हरियाणा स्कूल बस हादसे में तीन लोगों की गिरफ़्तारी, मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक़ स्कूल बस के चालक ने शराब पी हुई थी और वो शराब के नशे में ही बस चला रहा था.

लाइव कवरेज

  1. हरियाणा: स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की मौत

      • Author, सत सिंह
      • पदनाम, हरियाणा से, बीबीसी हिंदी के लिए
    कनीना में बस हादसा

    इमेज स्रोत, Sat Singh

    हरियाणा के कनीना क्षेत्र के गांव उन्हाणी स्थित महिला कॉलेज के पास गुरुवार सुबह एक स्कूल बस के पलटने से 6 बच्चों की मौत हो गई. हादसे में 35 से ज़्यादा बच्चे घायल हैं.

    पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, बस अनियंत्रित हो गई थी जिसके बाद बस का ड्राइवर चलती बस से कूद गया. इसके बाद बस एक पेड़ से टकराकर पलट गई.

    चश्मदीदों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि बस पलटते ही स्कूली बच्चे बस के आगे वाले शीशे से ज़ोर से टकराए और बाहर जाकर गिर गए.

    बस में कुल 45 बच्चे थे. क़रीब दस बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

    जीएल पब्लिक स्कूल कनीना की यह स्कूल बस बच्चों को लेकर सेहलंग, झाड़ली, धनौंदा से कनीना की ओर आ रही थी. ईद की छुट्टी होने के बावजूद गुरुवार को स्कूल बंद नहीं था.

    कनीना में बस हादसा

    इमेज स्रोत, Sat Singh

    घायलों को कनीना लाया गया है, जहां कुछ को नारनौल, पीजीआईएमएस रोहतक और रेवाड़ी रेफ़र किया गया है.

    पुलिस के अनुसार बस ड्राइवर अब तक फ़रार है.

    स्थानीय पुलिस अधिकारी उदय भान ने मीडिया को बताया, “प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के मुताबिक़ ड्राइवर के शराब पीकर बस चलाने की बात सामने आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतकों में अधिकांश बच्चे गांव धनौंदा के रहने वाले हैं.“

    बस पलटने के बाद सबसे पहले आस-पास के लोगों ने बच्चों को निकालना शुरू किया. कुछ देर में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. बाद में अर्थमूअर मशीन की सहायता से बस को उठाया गया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बच्चों की मौत पर दुख जताया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं. स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है."

  2. कांग्रेस के पूर्व नेता रोहन गुप्ता बीजेपी में शामिल, बोले- मोदी के सपने में करना है योगदान

    रोहन गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रोहन गुप्ता

    कांग्रेस के पूर्व नेता रोहन गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ज्वाइन कर ली है. वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी परंपाल कौर ने भी बीजेपी की सदस्यता ली है.

    पिछले महीने रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    रोहन गुप्ता ने बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद कहा, "मोदी का जो सपना है देश के लिए उसे देखकर लगा कि हमें भी इस सपने में योगदान देना चाहिए."

    कांग्रेस ने रोहन गुप्ता को अहमदाबाद पूर्व से लोकसभा का टिकट दिया था. लेकिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए रोहन गुप्ता ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.

    रोहन गुप्ता कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसे अहम पद पर रहे हैं.

    वहीं परंपाल कौर पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सिकंदर सिंह मलूका की बहू हैं.

  3. ईद दुनियाभर में ऐसे मनाई गई, देखिए तस्वीरें

    ईद

    इमेज स्रोत, Antara Foto/Nova Wahyudi/ via REUTERS

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया के दक्षिणी सुमात्रा प्रांत के पालेमबैंग में मस्जिद के सामने प्रार्थना के लिए इकट्ठा हुई लोगं की भीड़. ये तस्वीर ड्रोन से ली गई है.

    दुनियाभर के मुसलमान गुरुवार को ईद उल-फ़ितर का त्योहार मना रहे हैं. इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार ये मुसलमानों के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है.

    ये ईद मुसलमानों के पवित्र महीने रमज़ान की समाप्ति पर मनाई जाती है.

    रमज़ान के दौरान मुसलमान पूरे महीने रोज़ा रखते हैं और रमज़ान का महीना ख़त्म होने की ख़ुशी में ईद मनाई जाती है.

    ईद

    इमेज स्रोत, Yawar Nazir/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत प्रशासित कश्मीर के श्रीनगर में हज़रतबल के सामने बैठी एक महिला.

    ईद उल-फ़ितर का मतलब है "उपसाव तोड़ने का जश्न."

    भारत में इसे आम ज़ुबान में मीठी ईद या सेवई वाली ईद कहते हैं. इस ईद के दौरान सेवई एक ख़ास पकवान के रूप में बनाई जाती है, इसीलिए इसे मीठी ईद भी कहते हैं.

    ईद

    इमेज स्रोत, REUTERS/Marvellous Durowaiye

    इमेज कैप्शन, नाइजीरिया के कदूना में लोगों ने धूमधाम से ईद मनाई.
    ईद

    इमेज स्रोत, RAHAT DAR/EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के लाहौर में ये है बादशाही मस्जिद के बाहर का नज़ारा.
    ईद

    इमेज स्रोत, YURI KOCHETKOV/EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, रूस की राजधानी मॉस्को के सेंट्रल सोबोर्नाया मस्जिद में मुस्लिम नमाज़ पढ़ते हुए.

    दुनियाभर के मुसलमान लूनर कैलेंडर को मानते हैं और रमज़ान महीने के आख़िर में चाँद देखते हैं.

    इसी कैलेंडर और चंद्रमा को देखकर न केवल रमज़ान की तारीख़ों का निर्धारण किया जाता है बल्कि ईद किस दिन है, इसका फ़ैसला भी चाँद देखकर ही किया जाता है.

    ईद

    इमेज स्रोत, REUTERS/Monicah Mwangi

    इमेज कैप्शन, नैरोबी के सर अली मुस्लिम क्लब ग्राउंड में नमाज़ के लिए इकट्ठा हुई कुछ महिलाएं.
    ईद

    इमेज स्रोत, MONIRUL ALAM/EPA-EFE/REX/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के ढाका के बैतुल मुकर्रम नेशनल मस्जिद में नमाज़ पढ़ने वालों की बड़ी भीड़ इकट्ठा हुई.
  4. बिजनौर से सांसद मलूक नागर ने बीएसपी छोड़ी, आरएलडी का दामन थामा

    मलूक नागर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मलूक नागर

    उत्तर प्रदेश के बिजनौर से सांसद मलूक नागर ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का साथ छोड़ दिया है.

    बसपा छोड़ने के बाद अब उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) की सदस्यता ले ली है.

    बसपा छोड़ने के बाद समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में मलूक नागर ने कहा, "कई कड़वे घूंट भरे हैं. चुप रहे हैं. विधायक का चुनाव नहीं लड़वाया गया, सांसद का चुनाव नहीं लड़वाया गया, चुप रहे. स्टार प्रचारकों में भी जगह नहीं मिली तो भी चुप रहे. लेकिन देश के लिए काम करना चाहते हैं. मजबूरी में पार्टी छोड़नी पड़ रही है."

    मलूक नागर ने आगे कहा, "जब मैं 2019 में सांसद बना तो आरएलडी की अहम भूमिका रही. जयंत सिंह ने बिजनौर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं की और उनकी वजह से मैं जीत हासिल करने में कामयाब रहा."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    2019 के लोकसभा चुनाव में बीएसपी के टिकट पर बिजनौर से लड़ते हुए मलूक नागर ने क़रीब 70 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी.

    पिछले लोकसभा चुनाव में मलूक नागर ने बीजेपी के कुंवर भारतेंद्र सिंह को मात दी थी.

  5. हरियाणा में स्कूल बस के पलटने से पांच बच्चों की मौत, कई बच्चे घायल

    स्कूल बस

    इमेज स्रोत, ANI

    हरियाणा के महेंद्रगढ़ ज़िले में एक स्कूल बस पलटने से पांच बच्चों की मौत हो गई और कई बच्चे घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से निहाल हॉस्पिटल के डॉक्टर रवि कौशिक ने कहा, ‘’ये नौ बजे के आस-पास की घटना है. हमारे पास 20 बच्चे आए थे, जिसमें से चार बच्चों की जान हॉस्पिटल लाने से पहले ही जा चुकी थी. एक बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई. 15 बच्चे घायल हैं.’’

    डॉक्टर रवि कौशिक ने आगे कहा, ‘’हम 15 बच्चों की जान बचाने में कामयाब रहे हैं. 15 बच्चों की हालत अब काफी ठीक है. कुछ बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया गया है.’’

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़ ये बस महेंद्रगढ़ ज़िले में कनिना गाँव के पास दुर्घटना का शिकार हुई.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    ये बस जीआरएल स्कूल की थी और बच्चों को उनके घर से लेकर जा रही थी.

    इस घटना के बारे में ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है. नई जानकारी आने पर स्टोरी को अपडेट किया जाएगा.

  6. ममता बनर्जी ने कहा- पश्चिम बंगाल में नहीं लागू होने देंगे सीएए, एनआरसी और समान नागरिक संहिता

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, sanjay Das

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वो किसी भी हालत में पश्चिम बंगाल में नागरिकता (संशोधन) क़ानून, नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस (एनआरसी) और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) नहीं लागू होने देंगी.

    वो कोलकाता के रेड रोड इलाक़े में ईद की नमाज़ के लिए जुटे लोगों को संबोधित कर रही थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उनके साथ तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी भी थे.

    तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वो मौत से नहीं, मौत उनसे डरती है.

    उन्होंने अल्पसंख्यकों से कहा कि अगर आप लोग एकजुट रहें, तो कोई अलग नहीं कर सकता.

    ममता का कहना था, "हमने उनको वोट देकर प्रधानमंत्री बनाया और अब वो हमारी नागरिकता पर सवाल उठा रहे हैं. बंगाल में हम लोग भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं. कांग्रेस और सीपीएम समेत किसी दूसरी पार्टी को एक भी वोट मत दें."

    उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों पर भी हमला बोला और कहा, "केंद्र ईडी और सीबीआई के हाथों सबको गिरफ़्तार करा रही है. इससे बेहतर है कि एक अलग जेल बना दें. लेकिन क्या आप देश के 130 करोड़ लोगों को जेल में डाल सकेंगे? हम रॉयल बंगाल टाइगर की तरह लड़ते हैं."

    मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीजेपी कुछ चुनिंदा मुस्लिम नेताओं को फ़ोन पर पूछ रही है कि आपको क्या चाहिए?

    उन्होंने दोहराया कि वे समान नागरिक संहिता नहीं मानेंगी और यहाँ सीएए और एनआरसी भी लागू नहीं होने देंगी.

  7. ईरान की चेतावनी पर इसराइल को मिला अमेरिका का समर्थन

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ईरान की चेतावनी के बीच इसराइल को हरसंभव मदद का वादा किया है. ईरान ने इसराइल कार्रवाई की चेतावनी दी है.

    पिछले दिनों सीरिया में हुए हमले में कई ईरानी मारे गए थे. बाइडन ने कहा, "हम इसराइल की सुरक्षा के लिए हरसंभव मदद करेंगे."

    ईद के मौक़े पर अपने संदेश में ईरानी नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई ने कहा था कि सीरिया की राजधानी दमिश्क में इसराइल का हमला ईरान पर हमला है.

    उन्होंने कहा, "जब उन्होंने हमारे दूतावास के इलाक़े पर हमला किया, वो ऐसा था जैसे उन्होंने हमारी ज़मीन पर हमला किया हो." उन्होंने इसराइल को सज़ा देने की बात कही.

    एक अप्रैल को ईरानी दूतावास की इमारत पर हमले में 13 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ईरान के कई वरिष्ठ सैनिक अधिकारी भी थे.

    इसराइल ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन ऐसा माना जाता रहा है कि इसके पीछे इसराइल ही है. इस हमले के बाद से ही इलाक़े में मौजूद इसराइली और अमेरिकी सैनिक हाई अलर्ट पर हैं.

  8. भारत से छह हज़ार श्रमिक अप्रैल-मई में पहुंचेंगे इसराइल

    इसराइल, मज़दूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इस साल अप्रैल-मई महीने में भारत से क़रीब छह हज़ार श्रमिक इसराइल जाएंगे. इस बारे में इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी दी गई है.

    अक्तूबर 2023 से ग़ज़ा पर इसराइली हमलों के कारण इसराइल कामगारों की कमी की समस्या से जूझ रहा है.

    संघर्ष शुरू होने से पहले फ़लस्तीनी क्षेत्र से काफ़ी संख़्या में लोग इसराइल काम करने जाते थे.

    वेस्ट बैंक से क़रीब 80 हज़ार और ग़ज़ा से क़रीब 17 हज़ार लोग काम करने के लिए इसराइल जाया करते थे. मगर सात अक्तूबर के बाद से ये आवाजाही बंद है.

    भारतीय श्रमिकों को एयर शटल के ज़रिए सब्सिडी के तहत इसराइल ले जाया जाएगा.

    पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से बताया गया कि विदेशी श्रमिकों की सबसे बड़ी तादाद जल्द निर्माण क्षेत्र से जुड़े कामों को करने के लिए इसराइल पहुंचेगी.

    गवर्मेंट टू गवर्मेंट समझौते के तहत भारत से मज़दूर इसराइल भेजे जाएंगे.

    भारत की ओर से इन कामगारों को इसराइल भेजने की कोशिशें ऐसे वक़्त में तेज़ हुई हैं, जब 19 दिसंबर 2023 को इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी से फ़ोन पर बात की थी और भारतीय मज़दूरों को जल्दी भेजने की गुज़ारिश की थी.

    ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस यानी एआईटीयूसी के जनरल सेक्रेटरी अमरजीत कौर ने द हिंदू से कहा, ''ये क़दम भारतीय आचरण के ख़िलाफ़ है. हम इसराइल से सीज़फ़ायर चाहते हैं. हम मज़दूरों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं. मज़दूर संगठन अब अदालत का रुख़ करने का सोच रहे हैं.''

  9. पीएम मोदी से एलन मस्क करेंगे मुलाक़ात, क्या हो सकती है बात?

    मोदी और मस्क

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और मस्क की पिछली मुलाक़ात बीते साल जून में हुई थी

    इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला और रॉकेट लॉन्च व्हीकल बनाने वाली कंपनी स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने कहा है कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करने वाले हैं.

    सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने लिखा, "देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए मैं उत्सुक हूं."

    हालांकि मुलाक़ात कब होगी, भारत में होगी या कहीं और? इसे लेकर मस्क ने कोई जानकारी नहीं दी है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि मस्क भारत में फैक्ट्री और निवेश को लेकर अहम घोषणा कर सकते हैं.

    एजेंसी का कहना है कि 22 अप्रैल को मस्क दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाक़ात कर सकते हैं जबकि इसके अलावा अपने दौरे के दौरान भारत में निवेश को लेकर वो अहम घोषणा भी कर सकते हैं.

    रॉयटर्स लिखता है कि एलन मस्क और मोदी की आख़िरी मुलाक़ात जून 2023 में न्यूयॉर्क में हुई थी.

    इससे पहले मस्क ने कहा था कि वो भारत में एक फैक्ट्री बनाना चाहते हैं, वहीं भारत सरकार से वो कहते रहे हैं कि वो इलेक्ट्रिक कारों पर लगने वाले आयात शुल्क को कम करे.

    इसी महीने भारत ने अपनी नई इलेक्ट्रोनिक व्हीकल नीति बनाई है. इस नई नीति के अनुसार कुछ मॉडल पर आयात शुल्क 100 फीसदी से घटाकर 15 फीसदी तक करने की बात की गई है बशर्ते कंपनी भारत में 50 करोड़ का निवेश करे और यहां पर फैक्ट्री भी लगाए.

    इसके बाद अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि मोदी और मस्क की मुलाक़ात में इससे आगे बढ़ने पर बात हो सकती है.

  10. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    10 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    (बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)