्ठ समेत आधा दर्जन नेताओं और पार्टी के दस से अधिक पदाधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

    ढकाल ने बताया, “हर किसी को ज़ोर देकर आरटी-पीसीआर टेस्ट कराने की सलाह दी गयी है और हर तरह की गाइडलाइन्स का पालन करने को कहा गया है.”

    स्टाफ़ के कोरोना संक्रमित होने का पता चलने के बाद, कोटेश्वर के परिसदंडा के माओवादी पार्टी कार्यालय के सभी ग़ैर-ज़रूरी कामों को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, ‘सुल्ली डील्स’ ऐप को कथित तौर पर बनाने वाले को हिरासत में लिया गया

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जानकारी दी है कि मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने वाली ऐप ‘सुल्ली डील्स’ को कथित तौर पर बनाने वाले शख़्स को हिरासत में लिया गया है.

    दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के इंटेलिजेंस फ़्यूज़न एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने बताया है कि ऐप के कथित मास्टरमांइट को मध्य प्रदेश के इंदौर से हिरासत में लिया गया है.

    बीते साल ‘सुल्ली डील्स’ नामक ऐप सामने आई थी जिसमें मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ करके उनकी ‘बोली लगाई जाती थी.’

    इसके बाद हाल ही में इसी तरह का एक ‘बुल्ली बाई’ नामक एक ऐप सामने आया था जिसमें इसी तरह से ‘बोली’ लगाई जाती थी. ‘बुल्ली बाई’ ऐप मामले में मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है.

    दिल्ली पुलिस ने बताया है कि ‘सुल्ली डील्स’ मामले में इंदौर के न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप से ओंकारेश्वर ठाकुर नामक शख़्स को हिरासत में लिया गया है. उसकी उम्र 26 साल है और उसने इंदौर की आईपीएस एकेडमी से बीसीए किया है.

    दिल्ली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि वो ट्विटर पर इसी तरह के एक ग्रुप का सदस्य था और उसने ही मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने के लिए इस तरह की ट्रोलिंग का आइडिया दिया था.

    “गिटहब पर उसने कोड विकसित किया था और ग्रुप के सभी सदस्यों के पास गिटहब का एक्सेस था. उसने ट्विटर अकाउंट पर ऐप को शेयर किया था और ग्रुप के सदस्य मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें शेयर करते थे.”

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना: एक दिन में डेढ़ लाख से अधिक नए मामले सामने आए

    भारत में रविवार को बीते 24 घंटों के दौरान 1.59 लाख से अधिक कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों का पता चला है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जो आंकड़े जारी किए हैं उसमें बताया गया है कि एक दिन में 1,59,632 नए मामले सामने आए हैं जबकि 327 लोगों की मौत हुई है.

    देश में सक्रिय मामलों की संख्या 5.90 लाख है जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 4,83,790 हो चुका है.

    ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले भी लगातार बढ़ने जारी हैं. देश में अब तक ओमिक्रॉन के कुल मामले 3,623 हो चुके हैं. इनमें से 1,409 लोग इस वैरिएंट से ठीक भी हो चुके हैं.

    इस वैरिएंट से सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र अब भी शीर्ष पर है जहां पर इस वैरिएंट के मामलों की संख्या 1 हज़ार के ऊपर पहुंच गई है. उसके बाद दिल्ली का नंबर है जहां पर इस वैरिएंट के 513 मामले पाए गए हैं.

  13. कोरोना महामारी: 1-15 फरवरी के बीच आ सकता है तीसरी लहर का पीक

    भारत में कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज़ तेज़ी से बढ़ रहे हैं. बीते तीन दिनों से कोरोना संक्रमण के मामले लगातार एक लाख के आंकड़े को पार कर रहे हैं.

    आठ जनवरी को तो देश में कोरोना संक्रमण के डेढ़ लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए थे.

    हिंदी दैनिक हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार, कोविड-19 के प्रसार का संकेत देने वाला आर फैक्टर या आर वैल्यू इस सप्ताह चार दर्ज किया गया है. ये इस बात का इशारा है कि संक्रमण के प्रसार की दर बहुत अधिक है.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी ख़बर.

  14. सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमले पर बोला अमेरिकी विदेश मंत्रालय

    अमेरिका में न्यूयॉर्क के जेएफ़के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहर एक सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमला करने और उनके साथ मार-पिटाई के मामले में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने ट्वीट करके कहा है कि वो ‘सिख कैब ड्राइवर के ऊपर हमले से परेशान है.’

    विदेश मंत्रालय ने लिखा है, “हमारी विविधता अमेरिका को मज़बूत बनाती है, और हम किसी भी तरह की नफ़रत की हिंसा की निंदा करते हैं.”

    इसके बाद अगले ट्वीट में विदेश मंत्रालय ने लिखा है, “हम सबकी ज़िम्मेदारी है कि हम नफ़रत फैलाने के लिए किए गए कामों के ज़िम्मेदार साज़िशकर्ताओं को जवाबदेह ठहराएं, कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि इस तरह के अपराध कहां हुए हैं.”

    4 जनवरी को ट्विटर पर एक 26 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया गया था जिसमें एयरपोर्ट के बाहर सिख टैक्सी ड्राइवर के साथ एक व्यक्ति मारपीट कर रहा था. इस ट्वीट में कहा गया था कि एयरपोर्ट के बाहर एक शख़्स ने यह वीडियो बनाया है.

    हमलावर अपशब्द बोलते हुए सिख ड्राइवर को मार रहा था और इस दौरान उनकी पगड़ी भी गिर गई.

    इस घटना के सामने आने के बाद शनिवार को न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बताया था कि उसने इस मामले को अमेरिकी अधिकारियों के सामने उठाया है और उनसे घटना की जांच करने का आग्रह किया है.

    भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ट्वीट करके बताया था कि “न्यूयॉर्क में एक सिख टैक्सी ड्राइवर पर हमला बहुत परेशान करने वाला है. हमने अमेरिकी अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाया है और उनसे इस हिंसक घटना की जांच करने का आग्रह किया है.”

  15. दिल्ली: 20 हज़ार से अधिक नए मामले, 89% हॉस्पिटल बेड ख़ाली

    देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को 20 हज़ार से अधिक नए कोरोना संक्रमण के मामले पाए गए. तक़रीबन 250 दिनों के बाद ये सबसे अधिक मामले हैं.

    हालांकि, इस बीच अच्छी ख़बर यह बताई जा रही है कि दिल्ली में इतने मामले बढ़ने के बाद भी कोविड-19 के लिए रिज़र्व 89% बेड अभी भी ख़ाली हैं.

    दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक़ शनिवार को इस बीमारी के कारण 7 लोगों की मौत हुई और 20,181 नए मामले सामने आए.

    दिल्ली में शनिवार को एक लाख से अधिक कोरोना के टेस्ट किए गए इनमें भी 19.6% पॉज़िटिव रिज़ल्ट पाए गए.

  16. सऊदी अरब की राजकुमारी बसमा बिन्त सऊद तीन साल बाद जेल से रिहा

    सऊदी अरब की राजकुमारी और उनकी बेटी को तक़रीबन तीन साल तक अति-सुरक्षित जेल में रखने के बाद आख़िरकार रिहा कर दिया गया है. उनकी रिहाई के लिए अभियान चलाने वाले लोगों ने इसकी पुष्टि की है.

    राजकुमारी बसमा बिंत सऊद को मार्च 2019 में तब हिरासत में लिया गया था जब वो इलाज के लिए स्विट्ज़रलैंड जाने की तैयारी कर रही थीं.

    इसकी वजह नहीं बताई गई थी कि उन्हें क्यों गिरफ़्तार किया गया था. उन पर और उनकी बेटी सुहूद पर किसी भी अपराध का कोई मामला शुरू नहीं किया गया था.

    कई लोगों का अनुमान था कि यह शायद मानवीय मुद्दों और संवैधानिक सुधार को लेकर उनकी पैरवी करने के कारण है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, उनके परिवार ने संयुक्त राष्ट्र को साल 2020 में एक लिखित बयान में कहा था कि उनके कई बार आलोचना करने के कारण ऐसा किया गया है, ऐसी आशंका है.

    कई और उनके समर्थकों का कहना था कि यह उनके पूर्व क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन नायेफ़ के साथ क़रीबी संबंधों के कारण है. ऐसी रिपोर्ट हैं कि नायेफ़ भी नज़रबंद हैं.

    सऊदी अरब में मानवाधिकारों के लिए काम करने वाले समूह ALQST फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने उनकी रिहाई की घोषणा ट्विटर पर की है.

    समूह ने लिखा है कि राजधानी के बाहर अल-हैर जेल में हिरासत के दौरान उन्हें ‘इलाज देने से मना कर दिया गया जबकि उनकी जान को ख़तरा था.’

    बीते साल अप्रैल में 57 वर्षीय राजकुमारी बसमा ने सऊदी के किंग सलमान और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से उनको रिहा करने की गुज़ारिश की थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है और उनका स्वास्थ्य लगातार ख़राब हो रहा है.

    यह अभी तक साफ़ नहीं है कि 2019 में जब उन्हें हिरासत में लिया गया तो वो किस चीज़ का इलाज कराने जा रही थीं.

    राजकुमारी बसमा किंग सऊद की सबसे छोटी बेटी हैं. किंग सऊद ने 1953 से 1964 के बीच सऊदी अरब पर शासन किया था.

  17. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.