You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस LIVE: दुनिया भर में 73,000 से ज़्यादा मौतें, इटली में 16,500 मौतें, भारत में कुल मामले 4281

दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज़ों की संख्या 13 लाख के पार चली गई है. वहीं, भारत में भी संक्रमण लगातार बढ़ रहा है.

लाइव कवरेज

  1. अमरीका में हैरान करने वाली घटना, मादा टाइगर कोरोना से संक्रमित

  2. कोरोना वायरस: क्या योगी सरकार लॉकडाउन ख़त्म करने वाली है?

  3. महारानी ने कहा, ‘हम दोबारा मिलेंगे’

    महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय ने रविवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिटेन के नागरिक जिस तरह के दुख और वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं उसके बारे में वो जानती हैं और वो वादा करती हैं कि ‘हम दोबारा ज़रूर मिलेंगे.’

    लंदन के बाहर विंडसर कैसल से बोलते हुए महारानी ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ फ़्रंटलाइन में मौजूद लोगों का शुक्रिया करते हुए जनता से निवेदन किया कि वो घर में रहने की सलाह को मानें.

    उन्होंने कहा कि ‘अपने प्रियजनों से अलग होने की दर्दनाक भावना’ उन्हें उनके बचपन में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान हुए अनुभवों की याद दिलाते हैं.

    उन्होंने कहा, “हमें आराम से रहना चाहिए जबकि हमें और भी बहुत कुछ सहन करना है. अच्छे दिन लौटेंगे. हम फिर दोबारा हमारे दोस्तों के साथ होंगे. हम फिर दोबारा अपने परिवारों के साथ होंगे. हम दोबारा मिलेंगे.”

  4. कोरोना वायरस के कारण ऑस्ट्रेलिया के कैसे हैं हालात

    ऑस्ट्रेलिया में कड़े प्रतिबंध लागू किए गए है. इसके बावजूद वहां संक्रमित मरीज़ों की संख्या 5,700 हो गई है जबकि वहां 37 लोगों की मौत हुई है.

    प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन का कहना है कि अभी तक 3,00,000 टेस्ट हो चुके हैं जो वैश्विक स्तर पर प्रति व्यक्ति सबसे ऊंची दर है.

    वहीं, रूबी प्रिंसेज़ क्रूज़ शिप अब आपराधिक जांच के दायरे में आ गया है क्योंकि वहां 11 लोगों की मौत हुई है और 600 लोग संक्रमित हैं.

    सीमित संख्या में सांसद कैनबरा लौट रहे हैं ताकि बुधवार से संसद का कामकाज शुरू हो सके.

  5. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अस्पताल में भर्ती

    कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को बीती रात अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक़, डॉक्टरों की सलाह के बाद प्रधानमंत्री कुछ टेस्ट कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए हैं.

    बताया जा रहा है कि ये टेस्ट एहतियातन किए जा रहे हैं. दस दिन पहले बोरिस जॉनसन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे.

    तब से वे आइसोलेशन में रह रहे हैं, हालांकि वहां रहते हुए भी वो कैबिनेट की मीटिंग कर रहे हैं.

    लेकिन बताया जा रहा है कि उनमें कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण लगातार बने हुए हैं.

  6. न्यूयॉर्क में पहली बार संक्रमण और मौत के मामलों में कमी

    अमरीका में कोरोना वायरस का केंद्र बने न्यूयॉर्क में पहली बार संक्रमण और मौत के मामलों में कमी आई है. हालांकि अधिकारियों का यह भी कहना है कि आंकड़ों को लेकर फ़िलहाल कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी.

    न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण और मौत के आंकड़े उस वक़्त में गिरे हैं जब अमरीका में संक्रमण तेज़ी से फैल रहा है और स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि स्थिति बदतर होने वाली है.

    अमरीकी सर्जन जनरल ने चेतावनी दी है कि ये सप्ताह अमरीकियों की ज़िंदगी का सबसे कठिन और सबसे दुखद वक़्त होगा.

    सर्जन जनरल जेरोम एडम्स ने कहा, ''हमारा हाल पर्ल हार्बर, 9/11 जैसा होने वाला है.''

    अमरीका में अब तक 3.31 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमित हैं और 9420 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

  7. कोरोना वायरस के कारण आज सुबह तक क्या कुछ हो चुका है, पढ़ें

    दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामलों का बढ़ना जारी है, हालांकि बीते दो दिनों की तुलना में रविवार को संक्रमण के मामले थोड़े कम ज़रूर हुए हैं.

    सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे तक दुनिया भर में संक्रमित मरीज़ों की संख्या 12 लाख 72 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है. जबकि इससे मरने वालों का आंकड़ा 69,350 को पार कर चुका है. इस दौरान 2.60 लाख लोग इस बीमारी से ठीक भी हुए हैं.

    बीते दो सप्ताह में पहली बार इटली में कोविड-19 संक्रमण से होने वाली मौतों में कमी देखी गई है. रविवार को इटली में कोरोना वायरस से 525 लोगों की मौत हुई है.19 मार्च के बाद पहली बार 24 घंटे के अंतराल में इटली में इतने कम लोगों की मौत हुई है. वैसे इस बीमारी की चपेट में इटली में 15,887 लोगों की मौत हो चुकी है.

    स्पेन में बीते 24 घंटे में 674 लोगों की मौत हुई है. यह बीते सप्ताह में एक दिन में हुई मौतों का सबसे कम मामला साबित हुआ है. वैसे स्पेन में अब तक इस महामारी से 12,641 लोगों की मौत हो चुकी है. कोरोना वायरस संक्रमण के लिहाज से यह दूसरे पायदान पर पहुंच चुका है. यहां एक लाख 31 हज़ार से ज़्यादा मरीज़ संक्रमित हैं.

    अमरीका में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है. दुनिया भर में सबसे ज़्यादा 3.35 लाख मरीज़ अमरीका में ही संक्रमित हैं. इसके अलावा यहां इस महामारी से मरने वालों की संख्या 9,562 हो चुकी है.

    अमरीका में न्यूयार्क सिटी कोरोना वायरस संक्रमण का हॉटस्पॉट बनकर उभरा है. इस शहर में अब तक 2,256 लोगों की मौत हो चुकी है.

    फ्रांस में भी कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा 8,000 को पार कर गया है. बीते 24 घंटों में देश के अंदर 357 लोगों की मौत हुई है, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 441 था. देश में अभी भी 90 हज़ार ज़्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं.

    वहीं ब्रिटेन में रविवार को 621 लोगों की मौत हुई है. ब्रिटेन में अब तक 4934 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमित मरीज़ों की संख्या 48,000 के पार पहुंच गई है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को कुछ टेस्ट के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा जबकि ब्रिटिश महारानी एलिज़ाबेथ ने देश को दिए संबोधन में ब्रिटिश स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि कोरोना वायरस का संकट जल्दी ही दूर होगा.

    भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमण के मामले 3577 हो गए हैं. जबकि 83 लोगों की मौत हो चुकी है.रविवार को 505 नए मामले सामने आए हैं.

    देश भर के 274 ज़िलों में संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं. इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देश के अलग अलग हिस्सों में आम लोगों ने रविवार की रात नौ बजे घर की लाइट को बंद करके दिये और मोमबत्ती जलाकर कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में एकजुटता प्रदर्शित की.