You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तर प्रदेश: बीजेपी ने बनाई चुनाव समिति, अजय मिश्र टेनी का नाम नहीं

बीजेपी ने बुधवार को जो सूची जारी की है. उसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कुल 24 नेताओं के नाम हैं.

लाइव कवरेज

  1. इमरान ख़ान ने भरा 98 लाख रुपये से अधिक टैक्स, जनता हैरान

  2. इमरान ख़ान ने कहा, मोदी सरकार पर कार्रवाई करे संयुक्त राष्ट्र

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बुधवार को कहा कि कश्मीर में भारत मानवता के ख़िलाफ़ अपराध कर रहा है और संयुक्त राष्ट्र को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए.

    बुधवार को ट्वीट करके इमरान ख़ान ने कश्मीर के मुद्दे पर अंतराष्ट्रीय समुदाय से कार्रवाई करने की अपील की.

    उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है,‘’अंतराष्ट्रीय समुदाय, ख़ासकर संयुक्त राष्ट्र को कश्मीर में भारत की ओर से किए जा रहे युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों पर कार्रवाई करनी चाहिए क्योंकि कश्मीरी लोगों ने भारतीय कब्ज़े और उत्पीड़न को अस्वीकार कर दिया है और विरोध करते हैं. पाकिस्तान कश्मीरियों के संघर्ष के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है.‘’

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा,‘’कश्मीर में संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में जनमत संग्रह की सुरक्षा परिषद की प्रतिबद्धता अब तक अधूरी है और हिंदुत्व वाली मोदी सरकार अंतराष्ट्रीय मानवता क़ानून और चौथे जेनेवा कन्वेंशन का लगातार उल्लंघन कर रही है.भारत कश्मीर की जनसांख्यिकी बदलने के लिए युद्ध अपराध कर रहा है.‘’

  3. जावेद अख़्तर बोले- बुल्ली बाई के पीछे 18 साल की लड़की है तो माफ़ कर दीजिए

    जाने-माने फ़िल्मकार और गीतकार जावेद अख़्तर ने 'बुल्ली बाई' ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड कर ऑनलाइन बोली लगाने के मामले में इन दिनों कई ट्वीट किए हैं.

    आज अपने नए ट्वीट में जावेद अख़्तर ने लिखा है, ''अगर बुल्ली बाई ऐप की मास्टरमाइंड वाक़ई 18 साल की लड़की है, जिसके माता-पिता की कैंसर और कोरोना से मौत हो गई थी तो उससे लोगों को मिलना चाहिए और बड़ों की तरह समझाना चाहिए कि उसने जो कुछ किया वो ग़लत था. दयाभाव दिखाते हुए माफ़ कर देना चाहिए.''

    चार जनवरी को एक और ट्वीट में जावेद अख़्तर ने लिखा था, ''जब से मैंने महिलाओं की ऑनलाइन बोली लगाने, गोडसे के महिमामंडन और जनसंहार की अपील के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई है तब से ही कुछ कट्टरपंथी मेरे स्वतंत्रता सेनानी पूर्वज को गाली दे रहे हैं, जिनकी 1864 में कालापानी में मौत हो गई थी. इन मूर्खों को आप क्या कहेंगे?''

    इससे पहले तीन जनवरी को एक और ट्वीट में जावेद अख़्तर ने कहा था, ''सैकड़ों महिलाओं की ऑनलाइन बोली लग रही है. कथित धर्म संसद में 20 करोड़ भारतीयों के जनसंहार की अपील की जा रही है. ऐसी स्थिति में चुप्पी और ख़ासकर प्रधानमंत्री की ख़ामोशी परेशान करने वाली है. क्या यही सबका साथ है?''

  4. पाकिस्तान: मदीना मस्जिद बचाने की याचिका ख़ारिज

    पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने कराची के तारिक रोड पर स्थित मदीना मस्जिद को ढहाए जाने के आदेश की समीक्षा करने वाली याचिका ख़ारिज कर दी है.

    पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल जियो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, मस्जिद के प्रशासन ने एक याचिका दायर कर अदालत के 28 दिसंबर को दिए गए आदेश पर दोबारा गौर करने की मांग की थी.

    इस आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने पार्क के लिए आवंटित ज़मीन पर बनी मस्जिद को तोड़ने करने का आदेश दिया है.

    मस्जिद प्रशासन ने दलील दी है कि पूर्वी ज़िला नगर निगम (डीएमसी) ने मस्जिद खाली करने का एक नोटिस जारी किया है. चूंकि नगर निगम के पास "जमीन का मालिकाना हक़’’ नहीं है, इसलिए उसके पास इस तरह के नोटिस जारी करने का अधिकार नहीं है."

    ‘’ज़मीन हाउसिंग सोसायटी की ओर से आवंटित की गई थी और क़ानून के मुताबिक़ मस्जिद का निर्माण उनकी इजाज़त के बाद ही किया गया था.‘’

    याचिका में कहा गया है कि 1994 में मस्जिद के निर्माण के लिए सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं.

    सुप्रीम कोर्ट ने 28 दिसंबर को संबंधित अधिकारियों को मदीना मस्जिद की ज़मीन पर एक सप्ताह के भीतर पार्क बनाने का निर्देश दिया था.

    जियो न्यूज़ के मुताबिक़,पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल ख़ालिद जावेद ख़ान ने मामले की समीक्षा करने वाली तीन सदस्यीय पीठ से अपील की कि पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश गुलज़ार अहमद की अध्यक्षता में इस फैसले की समीक्षा की जाए,क्योंकि ये फ़ैसला धार्मिक तनाव को जन्म दे रहा है".

    इसके जवाब में जस्टिस अहमद ने अटॉर्नी जनरल को बताया कि सिंध सरकार मस्जिद के लिए दूसरी जगह जमीन आवंटित कर सकती है.

    मदीना मस्जिद को तोड़ने के आदेश पर पाकिस्तान के इस्लामिक नेता भड़क गए हैं. जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फज़्ल (जेयूआई-एफ़) सिंध के महासचिव राशिद महमूद सूमरो ने बुधवार को चीफ़ जस्टिस गुलज़ार अहमद और सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह को चुनौती दी है कि वो मस्जिद तुड़वाकर दिखाएं.

    29 दिसंबर को राशिद महमूद ने प्रधामंत्री इमरान ख़ान और चीफ़ जस्टिस को संबोधित करते हुए कहा कहा, ''वज़ीर-ए-आज़म साहब मस्जिद लावारिस नहीं है. चीफ़ जस्टिस साहब मस्जिद लावारिस नहीं है. क्या इसको ही मदीने की रियासत कहा जाता है? मंदिर तो महफ़ूज हैं लेकिन मस्जिद को गिराने का हुक़्म सुप्रीम कोर्ट देता है.''

  5. कज़ाख़्स्तान में हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री का इस्तीफ़ा

    कज़ाख़्स्तान में भारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच बुधवार को राष्ट्रपति क़ासिम ज़ोमार्ट तोकावेय ने प्रधानमंत्री अस्कार मामिन की सरकार का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है.

    मध्य-एशिया के इस देश में गैस की क़ीमतों में वृद्धि के कारण भारी-विरोध प्रदर्शन हो रहा है. राष्ट्रपति ने देश के उपप्रधानमंत्री अलीख़ान समाइलोव को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया है.

    तेल भंडार से संपन्न देश कज़ाख़्स्तान की सरकार ने मंगलवार की शाम मंगिस्ताउ प्रांत में तेल की क़ीमत 50 टेंज (कज़ाख़्स्तानी मुद्रा) करने की घोषणा की थी

    ईंधन की बढ़ती क़ीमतों के कारण हो रहे हिंसक विरोध-प्रदर्शन के मद्देनज़र देश के कुछ हिस्सों में दो सप्ताह के लिए आपातकाल लगाने की घोषणा की है..

    कज़ाख़्स्तान के सबसे बड़े शहर अल्माटी में हिंसक भीड़ ने वाहनों को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे.

    राष्ट्रपति ने बुधवार को कहा कि उन्होंने देश में फैल रही अशांति के बीच सरकार का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है. हिसंक विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए अल्माटी और पश्चिमी प्रांत मैंगिस्टाउ में आपालकाल लगाया गया है.

    मंगलवार को एक संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि प्रदर्शनकारियों का सरकारी कार्यालयों पर हमला करना "बिल्कुल अवैध" रवैया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, आपातकालीन उपायों में रात भर का कर्फ्यू और सामूहिक रूप से जुटने पर प्रतिबंध रहेगा.

  6. बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित हुए

    बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद कोरोना की चपेट में आ गए हैं.

    बुधवार को तारकिशोर प्रसाद ने ट्वीट कर कहा, ''मेरी कोविड जाँच रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है. फ़िलहाल अपने पटना निवास पर क्वारंटीन में हूँ. कृपया इस दौरान मेरे संपर्क में आए सभी लोग ख़ुद को आइसोलेशन में रखकर अपनी सेहत से संबंधित सभी सतर्कता बरतें.आप सब भी अपना ध्यान रखें.''

    बिहार की नीतीश कुमार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और सुनील कुमार भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए है.

    बिहार में भी कोरोना संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने कोरोना के संदर्भ में एहतियात बरतते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं.

    इसके मुताबिक़,राज्य में प्री-स्कूल और कक्षा एक से लेकर कक्षा आठ तक की सभी कक्षाएं ऑनलाइन ही जारी रहेंगी.

    इसके अलावा कक्षा नौ से कक्षा बारह तक की कक्षाएं भी पचास फ़ीसदी क्षमता के साथ ही चलेंगी.

    नए प्रतिबंध छह जनवरी से लागू होंगे और 21 जनवरी तक प्रभावी रहेंगे.

  7. बुल्ली बाई ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने की तीसरी गिरफ़्तारी

    मुंबई पुलिस ने ‘बुल्ली बाई’ ऐप मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है. अब तक इस मामले में मुंबई पुलिस ने कुल तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ तीसरी गिरफ़्तारी भी एक छात्र की ही हुई है.

    इससे पहले 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र विशाल कुमार को गिरफ़्तार किया गया था. उसे सोमवार को पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया था. मुंबई की बांद्रा अदालत ने विशाल को 10 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में भेजा है.

    इस मामले में उत्तराखंड से एक और संदिग्ध महिला को गिरफ़्तार किया है. मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने ये गिरफ़्तारी उत्तराखंड में की है.

    एक जनवरी को कई मुस्लिम महिलाओं ने ट्विटर पर ‘बुल्ली बाई’ नाम के ऐप का स्क्रीनशॉट शेयर किया था. इस ऐप पर इनकी तस्वीरें अपलोड की गई थीं और ऑनलाइन ‘बोली’ लगाई जा रही थी.

    मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.

    रविवार को पश्चिम मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में 'बुल्ली बाई' ऐप डिवेलपर्स और इसके कॉन्टेंट को शेयर करने वाले ट्विटर हैंडल के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    अज्ञात अपराधियों के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा153 (ए) (धर्म के आधार पर नफ़रत को बढ़ावा देना),153 (बी) (राष्ट्रीय अखंडता और एकता को नुकसान पहुँचाना), 295(ए) (जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण काम करना) के तहत मामले दर्ज किए गए हैं.

  8. नेपाली पीएम शेर बहादुर देउबा रविवार को आ रहे भारत

    नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा नौ जनवरी को चारदिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं. नेपाली पीएम के भा़रत दौरे कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव हुआ है. इससे पहले वह 10 जनवरी को आने वाले थे.

    नेपाल के अंग्रेज़ी अख़बार काठमांडू पोस्ट के अनुसार, पीएम देउबा वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे. नेपाल के प्रधानमंत्री ऑफिस और विदेश मंत्रालय का कहना है कि भारत दौरे की तैयारी चल रही है.

    प्रधानमंत्री के साथ 30 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल होगा. नेपाल के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता सेवा लामसाल ने कहा है, ''प्रधानमंत्री के चार दिवसीय भारत दौरे की योजना है और इसकी तैयारियां चल रही हैं. इस दौरे में किन एजेंडों पर बात होगी, इसकी तैयारी चल रही है. मीडिया से साझा करने के लिए अभी कुछ भी ठोस नहीं है.''

    पिछले साल 13 जुलाई को पांचवी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद देउबा का यह दूसरा विदेशी दौरा है. इससे पहले पिछले साल नवंबर महीने में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे. ग्लासगो में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नेपाली पीएम देउबा की अनौपचारिक द्विपक्षीय वार्ता हुई थी.

  9. कालीचरण महाराज को रायपुर जेल से पुणे ले गई महाराष्ट्र पुलिस, कल होगी अदालत में पेशी

      • Author, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    रायपुर की 'धर्म संसद' में अल्पसंख्यकों और महात्मा गांधी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कालीचरण महाराज को कल पुणे की अदालत में पेश किया जाएगा.

    कालीचरण महाराज के ख़िलाफ़ रायपुर के अलावा अकोला और पुणे में भी शिकायत दर्ज की गई थी.

    पुणे की पुलिस ने कालीचरण की गिरफ़्तारी के लिए रायपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में प्रोडक्शन वारंट के लिए आवेदन किया था. इस आवेदन पर मंजूरी मिलने के बाद पुणे पुलिस, रायपुर जेल से कालीचरण महाराज को गिरफ़्तार कर पुणे के लिए रवाना हो गई.

    गौरतलब है कि 26 दिसंबर को रायपुर में आयोजित 'धर्म संसद' में अपना भाषण देते हुए अकोला, महाराष्ट्र के रहने वाले कालीचरण महाराज ने कहा था कि, "इस्लाम का टारगेट राजनीति के द्वारा राष्ट्र क़ब्ज़ाना है. उन्होंने हमारी आंखों के सामने 47 में क़ब्ज़ा लिया भइया. दो-दो क़ब्ज़ाया हमारी आंखों के सामने. ईरान, इराक़, अफ़ग़ानिस्तान तो पहले ही क़ब्ज़ा चुके थे. बांग्लादेश और पाकिस्तान हमारे सामने क़ब्ज़ाया उन्होंने, राजनीति के द्वारा क़ब्ज़ाया."

    इसके बाद महात्मा गांधी के बारे में कालीचरण ने कहा, "मोहनदास करमचंद गांधी ने सत्यानाश कर दिया. नाथूराम गोडसे जी को नमस्कार है. मार डाला उस...को. देखो, ऑपरेशन करना बहुत ज़रूरी होता है, इन फोड़े-फुंसियों का. वरना ये कैंसर बन जाते हैं."

    उनके बयानों के आधार पर रायपुर पुलिस ने धारा 294, 505(2) के तहत मामला दर्ज किया था. बाद में पुलिस ने इसमें राजद्रोह से जुड़ी धाराओं समेत भारतीय दंड संहिता की धारा 153 A (1)(A), 153 B (1)(A), 295 A,505(1)(B), 124A के तहत मामला दर्ज किया था.

  10. गलवान में तिरंगा झंडा फहराए जाने पर राहुल गांधी ने क्या कहा

    गलवान घाटी में तिरंगे झंडे के साथ भारतीय सैनिकों की तस्वीर को ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत में हमारा झंडा फहरता हुआ ही अच्छा लगता है.

    बुधवार को राहुल गांधी ने लिखा,‘’भारत की पवित्र भूमि पर हमारा तिरंगा ही फहराता अच्छा लगता है.‘’

    मंगलवार को समाचार एजेंसी एएनआई ने गलवान घाटी की दो तस्वीरें ट्वीट की थीं जिसमें भारतीय सेना के जवान गलवान घाटी में झंडा फहराते दिख रहे हैं.

    एजेंसी ने तस्वीर के साथ लिखा,"नए साल पर गलवान घाटी में भारतीय सेना के जवान."

    एनएनआई की ओर से जारी की गई तस्वीरों को रिट्वीट करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान ने मंगलवार को लिखा कि गलवान पर'भारत का ही झंडा है.'

    साथ ही विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने भी तस्वीर जारी करते हुए बताया कि नए साल के मौके पर'भारतीय सेना के जवानों ने गलवान घाटी में तिरंगा लहराया.'

    इससे पहलेनेता राहुल गांधी ने गलवान घाटी में चीनी झंडा फहराए जाने की ख़बर आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया था.

    उन्होंने ट्वीट करके लिखा, "अभी कुछ दिनों पहले हम 1971 में भारत की गौरवपूर्ण जीत को याद कर रहे थे. देश की सुरक्षा और विजय के लिए सूझ-बूझ व मज़बूत फ़ैसलों की ज़रूरत होती है. खोखले जुमलों से जीत नहीं मिलती!"

    दरअसल,एक जनवरी को चीन के अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की गई. इस रिपोर्ट में दावा किया गया गया कि नए साल के मौक़े पर गलवान घाटी में चीन का झंडा फहराया गया.

  11. कोरोना: भारत में बीते 24 घंटे में 58 हज़ार से ज़्यादा नए केस, 534 लोगों की मौत

    भारत में बीते 24 घंटे में 58 हज़ार से ज़्यादा नए कोरोना के मामले सामने आए हैं और एक दिन में 534 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक़, मंगलवार को देश में 58,097 नए कोरोना संक्रमण के केस सामने आए है. देश में पॉज़िटिविटी रेट बढ़कर 4.18 फ़ीसदी हो चुकी है.

    इस वक़्त भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 2,14,004 है और कोरोना से अब तक कुल 4,82,551 लोगों की मौत हुई है.

    3,43,21,803 लोग कोरोना के संक्रमण से ठीक हुए हैं और 147.72 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है.

  12. कश्मीर: सुरक्षाबल और चरमपंथियों के बीच जारी मुठभेड़, तीन चरमपंथियों की मौत

    कश्मीर के पुलवामा ज़िले के चंदगाम इलाके में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच जारी मुठभेड़ में तीन चरमपंथियों को मार दिया गया है.

    कश्मीर ज़ोन की पुलिस ने ये जानकारी दी है. ये मुठभेड़ अभी भी जारी है.

    कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा, ''पुलवामा के चांदगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में जैश के तीन चरमपंथी मारे गए हैं. इनमें से एक पाकिस्तानी नागरिक है. उनके पास से 2 एम-4 कार्बाइन और एक एके सीरीज राइफ़ल सहित आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं.''

    इससे पहले मंगलवार को कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो चरमपंथियों को मार गिराया था.

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि सुरक्षा बलों ने कुलगाम ज़िले के ओके गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई.

    पुलिस के मुताबिक़, मारे गए दोनों लोग स्थानीय थे और लश्कर से जुड़े थे और वे कई आतंकी गतिविधियों में शामिल थे.

  13. उत्तर कोरिया ने समुद्र में दाग़ी अज्ञात 'मिसाइल', दक्षिण कोरिया और अमेरिका पड़ताल में जुटे

    दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ (जेसीएस) ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने समुद्र में एक अज्ञात मिसाइल दागा है.

    जापान के कोस्ट गार्ड ने सबसे पहले इस लॉन्च की जानकारी दी और बताया कि यह संभावित रूप से एक बैलिस्टिक मिसाइल हो सकता है,लेकिन इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है.

    संयुक्त राष्ट्र ने उत्तर कोरिया पर किसी भी बैलिस्टिक या परमाणु हथियारों के परीक्षण पर प्रतिबंध लगाया है.

    अगर इस लॉन्च की पुष्टि हो जाती है तो ये उत्तर कोरिया का साल का पहला इस तरह का लॉन्च होगा.

    लॉन्च की ख़बर ऐसे वक़्त में आ रही है जब कुछ दिनों पहले ही किम जोंग ने कहा था कि उत्तर कोरिया, कोरियाई प्रायद्वीप में तेजी से बढ़ते अस्थिर सैन्य वातावरण के कारण अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करना जारी रखेगा.

    उन्होंने साल खत्म होने के मौके पर अपनी पार्टी के साल के आखिरी बैठक में ये बात कही थी.

    जेसीएस ने अपने बयान में कहा है कि ‘’दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी खुफ़िया विभाग, विस्तृत जानकारी के लिए इसका बारीकी से विश्लेषण कर रहे हैं."

    2021 से ही उत्तर कोरिया ने अपने हथियार कार्यक्रम का विस्तार जारी रखा है.

    उत्तर कोरियाई मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसमें नई हाइपरसोनिक मिसाइल के परीक्षण के साथ-साथ एक ट्रेन-आधारित बैलिस्टिक मिसाइल और एक नई लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल के परीक्षण के शामिल रहे हैं.

  14. सिंधुताई सपकल का निधन, मोदी ने कहा - ‘उनकी कोशिशों से मिली बच्चों को बेहतर ज़िंदगी

    विख्यात सामाजिक कार्यकर्ता और पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित सिंधुताई सपकल का मंगलवार रात पुणे में निधन हो गया है. डॉक्टरों ने कहा है कि 75 वर्षीय सपकल की मौत हार्ट अटैक से हुई है.

    सिंधुताई सपकल को गैलेक्सी केयर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.

    अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर शैलेष पुतांबेकर ने कहा, “ डेढ़ महीने पहले उनका हर्निया का ऑपरेशन हुआ था और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रही थीं. आज शाम क़रीब आठ बजे उनका देहांत हो गया.”

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी मौत पर दुख जताते हुए कहा, “डॉ सिंधुताई सपकल को समाज सेवा के लिए जाना जाएगा. उनकी कोशिशों की वजह से कई बच्चों को बेहतर ज़िंदगी मिली. उन्होंने पिछड़े समाज के लिए भी काफ़ी काम किया. मैं उनके देहांत से दुखी हूँ. ”

    ग़रीबी और अभाव में पली सपकल ने अनाथ बच्चों के लिए संस्थान खोले और जीवन भर उनकी सेवा की. अपने 40 साल की समाज सेवा में उन्होंने एक हज़ार से अधिक अनाथ बच्चों का पालन-पोषण किया.

  15. बांग्लादेश ने रचा इतिहास, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन न्यूज़ीलैंड को हराया

    न्यूज़ीलैंड के टौरंगा में बांग्लादेश ने इतिहास रचते हुए पहली बार न्यूज़ीलैंड को टेस्ट मैच में आठ विकेट से हराया है.

    ये बांग्लादेश की न्यूज़ीलैंड पर क्रिकेट के किसी भी फ़ॉर्मेट में पहली जीत है. न्यूज़ीलैंड इस वक्त वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन है. उसने ये ख़िताब पिछले साल भारत को हराकर हासिल किया था.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने टेस्ट मैच के आख़िरी दिन की शुरुआत 147 रन पर 5 विकेट से की.लेकिन बचे हुए पांच विकेट सिर्फ़ 22 रन में ही गंवा दिए. टीम के सलामी बल्लेबाज़ विल यंग ने 69 रन बनाए.

    बांग्लादेश की ओर से हीरो रहे गेंदबाज इबादत हुसैन. उन्होंने ने 56 रन देकर 6 विकेट झटके

    इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी के लिए उतरे बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ 40 रन चाहिए थे. बांग्लादेश ने ये रन आसानी से 17 ओवरों में बना लिए.

    सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट शनिवार से क्राइस्टचर्च में होगा.

    ये पहली बार है जब बांग्लादेश ने न्यूज़ीलैंड को टेस्ट मैच में हराया है. बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ पिछले 15 टेस्ट मैचों में से 12 हारे थे और तीन ड्रा हो गए थे.

    अब तक बांग्लादेश ने देश के बाहर के 61 टेस्ट मैच खेले हैं. ये उनकी छठवीं जीत है. इससे पहले बांग्लादेश वेस्टइंडीज,श्रीलंका और जिम्बाब्वे को दो-दो बार हरा चुका है.

    अपने घरेलू मैदान पर न्यूज़ीलैंड की ये साल 2017 के बाद पहली हार है. साल 2017 में न्यूज़ीलैंड ने विलिंगटन में दक्षिण अफ़्रीका से मैच हारा था.

  16. कोरोना: अमेरिका में एक दिन में 10 लाख से ज़्यादा नए केस, पीक आना अभी भी बाकी

    कोरोना की नई लहर की चेतावनी के बीचअमेरिका में 10 लाख से अधिक नए कोविड मामले सामने आए हैं. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि देश में तेज़ी से फैल रहे ओमिक्रॉन का पीक आना अभी भी बाकी है.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार,सोमवार को अमेरिका में 1,080,211 नए मामले रिपोर्ट किए गए. दुनिया में अब तक किसी भी अन्य देश में एक दिन में इतने नए केस सामने नहीं आए है.

    राष्ट्रपति जो बाइडनने बढ़ते केस के बावजूद स्कूलों को खोले रखने का आदेश दिया, जिसे लेकर उनकी आलोचना हो रही है.

    हालांकि अमेरिका में पिछली कोरोना लहरों के मुकाबले इस बार मरने वालों की संख्या बेहद कम है, अस्पतालों में भर्ती होने वालों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है.

    अमेरिका के शीर्ष महामारी सलाहकार एंथनी फ़ाउची ने कहा कि देश में कोरोना का ग्राफ़ तेज़ी से बढ़ रहा है, और अभी भी महामारी का पीक नहीं आया है, जो कुछ हफ़्तों में आएगा.

    मंगलवार को बाइडन ने स्वीकार किया कि“बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में चिंता और कुछ भ्रम है”,

    लेकिन उन्होंने दोहराया कि अस्पताल में भर्ती होने और कोविड से मौतों के अधिकतर मामले उन लोगों के हैं जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है. उन्होंने ये भी बताया कि देश में अपने नागरिकों के टीकाकरण के लिए पर्याप्त मात्रा में टीका उपलब्ध है.

    उन्होंने कहा कि‘’मेरा मानना है कि बच्चे स्कूलों में सुरक्षित रहेंगे इसलिए स्कूल खुले रहने चाहिए.‘’

  17. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिएयहाँ क्लिककरें.