You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
आत्मघाती हमले में चीन के पांच नागरिकों के मारे जाने पर क्या बोला पाकिस्तान
पाकिस्तान ने चीनी नागरिकों की मौत पर चीन के प्रति संवेदना भी जताई है.
लाइव कवरेज
स्नेहा and चंदन शर्मा
अमेरिका के बाल्टीमोर में पुल से जहाज़ की टक्कर के बाद 20 लोग लापता, बचाव अभियान जारी
अमेरिका के बाल्टीमोर में स्थानीय समय के अनुसार रात डेढ़ बज़े सिंगापुर का एक जहाज़ स्थानीय 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' से टकरा गया. इसके कारण पुल का बड़ा हिस्सा गिर गया.
बाल्टीमोर सिटी फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता केविन कार्टराइट ने बताया कि इस हादसे में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हुए हैं.
उन्होंने अमेरिकी न्यूज़ चैनल सीबीएस न्यूज़ को बताया है कि राहत और बचाव दल के लोग घटनास्थल पर पहुंच कर पटाप्सको नदी में गिरे 20 लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं.
उन्होंने ये भी कहा कि और जानकारी मिलने के बाद हालात के बदलने की उम्मीद है. आधिकारिक तौर पर अभी किसी के भी मरने की पुष्टि नहीं हुई है.
बाल्टीमोर फ़ायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने कहा है कि बाल्टीमोर पुल हादसे में 'कई लोगों की मौत हो सकती है.'
उनके अनुसार, जिस जगह यह हादसा हुआ वहां का तापमान माइनस एक डिग्री था.
दूसरी ओर, 'डाली' नामक जहाज़ को संचालित करने वाली कंपनी सिनर्जी मरीन ग्रुप ने बताया कि इस हादसे में जहाज़ के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. हालांकि घटना की असल वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है.
विराट कोहली ने टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर किसको दिया है कड़ा संदेश
हिमाचल और गुजरात विधानसभा के उपचुनावों के लिए बीजेपी ने कांग्रेस के बाग़ी विधायकों को दिए टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को कई राज्यों में विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया.
बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा से अयोग्य करार दिए गए कांग्रेस के सभी छह विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा है. ये विधायक कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुजरात में भी बीजेपी ने पार्टी में हाल में शामिल हुए कई विधायकों को टिकट दिया है.
गुजरात के बीजेपी के उम्मीदवारों में चार कांग्रेस से आए हैं. उनके इस्तीफे के बाद ये सीटें खाली हुई थीं.
हिमाचल प्रदेश में बीजेपी ने सुधीर शर्मा (धर्मशाला), रवि ठाकुर (लाहौल और स्पीति), राजिंदर राणा (सुजानपुर), इंदर दत्त लखनपाल (बड़सर), चैतन्य शर्मा (गगरेट) और देविंदर कुमार भुट्टो (कुटलैहड़) को उम्मीदवार बनाया है.
कांग्रेस के इन छह पूर्व विधायकों को राज्यसभा चुनाव में पार्टी के व्हिप का उल्लंघन करने के कारण अयोग्य क़रार दिया गया था.
कांग्रेस के इन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में वोट दिया था, जिससे कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था.
बीजेपी ने गुजरात में पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है.
इनमें अर्जुनभाई देवभाई मोधवाडिया, चतुरसिंह जावंजी चावड़ा और अरविंदभाई जिवाभा लड़ानी शामिल हैं.
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की दो और कर्नाटक की एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है.
इसके अलावा, पार्टी ने सिक्किम की नौ सीटों के लिए दूसरी सूची भी जारी कर दी है. सिक्किम में विधानसभा चुनाव तो लोकसभा चुनाव के साथ ही हो रहे हैं.
हाल में बीजेपी ने सिक्किम में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के साथ अपने गठबंधन टूटने का एलान किया था.
जेएनयू छात्र संघ चुनाव में लेफ़्ट का दबदबा, एबीवीपी को इतने वोट मिले
जवाहर लाल यूनिवर्सिटी के छात्र संघ चुनाव में एक बार फिर वामपंथी छात्र संगठनों ने जीत हासिल की है.
इस बार भी यह चुनाव वामपंथी संगठनों ने मिलकर लड़ा था.
जेएनयू की इलेक्शन कमिटी के चेयरपर्सन शैलेंद्र कुमार के मुताबिक छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर धनंजय, उपाध्यक्ष पद पर अविजीत घोष, महासचिव पद पर प्रियांशी आर्या और संयुक्त सचिव पद पर मोहम्मद साजिद को जीत मिली है.
बीआरएस नेता के कविता भेजी गईं तिहाड़, कोर्ट ने मंजूर की 14 दिन की न्यायिक हिरासत
बीआरएस नेता के कविता को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने 9 अप्रैल तक (14 दिन) के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले में शामिल होने के आरोप में कविता को 15 मार्च को गिरफ़्तार किया था. उस समय से वे ईडी की हिरासत में थीं.
लेकिन ईडी ने आश्चर्यजनक तौर पर आज उनकी 15 दिनों की न्यायिक हिरासत मांगी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.
इसका मतलब ये हुआ कि अब वे ईडी की हिरासत के बजाय तिहाड़ जेल में रहेंगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अदालत परिसर में दाख़िल होने से पहले कविता ने दावा किया, "यह मामला अवैध है. वे इसके ख़िलाफ़ लड़ेंगी. जय तेलंगाना!"
उन्होंने कहा, "यह मनी लॉन्ड्रिंग का मामला नहीं है बल्कि पॉलिटिकल लॉन्ड्रिंग का मामला है। यह एक मनगढ़ंत और झूठा मामला है."
कविता पर आरोप है कि उन्होंने शराब कारोबार के ठेके हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपए की रिश्वत दी थी.
दिल्ली के कथित शराब घोटाले में क़ानून और जांच एजेंसियां कैसे काम कर रही?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आख़िरकार ईडी ने गिरफ़्तार कर लिया.
दिल्ली की आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेता अब जेल में हैं.
पिछले डेढ़ साल से न ट्रायल शुरू हो पाया और न उन्हें ज़मानत मिली. लेकिन क्या ये मामला इतना सीधा है?
देखिए, इस केस में क़ानून और जांच एजेंसियां किस तरह काम कर रही हैं.
रिपोर्ट-सर्वप्रिया सांगवान
इसराइल-हमास युद्ध को लेकर सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पारित होने के बाद ग़ज़ा में कैसा है माहौल?
इसराइल-हमास संघर्ष को लेकर सुरक्षा परिषद में सोमवार को पारित हुए प्रस्ताव के बावजूद ग़ज़ा पट्टी में तनाव का माहौल बरकरार है.
सुरक्षा परिषद ने इस प्रस्ताव में दोनों ही पक्षों से संघर्ष विराम का आह्वान किया है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसराइली लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी शहर रफ़ाह पर एक बार फिर से बमबारी की है.
ख़ान यूनिस और ग़ज़ा सिटी के अस्पतालों के आस-पास गोला-बारी जारी है. अल-शिफ़ा अस्पताल के पास मौजूद फ़लस्तीनियों का कहना है कि वहां लगातार बमबारी हो रही है और सड़कों पर शव बिखरे हुए हैं.
ग़ज़ा पट्टी से लगे इसराइली शहरों में रॉकेट हमले की चेतावनी वाले सायरन की आवाज़ें सुनी गई हैं.
सुरक्षा परिषद के वोट के कुछ घंटों बाद हमास ने कहा है कि वो संघर्ष विराम की अपनी वास्तविक मांग पर कायम है.
हमास की मांग में ग़ज़ा पट्टी से इसराइल सैनिकों को हटाए जाने और विस्थापित फलस्तीनियों की वापसी का मुद्दा भी शामिल है.
इसराइल ने इसे 'यथार्थ से परे' बताया है.
मिस्र की अर्थव्यवस्था के लिए विदेशी मुद्रा कैसे बनी बड़ी चुनौती?
मिस्र इस वक़्त विदेशी मुद्रा की कमी से जूझ रहा है, जिसके कारण बंदरगाहों पर देरी हो रही है और व्यापार भी अस्थिर होता जा रहा है.
इजिप्शियन पाउंड लगातार गिरता जा रहा है. अपनी दो साल पहली की कीमत का अब वो महज़ तीस फ़ीसद ही रह गया है, जिसकी वजह से कीमतें बढ़ गई हैं.
हालांकि फ़ॉरेन करेंसी ट्रांज़ैक्शन्स से अब पाबंदियां हटा ली गई हैं, पर प्राथमिकता बुनियादी चीज़ों को दी जा रही है.
इस सबसे जो प्रभावित हुए हैं, उनमें कुछ मिस्र के छात्र भी शामिल हैं, जो विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं.
उन्हें अपनी पढ़ाई रोकनी पड़ी क्योंकि वो अपनी ट्यूशन फ़ीस नहीं दे पाए.
अमेरिका में जहाज की टक्कर से गिरा पुल, कई वाहन पानी में गिरे
अमेरिका के बाल्टीमोर में एक जहाज के टकराने से पुल गिरने की घटना हुई है.
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कई वाहन और कम से कम सात लोग पानी में गिर गए.
बचाव अभियान जारी है. पोटास्को नदी पर बना ये पुल तीन किलोमीटर लंबा है.
अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी के भी मरने की पुष्टि नहीं हुई है.
बाल्टीमोर फ़ायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि बाल्टीमोर ब्रिज हादसे में 'कई लोगों की मौत हो सकती है.'
बाल्टीमोर काउंटी के एग्जीक्यूटिव जॉनी ओलस्ज़ेवेस्की ने बताया कि फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज़ के गिरने के बाद बचाव अभियान जारी है.
उन्होंने कहा, "मुझे स्थिति के बारे में जानकारी है और मैं फ़ायर डिपार्टमेंट और इमरजेंसी ऑपरेशन के साथ संपर्क में हूं."
स्थानीय समय के अनुसार ये घटना देर रात 1:30 बजे हुई. ये जहाज 300 मीटर लंबा था और ये श्रीलंका जा रहा था. इस पर सिंगापुर का झंडा लगा था.
कंगना रनौत पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर घिरीं सुप्रिया श्रीनेत कौन हैं?
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली में बीजेपी का विरोध प्रदर्शन
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन कर रही है.
अरविंद केजरीवाल इस समय दिल्ली के कथित शराब घोटोले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं.
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "दिल्ली का मुख्यमंत्री कट्टर बेईमान है, भ्रष्टाचारी है, उसने दिल्ली के पैसों को लूटा है. उसके इस्तीफे की मांग को लेकर हम दिल्ली सचिवालय जा रहे हैं."
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "दिल्ली में कोई सरकार नहीं चल रही है. आम आदमी पार्टी का जैसे चरित्र फर्जी है, इनके आदेश भी फर्जी हैं. नौ-दस सालों से आप सरकार में हैं, लोगों को पानी नहीं मिल रहा है, बिल गलत आ रहे हैं, गंदा पानी आ रहा है. आज आपको पानी की चिंता हो रही है."
"अस्पतालों में नकली दवाएं देने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया है, लोगों की जान से खेलने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया है. आज इनको स्वास्थ्य की चिंता हो रही है. सारा का सारा फर्जीवाड़ा है अरविंद केजरीवाल, कट्टर बेईमान, इस्तीफा देना होगा."
दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "नौ साल बाद जेल की गिरफ्त में आया हुआ अरविंद केजरीवाल, अब उनको याद आ रहा है कि हां, हम दिल्ली को पानी और सीवर नहीं दे पाए. आज उनके प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रहे हैं. हम दिल्ली को अस्पताल में दवाइयां नहीं दे पाए."
"आज उन्होंने अपनी तरफ़ से ये स्वीकार कर लिया कि दिल्ली की दुर्दशा उन्होंने पिछले नौ-दस साल में कर दी है. दिल्ली की जनता आज सड़कों पर है. इस दिल्ली की जनता की यही मांग है कि अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दो."
मनोज तिवारी ने कहा, "उन्होंने न सिर्फ दिल्ली को लूटा है बल्कि दिल्ली को पानी के बिना, सीवर के बिना, दवाइयों के बिना, ग़रीबों की जो मिनिमम ज़रूरत होती है, उसके बिना दिल्ली को रसातल में पहुंचा दिया है. लोग ख़ून के आंसू रो रहे हैं. ऐसे अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दो. दिल्ली की जनता सड़कों पर है."
COVER STORY: रोका जा सकता था मॉस्को अटैक?
रूस में शुक्रवार को एक कॉन्सर्ट हॉल में चरमपंथियों ने हमला कर दिया.
ये हमला ऐसे वक़्त हुआ है, जब रूस पहले से ही यूक्रेन के साथ छेड़ी जंग में उलझा हुआ है.
राजधानी में हुए इस हमले ने रूस की आंतरिक सुरक्षा को लेकर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
साथ ही रूसी सरकार के रवैये को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या वो सावधानी बरतती तो क्या इस हमले को रोका जा सकता था.
कवर स्टोरी में इसी की बात.
गोपाल राय ने बीजेपी से पूछा- अरविंद केजरीवाल को जेल और शरत रेड्डी को बेल क्यों?
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने बीजेपी के नेताओं से पूछा है कि कथित शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल को जेल जबकि इसी मामले से जुड़े शरत रेड्डी को बेल क्यों मिल गई.
गोपाल राय ने कहा, "जिस तरह से तानाशाह सरकार ने दिल्ली के चुने हुए मुख्यमंत्री को गिरफ़्तार किया है. उसके ख़िलाफ़ पूरे दिल्ली के अंदर आक्रोश है. पहले दिन से भाजपा के नेताओं को पता है कि लोगों के अंदर बहुत गुस्सा है और पहले दिन से ही बीजेपी के नेता और मंत्री पुलिस के पीछे छुप रहे हैं. कोई ये जवाब देने के लिए सामने नहीं आ रहा है कि आखिर एक ही आरोप में अरविंद केजरीवाल को जेल हो गई और शरत रेड्डी को बेल हो गई. ये खेल क्या है?"
उन्होंने कहा, "दिल्ली के लोग पीएम मोदी और गृह मंत्री से पूछना चाहते हैं कि आखिर केजरीवाल को जेल, शरत रेड्डी को बेल... ये कौन सा है खेल."
शरत रेड्डी को कथित शराब घोटाला मामले में इडी ने गिरफ़्तार किया था लेकिन बाद में वो इसमें गवाह बन गए.
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने एक बयान में कहा था, "शरत रेड्डी ने बीजेपी को इलेक्टोरल बॉन्ड के रूप में करोड़ो रुपये दिए हैं."
टी20 वर्ल्ड कप भारत-पाक मैच: ‘टिकट पाकिस्तानी ने दिलवाया मगर साथ इंडिया का देंगे’
पाकिस्तान में नेवल एयरबेस पर हमले की कोशिश नाकाम, चार चरमपंथियों की मौत
पाकिस्तान की सेना ने बताया है कि बलूचिस्तान के तुरबत में नेवल एयरबेस पर हमले की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया.
सेना ने बताया कि इस हमले में गोलीबारी के दौरान सिपाही नोमान फ़रीद की मौत हो गई. वहीं, चार चरमपंथियों की भी मौत हुई है.
इस हमले की ज़िम्मेदारी प्रतिबंधित चरमपंथी संगठन बीएलए के मजीद ब्रिगेड ने ली है. बयान में इसके प्रवक्ता ने दावा किया कि तुरबत में उनके सदस्य नेवल एयरबेस में घुस गए.
पाकिस्तान का पीएनएस सिद्दीक नेवल एयर स्टेशन बलूचिस्तान के मकरान डिविजन के तुरबत सिटी में है. ये कराची के पीएनएस मेहरान नेवल एयर स्टेशन के बाद दूसरा बड़ा नेवल एयर स्टेशन है.
मैरीटाइम सिक्योरिटी एनालिस्ट मुनीब सलमान ने बताया कि इसका उद्घाटन एक दशक पहले हुआ था और ये पाकिस्तानी नौसेना की संचालन रणनीति में बदलाव को दर्शाता है.
अलकायदा ने 2011 में मेहरान बेस पर हमला किया था. इसके बाद नौसेना ने कराची से बाहर भी अपने एसेट्स को भेजना शुरू किया था.
जयपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस को क्यों बदलना पड़ा अपना उम्मीदवार, जानिए पूरा मामला
ब्रिटेन ने चीन पर लगाया साइबर हमले का आरोप, कहा- सांसद और चुनाव आयोग थे निशाने पर
ब्रिटेन की सरकार ने चीन पर सांसदों और चुनाव आयोग पर 'दुर्भावनापूर्ण' साइबर अभियान चलाने का आरोप लगाया है.
ब्रिटेन ने साइबर हमले को लेकर दो व्यक्ति और एक कंपनी पर प्रतिबंध लगाया है.
उप प्रधानमंत्री ओलिवर डाउडेन ने कहा कि वे बीजिंग की आलोचना करने वाले सांसदों की जानकारियां हासिल करने और 40 मिलियन वोटर्स का डेटा हासिल करने की कोशिश में थे.
ब्रिटेन में चीन के दूतावास ने इन आरोपों को 'आधारहीन' करार दिया है.
जिन दो चीनी नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं उनके नाम झाओ ग्वांग्झू और नी गोबिन है.
वहीं, कंपनी का नाम वुहान जियोरिझी साइंस एंड टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड है.
अमेरिका ने क्या अपने दोस्त इसराइल के साथ 'आर-पार' का मन बना लिया है?
बीजेपी पंजाब में अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव: सुनील जाखड़
पंजाब में बीजेपी के प्रमुख सुनील जाखड़ ने कहा है कि पार्टी राज्य में लोकसभा चुनाव में अकेले मैदान में उतरेगी.
राज्य में बीजेपी और शिअद के बीच गठबंधन पर बात चल रही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
उन्होंने एक वीडियो में बताया, "भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने जा रही है. ये फ़ैसला पार्टी ने पंजाब के लोगों की राय, कार्यकर्ता की राय और नेताओं की राय लेकर ये निर्णय लिया है. पार्टी ने पंजाब के युवाओं, किसानों और कारोबारियों समेत सभी वर्गों की बेहतरी के लिए ये फ़ैसला किया है."
जाखड़ ने कहा, "पीएम ने पंजाब के लिए जो काम किए हैं, वो किसी और ने नहीं किया है."
साल 2019 में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था.
लेकिन 2020 में कृषि कानूनों और किसान आंदोलन को लेकर दोनों ही राहें अलग हो गईं.