You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत क्या फिर से लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है?

उत्तर प्रदेश में आज रात 10 बजे से 13 जुलाई सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा वहीं महाराष्ट्र के औरंगाबाद में भी कर्फ़्यू लगा दिया गया है.

लाइव कवरेज

  1. इटली ने 13 देशों से आने वालों पर लगाई पाबंदी

    कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच गुरुवार को इटली ने ये कहते हुए 13 देशों से आने वालों पर पाबंदी लगा दी कि इन देशों में संक्रमण के मामले अधिक हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन 13 देशों की जो लिस्ट तैयार की है उसमें अरमीनिया, बहरीन, बांग्लादेश, ब्राज़ील, बोस्निया और हर्जेगोविना, चिली, कुवैत, उत्तरी मैसीडोनिया, मोल्डोविया, ओमान, पनामा, पेरु और डोमिनिक गणराज्य शामिल हैं.

    देश के स्वास्थ्य मंत्री रोबेर्तो स्पेर्नज़ा ने एक बयान जारी कर है कि ये पाबंदी उन सभी लोगों पर लागू रहेगी जो बीते 14 दिनों में इन देशों में रह कर लौटे हैं या फिर इन देशों से होते हुए आए हैं.

    वहीं उन्होंने कहा है कि यूरोपीय संघ के दूसरे देशों और शेन्ज़ेन फ्री मूवमेन्ट एरिया से इटली आने वालों को कम से कम 14 दिनों के क्वारंटीन में रहना बाध्यकारी होगा.

  2. ब्रिटेन में 11 जुलाई से खुलेंगे ब्यूटी पार्लर और जिम

    ब्रितानी सरकार ने घोषणा की है कि देश में सार्वजनिक पूल, जिम, नेल बार और टैटू के पार्लरों को खोलने की अनुमति दी जाएगी. इसके साथ ही क्रिकेट जैसे आउटडोर खेलों और सीमित दर्शकों की संख्या के साथ आउटडोर थिएटर में प्रदर्शन की भी अनुमति दी जाएगी.

    देश के संस्कृति मंत्री ओलिवर डाओडेन ने 11 जुलाई से दुकानों के खोले जाने की घोषणा करते हुए लोगों से अपील की कि वो "घर से बाहर निकलें और मदद करें."

    बीते चौबीस घंटों में ब्रिटेन में 85 लोगों की मौत कोरोना से हुई है जिसके बाद यहां इस वायरस से होने वाली मौतों का कुल आंकड़ा 44,602 तक पहुंच गया है.

    ओलिवर डाओडेन का कहना है कि बीते सप्ताहांत देश में रेस्त्रां और पब खोल दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद कोरोना से जुड़े जो आंकड़े सरकार को मिल रहे हैं, उनसे पता चलता है कि "देश सही दिशा में जा रहा है".

    उन्होंने कहा कि देश में जनजीवन "धीरे-धीरे सामान्य" हो रहा है और ये उन कलाकारों के लिए अच्छी ख़बर है जो "मार्च से हालात सुधरने का इंतज़ार कर रहे थे."

    उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अपील करता हूं कि वो घरों से बाहर निकलें, टिकट खरीदें और जा कर आउटडोर प्ले देखें संगीत सभाओं में शिरकत करें. लोगों को चाहिए कि वो स्थानीय अर्थव्यवस्था को फिर से पैरों पर खड़ा होने में मदद करें. "

    हालांकि ओलिवर डाओडेन ने कहा कि अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने की ये कोशिश सशर्त है और अगर कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़त दर्ज की गई तो सरकार स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगा सकती है.

    क्या-क्या कब से खुलेगा?

    • 11 जुलाई से आउटडोर पूल और थिएटर खोले जाएंगे.
    • इसी सप्ताहांत से क्रिकेट जैसे मैदानों में खेले जाने वाले खेलों को अनुमति दी जाएगी.
    • 13 जुलाई से ब्यूटी पार्लस, टैटू के पार्लर, स्पा, सैलों जैसी दुकानों को खुलने की अनुमति होगी, लेकिन उन्हें सरकारी नियमों का पालन करना होगा.
    • हाई रिस्क ब्यूटी ट्रीटमेन्स जैसे वैक्सिंग, थ्रेडिंग, फेशियल ट्रीटमेन्ट और आईब्रो ट्रीटमेन्ट पर पाबंदी रहेगी.
    • 25 जुलाई से इनडोर जिम, स्विमिंग पूल और खेल सुविधां चालू की जाएंगी.
  3. दिल्ली सरकार बढ़ाएगी टेस्टिंग

    दिल्ली सरकार ने कहा कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए टेस्टिंग और बढ़ाई जाएगी.

    एक आदेश में प्रदेश सरकार ने कहा है कि अब प्रदेश के सभी डिस्पेन्सरी और पॉलीक्लिनिक में कामकाज के दिनों में सवेरे 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक कोरोना के लिए रैपिड एन्टीजेन टेस्ट किए जा सकेंगे.

  4. कोरोना से उबरने के बाद भी क्यों है 'चिंता'?

    दरअसल कई मरीज़ों में इसके सबूत मिले हैं कि कोरोना नेगेटिव होने के बाद भी उनमें सिरदर्द, थकान और नर्व पेन जैसे लक्षण हैं. एसे मरीज़ों को कोविड लॉन्ग हॉलर कहा जा रहा है. देखिए ये रिपोर्ट.

  5. वैक्सीन बनाने में भारत की होगी अहम भूमिका- मोदी

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्लोबल वीक में उम्मीद जताई है कि कोरोना वैक्सीन बनाने और उसके उत्पादन में भारतीय कंपनियों की भूमिका अहम होगी.

    नरेंद्र मोदी ने इंडिया ग्लोबल वीक 2020 के उद्घाटन भाषण में यह उम्मीद जताई है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत का ध्यान कोरोना संक्रमण से लड़ने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य पर भी है.

  6. अब तक के बड़े अपडेट्स

    • जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी डैशबोर्ड के अनुसार दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1.2 करोड़ से अधिक हो चुका है. वहीं अब तक इस वायरस के कारण 5 लाख 50 हज़ार से अधिक मौतें हो चुकी हैं.
    • कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका में हैं जहां अब तक 30 लाख से अधिक लोग इस वायरस की चपेट में हैं. यहां अब तक 1.32 लाख लोगों की मौत कोविड-19 से हो चुकी है.
    • कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्कूल खोलने पर ज़ोर दे रहे हैं. उनका कहना है कि स्कूलों को अपने तय समय के अनुसार खोला जाना चाहिए.
    • कोरोना के कारण सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद ब्राज़ील में अब तक ये वायरस क़रीब 6 हज़ार लोगों की जान ले चुका है.
    • कोरोना को मामूली फ्लू कहने वाले ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो खुद कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. उनके संक्रमित पाए जाने के बाद उनके संपर्क में आए कैबिनेट के कई अन्य नेताओं के भी कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं.
    • ब्रितानी सरकार ने 11 जुलाई से चरणबद्ध तरीके से जिम, पूल, थिएटर, ब्यूटी पार्लर खोलन का फ़ैसला किया है. हालांकि सरकार का कहना है कि ज़रूरत पड़ने पर एक बार फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है.
    • बीते चौबीस घटों में ब्रिटेन में 85 लोगों की मौत कोविड-19 से हुई है जिसके बाद यहां इस वायरस के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा 44,602 पहुंच गया है.
    • चैरिटी संस्था ऑक्सफ़ैम ने चेतावनी दी है कि इस साल के अंत कर कोविड-19 से जुड़ी भुखमरी के कारण हर दिन 12 हज़ार लोगों की जान जा सकती है. ऑक्सफ़ैम का कहना है कि भुखमरी बढ़ने की कई वजहें हैं जिनमें बड़ी संख्या में बेरोज़गारी, लॉ़कडाउन के कारण खाद्यान्न उत्पादकों की परेशानी और सहायता देने में परेशानियाँ शामिल हैं.
    • ऑक्सफ़ैम ने भुखमरी के जिन हॉटस्पॉट्स का ज़िक्र किया है, वे हैं- डीआर कांगो, अफ़ग़ानिस्तान, वेनेज़ुएला, पश्चिमी अफ़्रीकी साहेल, इथियोपिया, दक्षिणी सूडान, सीरिया, सूडान और हेती.
    • कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बसे बड़े शहर मैलबर्न में एक बार फिर लॉकडाउन लगाया गया है.
    • जापान की राजधानी टोक्यो में बीते चौबीस घटों में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 224 मामले दर्ज किए गए हैं. यहां इससे पहले 17 अप्रैल को सबसे अधिक 206 मामले दर्ज किए गए थे.
    • हालांकि जापान के अधिकारियों का कहना है कि अभी कोरोना के कारण आपातकाल घोषित किए जाने की ज़रूरत नहीं है.
    • कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच नाइजीरिया सरकार ने स्कूलों को खोलने का अपना फ़ैसला वापिस ले लिया है. देश के शिक्षा मंत्री अदामू अदामू का कहना है कि जब तक स्कूल खोलना पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता वो ऐसा नहीं करेंगे.
  7. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.