लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मृत्यु हो
गई है. राज्य में कोरोना संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है.
बस्ती के रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक की मौत सोमवार को गोरखपुर
के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हो गई थी. मेडिकल में हुई जांच में उसमें कोरोना संक्रमण
की पुष्टि हुई थी लेकिन सैंपल को क्रॉस चेक करने के लिए लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल
यूनिवर्सिटी भेज दिया गया.
केजीएमयू के मीडिया प्रभारी डॉक्टर सुधीर सिंह के मुताबिक़, गोरखपुर से जिस
25 वर्षीय युवक का सैंपल आया था, वह जांच में कोरोना पॉज़िटिव
मिला है.
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती इस
युवक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण कोरोना बताया गया था.
जानकारी मिलते ही, प्रशासन ने एहतियातन बस्ती
में मृत युवक के घर के आस-पास के इलाक़े को पूरी तरह सीज कर दिया. यह जानने की कोशिश
की जा रही है कि युवक किन-किन लोगों के संपर्क में था, ताकि उनकी जांच
हो सके और उन्हें भी आइसोलेशन में रखा जा सके.
इस बीचराज्य में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या
बढ़कर 104 हो गई है.