You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोविडः अमेरिका में लोगों को दिसंबर से 'वैक्सीन मिल सकती है'- आज की बड़ी ख़बरें

लगता है कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर अमेरिका एक बड़ी सफलता के क़रीब पहुंच गया है. कोरोना वायरस वैक्सीन के अमेरिकी कार्यक्रम के प्रमुख ने बताया है कि जैसे ही इस वैक्सीन को अनुमति मिलती है, लोगों को दिए जाने के लिए उसे 24 घंटे के अंदर वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचा दिया जाएगा.

लाइव कवरेज

  1. कोविडः अमेरिका में लोगों को दिसंबर से 'वैक्सीन मिल सकती है'

    कोरोना वायरस वैक्सीन के अमेरिकी कार्यक्रम के प्रमुख के मुताबिक, वहां के लोगों को 11 दिसंबर से कोविड-19 वैक्सीन मिल सकती है.

    डॉक्टर मोनसेफ़ सलोई ने अमेरिकी नेटवर्क सीएनएन से बताया कि वैक्सीन को स्वीकृति मिलने के 24 घंटे के भीतर इसे वैक्सीनेशन सेंटर्स तक पहुंचाने की योजना है.

    यह बयान अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बीच आया है.

    जॉन हापकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार अमेरिका में एक करोड़ 20 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और 2,55,000 लोगों की इससे मौत हो चुकी है. यहां मौत का आंकड़ा दुनिया के किसी भी देश के मुक़ाबले कहीं अधिक है.

    दवा कंपनी फाइज़र और इसकी सहयोगी बायोएनटेक ने शुक्रवार को कोविड-19 के अपने वैक्सीन की अमेरिका में आपातकालीन स्वीकृति के लिए एक आवेदन डाला है.

    कंपनी का दावा है कि इसके एक एडवांस ट्रायल में यह वैक्सीन 65 साल से अधिक उम्र के 94% वयस्कों की रक्षा कर सकती है.

    फाइज़र को उम्मीद है कि 2020 में वह 5 करोड़ खुराक और 2021 में 1.3 अरब खुराक का उत्पादन कर लेगी. प्रत्येक व्यक्ति को इसके दो खुराक लेने होंगे.

    वैक्सीन को अधिकृत करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की वैक्सीन सलाहकार समिति 10 दिसंबर को बैठक करने वाली है.

    डॉक्टर सलोई ने सीएनएन से कहा कि वैक्सीन के स्वीकार किए जाने के बाद दूसरे दिन से ही यानी 11 या 12 दिसंबर से लोगों को दिया जाना शुरू किया जा सकता है.

    उन्होंने कहा कि वैक्सीन को प्रत्येक राज्य की आबादी के आधार पर वितरित किया जाएगा. राज्य यह तय करेंगे कि वैक्सीन सबसे पहले किसे दिया जाना है, लेकिन साथ ही इस बात की अनुशंसा की गई है कि फ्रंट लाइन वर्कस और बुज़ुर्गों को इसे सबसे पहले दी जानी चाहिए.

    डॉक्टर सलोई ने कहा कि अगले वर्ष मई के महीने तक 70% लोगों को यह वैक्सीन मुहैया करा दी जाएगी जिससे हर्ड इम्युनिटी हासिल किया जा सकता है.

    अमेरिकी अधिकारियों ने इससे पहले रीजेनेरॉन में विकसित की गई एंटीबॉडी को आपातकालीन स्वीकृति दी थी, जिसे कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी दिया गया था.

    इस बीच रविवार को जी20 के नेताओं ने कहा कि वो दुनिया भर में कोरोना वायरस वैक्सीन के उचित वितरण को सुनिश्चित करने के लिए 'कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.'

  2. कर्नाटक: सीबीआई ने पोंजी घोटाले मामले में पूर्व मंत्री रोशन बेग को गिरफ़्तार किया

    इमरान क़ुरैशी

    बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता रोशन बेग को सीबीआई ने आईएमए (आई मॉनेटरी एडवाइज़री) पोंजी घोटाला मामले में गिरफ़्तार कर लिया है.

    रोशन बेग से रविवार को सीबीआई दफ़्तर में पूछताछ की गई और उसके बाद उन्हें गिरफ़्तार करके अदालत के समक्ष पेश किया गया.

    अदालत ने उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बीबीसी हिंदी को बताया, “रोशन बेग को काग़ज़ात आधारित साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए और घोटाले में उनकी संलिप्तता के लिए गिरफ़्तार किया गया है.”

    रोशन बेग पर आरोप है कि उन्होंने अपने उर्दू अख़बार के लिए जो दफ़्तर लीज पर लिया था उसे आईएमए ग्रुप के प्रबंध निदेशक मोहम्मद मंसूर ख़ान भी इस्तेमाल कर रहे थे.

    (आईएमए और अन्य मामलों की जांच कर रहे) स्पेशल ऑफिसर के कार्यालय के एक दस्तावेज़ के मुताबिक, "यह कॉमन सेंस की बात है कि जब एक विधायक (तब बेग कांग्रेस विधायक थे) और आईएमए ग्रुप के प्रबंध निदेशक एक ही व्यावसायिक परिसर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह भोली भाली जनता की नज़र में इस ग्रुप के प्रति विश्वसनीयता को बढ़ाता है. और ठीक इसी तरह अपनी गाढ़ी कमाई आईएमए ग्रुप में जमा करने के लिए जनता का विश्वास इस कंपनी के प्रति बढ़ा."

    कर्नाटक राजस्व विभाग के मुख्य सचिव के लिए अपने पत्र में स्पेशल ऑफिसर ने लिखा, "उपयुक्त शुरुआती तथ्यों के अनुसार, बेग ने आईएमए ग्रुप और इसकी बिजनेस गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है. जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए कर्नाटक वित्तीय प्रतिष्ठान अधिनियम 2004 के मुताबिक, जब किसी कंपनी में जमा जमाकर्ताओं का बकाया चुकाने में पैसे की कमी पड़ रही हो तो सरकार वित्तीय प्रतिष्ठानों के प्रमोटर्स, मैनेजर्स इत्यादि की निजी संपत्तियों की कुर्की कर सकती है, और इस मामले में ऐसा ही है."

    इस पत्र के मुताबिक, "हालांकि, अभी जांच एजेंसी को एक प्रमोटर और आईएमए ग्रुप में व्यापारिक लेन देन के एक लाभार्थी के तौर पर रोशन बेग के किरदार की मिलान करनी होगी. इसलिए सरकार इस संबंध में और जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा को ध्यान में रखते हुए बेग से संबंधित संपत्तियों की सूची के संबंध में सीबीआई से एक रिपोर्ट मांग सकती है."

    गौरतलब है कि आईएमए की योजनाओं में आठ हज़ार से अधिक लोगों ने अपनी सारी बचत निवेश किया था. उन्हें शुरू में हर महीने पैसे मिला करते थे लेकिन जल्द ही यह राशि लगातार तेज़ी से गिरने लगी और एक दिन अचानक इसके दफ़्तर बंद हो गए.

    शुरुआती अनुमानों के मुताबिक यह 500 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला है.

    बेग ने बाद में कांग्रेस छोड़ दिया और वह बीजेपी में आना चाहते थे लेकिन स्थानीय पार्टी नेताओं के विरोध की वजह से वो इसमें शामिल नहीं हो सके.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, जी-20 शिखर सम्मेलन में बोले पीएम मोदी, पेरिस समझौते की शर्तों से आगे निकला भारत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जी-20 की वर्चुअल शिखर सम्मेलन में कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन के सिलसिले में पेरिस समझौते की शर्तों को न सिर्फ़ पूरा कर चुका है बल्कि उससे कहीं आगे निकल चुका है,

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा ध्यान अपने नागरिकों और अपनी अर्थव्यवस्था को महामारी से बचाने पर लगा हुआ है. लेकिन इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन से लड़ना भी उतना ही ज़रूरी है.”

    प्रधानमंत्री ने संवहनीय ऊर्जा के स्रोतों और ग्रीन टेक्नॉलजी के क्षेत्र में रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए सहयोग की अपील भी की.

    इस बार जी-20 शिखर सम्मेलन की मेज़बानी सऊदी अरब कर रहा है.

  4. बीबीसी हिंदी का ख़ास डिजिटल रेडियो बुलेटिन 'दिनभर', आप यूट्यूब पर भी सुन सकते हैं

  5. बीबीसी हिंदी का ख़ास डिजिटल रेडियो बुलेटिन 'दिनभर' सुनें

  6. अमेरिका में रहने वाले भारतीयों ने मनाया छठ पूजा का पर्व

  7. ज़मीन हड़पने का मामला: बीजेपी नेता जय पांडा की मुश्किलें बढ़ीं

    कथित तौर पर ज़मीन हड़पने के मामले में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और उनकी पत्नी जगी मंगत पांडा की मुश्किलें कम होती नज़र नहीं आ रही हैं. ओडिशा हाईकोर्ट ने रविवार को दोनों की अंतरिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी है.

    जय पांडा और उनकी पत्नी न्यूज़ चैनल ओटीवी नेटवर्क के मालिक हैं. दोनों ओडिशा इंफ़्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शेयर होल्डर हैं.

    ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ओडिशा इंफ़्राटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी के खिलाफ़ ग़ैर-क़ानूनी ढंग से ज़मीन हड़पने का मामला दर्ज किया है. यह मामला खुर्दा ज़िले में अनुसूचित जातियों की सात एकड़ ज़मीन से जुड़ा है.

    आरोप लगाए जा रहे हैं कि ओडिशा इंफ़्राटेक ने ग़ैर-क़ानूनी तरीके़ से अनुसूचित जातियों की ज़मीन ख़रीदी है और इस गड़बड़ी में जय पांडा का हाथ है.

  8. कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष को एनसीबी ने गिरफ़्तार किया

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, भारती सिंह और उनके पति को 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    टीवी की दुनिया की लोकप्रिय कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया को ड्रग्स केस में गिरफ़्तारी के बाद मुंबई में 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

    बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल ने बताया है कि दोनों की ज़मानत याचिका पर कल सुनवाई होगी.

    भारती को एनसीबी ने शनिवार को गिरफ़्तार किया था जबकि उनके पति हर्ष को आज यानी 22 नवंबर को गिरफ़्तार किया.

    भारती सिंह के घर से ड्रग्स बरामद किए जाने की बात कही जा रही है.

    एनसीबी के ज़ोनल निदेशक समीर वानखेड़े ने समाचार एजेंसी पीटीआई से भारती सिंह के पति की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

    एनसीबी के अधिकारियों का कहना है कि भारती सिंह और उनके पति पर गांजा सेवन करने का मामला है. इनके ख़िलाफ़ नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्स्टैंस यानी एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया है.

  10. दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार में महगठबंधन की हार के लिए कांग्रेस को ठहराया ज़िम्मेदार

    सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार में महागठबंधन की सरकार नहीं बनने के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    दीपांकर ने कहा कि कांग्रेस बिहार के नतीजों से सबक लेगी और यथार्थवादी सोच के साथ राजनीति करेगी. दीपांकर ने उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सीटों के बँटवारे को लेकर व्यवहारिक रुख़ अपनाएगी.

    भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में चुनावी नतीजों की समीक्षा कर बंगाल में सीट बँटवारे पर कांग्रेस को आगे बढ़ना चाहिए. पश्चिम बंगाल में बीजेपी वहां की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी और विपक्षी सीपीएम-कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरी है. बिहार में कांग्रेस को आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने 70 सीटें दी थीं लेकिन जीत 19 पर ही मिली. अगर कांग्रेस 10 और सीट जीत लेती तो बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन जाते.

  11. कॉमेडियन भारती सिंह के पति हर्ष को भी NCB ने किया गिरफ़्तार

    कॉमेडियन भारती सिंह की गिरफ़्तारी के एक दिन बाद नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी ने रविवार को उनके पति हर्ष लिंबाचिया को भी गिरफ़्तार कर लिया. उनके घर से ड्रग्स बरामद किए जाने की बात कही जा रही है. एनसीबी ने शनिवार को मुंबई के अंधेरी में भारती सिंह को उनके घर से गांजा बरामद किए जाने के मामले में गिरफ़्तार किया था.

    एनसीबी के ज़ोनल निदेशक समीर वानखेड़े ने समाचार एजेंसी पीटीआई से भारती सिंह के पति की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है. एनसीबी के अधिकारियों का कहना है कि भारती सिंह और उनके पति पर गांजा सेवन करने का मामला है. मेडिकल टेस्ट को बाद इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा. इनके ख़िलाफ़ नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्स्टैंस यानी एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया है.

  12. तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन क्या इतना सख़्त रुख़ अपनाने के बाद अब झुक गए?

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन कल तक यूरोप के जिन अहम देशों को धमकी दे रहे थे अब वही बातचीत की पेशकश कर रहे हैं. अर्दोआन ने यूरोपीय यूनियन से बातचीत करने की अपील की है. उन्होंने यह भी कहा कि इस यूनियन का इस्तेमाल दुश्मनी बढ़ाने में नहीं किया जाना चाहिए.

    हाल के दिनों में पूर्व भूमध्यसागर में तुर्की के प्राकृतिक गैस खोजी अभियान के कारण ग्रीस और फ़्रांस से तनाव बढ़ गया था. अर्दोआन फ़्रांस और ग्रीस दोनों को एक साथ धमकी दे रहे थे. भूमध्यसागर के जिन इलाक़ों में तुर्की प्राकृतिक गैस की खोज कर रहा है उस पर ग्रीस अपना दावा करता है. इसे लेकर ईयू ने तुर्की पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे.

    शनिवार को अर्दोआन ने अपनी पार्टी की कांग्रेस को वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए संबोधित करते हुए कहा, ‘’हम उम्मीद करते हैं कि ईयू अपना वादा पूरा करेगा न कि हमारे साथ भेदभाव करेगा. हम ये भी उम्मीद करते हैं कि ईयू का इस्तेमाल हमसे दुश्मनी निभाने के लिए नहीं होगा. यूरोप में जितना अपने हित साधने की भावना है ऐसा और कहीं नहीं है. हमें यह सोचना चाहिए कि हमारा भविष्य यूरोप में साथ मिलकर रहने में है.’’

    एक तरफ़ अर्दोआन ने बातचीत की पेशकश की लेकिन दूसरी तरफ़ उन्होंने पूर्वी भूमध्यसागर में 29 नवंबर तक अपने खोजी अभियान को बढ़ा दिया जबकि ग्रीस इसका कड़ा विरोध कर रहा है. ईयू के नेता दिसंबर के समिट में इस बात पर फ़ैसला करने वाले हैं कि तुर्की पर और प्रतिबंध लगाया जाए या नहीं. तुर्की के इसी खोजी अभियान के कारण ईयू से तनाव बढ़ा हुआ है.

    शनिवार को दिए अपने भाषण में अर्दोआन ने अमेरिका को लेकर कहा कि उनकी सरकार अमेरिका के साथ मिलकर क्षेत्रीय और वैश्विक समस्याओं को सुलझाने के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रही है. हालांकि अर्दोआन ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन को बधाई नहीं दी थी. अर्दोआन और ट्रंप के रिश्ते अच्छे रहे हैं. कई अहम मसलों पर अर्दोआन को ट्रंप का साथ मिला है.

  13. ट्रंप की एक और कोशिश को कोर्ट से झटका, अपनी पार्टी से हार स्वीकार करने के लिए बढ़ा दबाव

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुनावी नतीजों को अब भी मानने को तैयार नहीं हैं लेकिन उन्हें इस मामले में कोर्ट से भी मदद नहीं मिल रही है. पेन्सिलवेनिया के नतीजों को लेकर ट्रंप की आपत्ति को कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया है.

    इसके बाद ट्रंप पर रिपब्लिकन पार्टी से भी दबाव बढ़ रहा है कि वो चुनावी नतीजों को मान लें और बाइडन के लिए सत्ता संभालने की राह साफ़ करें.

    दो हफ़्ते पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के बाइडन को जब से विजेता घोषित किया गया है तब से ट्रंप ने कोर्ट ने कोर्ट में कई आपत्तियां दर्ज कराई हैं. ट्रंप चाहते हैं कि बाइडन को जीत का सर्टिफिकेट नहीं दिया जाए. लेकिन ट्रंप की यह कोशिश जॉर्जिया, मिशिगन और एरिज़ोना में नाकाम रही.

    शनिवार को पेन्सिलवेनिया में भी फेडरल जज मैथ्यु ब्रैन ने ट्रंप के इस अभियान को झटका दिया. कोर्ट ने कहा कि चुनावी नतीजों के ख़िलाफ़ जो केस किया गया है उसमें कुछ भी ठोस सबूत नहीं हैं. व्हाइट हाउस में बने रहने के लिए ट्रंप की बची उम्मीद पेन्सिलवेनिया में ही टिकी है लेकिन यह तभी होगा जब वो यहां बाइडन के 81 हज़ार वोट के लीड को पीछे छोड़ दें. यहां सोमवार को नतीजों की आख़िरी पुष्टि होनी है.

    अब रिपब्लिकन पार्टी की तरफ़ से भी सवाल उठने लगे हैं. रिपब्लिकन सीनेटर पैट टूमी ने कहा कि ट्रंप को चुनावी नतीजों को स्वीकार कर लेना चाहिए. इसके अलावा हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में रिपब्लिकन लीडरशिप टीम की लिज़ चेनी ने कहा है कि ट्रंप को हार स्वीकार कर लेना चाहिए और चुनावी प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए.

    तीन नवंबर को हुए चुनाव में बाइडन को ट्रंप की तुलना में 60 लाख ज़्यादा वोट मिले हैं. इसके अलावा बाइडन के पास सरकार बनाने के लिए ज़रूरी 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट की तुलना में 36 ज़्यादा वोट मिले हैं. वहीं ट्रंप को 232 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिले हैं.

  14. ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम मुसलमानों के लिए मुसीबत या मसीहा?

    इस समय भारतीय मुसलमानों का राष्ट्रीय स्तर का कोई नेता है? - अक्सर वो लोग जो ये सवाल करते हैं कि भारतीय मुसलमानों में लीडरशिप की कमी है उनके लिए इम्तियाज़ जलील का सीधा जवाब है - एआईएमआईएम के अध्यक्ष भारतीय मुसलमानों के एक ही लीडर हैं.

    बिहार विधानसभा के चुनाव में पांच सीटें जीतने के बाद कहा ये जा रहा है कि एआईएमआईएम मुसलमानों की राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बन कर उभरी है और इसके अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी समुदाय के सबसे बड़े नेता के रूप में सामने आए हैं.

    एआईएमआईएम का गठन साल 1927 में हुआ था. शुरुआत में ये पार्टी केवल तेलंगाना तक सीमित थी. 1984 से ये पार्टी लगातार हैदराबाद लोकसभा सीट से जीतती आ रही है.

  15. कोरोना संक्रमण: भारत में एक अच्छी ख़बर, एक बुरी ख़बर

    देश में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या बीते 45 दिनों में बढ़ी है. यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को दी.

    स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि संक्रमित होने वालों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी है.

    उन्होंने बताया कि देश के कुल मामलों का 76.7 फीसदी हिस्सा 10 राज्यों से है.

    इन राज्यों में महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल शामिल हैं.

  16. कोरोना वैक्सीन आखिर कब तक मिलने की उम्मीद है

    कोरोना वैक्सीन खोजने का काम दुनिया के कई देशों में हो रहा है. वैज्ञानिक लगातार इसके लिए मेहनत कर रहे हैं.

    कुछ कंपनियों ने वैक्सीन से जुड़ी जानकारियां साझा करना शुरू कर दिया है.

    वो वैक्सीन के ट्रायल के तीसरे चरण के नतीजे बता रही हैं. आखिर कब मिलेगी वैक्सीन?

  17. भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश: कितनी विविधता, कितनी एकता?

    पाकिस्तान हो, भारत या फिर बांग्लादेश, हर देश में ये दावा किया जाता है कि विविधता के बावजूद इन देशों में एकता है.

    सारे अलग-अलग होते हुए भी एक सूत्र में पिरोए हुए हैं. लेकिन इस बात में कितनी सच्चाई है?

    तीनों देशों में हर दिन गुज़रने के बाद सामने आने वाली घटनाएं एक कड़वी सच्चाई से परदा हटाती है, पाकिस्तान के कराची शहर से वरिष्ठ पत्रकार वुसअतुल्लाह ख़ान की टिप्पणी.

  18. महात्मा गांधी की जेब घड़ी 11 लाख में नीलाम हुई

    ब्रिटेन के ब्रिस्टल शहर में हुई एक नीलामी में महात्मा गांधी की 'इस्तेमाल की गई और टूटी हुई' जेब घड़ी 12,000 पाउंड में बिकी.

    भारतीय मुद्रा में ये रकम 11 लाख 82 हज़ार रुपये के क़रीब है.

    चांदी की पॉलिश वाली स्विस घड़ी गांधी ने साल 1944 में उस व्यक्ति के दादा को उपहार में दी थी, जिसने ये घड़ी नीलामी के लिए रखी थी.

    नीलामी एजेंसी 'ईस्ट ब्रिस्टल ऑक्शन' को ये उम्मीद थी कि घड़ी के लिए क़रीब 10,000 पाउंड तक बोली लग जाएगी लेकिन शुक्रवार की नीलामी में कीमत उम्मीद से ज्यादा बढ़ गई.

    घड़ी बेचने वाले ईस्ट ब्रिस्टल ऑक्शन के एंड्रयू स्टोव ने कहा कि घड़ी को अमेरिका में रहने वाले एक संग्रह कर्ता ने खरीदा है.

    इससे पहले अगस्त में इसी नीलामी घर ने एक चश्मा 260,000 पाउंड में बेचा था जिसके बारे में माना जाता है कि वो चश्मा महात्मा गांधी पहना करते थे.

    ऐसा कहा जाता है कि गांधी को उनके चाचा ने दक्षिण अफ्रीका में काम करने के दौरान वो चश्मा दिया था.

  19. भारत: बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 45,209 नए मामले

    भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 45,209 नए मामले सामने आए हैं और 501 लोगों की मौत हो गई है.

    इसी के साथ देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या एक लाख 33 हज़ार 227 हो चुकी है.

    इस बीच अच्छी बात ये है कि अब तक 85 लाख 21 हज़ार से ज़्यादा लोग ठीक होकर अस्पतालों से घर जा चुके हैं.

    बीते 24 घंटे में 43,493 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट चुके हैं.

  20. अमेरिका और चीन के गतिरोध के बीच साठ साल में पहली बार व्हाइट हाउस पहुंचे तिब्बती नेता -प्रेस रिव्यू

    अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापारिक गतिरोध के बीच तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रमुख डॉक्टर लोबसांग सांगे ने व्हाइट हाउस का दौरा किया है.

    टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक शुक्रवार को डॉक्टर सांगे ने व्हाइट हाउस में तिब्बत मामलों के नवनियुक्त समन्वयक रॉबर्ट डेस्ट्रो से मुलाक़ात की. तिब्बत की निर्वासित सरकार के किसी नेता का यह बीते छह दशकों में पहली आधिकारिक अमेरिकी यात्रा है.

    अख़बार का कहना है कि अमेरिका के इस कदम से चीन के साथ पहले से चल रहे तल्ख रिश्तों में और तनाव पैदा हो सकता है.

    जानकारों का मुताबिक केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है क्योंकि इससे सीटीए की प्रजातांत्रिक व्यवस्था और इसके राजनीतिक प्रमुख दोनों को मान्यता मिलती है.