ब्रेकिंग न्यूज़, तालिबान का पंजशीर को क़ब्ज़े में लेने का दावा, NRF ने किया ख़ारिज
अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने दावा किया है कि उसने पंजशीर प्रांत का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है.
तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने एक बयान जारी कर कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान के आख़िरी गढ़ पर उसका क़ब्ज़ा नहीं था जो कि अब उसके नियंत्रण में आ चुका है.
उन्होंने कहा, “इस जीत के साथ हमने पूरे तरह देश का नियंत्रण ले लिया है और उसे युद्ध के दलदल से निकाल लिया है.”
हालांकि, तालिबान के ख़िलाफ़ लड़ रहे विरोधी बल नेशनल रेसिस्टेंस फ़्रंट (NRF) ने इन दावों को ख़ारिज किया है.
NRF के प्रवक्ता अली मैसम ने बीबीसी से कहा, “यह सच नहीं है, तालिबान ने पंजशीर पर क़ब्ज़ा नहीं किया है मैं इन दावों को ख़ारिज करता हूँ.”
विरोधी गुट के ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया है जिसमें लिखा है, “NRF के सुरक्षाबल घाटी की सभी रणनीतिक जगहों पर अभी मौजूद हैं और लड़ाई जारी रखे हुए हैं. हम अफ़ग़ानिस्तान के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि तालिबान और उनके साझेदारों के ख़िलाफ़ संघर्ष जारी है और यह तब तक जारी रहेगा जब तक कि न्याय और स्वतंत्रता की जीत नहीं होती है.”
लेकिन सोशल मीडिया पर आ रही तस्वीरों में तालिबान लड़ाके प्रांतीय गवर्नर के कंपाउंड के दरवाज़े के आगे खड़े हैं.
बीबीसी स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं करता है.
रविवार को विरोधी गुट के अफ़ग़ान के नेता अहमद मसूद ने कहा था कि वो तालिबान का सैन्य अभियान रोकने के लिए शांति वार्ता के इच्छुक हैं.
तालिबान ने अपने बयान में कहा है कि अफ़ग़ान लोगों को अब शांतिपूर्ण ख़ुशहाल ज़िंदगी, स्वतंत्रता का आनंद और भाईचारा मिलेगा.