बाइडन के समर्थकों ने ट्रंप के समर्थकों को क्या संदेश दिया?
अमेरिका में सामाजिक विभाजन की खाई को पाटना, जो बाइडन की उम्मीदवारी का एक महत्वपूर्ण विषय रहा.
उन्होंने अपने सबसे हालिया संबोधन में इस बात पर ज़ोर दिया कि ‘वे हर अमेरिकी के राष्ट्रपति होंगे.’ साथ ही यह भी कि ‘वे अमेरिकी मूल्यों को फिर से स्थापित करने का प्रयास करेंगे’, जिनसे खिलवाड़ करने का आरोप वे डोनाल्ड ट्रंप पर लगाते रहे हैं.
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे उन सात करोड़ लोगों के लिए ‘ख़ुशी का मौक़ा’ शायद नहीं होंगे, जिन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को अपना वोट दिया.
पर जो लोग शनिवार को व्हाइट हाउस के क़रीब जमा हुए, वो इसे एक अच्छे संदेश के रूप में देख रहे हैं.
बीबीसी संवाददाताओं की एक टीम ने वॉशिंगटन में जो बाइडन के कुछ समर्थकों से पूछा कि ‘अब जब डेमोक्रैटिक पार्टी की चुनाव में जीत पक्की हो गयी है, तो वो रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों को क्या संदेश देना चाहेंगे?’
कई ने कहा कि ‘आने वाले दिनों में हर घर-परिवार में होने वाली चर्चा का ढर्रा बदलेगा.’ एक महिला समर्थक ने कहा कि ‘मुझे विश्वास है कि जो बाइडन हर अमेरिकी के राष्ट्रपति साबित होंगे. जो लोग चुनाव में उनके साथ नहीं थे, उन्हें उन पर विश्वास करना चाहिए.’
इस महिला ने बताया कि उनके परिवार के बहुत से सदस्य मियामी और फ़्लोरिडा में रहते हैं जो डोनाल्ड ट्रंप के पिछड़ने का विलाप कर रहे हैं.
यहीं एक 55 वर्षीय समर्थक जो अब तक रिपब्लिकन पार्टी के कट्टर समर्थक रहे, उन्होंने इस चुनाव में अपनी पार्टी बदली. वे अपने रुझान में आये इस बदलाव को ‘समझौता’ कह रहे थे. उन्होंने कहा कि 'कट्टर विचारधारा से अमेरिका जैसा देश आगे नहीं बढ़ सकता.'
पर बहुत से लोगों ने स्पष्ट रूप से यही संदेश दिया कि ‘हमें नस्लवादी एजेंडे को पीछे छोड़ना ही होगा और आपसी प्रेम पर ज़ोर देना होगा.’