ग़ज़ा के लोगों की ईद कैसी बीती

रफ़ा सीमा पर रह रहे फ़लस्तीनीयों ने बीबीसी अरबी के शो 'ग़ज़ा लाइफ़लाइन' में बात की है और बताया है कि बीते साल की ईद और इस साल की ईद उनके लिए कितनी अलग है.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and कीर्ति दुबे

  1. तेजस्वी यादव ने मछली खाने पर बीजेपी के सवालों का दिया ये जवाब

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव

    बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बुधवार को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मछली खा रहे हैं. उनके साथ हेलीकॉप्टर में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी भी हैं.

    उन्होंने साथ में लिखा, "चुनावी भागदौड़ एवं व्यस्तता के बीच हेलीकॉप्टर में भोजन! दिनांक 08/04/2024."

    इस वीडियो के शेयर किए जाने के बाद से बीजेपी ने ये दावा किया कि तेजस्वी यादव नवरात्रों में मछली खा रहे हैं.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता विजय सिन्हा ने कहा, "कुछ लोग सनातन की संतान बनते हैं लेकिन सनातन को अपनाते नहीं हैं. सावन में मटन बनाकर खाना और खिलाना. लेकिन आज नवरात्र के अवसर पर आप मछली खाते हुए वीडियो डालकर क्या दिखाना चाहते हैं. तुष्टिकरण की राजनीति. वोट के लिए इतनी गिरावट? अपने धर्म, समाज, संस्कार पर लोगों को गर्व महसूस होना चाहिए. धर्मनिरपेक्षता का ये मतलब कतई नहीं है कि अपने धर्म का अपमान करें. अपने लोगों को हतोत्साहित करें."

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    विवाद के बाद तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए एक और ट्वीट किया है.

    उन्होंने कहा, "भाजपाइयों और गोदी मीडिया के भक्तों के आईक्यू का टेस्ट लेने के लिए ही हमने ये वीडियो डाला था और हम अपनी सोच में सही भी साबित हुए. ट्वीट में 'दिनांक' यानी डेट लिखा हुआ है, लेकिन बेचारे अंधभक्तों को क्या मालूम?"

    वीडियो के आख़िर में मिर्ची दिखाते हुए मुकेश सहनी कहते हैं कि वीडियो देखने के बाद कुछ लोगों को मिर्ची लगेगी, उन्हें मिर्ची ना लगे, वो मिर्ची हमसे मांग लें.

  2. इसराइल और ग़ज़ा के मुद्दे पर जो बाइडन ने कहा- मुझे लगता है नेतन्याहू कर रहे हैं गलती

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि ग़ज़ा के मामले में इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू 'गलती' कर रहे हैं.

    एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वह गलती कर रहे हैं. मैं उनके रवैये से सहमत नहीं हूं."

    उन्होंने कहा कि अगले छह से सात सप्ताह के लिए 'ग़ज़ा में भोजन और दवाइयों की पूरी आपूर्ति होनी चाहिए.'

    बीते सप्ताह उन्होंने चेतावनी दी थी कि इसराइल को युद्ध में मौजूदा अमेरिकी समर्थन इस बात पर निर्भर है कि वह कितना भोजन और दवाइयां ग़ज़ा में जाने देता है.

    इसराइल ने ग़ज़ा के अंदर सहायता पहुंचने से रोक दिया था और उसने वहां काम कर रही संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों पर आरोप लगाया था कि वे ज़रूरतमंदों तक मदद पहुंचाने में असफल हो रही हैं.

    संघर्ष विराम पर कई सप्ताहों से चल रही वार्ता असफल रही है लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है.

    जो बाइडन का ये इंटरव्यू पिछले सप्ताह रिकॉर्ड हुआ था और मंगलवार रात अमेरिकी-स्पैनिश भाषा वाले यूनिविज़न नेटवर्क पर प्रसारित हुआ.

    बाइडन ने कहा, "ये चौंकाने वाला है कि कैसे किसी सहायता संगठन के वाहन पर ड्रोन से हमले हो सकते हैं."

  3. अरविंद केजरीवाल ने हाई कोर्ट में अर्ज़ी ख़ारिज होने के बाद अब गिरफ़्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति में कथित घोटाले को लेकर हुई अपनी गिरफ़्तारी को अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.

    प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार किया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं.

    मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ दायर याचिका को ख़ारिज कर दिया था. अब इसी आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है.

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने हाई कोर्ट में अर्ज़ी खारिज होने के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, "हम आज अदालत के दिए फ़ैसले से सहमत नहीं हैं. इसके ख़िलाफ़ हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    सीबीआई और ईडी के अनुसार, अब वापस ली जा चुकी दिल्ली की एक्साइज़ पॉलिसी को लागू करते समय अनियमितताएं बरती गईं और इससे शराब लाइसेंस धारकों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया.

    इसी मामले में मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी हुई थी. हालांकि, बीते सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को ज़मानत दे दी है.

  4. ऑस्ट्रेलिया ने दिए संकेत- फ़लस्तीनी इलाक़े को मान सकते हैं अलग देश, टिफ़नी टर्नबुल, बीबीसी न्यूज़, सिडनी

    पेनी वॉन्ग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेनी वॉन्ग

    ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री ने फ़लस्तीनी क्षेत्र को देश के तौर पर मान्यता देने का सुझाव दिया है, ताकि शांति के रास्ते पर आगे बढ़ा जा सके.

    पेनी वॉन्ग ने हालांकि ये भी कहा कि फ़लस्तीन पर शासन में हमास की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए.

    ऑस्ट्रेलिया में विपक्ष के साथ ही ज़ायनिस्ट फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑस्ट्रेलिया दोनों का ही कहना है कि इस तरह का कदम जल्दबाज़ी होगा.

    लंबे वक्त से ऑस्ट्रेलिया का ये रुख रहा है कि फ़लस्तीनी क्षेत्र को मान्यता इसराइल के साथ मिलकर दो राष्ट्र समाधान के ज़रिए ही मिल सकती है.

    लेकिन वॉन्ग के बयान में ब्रितानी विदेश मंत्री डेविड कैमरन के इसी साल की शुरुआत में दी गई टिप्पणी की झलक दिखती है. कैमरन ने भी ये संकेत दिए थे कि इसराइल की मदद के बिना ही ब्रिटेन फ़लस्तीन को मान्यता दे सकता है.

    ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने हाल के महीनों में लगातार हमास और ग़ज़ा के ख़िलाफ़ जंग पर मुखरता से अपनी चिंता ज़ाहिर की है.

    मंगलवार रात पेनी वॉन्ग ने कहा कि दो राष्ट्र समाधान यानी जहां इसराइल और फ़लस्तीन दो अलग देश के तौर पर रहेंगे- ही इस कभी ख़त्म न होने वाली हिंसा के चक्र को तोड़ने की उम्मीद है.

    उन्होंने कहा, "इस रुख को अपनाने में सभी पक्षों के असफल रहने और बिन्यामिन नेतन्याहू की फ़लस्तीन को अलग राष्ट्र का दर्जा देने के मुद्दे पर बात तक न करने से व्यापक स्तर पर रोष पैदा हुआ है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब फ़लस्तीनी क्षेत्र को देश मानने के सवाल पर विचार कर रहा है ताकि द्वि-राष्ट्र समाधान के मुद्दे पर तेज़ी लाने में मदद मिले."

  5. मिशिगन स्कूल में गोलीबारी करने वाले युवक के माता-पिता को हुई जेल, ब्रैंडन ड्रेनॉन, बीबीसी न्यूज़

    जेम्स और जेनिफ़र क्रम्बली

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जेम्स और जेनिफ़र क्रम्बली

    अमेरिका के मिशिगन में गोलीबारी करने वाले एक किशोर के माता-पिता को अदालत ने 10 और 15 साल की कैद की सज़ा सुनाई है. इस गोलीबारी में चार छात्रों की मौत हुई थी.

    पहले बच्चे के माता-पिता के लिए सात साल की सज़ा का सुझाव दिया गया लेकिन अभियोजन पक्ष ने इसे बढ़ाने की मांग की थी.

    जेम्स और जेनिफ़र क्रम्बली मंगलवार को सज़ा के एलान के समय अदालत में पेश हुए थे.

    दोनों ने अपने बेटे के हमले के प्रति खेद जताया. एक ऐतिहासिक मामले में जूरी के सदस्यों ने एथान क्रम्बली के माता-पिता को उनके बेटे के किए कत्लेआम का गैर-इरादतन दोषी पाया.

    जज शेरील मैथ्यूज़ ने कहा कि माता-पिता को दी गई 10 और 15 साल की कैद भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने में मदद करेगा.

    अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया था कि बच्चे के माता पिता ने साफ़ तौर पर अपने बेटे की गिरते मानसिक स्वास्थ्य को अनदेखा किया. साथ ही साल 2021 में हुए हमले के लिए युवक ने जिस बंदूक का इस्तेमाल किया था, वह भी माता-पिता ने ही खरीद के दी थी.

    हमले के समय युवक की उम्र 15 साल थी और उन्होंने ऑक्सफ़ोर्ड हाई स्कूल में सेमी-ऑटोमैटिक बंदूक से गोलीबारी की थी, जिसमें चार छात्रों की मौत हुई थी और सात घायल हुए थे.

    फिलहाल ये युवक बिना पैरोल के मिली सज़ा के तहत जेल में है.

  6. गॉड पार्टिकल की खोज करने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता पीटर हिग्स का निधन

    पीटर हिग्स

    इमेज स्रोत, University of Edinburgh

    इमेज कैप्शन, पीटर हिग्स

    नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक पीटर हिग्स का 94 साल की आयु में निधन हो गया है.

    उन्हें गॉड पार्टिकल की खोज के लिए जाना जाता है. इसके तहत ये समझाने में मदद मिली कि बिग बैंग के बाद सृष्टि की रचना कैसे हुई.

    उन्हें साल 2013 में हिग्स-बोसोन सिद्धांत के लिए संयुक्त रूप से भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया गया था.

    1960 के दशक में हिग्स और अन्य भौतिकविदों ने यह समझने की कोशिश की कि ब्रह्मांड आखिर किस चीज़ से बना है.

    इसी कोशिश में उन्होंने भौतिकी के मूल सवाल के जवाब को तलाशने की कोशिश की. साल 2012 में वैज्ञानिकों ने इस पर जानकारी हासिल कर ली, इसका नाम हिग्स बोसोन रखा गया.

  7. छत्तीसगढ़: दुर्ग ज़िले में मज़दूरों से भरी बस खदान में गिरी, 12 लोगों की मौत

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    छत्तीसगढ़ में बस हादसा

    इमेज स्रोत, ALOK PUTUL

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ में बस हादसा

    छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में मज़दूरों से भरी बस खदान में गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई है. हादसे में करीब 15 लोग घायल भी हुए हैं.

    स्थानीय पत्रकार आलोक पुतुल के अनुसार, हादसा दुर्ग के कुम्हारी के पास हुआ. बस में एक निजी कंपनी के कर्मचारी सवार थे.

    ज़िले की कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि की.

    घायलों के अनुसार हादसे वाली जगह पर अंधेरा था और स्ट्रीट लाइट्स भी बंद पड़ी थी. सड़क कच्ची थी और जिस खदान के गढ्ढे में यह बस गिरी, वहाँ पहले भी कई गाड़ियाँ दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी हैं लेकिन खदान के ख़ाली पड़े गड्ढों को भरने की कोई कोशिश नहीं की गई.

    मौक़े पर पहुँचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायलों से भी बात करने के बाद कहा कि जो बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, उसकी हेडलाइट भी नहीं जल रही थी. उन्होंने कहा कि मामले की जाँच के आदेश दिए जा चुके हैं.

    ये घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई. बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर 40 फुट गहरी खदान में गिर गई.

    प्रधानमंत्री मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    वहीं सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर लिखा, "दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई. इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ. दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है. मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ."

    (प्रशासन से मिली जानकारी के बाद इस स्टोरी को अपडेट किया गया है.)

  8. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है.

    9 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    (बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित)