You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हैती में टैंकर धमाका, कम से कम 50 लोगों की मौत

कैरेबियाई देश हैती के उत्तरी इलाके में एक तेल टैंकर में धमाका होने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गयी है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, पंकज प्रियदर्शी and भूमिका राय

  1. लखीमपुर हिंसा 'सुनियोजित साज़िश', चले हत्या का मामला- एसआईटी

  2. कोविड वैक्सीन: अगले छह महीने में बच्चों के लिए आ सकती है वैक्सीन

    आने वाले छह महीनों में बच्चों के लिए कोविड का टीका आ सकता है.

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने इस बारे में जानकारी दी है. एक सम्मेलन के दौरान अदार पूनावाला ने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट की योजना है कि आने वाले छह महीनो में बच्चों के लिए कोविड वैक्सीन नोवावैक्स को लॉन्च कर दिया जाए.

    कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन इंडस्ट्री की ओर से आयोजित एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में अदार पूनावाला ने कहा कि ट्रायल में तीन साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों में नोवावैक्स के अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं.

    अदार पूनावाला ने कहा कि हमारी वैक्सीन अगले छह महीने में लॉन्च हो जाएगी.

    उन्होंने कहा, “इसका ट्रायल किया जा रहा है और अभी तक इसके जितने ट्रायल तीन साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों में हुए हैं, उसके बेहतर परिणाम मिले हैं.”

  3. महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 8 नए मामले

    देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले बढ़ते जा रहे हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वेरिएंट के आठ नए मामले सामने आये हैं. जिनमें से सात मामले अकेले मुंबई के हैं.

    राज्य स्वास्थ्य विभाग के हवाले से पीटीआई ने ख़बर दी है कि महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के जो आठ नए मामले सामने आए हैं उनमें से किसी का भी हालिया समय में अंतरराष्ट्रीय यात्रा का रिकॉर्ड नहीं रहा है. हालांकि यह तथ्य बेहद शुरुआती जांच पर आधारित हैं.

    वहीं दिल्ली में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के चार नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही राजधानी में ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या 6 हो गई है.

    भारत में सबसे पहले बेंगलुरु में ओमिक्रॉन के मामले सामने आए थे,जहाँ भारतीय मूल के एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक और एक डॉक्टर सहित दो लोगों में इसका संक्रमण पाया गया था.

  4. हैती में टैंकर धमाका, 50 लोगों की मौत

    कैरेबियाई देश हैती के उत्तरी इलाके में एक तेल टैंकर में धमाका होने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गयी है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि तेल लेकर जा रहा एक टैंकर हैती के कैप-हेतियन शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था.

    इससे तेल का रिसाव शुरू हो गया है जिसे स्थानीय लोगों ने इकट्ठा करना शुरू कर दिया. इसी बीच टैंकर में धमाका हो गया.

    इस धमाके के बाद स्थानीय अस्पतालों में घायलों का पहुंचना जारी है.

    प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने इस हादसे के बाद तीन दिनों के शोक की घोषणा की है.

    उन्होंने कहा है कि इस हादसे के बाद पूरा कैरेबियाई देश शोक में डूबा है.

    हैती के दूसरे सबसे बड़े शहर में हुए इस धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

    एक चश्मदीद गवाह ने घटनास्थल को नरक की संज्ञा दी है.

  5. अखिलेश यादव : "पीएम की लंबी आयु की कामना करता हूँ"

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक दिन पहले पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए पीएम मोदी पर तंज़ किया था. जिस पर बीजेपी के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी.

    अखिलेश यादव का ये बयान सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहा. दरअसल, बीते दिन सैफ़ई में अखिलेश यादव से पत्रकारों ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई कार्यक्रम बनारस में रखे जा रहे हैं, इस पर वह क्या कहेंगे.

    इस पर अखिलेश यादव ने कहा था, "बहुत अच्छी बात है. एक महीना नहीं, दो महीना, तीन महीना वहीं रहें. वह जगह रहने वाली है. आख़िरी समय पर वहीं रहा जाता है बनारस में."

    उनके बयान की आख़िरी लाइन को लेकर काफी चर्चा हुई और अब ख़ुद अखिलेश यादव ने अपने इस बयान को स्पष्ट किया है.

    जौनपुर में अपनी समाजवादी विजय यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि मैंने कभी भी प्रधानमंत्री के अस्वस्थ होने की कामना नहीं की.

    अखिलेश यादव ने इस बातचीत के दौरान कहा, “जब मैंने यह कहा कि लोग अपने आख़िरी समय में काशी जाते हैं तो मेरा मतलब बीजेपी सरकार से था. मैं पीएम की लंबी आयु की कामना करता हूँ.”

  6. ब्राह्मण परिवार से हूँ, इसलिए बीजेपी से केरेक्टर सर्टिफिकेट लेने की ज़रूरत नहीं- ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री गोवा में हैं. राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए वो लगातार सक्रिय बनी हुई हैं. अपने लगभग हर संबोधन में उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होकर बीजेपी को हराने की अपील की है.

    गोवा में एक सभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा,“हम लोग चाहते हैं कि गोवा में बीजेपी ख़त्म हो और अगर बीजेपी को ख़त्म होना है तो सबको इकट्ठा होना होगा.”

    अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि मुझे ये बोलने में शर्म आती है कि कोई पूछे कि तुम हिंदू हो, मुस्लिम हो, ब्राह्मण हो या कायस्थ हो? मैं तो इंसान हूं.

    उन्हेंने कहा, “मैं ख़ुद एक ब्राह्मण परिवार से हूं इसलिए मुझे बीजेपी से केरेक्टर सर्टिफ़िकेट लेने की ज़रूरत नहीं है.”

    पणजी में जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “बीजेपी से मुझे कोई कास्ट सर्टिफ़िकेट लेना है? मैं ना हिंदू हूं, ना मुस्लिम हूं, ना सिख हूं, ना ईसाई हूं, मेरा नाम और टाइटल परंपरा से आया है.”

    ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब चुनाव क़रीब होते हैं तो वे जाकर गंगा में डूब जाते हैं, चुनाव क़रीब आते हैं तो वे उत्तराखंड में जाकर मंदिर के भीतर बैठ जाते है और जब कोविड महामारी के दौरान लोग मरते हैं तो गंगा में बहा देते हैं. अंतिम संस्कार तक नहीं करने देते. उन्होंने गंगा को अपवित्र किया है.

    एक ओर जहां ममता बनर्जी गोवा में मौजूद हैं वहीं एक समय पर उनके क़रीबी रहे और अब बीजेपी से विधायक बने शुभेंदु अधिकारी ममता सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगा रहे हैं.

    शुभेंदु अधिकारी ने अपने एक बयान में राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बंगाल में बिजली की सब्सिडी नहीं मिल रही है, फ़र्टिलाइजर की ब्लैक मार्केटिंग हो रही है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं. ममता बनर्जी ने 2019 से पीएमफसल बीमा योजना को हटा दिया है, इसका बुरा असर हुआ है.

  7. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर'

  8. अमेरिकी विदेश मंत्री ने चीन से की हिंद-प्रशांत क्षेत्र में "आक्रामक कार्रवाई" को रोकने की अपील

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चीन से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में "आक्रामक कार्रवाई" को रोकने की अपील की है. अमेरिकी विदेश मंत्री इस क्षेत्र के दौरे पर हैं और अपने एक संबोधन में उन्होंने यह बात कही.

    एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि यह अमेरिकी प्रभुत्व वाले क्षेत्र या फिर चीन के प्रभुत्व वाले क्षेत्र के बीच किसी प्रतिस्पर्धा का सवाल नहीं है,यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र के बारे में है. इसके साथ ही यह उन अधिकारों और सहमतियों के संदर्भ में है जो इस क्षेत्र में शांति और इसके विकास के लिए ज़रूरी हैं. और यही चिंता की बात भी है.

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “चीन की आक्रामक कार्रवाइयों की वजह से ही इतनी चिंता है, पूर्वोत्तर एशिया से लेकर दक्षिणपूर्वी एशिया तक और मेकोंग नदी से लेकर प्रशांत द्वीप समूह तक.”

    अपने संबोधन में उन्होंने चीन के संदर्भ में कहा कि खुले-विशाल फैले समुद्र पर अपना दावा करना. उन देशों से निर्यात और सौदे को रद्द कर देना जो उनकी नीतियों से सहमति नहीं रखते. यह कुछ ऐसा है जिसे लेकर इस क्षेत्र के सभी देश चाहते हैं कि बदले. यह व्यवहार बदले.

    अपने इंडोनेशियाई दौरे के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका अपने सहोगियों के साथ मिलकर नियम आधारित व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काम करना जारी रखेगा और उसके भागीदार देशों को यह पूरा अधिकार होगा कि वे अपना क्या रास्ता चुनते हैं.

  9. राहुल गांधी ने संसद भवन को क्यों कहा म्यूजियम?

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के दौरान संसद भवन की ओर इशारा करते हुए कहा, “इसका क्या मतलब है? इसका कोई मतलब नहीं है. ये तो बिल्डिंग है. म्यूजियम है.”

    दरअसल, राहुल गांधी संसद में चर्चा पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे. इस दौरान उन्होंने लखीमपुर घटना, किसान आंदोलन और चीन के मुद्दे पर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वे इन मुद्दों पर चर्चा ही नहीं करना चाहते हैं.

    राहुल गांधी ने कहा, “एक मंत्री ने किसानों को मारने का काम किया. प्रधानमंत्री जानते हैं. उनके साथ उनकी टीम में, हमने उस समय भी डिस्कशन के लिए कहा लेकिन डिस्कशन नहीं होने दी. उस समय भी हम सबको चुप करा दिया. उस समय भी हम यहां आए थे और कहा था कि देखिए चर्चा होने दीजिए. सच्चाई सबको मालूम है. सच्चाई ये है कि किसानों के ख़िलाफ़ दो-तीन बड़े पूंजीपति खड़े हैं.”

    इस दौरान पत्रकारों ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वे लखीमपुर का मुद्दा संसद में उठाएंगे?

    इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि पार्लियामेंट में वे मुद्दा उठाने नहीं देंगे.

    उन्होंने कहा, “वे मुद्दा उठाने नहीं देंगे. हम दो हमारे दो.चार लोग उठाने नहीं देंगे. लखीमपुर खीरी पर चर्चा नहीं होगी. चीन पर चर्चा नहीं होगी. किसानों पर चर्चा नहीं होगी. नहीं हो सकती.”

    इसी जवाब के दौरान उन्होंने पार्लियामेंट की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह तो बिल्डिंग है. म्यूजियम है.

  10. मिस यूनिवर्स में तीसरे नंबर पर रहीं मिस दक्षिण अफ़्रीका पर क्यों उठे थे सवाल

    मिस दक्षिण अफ़्रीका लालेला एम्स्वाने ने कहा है कि मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का उनका फ़ैसला सही था और उन्होंने वही किया, जो उन्हें सही लगा. दक्षिण अफ़्रीका की सरकार ने एम्स्वाने के मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने को लेकर अपना समर्थन देने से इनकार कर दिया था.

    दरअसल ये प्रतियोगिता इसराइल में हुई थी और दक्षिण अफ़्रीका की सरकार पर दबाव था कि वो फ़लस्तीनियों को लेकर इसराइल के व्यवहार के कारण इसका बहिष्कार करे. लेकिन एम्स्वाने ने मिस यूनिवर्स में हिस्सा लेने का फ़ैसला किया. उन्होंने कहा- मैंने डर के बदले अपने भरोसे को चुना. हालाँकि प्रतियोगिता के आयोजकों ने प्रतियोगियों से कहा था कि वे राजनीति से दूर रहें. एम्स्वाने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में तीसरे नंबर पर रहीं. भारत की हरनाज़ कौर संधु ने मिस यूनिवर्स का ख़िताब अपने नाम किया था.

  11. एशियन चैम्पियंस ट्रॉफ़ी में 2-0 की बढ़त के बाद भी भारत नहीं हरा पाया दक्षिण कोरिया को

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका में चल रही एशियन चैम्पियंस ट्रॉफ़ी के अपने पहले मैच में भारत की टीम बढ़त लेने के बावजूद दक्षिण कोरिया को हरा नहीं पाई. एक समय भारत की टीम 2-0 से आगे थी. लेकिन दक्षिण कोरिया ने दो गोल करके मैच 2-2 से बराबर कर दिया.

    टोक्यो ओलंपिक में पहला टूर्नामेंट खेल रही भारतीय हॉकी टीम ने पाँच मिनट के अंदर ही पहला गोल कर दिया था. भारत की ओर से पहला गोल ललित कुमार उपाध्याय ने किया. मैच के 18वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी थी. लेकिन 41वें और 46वें मिनट पर गोल करके दक्षिण कोरिया ने मैच बराबर कर दिया. टोक्यो ओलंपिक में भारत ने कांस्य पदक जीता था.

  12. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को पाकिस्तान में बस जाने की बीजेपी की सलाह पर आई उमर अब्दुल्लाह की प्रतिक्रिया

    केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी की फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को पाकिस्तान में बस जाने की सलाह पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने टिप्पणी की है. उमर अब्दुल्लाह ने ट्वीट किया है- वही थका हुआ डायलॉग. कोई नया स्क्रिप्ट राइटर नहीं मिला जोशी को?

    केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा है कि अगर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह पाकिस्तान को इतना ही पसंद करते हैं, तो उन्हें वहाँ बस जाना चाहिए. नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा था कि भारत को पाकिस्तान से बात करनी चाहिए. केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी इसी पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे. सोमवार को श्रीनगर में पुलिस की बस पर हुए चरमपंथी हमलों पर अपनी प्रतिक्रिया में फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान को अपना अहंकार छोड़कर बातचीत के लिए आगे आना चाहिए. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी फ़ारूक़ अब्दुल्लाह के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. अनुराग ठाकुर ने कहा- पिछले 1.5 साल में रिकॉर्ड आतंकवादियों को मार गिराया गया। मज़बूत प्रधानमंत्री भी है। जब सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की तब ऐसे ही लोग प्रश्न चिन्ह खड़ा करते थे और पाकिस्तान से बात करने की बात करते थे.

  13. विराट और रोहित के बीच 'मतभेद' पर मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने क्या कहा

    भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने विराट कोहली के कथित रूप से दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ वनडे न खेलने के अनुरोध पर टिप्पणी की है.

    दूसरी ओर चोट के कारण रोहित शर्मा दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में हिस्सा नहीं ले पाएँगे.

    अज़हरुद्दीन ने ट्वीट किया है- "विराट कोहली ने बताया कि वह वन-डे सिरीज़ के लिए मौजूद नहीं हैं और रोहित शर्मा आगे होने वाली टेस्ट सिरीज़ के लिए उपलब्ध नहीं. ब्रेक लेने में कोई हर्ज़ नहीं है लेकिन टाइमिंग थोड़ी बेहतर होनी चाहिए. यह सिर्फ़ मतभेद की अटकलों को सही बताता है."

    हालांकि बीसीसीआई ने विराट कोहली के ऐसे किसी अनुरोध पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है.

    अज़हरुद्दीन का यह ट्वीट ऐसे समय में आया है जब टीम इंडिया अपने अगले दौरे के लिए दक्षिण अफ्रीका जाने वाली है.

    टीम के दौरे की पुष्टि के साथ ही इस बात की भी घोषणा की गई कि अब टीम इंडिया के दो फ़ॉर्मेट्स के कप्तान रोहित शर्मा होंगे.

    दक्षिण अफ़्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा के साथ ही बीसीसीआई ने रोहित को वनडे का कप्तान बनाए जाने का एलान भी किया था. वहीं दक्षिण अफ़्रीका में टेस्ट टीम की अगुवाई विराट कोहली के ही ज़िम्मे सौंपी गई.

    लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका दौरे के पहले झटका लगा है.

    13 दिसंबर को बीसीसीआई ने ट्वीट करके जानकारी दी कि रोहित शर्मा टेस्ट सिरीज़ नहीं खेल पाएंगे और चोट की वजह से वो टीम से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह प्रियांक पांचाल को टीम में जगह दी गई है.

    भारत को दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट मैच खेलने हैं. पहला टेस्ट मैच 26 दिसंबर से शुरू होगा.

  14. मोदी वाराणसी और अयोध्या में मिल सकते हैं लेकिन संसद में नहीं- चिदंबरम

    राज्यसभा सांसद पी चिदंबरम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज़ करते हुए कहा है कि पीएम मोदी के मन में संसद के प्रति इतना ‘सम्मान’ है कि वह 13 दिसंबर को संसद भवन की सुरक्षा में अपनी जान गँवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देने भी नहीं आए.

    चिदंबरम ने कहा, “वह सब कुछ छोड़ कर वाराणसी चले जाएँगे.आप उन्हें केवल वाराणसी और अयोध्या जैसी जगहों पर पाएँगे, संसद में नहीं.”

    13 दिसंबर को थी भारतीय संसद पर हमले की बरसी

    13 दिसंबर, 2001 को कुछ हथियारबंद लोगों ने संसद पर हमला कर दिया था. इस हमले में 14 लोग मारे गए थे.

    13 दिसंबर 2001 को आम दिनों की तरह उस दिन भी संसद की कार्यवाही चल रही थी. दोनों सदन गोलीबारी से कुछ देर पहले ही स्थगित हुए थे.

    इसी बीच सुबह ग्यारह बजकर पच्चीस मिनट पर एके-47 बंदूकों और हैंड ग्रेनेड से लैस पाँच अज्ञात चरमपंथियों ने हमला कर दिया था.

    इसके बाद संसद भवन के मुख्य गेट पर सुरक्षा बलों और अज्ञात हमलावरों के बीच जमकर गोलीबारी हुई. इस गोलीबारी में कुल 14 लोग मारे गए थे जिनमें पाँच हमलावर और दिल्ली पुलिस के जवान भी शामिल थे.

    इस दौरान कई बड़े नेता और सांसद संसद भवन के परिसर में ही थे और सभी सुरक्षित थे. उस समय एनडीए सरकार सत्ता में थी और अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे.

    बीते दिन यानी 13 दिसंबर को पीएम मोदी वाराणसी में मौजूद थे जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किया और अन्य विकास योजना का भी जायज़ा लिया.

  15. अखिलेश यादव का बयान उनकी सोच और संस्कार को दिखाता है- अनुराग ठाकुर

    केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका बयान उनकी सोच और उनके संस्कारों को दिखाता है. साथ ही उनका बयान समाजवादी पार्टी की झुंझलाहट को भी दर्शाता है.

    अनुराग ठाकुर ने कहा, “भव्य काशी को देखकर, भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को देखकर शायद ये लोग इतने सकते में आ गए हैं कि इनकी सोच और संस्कार सब सामने आ रहे हैं.”

    दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिS बिना एक बयान दिया था.बीते दिन सैफ़ई में अखिलेश यादव से पत्रकारों ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई कार्यक्रम बनारस में रखे जा रहे हैं. इस पर अखिलेश यादव ने कहा, "बहुत अच्छी बात है. एक महीना नहीं, दो महीना, तीन महीना वहीं रहें. वह जगह रहने वाली है. आख़िरी समय पर वहीं रहा जाता है बनारस में."

    अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस समय समय कल अखिलेश यादव ने यह बयान दिया, लगभग उसी समय वह संसद में अकेले बैठे मुलायम सिंह यादव पास गए थे, क्योंकि वह अकेले बैठे थे.

    उन्होंने कहा, “वह वृद्ध सांसद हैं, इसलिए मैं उनके पास जाकर बैठा था, लेकिन अखिलेश यादव इस तरह का बयान देते हैं जो उनकी सोच को दिखाता है."

    उन्होंने कहा, “इस तरह की भाषा, जिसमें मर्यादा नहीं ये साफ़तौर पर दिखाता है कि सपा के भीतर किस तरह की बौखलाहट है लेकिन बयान देने से पहले सोचना चाहिए कि किसके लिए, किन शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है. अपने से बड़ों के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना, दुर्भाग्यपूर्ण है. ये काशी का विरोध भी करते रहे हैं, राम मंदिर का भी विरोध करते रहे हैं लेकिन इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किसी पूर्व मुख्यमंत्री से कहीं से भी अपेक्षित नहीं था.”

  16. अखिलेश यादव का योगी आदित्यनाथ पर निशाना, कहा इस वजह से नहीं लगाई गंगा में डुबकी

    समाजवादी पार्टी के नेता अखिलाश यादव ने मंगलवार को जौनपुर में समाजवादी विजय यात्रा के दौरान जनसमूह को संबोधित किया.

    उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और सपा नेता प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर जनसभाएँ कर रहे हैं.

    जौनपुर में अपने संबोधन के बाद पत्रकारों से मुख़ातिब हुए अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा, “...क्योंकि अगर आपने सच दिखाया तो आपके ख़िलाफ़ भी कार्रवाई हो जाएगी.”

    विधानसभा चुनाव में जीत के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर आप सभी के (मीडिया) समर्थन, सबके साथ, सबके सहयोग और भागीदारी से यह हो सकता है कि हम उत्तर प्रदेश की जनता को समझाने में हम कामयाब हो जाएँ और भारतीय जनता पार्टी को हरा पाएँगे.

    जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने कहा, "ये ऐतिहासिक जन समर्थन बता रहा है कि भाजपा की उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक हार होने वाली है. ये ऐतिहासिक समर्थन इसका ऐलान कर रहा है."

    अखिलेश यादव ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर हमला करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ यह अच्छी तरह से जानते हैं कि कोई भी नदी साफ़ नहीं है, इसलिए उन्होंने बीते दिन वाराणसी में गंगा नदी में डुबकी नहीं लगाई.

    अखिलेश यादव ने बीते दिन भी पीएम मोदी, बीजेपी और योगी आदित्यनाथ पर कड़े बयान दिए थे. जिसके बाद बीजेपी नेता संबित पात्रा ने उनके लिए ट्वीट किया था कि - बाबा के धाम काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता एवं भव्यता को देख सारे 'औरंगजेब' बौखलाए हुए हैं.

  17. महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव में बीजेपी की जीत पर फडणवीस ने सत्ताधारी गठबंधन पर ली चुटकी

    वरिष्ठ बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधान परिषद चुनाव में पार्टी की जीत पर ख़ुशी व्यक्त की है और सत्ताधारी शिवसेना-कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन पर चुटकी ली है. छह विधान परिषद सीटों के लिए मतदान 10 दिसंबर को हुआ था. उन्होंने बताया कि भाजपा ने छह में चार सीटों पर जीत हासिल की है.

    फडणवीस ने कहा- मैं बहुत ख़ुश हूँ कि बीजेपी ने छह में चार विधान परिषद की सीटें जीत ली हैं. मैं मोदी जी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करता हूँ. अगर तीन राजनीतिक पार्टियाँ एक साथ आ जाती है, इसका मतलब ये नहीं है कि वे जीत जाएँगी. फणनवीस ने कहा कि राजनीतिक अंकगणित का मतलब ये नहीं कि तीन पार्टियों के साथ आने पर जीत मिल जाएगी. राजनीति में अंकगणित नहीं बल्कि रसायनशास्त्र काम आता है.

  18. ओमिक्रॉन के दिल्ली में चार नए केस, देश में कुल संक्रमितों की संख्या 45

    दिल्ली में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के चार नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही राजधानी में ओमिक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या 6 हो गई है.

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने बताया कि 6 में से ओमिक्रॉन से संक्रमित एक मरीज़ को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. वर्तमान समय में, 35 कोरोना पॉजिटिव मरीज़ और 3 संदिग्ध लोगों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती किया गया है.

    इस समय देश में ओमिक्रॉन संक्रमण के मामले 45 हो गए हैं.

    इससे पहले सोमवार को महाराष्ट्र में दो और गुजरात में एक ओमिक्रॉन के पुष्ट मामले सामने आए थे.

    ओमिक्रॉन के मामले अब महाराष्ट्र में 20, राजस्थान में 9, कर्नाटक में 3, गुजरात में 4, केरल में 1, आंध्र प्रदेश में 1, दिल्ली में 6 और चंडीगढ़ में 1 हैं.

    भारत में सबसे पहले बेंगलुरु में ओमिक्रॉन के मामले सामने आए थे, जहाँ भारतीय मूल के एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक और एक डॉक्टर सहित दो लोगों में इसका संक्रमण पाया गया था.

  19. मोदी सरकार को ट्यूशन वाले राहुल के बयान पर बीजेपी ने क्या कहा

    राज्यसभा से 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया था. उन्होंने ट्वीट पर लिखा था- लोकतंत्र में बहस व असहमति का महत्व-इस विषय में मोदी सरकार को ट्यूशन की ज़रूरत है.

    अब उनके ट्यूशन वाले ट्वीट पर उत्तर सरकार में मंत्री बीजेपी नेता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी को अपने अंदर झाँकना चाहिए. उन्होंने कहा- राहुल गांधी को अपने अंदर झांकना चाहिए, पता चलेगा कि उनके अंदर क्या-क्या कमियाँ हैं. आपको क्या करना चाहिए, क्या ट्यूशन लेना चाहिए. उससे कांग्रेस का भी भला होगा, आपका और आपके परिवार को भी भला होगा.

    राज्यसभा के 12 सांसदों को पिछले सत्र में उनके व्यवहार के कारण निलंबित कर दिया गया है. सरकार ने कहा कि अगर ये नेता अपने व्यवहार के लिए माफ़ी मांग ले, तो निलंबन वापस हो सकता है. लेकिन निलंबित सांसद माफ़ी मांगने को राज़ी नहीं. निलंबित 12 सांसदों में से छह कांग्रेस पार्टी के हैं. मंगलवार को राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर चल रहे विरोध में हिस्सा लिया और कहा कि मोदी सरकार बहस नहीं करना चाहती. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "विपक्षी सांसदों के निलंबन को 14 दिन हो गए हैं. जिन मुद्दों पर सदन में विपक्ष बहस करना चाहती है, उन पर हमें बहस नहीं करने दी जाती. जहाँ विपक्ष आवाज़ उठाने की कोशिश करता है, उन्हें निलंबित कर दिया जाता है. ये लोकतंत्र की हत्या है."

  20. भारत ने किस प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को सुनाई ‘खरी-खोटी’