You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

गोवा में महिलाओं को नौकरी में 30 फ़ीसद आरक्षण देगी कांग्रेसः प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को गोवा में घोषणा की कि अगर कांग्रेस पार्टी वहां सत्ता में आई तो वहां महिलाओं को नौकरियों में 30 फ़ीसद आरक्षण दिया जाएगा.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश and पंकज प्रियदर्शी

  1. इमरान ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान को लेकर अमेरिका को दी चेतावनी

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे अफ़ग़ानिस्तान में मानवीय आपदा को रोकें. उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानियों का भविष्य ख़तरे में है. इस्लामाबाद में एक कॉन्फ़्रेंस में इमरान ख़ान ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान पर लगी पाबंदियों के कारण वहाँ के लोग परेशान हैं और क़रीब 30 लाख अफ़ग़ानियों का भविष्य अधर में है. उन्होंने माना कि पाकिस्तान के लिए ये स्थित चिंतित करने वाली है. लेकिन उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि स्थिति और बदतर हो सकती थी और अफ़ग़ानिस्तान में गृह युद्ध भड़क सकता था.

    इमरान ख़ान ने कहा, "सबसे पहले मैं ये कहना चाहता हूँ कि स्थितियाँ और बिगड़ सकती थी. देश में गृह युद्ध का ख़तरा था. अगर वहाँ गृह युद्ध होता तो शरणार्थी वापस पाकिस्तान आ जाते. अफ़ग़ानिस्तान अपने आप तबाह हो गया होता. लेकिन अब अफ़ग़ानिस्तान को मानवीय आपदा से बचाना है." इमरान ख़ान ने अफ़ग़ानिस्तान को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और ख़ासकर अमेरिका को चेतावनी दी कि वो मानवीय आपदा को रोके. उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की करेंसी और बैंकिंग सिस्टम फ़्रीज़ है और इसका आम लोगों पर असर पड़ रहा है.

  2. नाइजीरिया में मस्जिद पर हमले में 16 लोगों की मौत

    नाइजीरिया के नाइजर प्रांत में बंदूकधारियों ने एक मस्जिद में घुसकर 16 लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी है. प्रांत के मशेगू इलाक़े के बारे गाँव में हुए इस हमले में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं. नाइजर प्रांत के सरकारी अधिकारी अहमद इब्राहिम मताने ने बीबीसी को बताया कि बंदूकधारियों ने सुबह की नमाज पढ़ रहे लोगों पर गोलियाँ चलाईं. बंदूकधारी मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने आते समय रास्ते में भी एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी थी.

    एक अन्य घटना में पड़ोसी कैटसीना प्रांत में एक सरकारी अधिकारी की उनके आवास पर गोली मार कर हत्या कर दी गई. राबे नासिर नाम के ये अधिकारी विज्ञान और तकनीक मामलों के राज्य आयुक्त थे. पुलिस का कहना है कि वो इस हत्या की जाँच-पड़ताल में लगी है. इस सप्ताह के शुरू में सोकोटो प्रांत में बंदूकधारियों ने एक बस पर हमला करके कम से कम 23 यात्रियों पर हमला किया था. बस में जलकर इनकी मौत हो गई थी.

  3. बिपिन रावत की मौत पर अटकलें न लगाएँ, गरिमा का ख़्याल रखें: वायु सेना

    भारतीय वायु सेना ने एक ट्वीट कर कहा है कि जिस हेलिकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस बिपिन रावत और अन्य 13 लोगों की मौत हुई है, उसकी जाँच की जा रही है. आठ दिसंबर को सेना का हेलिकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में भारत के पहले चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) बिपिन रावत, उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हो गई है.

    ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की स्थिति गंभीर है और अभी उनका इलाज चल रहा है. भारतीय वायु सेना ने अपने ट्वीट में कहा है- वायु सेना ने 08 दिसंबर को हुए दुखद हेलिकॉप्टर हादसे के कारणों की जाँच के लिए कोर्ट ऑफ़ इंक्वायरी का गठन किया है. जाँच तेज़ी से पूरी की जाएगी और तथ्यों को सामने लाया जाएगा. तब तक, मृतकों की गरिमा का ख़्याल रखते हुए अधूरी सूचना वाले अटकलों से बचें.

  4. बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अमित शाह समेत कई नेता

    भारत के प्रथम चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह कामराज मार्ग स्थित आवास पर लाया गया है.

    इसके बाद से सीडीएस निवास पर देश के शीर्ष नेताओं, अधिकारियों और राजनयिकों का आना जारी है.

    बताया जा रहा है कि सीडीएस निवास के बाहर भारी भीड़ जमा है जो कि जनरल रावत के अंतिम दर्शन करना चाहती है.

    अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार सुबह जनरल रावत के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी है.

    इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेता सीडीएस निवास में मौजूद है और जनरल रावत को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

    इसके साथ ही भारतीय सेना के कई पूर्व और सेवारत अधिकारी जनरल रावत को श्रद्धांजलि दे रहे है.

  5. चीन ने वीगर मुसलमानों का किया नरसंहार, ट्राइब्यूनल का फ़ैसला

    ब्रिटेन से कार्यरत एक अनाधिकारिक ट्राइब्यूनल का कहना है कि चीन सरकार ने शिनजियांग प्रांत में वीगर मुसलमानों का नरसंहार किया है.

    इस ट्राइब्यूनल ने गुरुवार को बताया है कि इस नतीजे पर पहुंचने के प्राथमिक कारण चीन सरकार द्वारा वीगर समुदाय के ख़िलाफ़ जन्म दर कम करने के लिए उठाए गए नसबंदी समेत अन्य कदम हैं.

    इस ट्राइब्यूनल की अध्यक्षता करने वाले एक जाने – माने ब्रितानी बैरिस्टर सर जिओफ्री नाइस ने बताया है कि उनका पैनल इस नतीजे पर पहुंचा है कि चीन ने एक “सोची – समझी, व्यवस्थित और ठोस नीति के तहत” “वीगर समुदाय और अन्य नस्लीय समुदायों की आबादी में दीर्घकालिक कमी” लाने के लिए ये कदम उठाए.

    उन्होंने ये भी कहा कि उनका पैनल मानता है कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शिनजियांग में मुसलमान अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ उत्पीड़न के लिए “प्राथमिक रूप से” ज़िम्मेदार हैं.

  6. सौरव गांगुली ने बताया, विराट कोहली से क्यों छीनी गई वनडे की कप्तानी

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रमुख और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि बोर्ड ने विराट कोहली से अपील की थी कि वे टी-20 में भारतीय टीम की कप्तानी न छोड़ें. हाल ही में बीसीसीआई ने विराट कोहली को एक दिवसीय टीम की कप्तानी से भी हटा दिया था. हालाँकि कोहली ने सिर्फ़ टी-20 में टीम की कप्तानी छोड़ने का फ़ैसला किया था. अब रोहित शर्मा टी-20 के साथ-साथ वनडे में भी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे.

    अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में गांगुली ने कहा कि टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम जैसा भी प्रदर्शन करती, विराट कोहली कप्तान बने रहते. लेकिन उन्होंने कप्तानी छोड़ने का फ़ैसला पहले ही कर दिया था. भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन टी-20 विश्व कप में ख़राब रहा. पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड से मैच हारकर भारतीय टीम सेमी फ़ाइनल में जगह नहीं बना पाई. गांगुली ने कहा, "हमने विराट से अपील की थी कि वे टी-20 की कप्तानी न छोड़ें. कप्तानी बदलने की कोई योजना नहीं थी. लेकिन उन्होंने टी-20 की कप्तानी छोड़ने का फ़ैसला किया. चयनकर्ताओं ने फ़ैसला किया कि वे सीमित ओवर्स के गेम में दो कप्तानों को नहीं रखेंगे." सौरव गांगुली ने स्पष्ट किया कि वनडे का नया कप्तान बनाने से पहले बोर्ड ने और ख़ुद उन्होंने विराट कोहली से बात की थी.

  7. चीन में होने वाले विंटर ओलपिंक खेलों पर फ़्रांस की राय अमेरिका से अलग, मैक्रों ने बताई वजह

    फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि बीजिंग में 2022 में होने वाली विंटर ओलंपिक खेलों के राजनयिक बहिष्कार में शामिल होने की फ्रांस की कोई योजना नहीं है.

    मैक्रों ने कहा कि ऐसा कोई भी कदम बेमानी और केवल प्रतीकात्मक होगा.

    इससे पहले अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने कह चुके हैं कि वे चीन के मानवाधिकार रिकॉर्ड पर चिंताओं के कारण विंटर ओलंपिक में सरकारी प्रतिनिधियों को नहीं भेजेंगे.

    इन देशों ने चीन पर वीगर और अन्य अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है.

    इसके जवाब में चीन का कहना है कि खेलों का बहिष्कार करने वाले देश "अपने गलत कामों की कीमत चुकाएंगे." इसी बीच संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि उन्होंने विंटर ओलपिंक में जाने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है

    मैक्रों ने क्या कहा?

    गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में फ़्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि ओलंपिक का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वे ऐसी कार्रवाई की हिमायत करेंगे जिसका असर हो.

    मैक्रों ने कहा, “ साफ कर दूँ - या तो आप पूरी तरह से बहिष्कार करें और एथलीट भी न भेजें या कारगर कार्रवाई करके हालात को बदलने का प्रयास करें.”

  8. ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का पार्थिव शरीर दिल्ली कैंट पहुंचा, दी जा रही है अंतिम विदाई

    तमिलनाडु के कुन्नूर के पास जनरल बिपिन रावत के साथ हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर का पार्थिव शरीर दिल्ली कैंट स्थित बरार स्कैवयर लाया गया है.

    भारतीय सेना के तमाम अधिकारी ब्रिगेडियर लिड्डर को अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

    बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद ब्रिगेडियर लिड्डर का शरीर पंचतत्वों में विलीन होगा.

  9. ताइवान से रिश्ता तोड़ने के तुरंत बाद चीन पहुँचे इस देश के वित्त मंत्री

    दक्षिण अमेरिकी देश निकारागुआ ने ताइवान के साथ अरसे से चले आ रहे राजनयिक संबंध तोड़ दिए हैं. इस घोषणा के कुछ घंटों के भीतर ही चीन और निकारागुआ के वित्त मंत्री ने, चीनी अधिकारियों से मुलाक़ात की है.

    चीनी के सरकारी न्यूज़ चैनल सीसीटीवी ने निकारागुआ के वित्त मंत्री इवान अकोस्टा और देश के राष्ट्रपति डेनियल के दो बेटों के चीनी अधिकारियों से मिलने की तस्वीरें प्रसारित की हैं.

    निकारागुआ के संबंध तोड़ने के बाद अब ताइवान के सिर्फ 14 देशों से राजनयिक रिश्ते बचे हैं.

    गुरुवार को देश के विदेश मंत्रालय ने राजनयिक संबंधों को तोड़ने के बारे में जारी बयान में कहा, “निकारागुआ की सरकार आज ताइवान के साथ सभी राजनयिक संबंध तोड़ रही है. अब हमारा उनके साथ कोई आधिकारिक रिश्ता नहीं होगा. पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना पूरे चीन और ताइवान का प्रतिनिधित्व करता है और ताइवान उसी का अविभाज्य हिस्सा है.”

    निकारागुआ के फ़ैसले के जवाब में ताइवान ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय समुदाय का सदस्य होने की वजह से हमें दूसरे देशों के साथ राजनयिक संबंध रखने का पूरा अधिकार है.”

    चीन ताइवान के अपना अभिन्न अंग मानता है और उसे चीनी गणराज्य में पूरी तरह से सम्मिलित करने पर प्रतिबद्धता जताता रहा है. ताइवान चीन के रवैया का सख़्त विरोध करता रहा है.

    हाल के महीनों में चीन और ताइवान के बीच संबंधों में तनाव आया है. चीन के कई लड़ाकू विमानों ने ताइवान के वायु क्षेत्र से उड़ानें भरी थीं जिनके कारण तनाव बढ़ गया था.

  10. मेक्सिको में बड़ा हादसा, सड़क दुर्घटना में 49 लोगों की मौत

    लातिन अमेरिकी देश मेक्सिको के दक्षिणी हिस्से में बीते गुरुवार एक सड़क हादसे में 49 लोगों के मारे जाने की ख़बर आ रही है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ये हादसा उस वक़्त हुआ जब दक्षिणी मेक्सिको के चियापास प्रांत से होकर गुज़र रहा एक ट्रक घुमावदार मोड़ पर पलटने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    इस ट्रेलर में सौ से ज़्यादा लोग मौजूद थे जिनमें से ज़्यादातर मध्य अमेरिकी देशों के प्रवासी थे.

    अधिकारियों के मुताबिक़, इस हादसे में अब तक 49 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है.

    वहीं, 58 लोग गंभीर रूप से जख़्मी बताए जा रहे हैं.

    स्थानीय प्रशासन ने घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया है जहां पर उनका इलाज़ किया जा रहा है.

    बता दें कि मध्य अमेरिकी देशों की ग़रीबी और हिंसा से भरे माहौल से निकलने के लिए प्रवासी मेक्सिको के रास्ते अमेरिकी सीमा पर पहुंचने की कोशिश करते हैं.

    कभी – कभी वे पैदल चलते हुए लंबी दूरी तय करते हैं.

    और कभी – कभी वे अवैध ढंग से चलाए जा रहे ट्रकों में असुरक्षित ढंग से बैठकर यात्रा करते हैं.

  11. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    9 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.