You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: भारत में अब तक ओमिक्रॉन संक्रमण के चार मामले सामने आए

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए शख़्स दिल्ली से होकर मुंबई पहुंचे हैं.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, रजनीश कुमार and कीर्ति दुबे

  1. केजरीवाल की योजना से 1,000 श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या रवाना हुई पहली ट्रेन

    कड़ी सुरक्षा और 'जय श्री राम' के नारे के बीच दिल्ली सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अयोध्या के राम मंदिर तक 1,000 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली पहली ट्रेन शुक्रवार को सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना हुई.

    इस मौक़े पर मुख्यमंत्री केजरीवाल मौजूद रहे और ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर श्रद्धालुओं को विदा किया.

    ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्होंने कहा,‘’हमारे कई वरिष्ठ नागरिक आज श्री रामलला के दर्शन करने अयोध्या गए हैं. यह हम सभी के लिए ख़ुशी की बात है. मैं यहां इन सभी लोगों से मिलने आया हूँ और सब बहुत ख़ुश हैं. ‘’

    मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार इस मौक़े पर स्टेशन पर ही एक कार्यक्रम का आयोजन भी करना चाहती थी लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इसकी इजाज़त नहीं दी गई.

    दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों से शाम सात बजे तक बसों में लोग स्टेशन पहुँचते रहे, बसों से उतरते हुए श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए.

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’के तहत श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं ने दिल्ली सरकार की इस पहल की तारीफ़ की.

    एक श्रद्धालु आशीष नेगी कहते हैं, ‘’दिल्ली में चुनाव नहीं है, अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार होती तो यह तीर्थ यात्रा चुनाव से कुछ दिन पहले हो रही होती.‘’

    एक अन्य श्रद्धालु संतोषी देवी कहती हैं,‘’हमारा बेटा नहीं है लेकिन आज महसूस हो रहा है कि मेरा बेटा है. जब चुनाव आएगा तो हम सोचेंगे.‘’

    इस योजना के तहत अब तक कुल 35,080 लाभार्थियों ने यात्रा की है साथ ही उन्हें एक लाख का बीमा कवर भी दिया गया है. इस योजना की शुरूआत में 13 तीर्थ स्थानों को शामिल किया गया था लेकिन अब इसमें पाकिस्तान में करतारपुर साहिब और तमिलनाडु में वेलंकन्नी चर्च कोभी शामिल कर लिया गया है.

  2. फ्रांस और यूएई के बीच सबसे बड़ा रक्षा सौदा

    शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात ने फ्रांस के साथ 80 रफ़ाल लड़ाकू विमान और 12 सैन्य हेलिकॉप्टर ख़रीदने का फ़ैसला किया.

    लगभग19.20 अरब डॉलर के हथियारों के इस सौदे के ज़रिए फ्रांस और यूएई के आर्थिक और राजनीतिक रिश्ते मज़बूत हुए है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ यह फ्रांसीसी लड़ाकू विमान की अब तक की सबसे बड़ी विदेशी डील है. ये समझौता फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने खाड़ी देशों की दो दिवसीय यात्रा के दौरान किया है. मैक्रों इस दौरान क़तर और सऊदी अरब भी जाएंगे.

    फ्रांस के रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने इस सौदे को ‘’ऐतिहासिक" बताया है.

    फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि दुबई एक्सपो 2020 के मौक़े पर अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन ज़ाएद (एमबीजेड) और मैक्रों ने इस सौदे पर हस्ताक्षर किए.

    राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘’इस सौदे के कारण दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी पहले से कहीं ज़्यादा मजबूत हुई है और ये सौदा सीधे तौर पर क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देने वाला है.‘’

    मैक्रों की ये यात्रा ऐसे वक़्त में हो रही है, जब खाड़ी देशों में अमेरिका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है

    यूएई में पेरिस का स्थायी सैन्य अड्डा है और इस बड़े निवेश के साथ ही फ्रांस के नेता मैक्रों और एमबीजेड के बीच बेहतर संबंध स्थापित हुए हैं.

    डील के बाद फ्रांस की हथियार निर्माता कंपनी दासो एविएशन के शेयर 9 फ़ीसदी तक मंहगे हो गए. ये किसी देश की ओर से एक साथ की गई रफ़ाल की सबसे बड़ी ख़रीद है.

    इस साल यूएई से पहले रफ़ाल को लेकर ग्रीस, मिस्त्र और क्रोएशिया के साथ भी फ्रांस की डील हुई है.

    इसके अलावा यूएई ने 12 सैन्य विमान काराकल हेलिकॉप्टरों का भी ऑर्डर दिया है, ये सुपर प्यूमा हेलिकॉप्टर H225M का फ्रेंच कोड नाम है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरों, लाइव अपडेट्स और वीडियो से रूबरू कराएंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 3 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.