रूस-यूक्रेन में बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच गुरुवार को टेलीफोन पर बात हुई.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने जो बाइडन से कहा कि उन्हें 'पूरा भरोसा है' कि रूस और अमेरिका के बीच 'असरदार' बातचीत संभव है.
इस महीने दूसरी बार राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और जो बाइडन के बीच बातचीत हुई है.
क्रेमलिन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बातचीत की पहल राष्ट्रपति पुतिन ने की थी.
इससे पहले व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा और यूरोप की स्थिति पर चर्चा होनी है.
रूस ने यूक्रेन से लगने वाली सीमा पर लाखों सैनिकों की तैनाती की है. अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए का कहना है कि रूस आने वाले साल की शुरुआत में यूक्रेन पर हमला कर सकता है. हालांकि रूस इस हमले की बात से इनकार करता रहा है.
रूस का कहना है कि उनके सैनिक सीमा पर एक अभ्यास के लिए हैं और वह अपनी सीमा के भीतर सैनिकों की तैनाती करने के लिए आज़ाद है.
व्हाइट हाउस के एक बयान में कहा गया है कि अमेरिका ने इस मुद्दे पर एक आम प्रतिक्रिया के लिए यूरोपीय नेताओं से फोन कॉल पर सलाह ली है.
यूक्रेन के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि 100,000 से अधिक रूसी सैनिकों को उनकी साझा सीमा के करीब तैनात किया गया है. वहीं अमेरिका ने साफ़ कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तोरूस पर ऐसे प्रतिबंध लगाए जाएंगे "जैसा पुतिन ने कभी नहीं देखा" नहीं होगा.
माना जा रहा है कि बाइडन, पुतिन ये यह कह सकते हैं कि अगर रूस "यूक्रेन पर आक्रमण" करता है तो अमेरिका जवाब देने के लिए तैयार है.