You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

म्यांमार-थाईलैंड की सीमा पर स्थित शहर पर विद्रोहियों का कब्ज़ा

थाईलैंड से लगती म्यांमार की पूर्वी सीमा पर स्थित शहर म्यावड्डी की रक्षा के लिए तैनात सैकड़ों सैनिक अब सरेंडर करने को तैयार हो गए हैं.

लाइव कवरेज

संदीप राय and चंदन शर्मा

  1. संजय सिंह ईडी की कार्रवाई, जेल की क़ैद और अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर क्या बोले?

  2. म्यांमार-थाईलैंड की सीमा पर स्थित शहर पर विद्रोहियों का कब्ज़ा

    तीन साल पहले म्यांमार की सत्ता पर कब्ज़ा करने वाले सैन्य शासन को एक और बड़ी हार का सामना करना पड़ा है.

    थाईलैंड से लगती म्यांमार की पूर्वी सीमा पर स्थित शहर म्यावड्डी की रक्षा के लिए तैनात सैकड़ों सैनिक अब सरेंडर करने को तैयार हो गए हैं.

    ये सैनिक हफ़्तों से कैरेन विद्रोही और म्यांमार में तख़्तापलट विरोधी अन्य संगठनों से लड़ रहे थे.

    म्यावड्डी का महत्व इस बात से लगाया जा सकता है कि थाईलैंड के साथ म्यांमार का अधिकांश स्थलीय व्यापार इसी शहर से होकर गुजरता है.

    कैरेन नेशनल यूनियन ने शुक्रवार को एलान किया कि उसने म्यावड्डी से लगभग 10 किमी पश्चिम में थंगान्यिनौंग शहर में मौजूद सेना के एक बटालियन का सरेंडर करवा लिया है.

    इस संगठन ने अपने उत्साहित लड़ाकों का एक वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो में लड़ाके अपने कब्ज़े में लिए गए हथियारों का बड़ा जखीरा दिखा रहे थे.

    इस सरेंडर के बाद कैरेन विद्रोही म्यावड्डी के भीतर तैनात एकमात्र बटालियन के सरेंडर के लिए उनसे बातचीत में जुट गए. बातचीत के बाद सेना की यह टुकड़ी सरेंडर के लिए तैयार हो गई.

    म्यांमार के सैनिक शासन के लिए यह एक गंभीर झटका है.

    पिछले कुछ महीनों के दौरान, चीन की सीमा के पास शान राज्य और बांग्लादेश की सीमा के पास रखाइन राज्य के बहुत बड़े इलाक़ों से भी सेना को खदेड़ दिया गया.

  3. लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र के वादे कितने असरदार?

  4. बोकारो स्टील प्लांट में गैस रिसाव की अफ़वाह, धुएं से कई लोग बीमार

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट की एक यूनिट में ज़हरीले धुएं (स्मोक) से कई कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई. इससे प्रभावित कुल 23 मज़दूरों को बोकारो जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

    इनमें से कुछ को छुट्टी दे दी गई है. शुरुआती ख़बरों में इसे गैस रिसाव बताया गया था. इसके बाद पूरे शहर में कई तरह की अफ़वाहें फैलने लगीं.

    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बोकारो की डीसी जाधव विजया नारायण राव ने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके़ पर भेजा और प्लांट प्रबंधन से इसकी रिपोर्ट तलब की.

    प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही प्लांट प्रबंधन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था. इस कारण स्थिति जल्दी नियंत्रण में आ गई.

    इसके बाद बोकारो स्टील प्लांट की संचालक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने एक विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि वहां गैस का रिसाव नहीं हुआ है और इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है.

    कैसे हुई घटना

    बोकारो स्टील प्लांट के प्रवक्ता मणिकांत धान ने बताया कि हॉट स्टील प्लांट वाले यूनिट में सुबह मेंटेनेंस के वक्त मिक्स्ड गैस पाइपलाइन में आग लगने के कारण यह हादसा हुआ.

    इससे हॉट स्ट्रिप मिल के लिए री-हीटिंग फरनेस में गैस सप्लाई की जाती है.

    उन्होंने कहा, "हादसे के वक्त वह पाइपलाइन बंद थी और उसमें तब कोई गैस नहीं थी. एक कंपेनसेटर बदले जाने की प्रक्रिया में पाइपलाइन में कटिंग- वेल्डिंग का काम कराया जा रहा था. तभी वेल्डिंग से निकलने वाली चिंगारी से पाइपलाइन के अंदर जमा सल्फर और ज्वलनशील गैसों के कारण आग लग गई. इसके बाद काफी धुंआ निकला. वह हॉट स्ट्रिप मिल तक फैल गया. इससे कुछ देर के लिए अफ़रातफ़री मची लेकिन उसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया."

  5. जर्मनी के लिए निकले हरियाणा के दो भाई रूस की जेल में कैसे पहुंचे?

  6. कोहली के शानदार शतक के बूते आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को दिया 184 रन का लक्ष्य

    विराट कोहली के शानदार शतक के दम पर रॉ​यल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 184 रन का लक्ष्य रखा है.

    आरसीबी ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए.

    ओपनिंग करने उतरे कोहली ने 72 गेंद पर 113 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए. उन्होंने अपनी पारी में चार छक्के और 12 चौके लगाए.

    आईपीएल में कोहली का यह आठवां शतक है, जो सबसे अधिक है. हालांकि आईपीएल इतिहास में वे सबसे धीमा शतक बनाने वाले खिलाड़ी बने हैं. उन्होंने 67 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.

    कोहली ने अपनी टीम के एक अन्य ओपनर और कप्तान फाफ डू प्लेसिस के 44 रन के सहारे पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़े थे.

    हालांकि उसके बाद ग्लेन मैक्सवेल ने 1 रन, सौरभ चौहान ने 9 रन ही बनाए.

    राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाज़ी में युजवेंद्र चहल ने दो विकेट लिए.

    इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर रॉ​यल चैलेंजर्स बैंगलोर को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया.

    जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में यह मैच खेला जा रहा है.

    अंकतालिका में छह अंकों के साथ राजस्थान रॉयल्स दूसरे नंबर पर है. उसने अभी तक तीन मैच खेले हैं.

    वहीं दो अंकों के साथ आरसीबी आठवें नंबर पर है. चार मैचों में से उसने केवल एक मैच ही जीते हैं.

  7. ईडी की कार्रवाई, जेल की सज़ा और केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर संजय सिंह ने क्या कहा...

  8. राहुल गांधी ने हैदराबाद में लॉन्च किया पार्टी का घोषणा-पत्र, कहा- पांच गारंटी है इसकी आत्मा

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में हैदराबाद में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा-पत्र लॉन्च किया.

    इस मौक़े पर राहुल गांधी ने कहा कि वे आज कांग्रेस पार्टी का मैनिफेस्टो लॉन्च करने आए हैं.

    उनके अनुसार, तेलंगाना में हमने गारंटी दी थी, वो जनता के दिल की आवाज़ थी. वही काम अब हम राष्ट्रीय स्तर पर कर रहे हैं.

    राहुल गांधी ने पार्टी का वादा दोहराते हुए कहा कि केंद्र में सरकार बनाने पर भी 500 रुपये में सिलेंडर, ⁠200 यूनिट मुफ्त बिजली, ⁠फ्री बस यात्रा और⁠ गृहलक्ष्मी योजना दी जाएगी.

    उन्होंने पार्टी के पांच न्याय- युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय और हिस्सेदारी न्याय की चर्चा की और कहा कि मैनिफेस्टो की आत्मा इन पांच गारंटियों में है.

    राहुल गांधी ने तेलंगाना की पहले की केसी राव सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने हज़ारों लोगों के फोन टैप किए, इंटेलीजेंस-टैक्स एजेंसियों और पुलिस का ग़लत इस्तेमाल किया.

    उन्होंने कहा कि पिछले मुख्यमंत्री ने लोगों को डरा-धमकाकर सरकार चलाई थी और जनता से उनका धन छीना था.

  9. आईपीएल: राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर आरसीबी को दिया पहले बैटिंग करने का न्योता

    आईपीएल में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स और रॉ​यल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मैच खेला जा रहा है.

    राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर रॉ​यल चैलेंजर्स बेंगलुरू को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया है.

    जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में यह मैच खेला जा रहा है.

    अंकतालिका में छह अंकों के साथ राजस्थान रॉयल्स दूसरे नंबर पर है. उसने अभी तक तीन मैच खेले हैं.

    वहीं दो अंकों के साथ आरसीबी आठवें नंबर पर है. चार मैचों में से उसने केवल एक मैच ही जीते हैं.

  10. शादी से जुड़े विवाद के मामले में महिला के साथ बदसलूकी पर पंजाब पुलिस ने क्या बताया

      • Author, रविंदर सिंह रॉबिन
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    पंजाब के तरनतारन के एक गांव में एक महिला को कथित तौर पर पीटने और उन्हें नंगा करके घुमाने का मामला सामने आया है.

    इतना ही नहीं, ऐसी हालत में इस महिला का वीडियो बनाकर बाद में उसे वायरल कर दिया गया.

    इस घटना का एक कथित वीडियो सामने आया है जिसमें महिला नग्न अवस्था में नज़र आ रही है.

    पीड़िता का आरोप है कि उनके साथ ऐसा व्यवहार इसलिए किया गया कि उनके बेटे ने क़रीब एक माह पहले पड़ोस की एक लड़की से भागकर शादी कर ली.

    आरोपों के मुताबिक़, इस मामले में ​शामिल लोगों ने ख़ुद को ढंकने की कोशिश कर रही महिला के न सिर्फ़ कपड़े छीन लिए, बल्कि सड़कों पर दौड़ते हुए उनका वीडियो भी बनाया.

    यही नहीं बाद में उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया. वायरल हुए वीडियो में महिला कैमरे से बचने के लिए लोगों की दुकानों में छिपने की कोशिश करती नज़र आ रही है.

    यह घटना 31 मार्च की बताई जा रही है.

    महिला का आरोप है कि लड़की की मां के अलावा दो अज्ञात लोग उनके घर के बाहर आए और लड़की के भाई पर चिल्लाने लगे.

    उनके अनुसार, जब वो घर से बाहर निकलीं तो उन लोगों ने उनकी पिटाई करने के अलावा उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें पूरी तरह नंगा कर दिया और उसी हालत में वीडियो बना लिया.

    उन्होंने बताया कि इन लोगों से बचने के लिए वो 'भागती रहीं और दुकानों में शरण लेती रहीं".

    क्या बताया एसएसपी ने

    पुलिस के अनुसार, उसने एक ही परिवार के तीन लोगों सहित दो अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

    तरनतारन के एसएसपी अश्वनी कपूर ने घटना के बारे में पत्रकारों को विस्तार से बताया.

    उन्होंने कहा, "पीड़ित महिला के बेटे को एक लड़की से प्यार हो गया और उसने कोर्ट में शादी कर ली. लड़की का परिवार इस शादी के ख़िलाफ़ था. लड़की की मां अपने दो बेटों और दो अन्य पुरुषों के साथ लड़के के घर गई. वहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई और उनके बीच हाथापाई हो गई. इस दौरान लड़के की मां के कपड़े फट गए."

    एसएसपी के अनुसार, "घटना के मुख्य अभियुक्त और लड़की के भाई गुरशरण ने महिला का वीडियो बना लिया. आपसी सुलह के इंतज़ार में शिकायत दर्ज करने से पहले उन्होंने कुछ दिन इंतज़ार किया."

    उन्होंने बताया, "लेकिन जैसे ही एफआईआर दर्ज हुई, अभियुक्त ने वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया. अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की टीमें बनाई और इसमें एक टीम को सफलता मिली. अभियुक्त अमृतसर बस स्टैंड पर था और पंजाब से बाहर भागने की फिराक में था."

  11. 'मंकी मैन' देव पटेल: 'मैं जेम्स बॉन्ड नहीं बनना चाहता हूं...'

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, इसराइली सेना का दावा- बंधक बनाए गए एक शख़्स का शव ग़ज़ा से लाया गया

    इसराइल की सेना ने कहा है कि ग़ज़ा पट्टी के ख़ान यूनिस शहर में रात भर की कार्रवाई के बाद बंधक बनाकर ग़ज़ा ले जाए गए एक शख़्स का शव उसने बरामद किया है.

    एलाद कात्ज़िर नाम के इस शख़्स को हमास के लड़ाके पिछले साल 7 अक्टूबर को दक्षिणी इसराइल के किबुत्ज़ निर ओज़ से बंधक बनाकर ग़ज़ा पट्टी ले गए थे.

    इसराइल की सेना (आईडीएफ) और इसराइल सिक्योरिटीज अथॉरिटी (आईएसए) ने कहा है कि बरामद किए गए शव को इसराइल वापस लाया गया है.

    चिकित्सा अधिकारियों ने शव की पहचान करके परिजनों को सूचित कर दिया है.

    आईडीएफ और आईएसए ने अपने संयुक्त बयान में कहा, "अपहृत एलाद कात्ज़िर का शव को रात में ख़ान यूनिस से बरामद करके इसराइली क्षेत्र में लाया गया. ख़ुफ़िया जानकारी के अनुसार, इस्लामिक जिहाद नामक आतंकवादी संगठन ने बंधक बने रहने के दौरान इनकी हत्या कर थी."

    बयान के अनुसार, 'सटीक' ख़ुफ़िया जानकारी का उपयोग करके उनके शव को ढूंढा गया.

    47 साल के एलाद कात्ज़िर को उनकी 77 साल की मां हन्ना के साथ अपहरण किया गया था.

  13. इसराइल क्या अकेला पड़ता जा रहा है?

  14. राजनाथ सिंह के 'घुसकर मारेंगे' वाले बयान की पाकिस्तान ने की निंदा, भारत पर लगाए ये आरोप

    किसी चरमपंथी को ज़रूरत पड़ने पर पाकिस्तान में घुसकर मारने के भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान की पाकिस्तानी विदेश मंत्राालय ने निंदा की है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि भारत की मौजूदा सरकार 'अति-राष्ट्रवादी' भावनाओं को भड़काने के लिए द्वेषपूर्ण बयानबाज़ी करती है और चुनावी लाभ के लिए इस तरह के मुद्दों का उपयोग करती है.

    पाकिस्तान के अनुसार, "इस तरह के अदूरदर्शी और ग़ैर-ज़िम्मेदारी वाले व्यवहार से न केवल क्षेत्रीय शांति कमज़ोर होती है, बल्कि दीर्घकालिक रचनात्मक जुड़ाव की संभावनाएं भी बाधित होती है."

    इस बयान में दावा किया गया है कि पाकिस्तान में हो रही हत्याओं के बारे में उसने इस साल 25 जनवरी को भारत को अकाट्य सबूत दिए हैं.

    विदेश मंत्रालय ने भारत के उस बयान पर उसे घेरा है जिसमें कहा गया है कि भारत पाकिस्तान में 'आतंकवादियों' को मारेगा.

    उसने भारत के इस बयान को पाकिस्तान में भारत की ग़ैर क़ानूनी गतिविधियों की स्वीकारोक्ति बताया है.

    पाकिस्तान ने अपने बयान में कहा है, “पाकिस्तान किसी भी आक्रामक कार्रवाई के ख़िलाफ़ अपनी संप्रभुता की रक्षा करने के अपने इरादे और अपनी क्षमता को लेकर दृढ़ है, जैसा कि फरवरी 2019 में भारत की लापरवाह घुसपैठ पर पाकिस्तान के ठोस जवाब से पता चला था.”

  15. सोनम वांगचुक अब चीन की सीमा तक क्यों करने जा रहे हैं मार्च - प्रेस रिव्यू

  16. नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव के ख़िलाफ़ दाख़िल की चार्जशीट, सपेरों से संपर्क होने का दावा

    जाने-माने यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी के विजेता एल्विश यादव और सात अन्य नेताओं के ख़िलाफ़ नोएडा पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाख़िल कर दिया है.

    इस आरोप पत्र में सांपों की तस्करी से लेकर रेव पार्टियों के आयोजन तक के आरोप लगाए गए हैं.

    नोएडा के डीसीपी विद्यासागर मिश्रा के अनुसार, इस आरोप पत्र में कहा गया है कि एल्विश यादव सपेरों के संपर्क में थे.

    डीसीपी के अनुसार, पुलिस के पास मौजूद एफएसएल की रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के आधार पर यह आरोप पत्र तैयार किया गया है.

    उनके अनुसार, मौक़े से एक ज़हरीला सांप और करैत प्रजाति के सांप का 20 एमएल ज़हर भी बरामद किया गया था.

    एल्विश यादव और अन्य लोगों के ख़िलाफ़ पिछले साल नवंबर में आईपीसी और वन्य जीव संरक्षण क़ानून के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई थी.

    उन्होंने बताया कि आरोप पत्र तैयार करने के लिए 24 गवाहों से पूछताछ की गई. बताया गया है कि यह आरोप पत्र 1,200 पन्नों की है.

  17. आरएसएस-बीजेपी के बैकग्राउंड से निकला वो नेता जो पीएम मोदी को चुनावी मैदान में दे रहा है चुनौती

  18. मायावती के भतीजे और उत्तराधिकारी आकाश आनंद ने क्यों कहा- अब कांग्रेस का समय नहीं रहा

    कांंग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में दलितों का कोटा बनाए रखने के वादे पर बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे और उत्तराधिकारी आकाश आनंद ने कहा कि अब कांग्रेस का समय नहीं रहा.

    वे कांग्रेस की ओर से नई दिल्ली में शुक्रवार को जारी हुए घोषणा पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे.

    आकाश आनंद ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए शनिवार को कहा, "वो पिछले 50-60 साल से सत्ता में है. अब वो दलितों और पिछड़े वर्गों के लिए क्यों बात कर रहे हैं. अब कोई समय नहीं रहा उनका."

    उनसे जब पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए के '400 पार' के लक्ष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "एनडीए जहां जाना चाहे, वो जा सकती है. हम अपने और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बारे में टिप्पणी कर सकते हैं."

    आकाश आनंद के अनुसार, उनकी उम्मीदें बीएसपी के कार्यकर्ताओं से है. उन्हें विपक्षी दलों से कोई मतलब नहीं है.

    उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता हमेशा पार्टी से जुड़े रहे हैं.

    कौन हैं आकाश आनंद

    आकाश आनंद, मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे हैं. आकाश ने ब्रिटेन से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है.

    बीएसपी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक़ दिसंबर 2023 में मायावती ने लखनऊ में 2024 के लोकसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा के लिए बुलाई बैठक में आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी बनाए जाने का एलान किया.

    साल 2019 में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने के बाद से ही आकाश आनंद को बीएसपी सुप्रीमो के उत्तराधिकारी के तौर पर तैयार किया जाने लगा था.

  19. हरियाणा से नौकरी की ख़ातिर जर्मनी के लिए निकले दो भाई कैसे पहुंच गए रूस की जेल

  20. सोनिया गांधी ने मोदी सरकार के 10 साल को बताया हताशा से भरा कार्यकाल, गिनाई कई समस्याएं

    कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर बेरोज़गारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने जयपुर में पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए ये आरोप लगाए हैं.

    इस रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई अन्य नेता मौजूद थे.

    इस रैली में कांग्रेस के घोषणा पत्र को सार्वजनिक तौर पर लॉन्च किया गया. पार्टी ने इसे न्याय पत्र का नाम दिया है.

    सोनिया गांधी ने कहा, "हमारा देश पिछले 10 साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोज़गारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी. मोदी सरकार ने जो किया है वो आपके सामने है. इसीलिए यह हताशा से भरा हुआ समय है, लेकिन हताशा के साथ उम्मीद का भी जन्म होता है."

    उन्होंने कहा, "मोदी जी ख़ुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं. विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और बीजेपी में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. हमारे देश का लोकतंत्र ख़तरे में है. हमारे संविधान को बदलने की साज़िश की जा रही है."

    खड़गे का पीएम पर 'गारंटी' शब्द चुराने का आरोप

    पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर 'गारंटी' शब्द चुराने का आरोप लगाया है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "वे (पीएम) कह रहे हैं मेरी गारंटी है. गारंटी तो हमारे शब्द हैं जिसे प्रधानमंत्री ने चुरा लिया. हमने हिमाचल में गारंटी दी, जो गारंटी हमने वहां दी उसे हमने लागू किया. तेलंगाना में जो हमारी गारंटी थी उसे हमने लागू किया. आपकी कौन सी गारंटी है? मोदी जी हमेशा लोगों को भ्रमित करते हैं."

    खड़गे ने कहा, "आपने इस देश के लिए कुछ भी नहीं किया और आप कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में क्या किया. हम 55 वर्ष सत्ता में थे. हमने 55 सालों में क्या किया उसका हम हिसाब दे रहे हैं. हमने राजस्थान में क्या किया, इसका भी हिसाब दे रहे हैं. आप अपना हिसाब दीजिए कि आपने क्या किया है."

    उन्होंने कहा, "प्रियंका गांधी जी ने हमारे घोषणा पत्र के बारे में बताया. हमारी जो 5 न्याय गारंटी है, उसके तहत ही हमने 25 गारंटी देने का वादा किया है. हम झूठ बोलने वालों में से नहीं है जैसे कि पीएम मोदी बोलते हैं. उन्होंने हमसे पहले कितनी गारंटी दी है? उन्होंने कौन सी गारंटी लोगों को दी है और वो लोगों तक पहुंची है?"

    प्रियंका गांधी ने भी लगाए आरोप

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस रैली में कहा, "हमारे घोषणा पत्र को हमने न्याय पत्र का नाम दिया है, ताकि ये स्पष्ट हो कि ये सिर्फ़ घोषणाओं की एक सूची नहीं है जिन्हें हम चुनाव के बाद भूल जाएंगे. ये एक संघर्ष की आवाज़ है, इस देश की आवाज़ है, जो आज न्याय मांग रही है."

    उन्होंने आरोप लगाया, "आप जो वोट डालने जा रहे हैं, वह देश के लोकतंत्र को बचाएगा. आप सोच रहे होंगे कि हमारा लोकतंत्र ख़तरे में कैसे है. ऐसा इसलिए है क्योंकि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो बड़ी-बड़ी संस्थाएं बनाई गई हैं उन्हें कमज़ोर किया जा रहा है, उनका दुरुपयोग किया जा रहा है. आज स्थिति यह है कि लोगों को ईवीएम पर भी भरोसा नहीं है."