You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

झारखंड मॉब लिंचिंग मामला: युवक को ज़िंदा जलाया, पुलिस कर रही है जांच

झारखंड पुलिस के मुताबिक ये घटना सिमडेगा ज़िले के बेसराजारा गांव की है. पुलिस ने बताया है कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and भूमिका राय

  1. ‘बुल्ली बाई’ ऐप मामला: 21 साल का इंजीनियरिंग छात्र हिरासत में

    मुसलमान लड़कियों की बुल्ली बाई नाम के ऐप पर कथित ऑनलाइन‘नीलामी’के मामले में बेंगलूरु से एक शख़्स को हिरासत में लिया गया है.

    मुंबई पुलिस ने एक 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र को हिरासत में लिया,हालांकि अभी तक उम्र के अलावा संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

    महाराष्ट्र के गृहमंत्री सतेज पाटिल ने सोमवार रात ट्वीट किया, ‘’मुंबई पुलिस को एक सफ़लता मिली है. हालांकि हम इस समय कोई विवरण नहीं दे सकते क्योंकि इससे चल रही जांच में बाधा आ सकती है,मैं सभी पीड़ितों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम अपराधियों को लगातार खोज रहे हैं और वे जल्द ही क़ानून के सामने होंगे.‘’

    मुंबई पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के ख़िलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

    रविवार को,पश्चिम मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन में'बुल्ली बाई'ऐप डेवलपर्स और इसके कंटेंट को शेयर करने वाले ट्विटर हैंडल के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज किया गया था.

    अज्ञात अपराधियों के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 153 (ए) (धर्म के आधार पर नफ़रत को बढ़ावा देना),153 (बी) (राष्ट्रीय अखंडता और एकता को नुकसान पहुंचाना),295(ए) (जानबूझकर दुर्भावनापूर्ण काम करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    इसके साथ ही इसमें 354डी (पीछा करना), 509 (किसी महिला के शील का अपमान करना),500 (आपराधिक मानहानि) की धाराएं लगाई गई हैं. इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 (अश्लील सामग्री फ़ैलाना) भी लगाई गई है.

    इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भी एफ़आईआर दर्ज की है.

    भारत की कई मुसलमान महिलाओं को ऑनलाइन उत्पीड़न का शिकार बनाया गया. एक जनवरी को कई महिलाओं ने ट्विटर पर बताया कि उनकी तस्वीर को गिटहब पर बनाए गए ऐप‘बुल्ली बाई’पर इस्तेमाल करके उनका ऑनलाइन‘मोल-भाव’किया जा रहा है.

  2. बीते 24 घंटे में 37,379 नए कोरोना के केस,124 की मौत

    पिछले 24 घंटे के दौरान देश में 37,379 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं जबकि 124 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है.

    देश में पॉज़िटिविटी की दर 3.24 फ़ीसदी है और इस समयकोविड-19 के कुल सक्रिय मामले 1,71,830 हो गए हैं जबकि इस महामारी के चलते अब तक देश में 4,82,017 लोगों की मौत हुई है.

    केंद्र सरकार ने अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 152.96 करोड़ से अधिक कोविड वैक्सीन की ख़ुराक दी है और 19.69 करोड़ से अधिक वैक्सीन की ख़ुराक अभी भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध है.

  3. यूपी: कांग्रेस की नेता को गोली मारी गई, पीएम को काला झंडा दिखा कर चर्चा में आई थीं

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए

    यूपी के सुल्तानपुर में प्रधानमंत्री को काला झंडा दिखाने वाली महिला रीता यादव को अज्ञात बदमाशों ने सोमवार को गोली मार दी.

    हालांकि प्रधानमंत्री को काला झंडा दिखाने और गोली लगने की इस घटना में आपस में कोई संबंध है या नहीं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है.

    गोली उनके पैर में लगी जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें पहले सीएचसी लंभुआ में भर्ती किया गया, और बाद में बेहतर इलाज के लिए सुल्तानपुर ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

    सर्कल ऑफ़िसर लंभुआ सतीश चंद शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया है.

    रीता यादव ने मीडिया को दिए गए बयान में कहा है कि ‘’मैं पोस्टर बैनर बनवाने सुल्तानपुर गई थी, वहां से घर जा रही थी, उसी समय हाईवे पर लंभुआ के पास तीन लोगों ने ओवर टेक करके मेरी बोलेरो को रोका और गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी.

    ''मेरे ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल लगा दिया, मैंने जब उन्हें इस पर एक तमाचा मारा तो उन्होंने मुझे गोली मार दी. गोली मेरे पैर में लगी और तब तक बदमाश भाग निकले."

    16 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर ज़िले के कूरेभार स्थित अरवल कीरी में सभा कर रहे थे, तभी रीता यादव ने उन्हें काला झंडा दिखाया था. पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार करके जेल भेजा था और दो दिनों बाद उन्हें ज़मानत मिली.

    घटना के एक महीना बाद तक वो समाजवादी पार्टी में रही लेकिन सम्मान नहीं मिलने पर वो 17 दिसंबर को लखनऊ में कांग्रेस में शामिल हो गईं.

  4. दिल्ली के सीएम केजरीवाल कोरोना संक्रमित

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना से संक्रमित हो गए हैं. उन्होंने ख़ुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी.

    केजरीवाल ने बताया, ‘’ मेरा कोविड टेस्ट पॉज़िटिव आया है, हल्के लक्षण हैं. मैंने ख़ुद को घर में आइसोलेट कर लिया है. जो लोग पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए, कृपया ख़ुद को आइसोलेट करें और अपना टेस्ट करवाएं.‘’

    देश में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं. दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 4099 नए मामले सामने आए और संक्रमण दर 6.46 प्रतिशत हो गई है.

  5. ईरान की अमेरिका को चेतावनी, 'ट्रंप पर मुक़दमा चले वरना हम बदला लेंगे'

    ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने जनरल क़ासिम सुलेमानी की हत्या की दूसरी बरसी पर कहा कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सुलेमानी की हत्या का मुक़दमा चलना चाहिए वरना ईरान इसका बदला लेगा.

    क़ासिम सुलेमानी कुद्स फ़ोर्स के शीर्ष कमांडर थे. कुद्स फ़ोर्स ईरान की एलिट रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की विदेशी शाखा को कहा जाता है.

    3 जनवरी,2020 को अमेरिका के एक ड्रोन हमले में क़ासिम सुलेमानी की मौत हुई. ये हमला तत्कालीन राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर किया गया था.

    सोमवार को ईरान के राष्ट्रपति रईसी ने कहा, ‘’अगर जनरल सुलेमानी की हत्या के आपराधिक कृत्य के लिए ट्रंप और तत्कालीन विदेश मंत्री माइक पोम्पियो पर मुक़दमा नहीं चलाया जाता है तो हम,हमारे शहीद जनरल की मौत का बदला लेंगे.‘’

    ‘’हमलावर,हत्यारे और मुख्य अपराधी - अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति पर इस्लामी क़ानून के तहत मुक़दमा चलाया जाना चाहिए और न्याय किया जाना चाहिए.‘

  6. हैती के पीएम एरियल हेनरी की हत्या की कोशिश,बाल-बाल बचे

    शनिवार को हैती की आज़ादी की सालगिरह के मौके पर एक कार्यक्रम के दौरान बंदूकधारियों ने देश के प्रधानमंत्री एरियल हेनरी की हत्या करने की कोशिश की.

    हैती के अधिकारियों ने ये जानकारी दी है.

    यह घटना तब हुई जब हेनरी उत्तरी शहर गोनावेस में स्थित एक चर्च के समारोह में हिस्सा ले रहे थे.

    सामने आए वीडियो में प्रधानमंत्री और उनके दल की कार तेज़ गोलीबारी के बीच बचकर निकलती नज़र आ रही है.

    पिछले साल,जुलाई में राष्ट्रपति जोवेनेल मोसे की हत्या के बाद से देश में सुरक्षा की स्थिति बिगड़ती ही जा रही है.

    हाल ही में प्रधानमंत्री हेनरी ने देश में अपहरण करने वाले और देश भर में गैस वितरण के अधिकांश हिस्से पर नियंत्रण करने वाले शक्तिशाली गिरोहों पर नकेल कसने का संकल्प लिया था. गैस वितरण के हिस्सों पर कब्ज़े के कारण हैती ईंधन की गंभीर कमी से जूझ रहा है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि हत्या की कोशिश के पीछे "लुटेरे और आतंकवादी" थे,और संदिग्धों के लिए गिरफ़्तारी वारंट जारी किया जा चुका है.

    समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार,प्रधानमंत्री पर हमला करने वा समूह परदे के पीछे छिप कर काम करता है और उन्होंने चर्च के पादरी को धमकाया और चर्च को चारो ओर से घेर लिया था.

    स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया गया है कि हमलावरों और सुरक्षा बलों के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज में आपका स्वागत है. हम यहाँ दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिएयहाँ क्लिककरें.