जनरल रावत की मौत पर उत्तराखंड में राजकीय शोक, संसद में बयान देंगे राजनाथ सिंह
देश के पहले चीफ़ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत की वजह बने हेलिकॉप्टर हादसे को लेकर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद में बयान देंगे.
समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है, “रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तमिलनाडु में सेना के हेलिकॉप्टर क्रैश को लेकर कल संसद के दोनों सदनों में बयान देंगे.”
जनरल रावत को सुलुर आर्मी बेस से वेलिंगटन ले जा रहा वायु सेना का एमआई-17वी5 (Mi-17V5) हेलिकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हो गया. इस हादसे में रावत और उनकी पत्नी समेत कुल 13 लोगों की मौत हुई.
रक्षा मंत्री बुधवार दोपहर नई दिल्ली स्थित जनरल रावत के घर गए. सरकारी सूत्रों के हवाले से बुधवार को बताया गया कि रक्षा मंत्री संसद में बयान देंगे लेकिन बाद में रिपोर्टें आईं कि वो गुरुवार को बयान देंगे.
शुक्रवार को अंतिम संस्कार
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जनरल रावत का शव गुरुवार शाम तक दिल्ली आ सकता है. उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली कैंट इलाक़े में किया जाएगा.
जनरल रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं, सेना के अधिकारियों और पूर्व अधिकारियों ने दुख जताया है. अमेरिका, इसराइल, पाकिस्तान और रूस समेत कई अन्य देशों ने भी शोक जाहिर किया है.
तीन दिन का शोक
उधर, उत्तराखंड सरकार ने जनरल रावत की मौत पर तीन दिन के राजकीय शोक का एलान किया है.
जनरल रावत का जन्म उत्तराखंड में ही हुआ था.