You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

म्यांमार-थाईलैंड की सीमा पर स्थित शहर पर विद्रोहियों का कब्ज़ा

थाईलैंड से लगती म्यांमार की पूर्वी सीमा पर स्थित शहर म्यावड्डी की रक्षा के लिए तैनात सैकड़ों सैनिक अब सरेंडर करने को तैयार हो गए हैं.

लाइव कवरेज

संदीप राय and चंदन शर्मा

  1. वंदे भारत ट्रेनों के उद्घाटन कार्यक्रम पर इतने करोड़ रुपये हुए ख़र्च

  2. सहारनपुर में बोले पीएम मोदी- कांग्रेस के घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र की तुलना मुस्लिम लीग के विचार से की है.

    शनिवार को पश्चिमी यूपी के सहारनपुर में एक चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा, "जिस कांग्रेस ने कभी आज़ादी की लड़ाई लड़ी, महात्मा गांधी जैसे दिग्गज उसके साथ जुड़े हुए थे, लेकिन आज देश एक स्वर से कह रहा है कि आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाली कांग्रेस तो पहले ही समाप्त हो चुकी है. अब कांग्रेस के पास न नीतियां हैं न राष्ट्र निर्माण का विज़न."

    उन्होंने कहा, "कल कांग्रेस ने जिस तरह का घोषणापत्र जारी किया है, उससे साबित हो गया है कि आज की कांग्रेस आज के भारत की आशाओं और आकांक्षाओं से पूरी तरह कट चुकी है."

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस के घोषणापत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आज़ादी के आंदोलन के दौरान मुस्लिम लीग में थी. कांग्रेस के घोषणापत्र में पूरी तरह मुस्लिम लीग की छाप है और इस मुस्लिम लीग वाले घोषणापत्र में जो कुछ बचा रह गया, उसमें वामपंथी पूरा हावी हो चुके हैं."

    वहीं आज ही जयपुर में कांग्रेस एक रैली में अपने घोषणापत्र को लांच कर रही है जिसे उसने 'न्यायपत्र' का नाम दिया है.

    इस रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हो रहे हैं.

    कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया और उसमें 25 गारंटियों की बात की थी.

    कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इलेक्टोरल बॉन्ड पर कहा है कि 'संदिग्ध' सौदों की जांच की जाएगी और उन लोगों को क़ानून के दायरे में लाया जाएगा जिन्होंने इससे अनुचित माध्यम से अवैध लाभ कमाया है.

    इसके साथ ही कहा गया कि बीजेपी में शामिल होने वाले पंजीकृत मामलों के आरोपियों को क़ानून से बचने की अनुमति दी गई. ऐसे लोगों पर लगे आरोपों की फिर से जांच की जाएगी.

  3. पश्चिम बंगाल में एनआईए टीम पर हमला, पूर्व मेदिनीपुर में विस्फोट की जांच करने पहुंचे थे अधिकारी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर में करीब डेढ़ साल पहले एक विस्फोट की जांच के लिए पहुंची एनआईए की टीम पर हमले की खबर है.

    हमले में दो अधिकारियों को सामान्य चोट पहुंची है और उनकी कार के शीशे टूट गए हैं.

    एक पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. इस हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.

    स्थानीय लोगों ने बताया कि एनआईए ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के दो स्थानीय लोगों बलाई माइती और मनोब्रत मजूमदार को गिरफ्तार किया था.

    उनको अपने साथ ले जाने की कोशिश करने के दौरान स्थानीय लोगों से टकराव हुआ था. प्रदेश भाजपा ने आरोप लगाया है कि यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर हुआ है.

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों पर होने वाले हमलों को चिंताजनक बताते हुए दावा किया कि हमला तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने किया, स्थानीय लोगों ने नहीं.

    इससे पहले उत्तर 24-परगना जिले के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के घर पहुंची ईडी की टीम पर भी हमला हुआ था और उसके तीन अधिकारी घायल हो गए थे.

    क्या था मामला

    साल 2022 में दो दिसंबर को भूपतिनगर ग्राम पंचायत इलाके के एक गांव में रात 11 बजे हुए विस्फोट में तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष राजकुमार मन्ना, उनके भाई देवकुमार मन्ना और विश्वजीत गाएन की मौत हो गई थी.

    पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी, लेकिन बाद में अदालत ने यह मामला एनआईए को सौंप दिया था.

    एनआईए ने टीएमसी के दो नेताओं को समन भेजा था लेकिन उनके हाजिर न होने की वजह से एनआईए की टीम उनकी तलाश में आज मौके पर पहुंची थी.

    उनको साथ ले जाते समय ही उत्तेजित लोगों ने अधिकारियों की कार को घेर लिया और दोनों को छोड़ने की मांग करने लगे.

    एनआईए ने पुलिस में इस मामले की लिखित शिकायत की है. स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एनआईए ने स्थानीय थाने से पुलिस मांगी थी लेकिन पुलिस के जवानों के पहुंचने से पहले उसने अभियान शुरू कर दिया.

    टीम के साथ केंद्रीय बल के जवान मौजूद थे.

    बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि 'जिस तरह से राज्य में केंद्रीय एजेंसियों पर हमले हो रहे हैं उससे पता चलता है कि राज्य में क़ानून व्यवस्था बची नहीं है. जब एजेंसियों पर हमले हो रहे हैं तो जनता की क्या स्थिति होगी. जनता डर में जी रही है. ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में तानाशाही चला रही हैं.'

  4. कांग्रेस ने 6 लोकसभा उम्मीदवारों की नई सूची जारी की, गोवा के मौजूदा सांसद का टिकट कटा

    कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए छह उम्मीदवारों की एक ताज़ा सूची जारी की है.

    इस सूची में गोवा की दो सीटें, मध्य प्रदेश की तीन सीटें और दादर नागर हवेली (एसटी) की सीट शामिल हैं.

    गोवा से मौजूदा कांग्रेस सांसद फ़्रांसिस्को सरदिन्हा का टिकट कट गया है.

    नॉर्थ गोवा से रमाकांत खलप और साउथ गोवा से कैप्टन विरियाटो फ़र्नांडीस को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है.

    मध्य प्रदेश में मुरैना से सत्यपाल सिंह सिकरवार को, ग्वालियर से प्रवीण पाठक और खंडवा से नरेंद्र पटेल को टिकट दिया गया है.

    दादर नागर हवेली से अजीत रामजीभाई माहला को उम्मीदवार बनाया गया है.

  5. मालदीव ने किस बात के लिए भारत का किया धन्यवाद, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने क्या कहा

    बढ़े तनावों के बीच 2024-2025 में ज़रूरी सामानों के निर्यात कोटे को बढ़ाने के लिए मालदीव के विदेश मंत्री ने भारत का धन्यवाद किया है.

    इस पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नेबरहुड फ़र्स्ट की भारत की नीति को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई है.

    मालदीव के मंत्री मूसा ज़मीर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, भारत का फैसला दोनों देशों की पुरानी दोस्ती और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मालदीव के मंत्री मूसा ज़मीर के जवाब में लिखा, "आपका स्वागत है. भारत अपनी नेबरहुड फर्स्ट और 'सागर' नीतियों के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध है."

    नेबरहुड फ़र्स्ट की नीति के तहत भारत अपने पड़ोसी देशों अफ़ग़ानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका से क़रीबी रिश्ते को बढ़ावा देता है.

    मालदीव को निर्यात किए जाने वाली ज़रूरी चीजों का एक कोटा 1981 से ही तय है.

    मालदीव के बढ़ते निर्माण उद्योग के लिए ज़रूरी सामानों के कोटा में 25 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर इसे 10 लाख मिट्रिक टन कर दिया गया है.

    अंडे, आलू, प्याज़, चीनी, चावल, आटा और दाल के कोटे में पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है.

    पिछले साल जब भारत ने चीनी, चावल और प्याज़ के निर्यात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था तब भी मालदीव को निर्यात किया गया था.

  6. रूसी एयरबेस पर हमले के दूसरे दिन यूक्रेनी शहर ख़ारकीएव पर रूसी ड्रोन का हमला

    यूक्रेन के शहर ख़ारकीएव पर हुए रूसी ड्रोन हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है.

    मेयर इहोर टेरेखोव ने कहा कि शनिवार को तड़के ईरान निर्मित शाहिद ड्रोन कई इमारतों पर गिरा जिसमें कुछ अपार्टमेंट ब्लॉक भी हैं.

    ख़ारकीएव रूसी सीमा का सबसे क़रीबी यूक्रेनी शहर है. हाल के दिनों में रूस ने इस पर हमले तेज़ कर दिए हैं.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि रूस इस शहर पर भविष्य में हमला कर सकता है.

    टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर मेयर टेरेखोव ने बताया कि इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस ने बताया कि कुछ अपार्टमेंट ब्लॉक, पेट्रोल स्टेशन और प्रशासनिक भवनों और कारों को नुकसान पहुंचा है.

    शुक्रवार को यूक्रेन ने रूस के छह विमानों को नष्ट करने का दावा किया था.

    यूक्रेन के रक्षा सूत्रों ने बीबीसी यूक्रेनियन को बताया कि रोस्तोव क्षेत्र में हुए इस हमले में आठ अन्य विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    वहीं इस हमले में 20 सैनिकों के हताहत होने का अनुमान लगाया गया है.

    रिपोर्टों के अनुसार, मोरोज़ोव्स्क एयरबेस पर यूक्रेन की लड़ाई में इस्तेमाल होने वाले सुखोई-27 और सुखोई-34 विमानों को रखा जाता है.

  7. स्मृति ईरानी ने 'सास-बहू' सीरियल को क्यों बताया ज़िंदगी की असलियत से कोसों दूर?

    बेंगलुरू में एक मीटिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, “सास-बहू सीरियल ज़िंदगी की असलियत से कोसों दूर है. जो ज़िंदगी की असलियत को समझे और गंभीर रूप से राजनीति में भाग ले, उसी महिला का सामाजिक और राजनीतिक जीवन सफल है.”

    उन्होंने महिलाओं से आग्रह करते हुए कहा, “अगर हम चाहते हैं कि महिलाओं को कोई गंभीरता से ले तो गंभीर राजनीतिक मुद्दों पर अपना ध्यान आकर्षित रखें.”

    उन्होंने कहा, “विपक्ष का हाल ये है कि वायनाड में झगड़ा चल रहा है. लेफ़्ट पार्टी कह रही है कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में जाते, चुनाव लड़ते लेकिन वही लेफ़्ट के लोग जब गठबंधन की मीटिंग में दिल्ली जाते हैं तो राहुल गांधी को गले लगाते हैं.”

    एकता कपूर के सीरियल ‘सास भी कभी बहू थी’ से मशहूर स्मृति ईरानी ने राजनीति में भी अभूतपूर्व कामयाबी हासिल की.

    उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी की सबसे 'वीआईपी सीट' पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया था.

    अभी जब आगामी लोकसभा चुनावों के लिए राहुल गांधी ने केरल की वायनाड से दोबारा नामांकन भरा तो स्मृति ईरानी भी वायनाड पहुंचीं और भाजपा उम्मीदवार की नामांकन रैली में शामिल हुईं.

  8. अमेरिका में एक और भारतीय छात्र की मौत, भारतीय कॉन्सुलेट ने कहा पुलिस कर रही जांच

    अमेरिका के ओहायो में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है. न्यूयॉर्क में भारतीय कॉन्सुलेट ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

    अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चला है.

    कॉन्सुलेट जनरल ऑफ़ इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क्लीवलैंड, ओहायो में भारतीय छात्र उमा सत्य साई गाड्डे की मौत बेहद दुखद है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उमा के शव को जल्द भारत ले जाने समेत हर संभव मदद की कोशिश हो रही है."

    अमेरिका में रह रहे भारतीय और भारतीय मूल के छात्रों की मौत के कई मामले सामने आए हैं.

    उमा सत्य साई की मौत ताज़ा मामला है जिससे अमेरिका में रह रहा भारतीय समुदाय सदमे में है.

    इस साल कितने भारतीयों पर हमला

    इस साल क़रीब आधा दर्जन भारतीय छात्रों पर जानलेवा हमले हुए हैं.

    बीते मार्च में 34 साल के एक क्लासिकल डांसर अमरनाथ घोष की गोली मार कर हत्या कर दी गई.

    मोहम्मद अब्दुल अराफ़ात क्लीवलैंड यूनिवर्सिटी में मई 2023 में पढ़ने गए थे लेकिन इस साल सात मार्च से लापता हैं.

    फ़रवरी में एक भारतीय छात्र समीर कामथ को मृत पाया गया, जबकि आईटी एक्ज़ीक्युटिव विवेक तनेजा पर जनलेवा हमला हुआ था.

    एक अन्य छात्र नील आचार्या की लाश कई दिनों तक लापता रहने के बाद 30 जनवरी को मिली.

    29 जनवरी को एक बेघर ने एक स्टोर के अंदर भारतीय छात्र विवेक सैनी पर हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी थी.

  9. पीएम मोदी पर 'आपत्तिजनक' टिप्पणी के बाद बीजेपी ने चुनाव आयोग से की ममता की शिकायत

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार की चुनावी सभा में भाषण के दौरान प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए 'आपत्तिजनक' शब्द का इस्तेमाल किया.

    हालांकि भाषण के दौरान ही उन्होंने अपना दुख जताया और कहा कि नाराज़गी की वजह से ऐसा कह दिया.

    भाजपा ने चुनाव आयोग से उनकी शिकायत की है.

    भाजपा ने आयोग को भेजी शिकायत में कहा है, "ममता बनर्जी ने कूचबिहार में केंद्रीय परियोजनाओं का ज़िक्र करने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ 'आपत्तिजनक शब्द' का इस्तेमाल किया था. यह देश के प्रधानमंत्री का अपमान तो है ही, इससे चुनावी आचार संहिता का भी उल्लंघन हुआ है."

    ममता ने कहा था कि 'केंद्रीय योजनाओं के लिए केंद्र सरकार महज़ आधा पैसा देती है. आधा राज्य सरकार को खर्च करना पड़ता है. बावजूद इसके तमाम कागजों पर सिर्फ प्रधानमंत्री की तस्वीर रहती है. ऐसा क्यों होगा?'

    भाजपा ने अपने पत्र में कहा है कि टीएमसी विधायक असित मजूमदार ने भी बीजेपी की हुगली की उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी.

    पार्टी ने उनके ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की अपील की है.

  10. ग़ज़ा युद्ध विराम प्रस्ताव से भारत ने बनाई दूरी, पर फ़लस्तीनियों के आत्मनिर्णय का किया समर्थन

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में ग़ज़ा में युद्ध विराम की मांग वाले एक प्रस्ताव पर वोटिंग से भारत ने खुद को अलग रखा.

    शुक्रवार को हुए इस मतदान में भारत समेत 13 देशों ने हिस्सा नहीं लिया. 28 देशों ने पक्ष में जबकि अमेरिका और जर्मनी समेत छह देशों ने इसके ख़िलाफ़ वोट किया.

    परिषद में पांच प्रस्ताव पास किए गए. इनमें ग़ज़ा पट्टी की घेरेबंदी हटाए जाने की मांग वाला प्रस्ताव भी शामिल है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि ‘छह महीनों में इसराइली सेना ने ग़ज़ा में बिना रुके मौत और तबाही को अंजाम दिया है. खाने और पानी के बिना बच्चे मर रहे हैं. फ़लस्तीनी लोगों को सामूहिक सज़ा देने को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता है.’

    एंटोनियो गुटेरेस लगातार ग़ज़ा में युद्ध विराम की अपील कर रहे हैं और ग़ज़ा में पूरी आबादी के भुखमरी की स्थित में पहुंचने की चेतावनी दे रहे हैं.

    संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक इसराइली सेना के अभियान में अब तक एक लाख से अधिक फ़लस्तीनी या तो मारे गए या घायल हुए हैं, जिनमें एक तिहाई बच्चे हैं.

    फ़लस्तीनियों के आत्मनिर्णय को भारत का समर्थन

    शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पेश किए गए पांच प्रस्तावों में से तीन पर भारत ने पक्ष में मतदान किया.

    संयुक्त राष्ट्र में फ़लस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय का अधिकार, सीरिया के कब्ज़े वाले गोलान में मानवाधिकार, सीरियाई गोलान और पूर्वी यरूशलम समेत कब्ज़े वाले फ़लस्तीनी इलाके में इसराइली बस्तियों के मामले में प्रस्ताव पेश किए गए थे.

  11. न्यूयॉर्क में भूकंप के तेज़ झटके, हिलने लगी स्टैचू ऑफ़ लिबर्टी, घरों और सड़कों पर दरारें

    शुक्रवार को आए भूकंप के तेज़ झटकों से अमेरिका के न्यूयॉर्क में गगनचुंबी इमारतें हिलने लगीं. यह भूकंप रिक्टर स्केल पर 4.8 तीव्रता का था और इससे सड़कों पर दरारें पड़ गईं.

    वीडियो में दिख रहा है कि न्यूयॉर्क की आइकोनिक प्रतिमा स्टैचू ऑफ़ लिबर्टी और कई इमारतें हिलती दिख रही हैं.

    न्यू जर्सी के पास आए इस भूकंप को पेन्सिल्वेनिया से लेकर कनेक्टिकट तक महसूस किया गया.

    लोगों ने कहा कि उन्हें ज़मीन के अंदर गड़गड़ाहट की आवाज़ सुनाई दी. घर के अंदर सामान गिर गए और कई जगहों पर दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं.

    अधिकारी अब इस भूकंप से हुए नुक़सान का आंकलन करने में जुटे हुए हैं.

    यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप के बाद कम से कम छह आफ़्टरशॉक्स महसूस किए गए जिनमें एक 4 तीव्रता का था.

    स्थानीय निवासी जोन कॉक्सवेल ने बीबीसी को बताया कि उन्हें लगा कि ज़मीन के अंदर ट्रेन गुज़र रही है. वो लोवर मैनहट्टन में रहती हैं. लेकिन फिर उन्हें एहसास हुआ कि वो तो इमारत के नौवीं मंज़िल पर हैं.

    जिस समय भूकंप आया उस समय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के मुख्यालय में ग़ज़ा को लेकर एक बैठक चल रही थी. लेकिन भूकंप की वजह से इसे थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा.

    उस समय सेव द चिल्ड्रेन की प्रतिनिधि जांती सोएरिप्तो का भाषण चल रहा था, तभी उन्होंने अचानक कहा, "क्या ये भूकंप है? "

    अमेरिका के ईस्ट कोस्ट का इलाका सुरक्षित माना जाता है और कहा जा रहा है कि यह भूकंप 140 साल बाद आया है.

    जियोलॉजिकल सर्वे का कहना है कि यहां लाखों साल पहले सक्रिय टेक्टोनिक प्लेट थी, लेकिन बाद में निष्क्रिय हो गईं, हो सकता है फिर से उसमें हलचल शुरू हुई हो.

  12. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    5 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के यहां क्लिक करें.