You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: दुनिया भर में 64,600 से ज़्यादा मौतें, भारत में कुल 3,113 मामले

दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर 11 लाख 97 हज़ार हो गई है. इटली, स्पेन और अमरीका में सबसे ज़्यादा मौतें.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस के संकट के बीच पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की हुई बात

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि कोरोना वायरस के संकट को लेकर उनकी अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से बात हुई है.

    पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा है, ''राष्ट्रपति ट्रंप से टेलिफ़ोन पर विस्तार में बात हुई. हमलोग के बीच अच्छी बातचीत हुई और कोरोना वायरस को रोकने के लिए भारत-अमरीका साझेदारी का पूरी क्षमता के साथ इस्तेमाल करने पर सहमति बनी है.''

  2. कोरोना वायरस से पीएम मोदी की लड़ाई में 70 फ़ीसदी आबादी ग़ायब है- नज़रिया

  3. कोरोना वायरस: ओडिशा पुलिस ने 2400 से अधिक लोगों को किया अरेस्ट

    21 दिन के लॉकडाउन में लोगों के बेवजह बाहर घूमने पर प्रतिबंध है. लेकिन ओडिशा में अभी तक क़रीब 2700 ऐसे मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें लोग लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते पाए गए.

    बीबीसी के सहयोगी सुब्रत कुमार पति ने बताया कि एक ओर जहां 2700 लोगों के ख़िलाफ़ ओडिसा पुलिस की तरफ़ से मामला दर्ज किया गया है वहीं 2400 से अधिक लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है. डीजीपी अभय ने एक प्रेस ब्रीफ़िंग में यह जानकारी दी.

  4. कोरोना वायरस: पश्चिम बंगाल में कोविड19 मरीज़ों की संख्या 49 हुई

    प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से

    पश्चिम बंगाल में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 11 नए मरीज़ों की पुष्टि हुई है. इनमें से एक कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के कर्मचारी भी हैं. वह दिल्ली में आयोजित तबलीग़ी जमात कार्यक्रम से लौटे थे.

    राज्य के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने बताया,“11 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोरोना वायरस के मरीज़ों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है.”

    उन्होंने बताया कि राज्य में और ज्यादा जांच केंद्रों की स्थापना की अनुमति मांगी गई है.

    उनके मुताबिक़, “बीते चौबीस घंटे में कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले 11 लोगों में कलिम्पोंग के एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल हैं. उस परिवार की एक महिला की कोविड19 से मौत हो गई थी.”

    राज्य में अब तक 1040 लोगों की जांच की जा चुकी है. नौ लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है.

  5. कोरोना वायरस: पीएम मोदी 8 अप्रैल को करेंगे सर्वदलीय बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए कोरोना वायरस संक्रमण पर सर्वदलीय बैठक करेंगे.

    यह वीडियो कॉन्फ्रेंस आठ अप्रैल को सुबह 11 बजे शुरू होगी. संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस बारे में प्रेस रिलीज़ जारी कर सूचना दी है.

  6. ऊर्जा मंत्रालय ने पाँच अप्रैल को लाइट बंद करने को लेकर कही कई बातें

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को देखते हुए ऊर्जा मंत्रालय की ओर से ट्वीट करके कुछ तथ्य स्पष्ट किए गए हैं.

    • इस संदर्भ में कुछ आशंकाएं व्यक्त की गई हैं. मसलन इससे ग्रिड अस्थिर हो सकता है या फिर वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हो सकता है, जिससे विद्युत उपकरणों को नुकसान हो सकता है. ये सभी आशंकाएं ग़लत हैं.
    • भारतीय ग्रिड काफ़ी मज़बूत है. यह स्थिर है और पर्याप्त व्यवस्थित है. यह मांग में बदलाव को संभालने में सक्षम है.
    • प्रधानमंत्री ने घर की लाइटें बंद करने का आग्रह किया है. इसमें कहीं भी स्ट्रीट लाइट और घर में मौजूद दूसरे उकरण जैसे कंप्यूटर, टीवी, पंखे, फ्रीज और एसी को बंद करने के लिए नहीं कहा गया है.
    • अस्पतालों में जलने वाली लाइट और सार्वजिनक शौचालय, नगर पालिका सेवा, ऑफ़िस, पुलिस स्टेशन, विनिर्माण से जुड़ी जगहों आदि पर जलने वाली लाइट बंद नहीं होगी. प्रधानमंत्री ने सिर्फ़ घर की बत्ती बुझाने के लिए कहा है.
    • सभी स्थानीय निकायों को सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट चालू रखने की सलाह दी गई है.
  7. ब्रेकिंग न्यूज़, पाँच अप्रैल को कंप्यूटर, पंखा और एसी बंद करने की ज़रूरत नहीं: ऊर्जा मंत्रालय

    कोरोना वायरस के संक्रमण के ख़िलाफ़ और इसकी लड़ाई में सीधे तौर पर शामिल लोगों के साथ एकजुटता और आभार प्रकट करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने पाँच अप्रैल की रात नौ बजे लाइट ऑफ करने की अपील की है.

    पीएम मोदी की इस अपील के बाद वोल्टेज में उतार-चढ़ाव को लेकर चिंता ज़ाहिर की जा रही थी.

    इस पर अब ऊर्जा मंत्रालय ने सफ़ाई देते हुए कहा है, ''प्रधानमंत्री की अपील पाँच अप्रैल को रात में नौ बजे से नौ मिनट तक केवल लाइट ऑफ करने के लिए है. स्ट्रीट लाइट या कंप्यूटर्स, टीवी, पंखा, फ़्रीज और एसी ऑफ करने के लिए नहीं कहा गया है. केवल लाइट ऑफ करने की अपील की गई है. हॉस्पिटल, पुलिस स्टेशन, म्यूनिसिपल सर्विस और मैन्युफैक्चरिंग सर्विस में यह अपील लागू नहीं है. पीएम की अपील केवल घरों के लिए है. सभी स्थानीय निकायों से कहा गया है कि स्ट्रीट लाइट ऑन रखें.''

  8. दिहाड़ी कामगारों की मदद के लिए फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की पहल

    'हाथ मिला सकते नहीं पर साथ निभाना बनता है' स्लोगन के साथ बॉलीवुड ने कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चल रहे लॉकडाउन में मुश्किलें झेल रहे दिहाड़ी कामगारों के लिए एक अभियान शुरू किया है.

    देश भर में 10 लाख दिहाड़ी मज़दूरों और अन्य ज़रूरतमंदों की मदद के लिए चार दर्जन से ज़्यादा फ़िल्मकार और कलाकार सामने आए हैं.

    इस अभियान का नेतृत्व फ़िल्मकार राजकुमार हीरानी कर रहे हैं. अभियान का नाम है- आई स्टैंड विथ ह्यूमैनिटी'. इस अभियान में श्री श्री रविशंकर का आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन भी शामिल है.

  9. कोरोना वायरस से लड़ाई में सुपरपावर अमरीका क्यों पिछड़ता दिख रहा है?

  10. स्पेन कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले में इटली से आगे निकला

    स्पेन में कोरोना वायरस से मरने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा. पिछले 24 घंटों में स्पेन में कोरोना वायरस से कुल 809 मौत हुई है और संक्रमण के 7,026 नए मामले सामने आए हैं.

    स्पेन में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या अब 11,744 हो गई है. वहीं संक्रमित लोगों की कुल संख्या 124,736 पहुंच गई है जो कि इटली से ज़्यादा है.

    हालांकि यह दूसरा दिन है जब दैनिक मौतों की संख्या में कमी आई है. इसके साथ ही यह पिछले तीन दिनों में पहली बार हुआ है जब स्पेन में रोज़ाना मौत की तादाद 900 से नीचे रही.

    शुक्रवार की तुलना में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में भी कमी आई है. शुक्रवार को संक्रमण के 7,472 नए मामले सामने आए थे.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के संक्रमण से 809 लोगों की मौत

    स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के संक्रमण से 809 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही यहां कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 11,744 हो गई है. स्पेन में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या इटली से ज़्यादा हो गई है. यहां संक्रमितों की कुल संख्या एक लाख 24 हज़ार 736 हो गई है.

  12. दक्षिण कोरिया ने प्रतिबंध की समय सीमा बढ़ाई

    दक्षिण कोरिया ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग यानी सामाजिक अलगाव के नियमों को दो हफ़्तों के लिए बढ़ा दिया है. हालांकि दक्षिण कोरिया में संक्रमण का दायरा लगातार सीमित हो रहा है.

    दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि जब तक दैनिक संक्रमण 50 या 50 के नीचे नहीं आ जाता है तब तक सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी. दक्षिण कोरिया ने अपने नागरिकों से दो मीटर की दूरी बनाए रखने के लिए कहा है और सामाजिक आयोजन भी 19 अप्रैल तक प्रतिबंधित हैं.

  13. कोरोना वायरस को लेकर चीन क्या आँकड़े छुपा रहा है?

    पिछले साल नवंबर महीने में चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण शुरू हुआ. चीन का कहना है कि तब से लेकर अब तक कोरोना वायरस के कारण उसके यहां 3,300 लोगों की मौत हुई. अब पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है. यहां तक कि चीन में हुई मौतों से ज़्यादा इटली, स्पेन और अमरीका में मौतें हो चुकी हैं. चीन में मौत के आँकड़े पर चौतरफ़ा सवाल उठ रहे हैं.

    कहा जा रहा है कि कोरोना से मौत और तबाही के आँकड़े चीनी प्रशासन की ओर से जो दिए जा रहे हैं, उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता.

    बीबीसी न्यूज़ के चाइना संवाददाता रॉबिन ब्रैंट चीन के आँकड़ों पर कहते हैं, ''चीन की सरकार की तरफ़ से दिए जाने वाले डेटा पर दुनिया संदेह करती रही है. इस मामले में चीन का रिकॉर्ड बहुत ख़राब रहा है. ये डेटा अधूरे नहीं होते बल्कि जानबूझकर डिजाइन किए जाते हैं. यहां की कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार कई बार अपने लक्ष्य के हिसाब से काम करती है. अगर वो अपने टारगेट तक नहीं पहुँच पाती है तो सच को छुपाती है. नाकामियों को बताने से बचती है. ऐसे में आँकड़ों के मामले में चीन की सरकार की विश्वसनीयता संदिग्ध रही है. चीन जीडीपी डेटा को लेकर भी वास्तविक ग्रोथ बताने से बचता रहा है.''

    ब्रैंट कहते हैं, ''चीन में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों और संक्रमण के मामलों के आँकड़े पर भी उसी तरह के संदेह हैं. इसे जारी करने में तीन हफ़्तों की देरी की गई और संक्रमण फैलने के बाद भी बताने में देरी हुई. जो संख्या बताई गई उस पर आसानी से भरोसा नहीं किया जा सकता. संक्रमण फैलने के कुछ दिन बाद ही चीन के हूबे प्रांत में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण के उन मामलों की गिनती नहीं की है जिनके स्पष्ट लक्षण सामने नहीं मिले हैं. एक सवाल और उठ रहा है कि चीन के हूबे प्रांत के बाहर क्या वाक़ई कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई मामला नहीं था?''

    अमरीका का भी कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर चीन से सही सूचना नहीं दी गई. ट्रंप प्रशासन आरोप लगा रहा है कि चीन ने कोरोना वायरस को लेकर सूचनाओं को बाहर नहीं आने दिया. अमरीका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने कहा था कि कोरोना की महामारी से लड़ने के लिए चीन में पारदर्शिता और सही सूचना की ज़रूरत है. पॉम्पियो ने कहा कि चीन अब ख़ुद को अच्छा दिखाने के लिए मेडिकल सप्लाई भेजने का दिखावा कर रहा है.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: तीन मिनट के लिए ठहर गया चीन

    चीन में जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण में मौत हुई है उनकी याद में तीन मिनट का मौन रखा गया. चीन के स्थानीय समय दिन में दस बजे पूरा देश तीन मिनट के लिए ठहर गया. कारें, ट्रेनें और शिप सबको तीन मिनट के लिए रोक दिया गया.

    चीन के राष्ट्र ध्वज को भी आधा झुकाया गया. चीन का वुहान कोरोना वायरस के संक्रमण का गढ़ था. पिछले साल दिसंबर में यहीं पर संक्रमण का पहला मामला सामने आया था. शहरी इलाक़ों में सभी ट्रैफिक लाइट को रेड कर दिया गया और जो गाड़ियां जहां थीं वहीं रुक गईं.

    चीन में कोरोना वायरस से कुल 3,300 मौतें हुई हैं. इनमें से 14 मेडिकल वर्कर्स हैं. हालांकि कई विश्लेषकों का मानना है कि मरने वालों की असली संख्या कुछ और होगी.

    कोरोना वायरस चीन में तो नियंत्रित हो गया लेकिन चीन से बाहर यूरोप और अमरीका में महामारी बनकर आया है. पूरी दुनिया में इससे दस लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित हो गए हैं और 60 हज़ार के क़रीब लोगों की जान गई है.

  15. पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के 2700 मामले

    पाकिस्तान में कोरोना वायरस से 2700 से ज़्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि चालीस से अधिक की मौत हो गई है.

    सबसे ज़्यादा संक्रमित लोग पंजाब प्रांत में हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 139 लोग ठीक हुए हैं.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि अगर तुरंत क़दम नहीं उठाए गए तो पाकिस्तान में वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या पचास हज़ार तक हो सकती है.

    पाकिस्तान में वायरस को रोकने के लिए आंशिक लॉकडाउन लागू किया गया है. लॉकडाउन को अब 14 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है.

  16. स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी घर में मास्क बनाने की सलाह

    भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने आम लोगों को घर में बने मास्क इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिशानिर्देश जारी कर बताया है कि ये मास्क कैसे बनाए जाएं.

    मंत्रालय ने कहा है कि सोशल डिस्टेंसिंग के अलावा घर में बने मास्क पहनना वायरस को रोकने में मददगार साबित हो सकते हैं.

    मंत्रालय ने आम लोगों को सलाह देते हुए कहा है कि जिन लोगों को कोई बीमारी न हों और जिन्हें सांस लेने में दिक़्क़त न हो वो घर में बने मास्क इस्तेमाल कर सकते हैं.

    सलाह में कहा गया है कि ख़ासकर घर से बाहर निकलने पर इस तरह के मास्क पहनना मददगार साबित होगा.

  17. इस मशीन की मदद से मरीज़ के फेफड़ों में ऑक्सीजन पहुंचाई जा सकती है

  18. कोरोना के ख़िलाफ़ जंग में चीन सर्विलांस सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा है

  19. 15 अप्रैल से शुरू हो सकती हैं यात्री रेल सेवाएं: पीटीआई

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भारतीय रेलवे ने 15 अप्रैल के बाद से रेल सेवाओं को फिर से बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी है.

    यात्री रेल सेवाएं चरणबद्ध तरीक़े से चालू की जाएंगी.

    भारतीय रेलवे ने 21 दिनों के लॉकडाउन के दौरान अपनी सभी यात्री सेवाएं 14 अप्रैल तक बंद कर दी हैं.

    रेलवे बोर्ड फ़िलहाल अंतिम निर्णय के लिए सरकार के दिशानिर्देशों का इंतज़ार कर रहा है. इसी बीच बोर्ड न सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को रेल सेवाएं बहाल करने की तैयारियां करने के लिए कहा है.

  20. कोरोना से नुकसान की भरपाई के लिए ख़र्च में कटौती करेगी बंगाल सरकार

    प्रभाकर मणि तिवारी,

    कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल सरकार ने कोरोना वायरस के मुक़ाबले पर होने वाले ख़र्च और इससे हुए नुक़सान की भरपाई के लिए सरकारी ख़र्चों में कई तरह की कटौतियों का एलान किया है.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनकी सरकार हज़ारों करोड़ के नुक़सान के बावजूद तमाम कर्मचारियों को बिना कटौती के पहली तारीख़ को वेतन दे चुकी है. वह ऐसा करने वाली पहली राज्य सरकार है.

    ममता सरकार ने किसानों की सहायता के लिए कई उपायों का एलान किया है ताक़ि रबी की फसलों को नुक़सान होने से बचाया जा सके.

    ममता ने कहा है कि कोरोना के संक्रमण से निपटने के मामले में बंगाल पूरे देश के लिए मॉडल बन सकता है. मुख्यमंत्री ने कहा है, “तमाम विभागों में नियुक्तियों पर रोक लगा दी गई है और वित्त मंत्रालय की अनुमति के बिना नई योजनाएं नहीं शुरू होंगी.

    कटौती के तहत तमाम सरकारी विभागों में नए वाहन, कंप्यूटर और उसके पुर्ज़ों के अलावा फ़र्नीचर, एसी, वाटर कूलर और दफ़्तर की दूसरी चीज़ों की ख़रीद रोक दी गई है.”

    मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चार नए मामले सामने आने के बावजूद राज्य में बीते दो दिनों में इस संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई है.

    इसके अलावा और नौ मरीज़ ठीक होकर घर लौट चुके हैं. सरकार ने दक्षिण कोलकाता के एम. आर. बांगुर अस्पताल को कोरोना अस्पताल में बदल दिया है.

    लेकिन वहां के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इस संक्रमण से निपटने के लिए आधारभूत सुविधाओँ की कमी का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया है.