केजरीवाल की योजना से 1,000 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या रवाना हुई पहली ट्रेन

इमेज स्रोत, ANI
कड़ी सुरक्षा और 'जय श्री राम' के नारे के बीच दिल्ली सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अयोध्या के राम मंदिर तक 1,000 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली पहली ट्रेन शुक्रवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना हुई.
इस मौक़े पर मुख्यमंत्री केजरीवाल मौजूद रहे और ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर श्रद्धालुओं को विदा किया.
ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्होंने कहा,‘’हमारे कई वरिष्ठ नागरिक आज श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या गए हैं. यह हम सभी के लिए ख़ुशी की बात है. मैं यहां इन सभी लोगों से मिलने आया हूँ और सब बहुत ख़ुश हैं. ‘’
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार इस मौक़े पर स्टेशन पर ही एक कार्यक्रम का आयोजन भी करना चाहती थी लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इसकी इजाज़त नहीं दी गई.
दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों से शाम सात बजे तक बसों में लोग स्टेशन पहुँचते रहे, बसों से उतरते हुए श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’के तहत श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं ने दिल्ली सरकार की इस पहल की तारीफ़ की.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
एक श्रद्धालु आशीष नेगी कहते हैं, ‘’दिल्ली में चुनाव नहीं है, अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार होती तो यह तीर्थ यात्रा चुनाव से कुछ दिन पहले हो रही होती.‘’
एक अन्य श्रद्धालु संतोषी देवी कहती हैं,‘’हमारा बेटा नहीं है लेकिन आज महसूस हो रहा है कि मेरा बेटा है. जब चुनाव आएगा तो हम सोचेंगे.‘’
इस योजना के तहत अब तक कुल 35,080 लाभार्थियों ने यात्रा की है साथ ही उन्हें एक लाख का बीमा कवर भी दिया गया है. इस योजना की शुरूआत में 13 तीर्थ स्थानों को शामिल किया गया था लेकिन अब इसमें पाकिस्तान में करतारपुर साहिब और तमिलनाडु में वेलंकन्नी चर्च कोभी शामिल कर लिया गया है.

