कांग्रेस उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट में दिग्विजय सिंह, अजय राय, दानिश अली, इमरान मसूद का नाम
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट शनिवार रात जारी कर दी है.
लाइव कवरेज
दीपक मंडल and चंदन शर्मा
कथित शराब घोटालाः ईडी को के कविता की तीन और दिन की रिमांड मिली
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, के कविता (फाइल फोटो)
दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाले के आरोप में गिरफ़्तार भारतीय राष्ट्र समिति की नेता के कविता को तीन और दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया गया है.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कविता की पांच दिनों की रिमांड अदालत से मांगी थी.
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पांच दिनों की ईडी रिमांड पर भेजा गया था.
के कविता अब 26 मार्च तक ईडी की हिरासत में रहेंगी.
के कविता को अब मंगलवार को सुबह 11 बजे अदालत में पेश किया जाएगा.
के कविता तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी हैं.
उन्होंने अदालत के समक्ष ज़मानत याचिका भी दायर की है. इससे पहले शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने के कविता से कहा था कि वो ट्रायल कोर्ट में ज़मानत याचिका दायर करें.
इसी बीच जांच एजेंसी ईडी ने अदालत को बताया है कि के कविता के रिश्तेदार के ठिकानों पर छापेमारी भी की गई है.
ई़डी की तरफ़ से आरोप लगाया गया है कि के कविता ने ‘सौ करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत देने का षडयंत्र रचा.’
हिमाचल प्रदेश : अयोग्य घोषित हुए कांग्रेस विधायक बीजेपी के टिकट पर लड़ सकते हैं चुनाव
इमेज स्रोत, SHAHNAWZ AHMED/BBC
इमेज कैप्शन, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (फाइल फोटो)
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के छह बागी विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. ये पूर्व विधायक बीजेपी के टिकट पर उपचुनाव में उतर सकते हैं.
ये ख़बर समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपने सूत्रों के हवाले से दी है. हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है.
कांग्रेस के छह बागी विधायक- सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, चैतन्य शर्मा और देविंदर कुमार भुट्टो को 29 फरवरी का पार्टी व्हिप का उल्लंघन के आरोप में अयोग्य करार दिया गया था.
इन विधायकों को बजट सत्र के दौरान एक कटौती प्रस्ताव में अपनी पार्टी के पक्ष में मतदान करने को लिए कहा गया था. लेकिन उन्होंने इस व्हिप को नहीं माना था.
इस बीच, चुनाव आयोग ने इन पूर्व विधायकों की सीटों के लिए उपचुनावों का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही तीन निर्दलीय विधायकों- आशीष शर्मा, होशियार सिंह और केएल ठाकुर ने भी शुक्रवार को अपने इस्तीफे सौंप दिए. उनकी सीटों के लिए भी उपचुनाव होंगे.
कांग्रेस के छह विधायकों को अयोग्य साबित किए जाने के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या 39 से 33 हो गई है. हिमाचल विधानसभा में अब 59 सदस्य हैं, जबकि इसकी वास्तविक संख्या 68 है. बीजेपी के 25 विधायक हैं
ईडी की हिरासत से आए अरविंद केजरीवाल के संदेश को उनकी पत्नी ने पढ़ा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राउज एवेन्यू कोर्ट में अरविंद केजरीवाल
कथित शराब घोटाले में गिरफ़्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनिता केजरीवाल के ज़रिए ईडी की हिरासत से दिल्ली के लोगों के लिए संदेश जारी किया है.
केजरीवाल ने कहा है कि उनके जेल जाने से पार्टी का लोकसेवा काम नहीं रुकेगा.
प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार देर शाम अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया था.
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह पहले ही इस घोटाले के आरोप में जेल में बंद हैं.
शुक्रवार को दिल्ली की राउज़ अवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है.
सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ते हुए कहा, “मैं अंदर रहूं या बाहर, हर पल देश की सेवा करता रहूंगा. इस पृथ्वी पर मेरा जीवन ही संघर्ष के लिए हुआ है, आज तक बहुत संघर्ष किए, आगे भी मेरे जीवन में बड़े-बड़े संघर्ष लिखे हैं. इसलिए ये गिरफ़्तारी मुझे अचंभित नहीं करती.”
केजरीवाल ने अपने संदेश में कहा है, “हमें मिलकर फिर से भारत को महान बनाना है, दुनिया का सबसे शक्तिशाली और महान देश बनाना है. भारत के अंदर और बाहर ढेरों ऐसी शक्तियां हैं जो भारत को कमज़ोर कर रही हैं. हमें सचेत रहकर इन शक्तियों को हराना है. भारत में ऐसी ताक़तें भी हैं जो भारत को आगे बढ़ाना चाहती हैं, इन ताक़तों के साथ जुड़ना है और इन्हें मज़बूत करना है.”
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
केजरीवाल ने अपने संदेश में लोक कल्याणकारी योजनाओं की याद भी दिलाई.
उन्होंने कहा, “दिल्ली की मां-बहनें सोच रही होंगी कि केजरीवाल जेल चला गया, अब हर महीने मिलने वाले हज़ार रुपयों का क्या होगा. ऐसी सलाखें नहीं जो आपके भाई और आपके बेटे को ज़्यादा दिन अंदर रख सकें, मैं जल्द बाहर आऊंगा और अपना वादा पूरा करूंगा. क्या आज तक कभी ऐसा हुआ कि केजरीवाल ने कोई वादा किया और पूरा नहीं किया.”
केजरीवाल ने महिलाओं से मंदिर जाने और उनके लिए प्रार्थना करने की अपील भी की है.
इस संदेश में उन्होंने कहा, “पार्टी के कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि मेरे अंदर जाने से समाज सेवा और लोकसेवा का काम नहीं रुकना चाहिए. बीजेपी वालों से भी नफ़रत नहीं करनी है, वो सब भी हमारे भाई बहन हैं.”
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 15 मार्च को लगातार चौथे सप्ताह की बढ़त के साथ 642.49 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.
भारतीय रिज़र्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक़ 15 मार्च को खत्म हुए सप्ताह में इसमें 6.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी. इसके पिछले तीन हफ्तों के दौरान यह 20 अरब डॉलर बढ़ गया था.
भारत की अर्थव्यवस्था फिलहाल दुनिया की सबसे तेज़ रफ़्तार से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. इसने 2023 में भारत को 20.7 अरब डॉलर का विदेशी निवेश हासिल करने में मदद की है.
इस साल अब तक 1.85 अरब डॉलर का विदेशी निवेश आया है. भारत को ग्लोबल बॉन्ड सूचकांक में शामिल किए जाने के बाद सितंबर 2023 के आख़िर तक यहां 10 अरब डॉलर का विदेशी निवेश आ चुका था.
टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा के घर सीबीआई की छापेमारी
....में
Author, प्रभाकर मणि तिवारी
पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, महुआ मोइत्रा (फाइल फोटो)
संसद में पैसे लेकर सवाल पूछने के मामले में लोकसभा से निष्कासित तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा के घर सीबीआई ने छापेमारी शुरू की है.
पार्टी ने उनको इस बार भी उनकी पुरानी कृष्णनगर सीट से टिकट दिया है.
सीबीआई सूत्रों ने बताया है कि कोलकाता के अलीपुर इलाके में रत्नावली नामक इमारत की नौवीं मंजिल पर स्थित महुआ के फ्लैट के अलावा दूसरे शहरों में स्थित उनके दूसरे ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है.
इससे पहले लोकपाल के निर्देश पर केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को उनके खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की थी. लोकपाल ने सीबीआई को इस मामले में छह महीने के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है.
लोकपाल ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई को जांच का निर्देश दिया था. दुबे ने आरोप लगाया था कि महुआ ने दुबई के कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से पैसे और उपहार लेकर संसद में उद्योगपति गौतम अडानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ सवाल पूछे थे.
केंद्रीय एजेंसियां इस सप्ताह राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के कई नेताओं के ख़िलाफ़ अभियान चला रही है. राज्य मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास के घर की करीब 70 घंटे तक तलाशी के बाद शनिवार सुबह आयकर विभाग की टीम बाहर निकली है.
इससे पहले शुक्रवार को बोलपुर में मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा के घर पर भी ईडी ने छापा मारा था. ईडी के सूत्रों ने बताया कि वहां से नकदी, कुछ काग़ज़ात और एक मोबाइल ज़ब्त किया गया है. यह छापा शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में मारा गया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी बोली- कथित शराब घोटाले के अभियुक्त ने बीजेपी को दिया चंदा
इमेज स्रोत, AAP
आम आदमी पार्टी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी कह रही है कि कथित शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के लोगों को पैसा मिला है, लेकिन इसका पैसा बीजेपी को मिला है.
केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा, ''दो साल की जांच, सैकड़ों रेड और हजारों लोगों से पूछताछ के बाद ये साबित नहीं हो पाया है कि आम आदमी पार्टी के पास कथित शराब घोटाले का एक रुपया भी पहुंचा है. सुप्रीम कोर्ट ने भी पूछा कि मनी ट्रेल कहां है.''
उन्होंने कहा, ''इस कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी एक आदमी के बयान पर हुई. ये व्यक्ति है शरद चंद्र रेड्डी. इनकी कंपनी है अरविंदो फार्मा,एपीएल हेल्थ केयर और यूजिया फार्मा. उन्हें शराब की कुछ दुकानें मिलीं. उनसे पूछताछ की गई."
"उन्होंने पूछताछ में कहा था कि केजरीवाल से मुलाकात नहीं हुई है. उनका आम आदमी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं. उन्हें ईडी ने गिरफ़्तार कर लिया. कई महीने जेल में रहने के बाद रेड्डी ने बयान बदल दिया. उन्होंने कहा कि केजरीवाल से मुलाकात हुई. उन्हें ज़मानत मिल गई.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
आतिशी ने कहा, ''ईडी ने कहा शराब घोटाले में पैसा बना. लेकिन हम बताते हैं कि शरद चंद्र रेड्डी ने इलेक्टोरल बॉन्ड के ज़रिये बीजेपी को पैसा दिया. पहले साढ़े चार करोड़ का बॉन्ड दिए गए. फिर 55 करोड़ के बॉन्ड बीजेपी को दिए गए."
"आखिरकार शराब के कारोबारियों ने किसे पैसा दिया. किसको दिया. और कहां गया. पीएम और उनके राइट हैंड ईडी को चैलेंज कर रही हूं. हमें पता है कि सारा पैसा बीजेपी के अकाउंट में गया. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को गिरफ्तार किया जाए."
दिल्ली सरकार की आबकारी नीति में कथित घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. केजरीवाल को ईडी ने रिमांड पर लिया है.
पीएम मोदी ने भूटान में भारत की मदद से बने अस्पताल का उद्घाटन किया
इमेज स्रोत, @MEAIndia
इमेज कैप्शन, भूटान की राजधानी थिम्पू में अस्पताल का उद्घाटन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी भूटान के प्रधानमंत्री के साथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भूटान दौरे के दौरान राजधानी थिम्पू में शनिवार को एक आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया है.
अस्पताल भारत की मदद से बनाया गया है.
अस्पताल के उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी के साथ भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे भी शामिल थे. दोनों ने मिल कर ग्यालत्सुएन जेत्सुन पेमा वांगचुक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
पोस्ट X समाप्त
यह अस्पताल भूटान-भारत मित्रता परियोजना के तहत बनाया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के भूटान की राजकीय यात्रा पर शुक्रवार को थिम्पू पहुंचे थे.
उन्होंने भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांग्चुक से मुलाकात की. पीएम नरेंद्र मोदी ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी बातचीत की.
शुक्रवार को भूटान नरेश जिग्मे वांगचुक ने प्रधानमंत्री मोदी को वहां के सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ ड्रूक ग्यालपो' अवॉर्ड से सम्मानित किया.
पीएम मोदी ने कहा कि वो इस सम्मान को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करते हैं.
विराट कोहली का कमाल, टी20 में 12 हज़ार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बने
इमेज स्रोत, Getty Images
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली टी20 मैचों में 12 हज़ार पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
शुक्रवार को आईपीएल के पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ खेले गए मैच में कोहली ने ये उपलब्धि हासिल की.
इसके साथ ही कोहली उस क्लब में शामिल हो गए जिसमें क्रिस गेल, किरेन पोलार्ड और शोएब मलिक जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
टी20 में क्रिस गेल ने सबसे अधिक 14562 रन बनाए हैं.
वहीं पाकिस्तान के शोएब मलिक 13360 के साथ दूसरे नंबर पर हैं. वेस्टइंडीज़ के खिलाड़ी किरेन पोलार्ड के 12,900 रन बनाएं हैं और वहीं इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स के 12319 रन हैं. डेविड वॉर्नर के 12065 रन हैं.
ब्रेक लेने के बाद विराट कोहली ने आईपीएल में वापसी की. आईपीएल से पहले इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पांच मैचों की टेस्ट सिरीज में वो नहीं खेले थे.
प्रिंस हैरी और मेगन ने प्रिंसेस ऑफ वेल्स के जल्द ठीक होने की कामना की
इमेज स्रोत, Getty Images
ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स ने प्रिंसेस ऑफ वेल्स के अच्छे स्वास्थ्य और उनके जल्दी ठीक होने की कामना की है.
प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन की ओर से कैंसर होने की सूचना साझा करने के बाद प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने उम्मीद जताई कि केट मिडलटन और उनका परिवार निजी और शांतिपूर्ण माहौल में इस बीमारी से उबर जाएगा.
प्रिंसेस ऑफ वेल्स ने शुक्रवार को एक वीडियो साझा करते हुए कहा था कि उन्हें कैंसर है और वो इसके इलाज के शुरुआती चरण में हैं.
एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि 'अविश्वसनीय रूप से कुछ बेहद कठिन महीनों' के बाद ये उनके लिए 'काफी बड़ा झटका' था.
लेकिन उन्होंने सकारात्मक संदेश देते हुए कहा, ''मैं ठीक हूं और दिन ब दिन मज़बूत होती जा रही हूं.''
हैरी और मेगन ने जनवरी 2020 में अपनी शाही भूमिका छोड़ दी थी. उसके बाद वो जून महीने में कैलिफोर्निया चले गए थे. उनका कहना था कि उन्हें अपने बेटे आर्ची को बड़ा करने के लिए जगह चाहिए थी. साल 2021 में उनकी दूसरी संतान लिलिबेट का जन्म हुआ था.
प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन को कैंसर, शुरुआती चरण का इलाज जारी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन
प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन ने कहा है कि उन्हें कैंसर है और वो इसका इलाज करवा रही हैं. इलाज अभी शुरुआती चरण में है.
एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि 'अविश्वसनीय रूप से कुछ बेहद कठिन महीनों' के बाद ये उनके लिए 'काफी बड़ा झटका' था.
लेकिन उन्होंने सकारात्मक संदेश देते हुए कहा, ''मैं ठीक हूं और दिन ब दिन मज़बूत होती जा रही हूं.''
प्रिंसेस ऑफ वेल्स के कैंसर के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है.
लेकिन केन्सिंगटन पैलेस ने विश्वास जताया है कि वो पूरी तरह से ठीक हो जाएंगी.
प्रिसेंस ऑफ वेल्स की ओर से जारी वीडियो संदेश में कहा गया है कि जब जनवरी में उनके पेट में सर्जरी हुई थी तो उन्हें पता नहीं था कि उनके शरीर में कैंसर है.
उन्होंने कहा, ''हालांकि ऑपरेशन के बाद हुए टेस्ट से पता चला कि मेरे शरीर में कैंसर है. मेरी मेडिकल टीम ने सलाह दी कि मुझे प्रिव्हेंटिव कीमोथेरेपी का कोर्स लेना चाहिए. मैं इलाज के शुरुआती चरण में हूं.''
प्रिसेंस ऑफ वेल्स की कीमोथेरेपी फरवरी महीने के आखिर में शुरू हुई थी. पैलेस ने कहा है कि वह फिलहाल कोई निजी मेडिकल जानकारी साझा नहीं करेगा. वो ये भी नहीं बता सकता कि ये किस तरह का कैंसर है.
आईपीएल: चेन्नई सुपर किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
आईपीएल 2024 के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को छह विकेट से हरा दिया.
आरसीबी से मिले 174 रन के लक्ष्य को सीएसके ने महज़ चार विकेट खोकर 18.4 ओवर में हासिल कर लिया.
सीएसके के ऋतुराज गायकवाड़ की बतौर कप्तानी ये पहली जीत है.
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम की ओर से रचिन रविंद्र ने सबसे अधिक 37 रन बनाए. वहीं शिवम दुबे ने 34 रन की अहम पारी खेली.
रविंद्र जडेजा 25 रन बना कर नाबाद रहे.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए.
आरसीबी की तरफ से अनुज रावत (48) और दिनेश कार्तिक ने नाबाद 38 रन जोड़े.
गेंदबाज़ी में सीएसके के मुस्ताफ़िज़ुर रहमान ने चार विकेट लिए.
नमस्कार!
आपका दिन शुभ हो. बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.