You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भूटान दौरा टला, ये है वजह

पीएम मोदी 21-22 मार्च को भूटान के दौरे पर जाने वाले थे.

लाइव कवरेज

मानसी दाश and प्रियंका झा

  1. पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को किया फ़ोन, क्या हुई बात?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बात करके एक बार फिर से रूस के राष्ट्रपति बनने की बधाई दी है.

    मोदी और पुतिन ने इस दौरान भारत और रूस के बीच खास और रणनीतिक साझेदारी को आने वाले सालों में और मज़बूत करने को लेकर सहमति जताई.

    दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखे.

    रूस और यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के रुख को दोहराते हुए कहा कि वह बातचीत और कूटनीति से इस समस्या का हल निकालने के पक्ष में है.

    दोनों नेताओं ने आगे भी संपर्क में बने रहने पर भी सहमति दी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, बिहार: पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय किया

    बिहार में पप्पू यादव ने अपनी पार्टी जन अधिकार का कांग्रेस में विलय कर लिया है.

    पप्पू यादव ने बुधवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी है.

    पप्पू यादव ने मीडिया से कहा कि जन अधिकारी पार्टी कांग्रेस में जा रही है.

    पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की नेता और राज्यसभा सांसद हैं.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जब पप्पू यादव से कहा गया कि अपनी पत्नी का नाम लीजिए. तो वो बोले- ''वो कांग्रेस की नेता हैं. उनका नाम लेना सही नहीं है. कांग्रेस की मर्यादाओं का ख्याल है मुझे.''

    पप्पू यादव ने कहा, ''कांग्रेस बैठ भी जाए तो इन ताकतवर लोगों से सर्वश्रेष्ठ है.''

    उन्होंने कहा, ''किसी ने उम्मीद जगाई है तो वो राहुल गांधी हैं. राहुल जी का ओबीसी समुदाय को लेकर जो प्रतिबद्धता है, मैं उस लड़ाई का भागीदार बनना चाहता था.''

  3. उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए की सीट बँटवारे से नाराज़गी को लेकर दिया ये जवाब

    बिहार में एनडीए के घटक दलों के बीच सीटों के बँटवारे से नाराज़गी की ख़बरों को उपेंद्र कुशवाहा ने ख़ारिज किया है.

    सीट बँटवारे के एलान के समय उपेंद्र कुशवाहा मौजूद नहीं थे. इसके बाद ऐसी ख़बरें आई कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और एनडीए के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा बिहार में लोकसभा की एक सीट मिलने से नाराज़ हैं.

    इसपर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "कोई नाराज़गी जैसी बात नहीं थी. जिस दिन घोषणा हो रही थी, उस दिन हम दिल्ली से बाहर थे. पहुंचते-पहुंचते विलंब हो गया, जिसके चलते हम वहां कार्यक्रम में नहीं थे."

    उन्होंने कहा, "जिस तरह की चीज़ें दिखाई जा रही थी उसमें सच्चाई नहीं थी क्योंकि सबको मालूम है कि गठबंधन के क्रम में जो वार्ता होती है, उस वार्ता में हर पार्टी चाहती है कि हमारा हिस्सा ज़्यादा से ज़्यादा हो. कोई अस्वाभाविक चीज़ नहीं है. कहीं भी यही होता है. उसके आधार पर बातचीत हुई."

    कुशवाहा ने कहा, "डिसीज़न अब फ़ाइनल है. इस डिसीज़न को लेकर पब्लिक के बीच में जाना है और 40 में से 40 सीट जीतना है. ये हमारा संकल्प और लक्ष्य है."

    बिहार में एनडीए के सीट शेयरिंग फॉर्मूला के तहत बीजेपी 17, जेडीयू 16, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) 5, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक-एक सीट दी गई है.

  4. सिद्धू मूसेवाला के पिता ने कहा- सरकार आईवीएफ़ के दस्तावेज़ मांगकर परेशान कर रही

    पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मौत के लगभग दो साल बाद उनके माता-पिता ने बीते रविवार आईवीएफ़ तकनीक से जन्मे दूसरे बच्चे का स्वागत किया है.

    हालांकि, उनके माता-पिता की उम्र को देखते हुए इसपर विवाद शुरू हो गया है.

    मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि प्रशासन बच्चे की वैधता के बारे में सबूत मांगकर उन्हें परेशान कर रहा है.

    पंजाब कांग्रेस के नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बलकौर सिंह का वीडियो ट्वीट कर के पंजाब के सीएम भगवंत मान पर निशाना साधा है.

    सिद्धू मूसेवाला की मां की उम्र 58 साल है.

    भारतीय कानून के अनुसार कोई महिला आईवीएफ़ के ज़रिए अधिकतम 50 वर्ष की उम्र तक ही बच्चे को जन्म दे सकती है. पुरुषों के लिए कानून में ये उम्र 55 साल है.

    सिद्धू मूसेवाला के परिवार का कहना है कि उन्होंने आईवीएफ़ ट्रीटमेंट भारत से बाहर करवाया है. बलकौर सिंह ने अपील की है कि 'सरकार को कम से कम इतना दयालु तो होना चाहिए कि इलाज पूरा होने दे.'

    उन्होंने कहा कि इलाज पूरा होने पर वह सारे दस्तावेज़ जमा कर देंगे और उन्होंने कोई कानून नहीं तोड़ा है.

    दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पंजाब के स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखकर इस संबंध में जवाब मांगा है.

  5. पश्चिम बंगाल: दिनहाटा में टीएमसी और बीजेपी समर्थकों में हिंसक झड़प

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल के कूचबिहार ज़िले के दिनहाटा में मंगलवार देर रात तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्य के मंत्री उदयन गुहा और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक के समर्थकों के बीच हुई हिंसा हुई. इस हिंसा के बाद टीएमसी ने बुधवार को इलाके़ में 24 घंटे बंद की अपील की है.

    दूसरी तरफ बीजेपी ने इस घटना के विरोध में पुलिस अधीक्षक के दफ्तर के घेराव का एलान किया है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इलाके़ में भारी तनाव है. तृणमूल कांग्रेस के बंद के कारण बाजार और दुकानें बंद हैं. सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम है.

    क्या है मामला?

    स्थानीय लोगों के अनुसार उदयन गुहा के जन्मदिन के मौके़ पर शहर के एक इलाके़ में टीएमसी समर्थक जमा हुए थे. केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी चुनाव प्रचार से उसी रास्ते लौट रहे थे.

    दोनों दलों के समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए और देखते ही देखते वह इलाक़ा युद्धक्षेत्र में बदल गया.

    मौके़ पर पहुंचे एसडीपीओ धीमान मित्र समेत कुछ पुलिस अधिकारी इस हिंसा में घायल हो गए.

    बाद में पुलिस ने हालात पर काबू पाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

    आरोप-प्रत्यारोप

    दिनहाटा के विधायक उदयन गुहा आरोप लगाते हैं, "भाजपा के लोग सुनियोजित तरीके़ से हम पर हमले कर रहे हैं. उन लोगों ने कल रात बिना किसी उकसावे के पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया. हमला करने वालों में केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में लगे केंद्रीय बल के जवान भी शामिल थे."

    दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री निसिथ कहते हैं, "हम लोग शांतिपूर्ण तरीके़ से लौट रहे थे. अचानक हमारे काफ़िले पर पथराव शुरू हो गया. मंत्री उदयन गुहा पुलिसवालों को पार्टी समर्थकों पर हमले के लिए उकसा रहे थे."

    उनका आरोप था कि टीएमसी चुनाव से पहले आतंक फैलाने की रणनीति के तहत हमले कर रही है.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

  6. चिराग पासवान ने बताया- एनडीए के उम्मीदवार के तौर पर किस सीट से लड़ेंगे चुनाव

    रामविलास पासवान के बेटे और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान ने कहा कि वो एनडीए के उम्मीदवार के तौर पर हाजीपुर सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उन्होंने कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड की आज बैठक हुई और फ़ैसला लिया गया है कि हम अब मैदान में उतर जाएंगे.

    उन्होंने कहा कि औपचारिक तौर पर वो खुद हाजीपुर सीट पर चुनाव लड़ेंगे. हालांकि अन्य नामों को लेकर उन्होंने साफ़ तौर पर कुछ नहीं कहा.

    उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि आने वाले दो-तीन दिनों में पांचों सीटों पर सहमति बन जाएगी.

    बिहार में सात चरणों में वोटिंग होनी है. इसमें हाजीपुर में पांचवें चरण में 20 मई को वोटिंग होनी है. चिराग पासवान साल 2014 और उसके बाद साल 2019 में जमुई सीट से सांसद चुने गए थे.

  7. केजरीवाल की याचिका पर हाई कोर्ट ने किया सवाल- पेश होने में क्या परेशानी है?

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की दायर की गई याचिका को लेकर हाई कोर्ट ने ईडी से सवाल किया है.

    आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को समन भेजा था, जिसके बाद केजरीवाल ने कोर्ट का रुख़ किया था.

    उन्होंने गिरफ्त्तारी से सुरक्षा की मांग की थी. केजरीवाल की याचिका पर हाई कोर्ट ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है.

    कोर्ट ने केजरीवाल से सवाल किया, "आप पेश क्यों नहीं होना चाहते? इस तरह के मामले हमने देखे हैं. आम तौर पर पहले या दूसरे दिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया जाता. अगर गिरफ्तार करने की वाजिब वजह है तो ऐसा किया जाता है लेकिन उसके कारण भी बताए जाते हैं."

    वहीं केजरीवाल ने गिरफ्तारी से राहत मांगते हुए कहा था, "हम आम अपराधी नहीं है, हम कहीं भागे नहीं जा रहे."

    इस मामले में अब ईडी को जवाब दाखिल करना है.

    मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को है.

  8. बिहार में सियासी हलचल तेज़, पप्पू यादव ने की लालू यादव से मुलाक़ात

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार में एनडीए दलों के बीच सीटों के बंटवारे के बाद विपक्ष में भी सियासी हलचल तेज़ हो गई है.

    इसी सिलसिले में जन अधिकार पार्टी (जेएपी) के पप्पू यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाक़ात की है.

    पप्पू यादव लंबे समय से सीमांचल में महागठबंधन के साथ समझौते की कोशिश कर रहे हैं. पूर्णिया लोकसभा सीट पर वो महागठबंधन का समर्थन चाहते हैं.

    बिहार में यह सियासी चर्चा भी है कि वो अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर सकते हैं.

    पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन फिलहाल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद हैं. वो कोसी सीमांचल इलाके़ की सुपौल सीट से सांसद भी रह चुकी हैं.

    माना जाता है बिहार में विपक्षी दलों के बीच किसी भी दिन सीटों की साझेदारी का एलान हो सकता है.

    इसके लिए कांग्रेस और वाम दलों की ज्यादा सीटों की मांग पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, पशुपति कुमार पारस का इस्तीफ़ा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया स्वीकार

    राष्ट्रपति भवन ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पशुपति कुमार पारस का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है.

    मौजूदा सरकार में पशुपति पारस (राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी) फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज़ मामलों के केंद्रीय मंत्री थे. उनके मंत्रालय की अतिरिक्त ज़िम्मेदारी अब पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू को दी गई है.

    पशुपति ने मंगलवार को ये कहते हुए पद से इस्तीफ़ा दे दिया था कि बीजेपी ने उनके साथ अन्याय किया है.

    उनका इस्तीफ़ा बिहार में एनडीए में सीटों के बँटवारे के ठीक एक दिन बाद आया है.

    सोमवार को बिहार में एनडीए में सीटों की साझेदारी में पशुपति कुमार पारस के दल को कोई भी सीट नहीं दी गई थी, जबकि एलजेपी के चिराग पासवान गुट को पांच सीट दी गई है.

  10. एचआईवी को लेकर वैज्ञानिकों का बड़ा दावा, कोशिका से निकाला जा सकता है संक्रमित जीन

    वैज्ञानिकों ने कहा है कि उन्होंने जीन एडिटिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सफलतापूर्वक कोशिका से एचआईवी को निकाल कर अलग किया है.

    वैज्ञानिकों के अनुसार, उन्होंने नोबेल प्राइज़ जीतने वाली क्रिस्पर जीन एडिटिंग तकनीक का इस्तेमाल कर संक्रमित कोशिका से एचआईवी को काटकर अलग किया है.

    उन्होंने इस तकनीक का इस्तेमाल कर मॉलिक्यूलर स्तर पर कैंची की तरह डीएनए से काट कर संक्रमित हिस्सों को अलग किया है.

    यूनिवर्सिटी ऑफ़ एमस्टरडैम की टीम का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि इस तरीक़े से शरीर से एचआईवी संक्रमण को निकाला जा सकता है.

    हालांकि इसी सप्ताह एक मेडिकल कॉन्फ्रेंस में इससे संबंधित शोध के बारे में और जानकारी देते हुए टीम ने कहा कि मौजूदा शोध इस “कॉन्सेप्ट” को साबित करता है कि इस तरह से कोशिका के डीएनए से संक्रमित हिस्सा निकाला जा सकता है लेकिन इस तरीके से जल्द एचआईवी का इलाज हो सकेगा ऐसा नहीं है.

    एचआईवी को लेकर अब तक जो दवाएं मौजूद हैं वो इसे फैलने से रोककर इसका इलाज करती हैं, लेकिन वो इसे पूरी तरह से शरीर से ख़त्म नहीं कर सकतीं.

  11. पेरिस ओलंपिक 2024: रूस, बेलारूस के खिलाड़ी ओपनिंग सेरेमनी का हिस्सा नहीं होंगे

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने कहा है कि इस साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के ओपनिंग समारोह में रूस और बेलारूस के ख़िलाड़ी हिस्सा नहीं लेंगे.

    समिति ने इस बारे में कहा, “ये खिलाड़ी निजी तौर पर हिस्सा ले रहे हैं लेकिन उन्हें इस समारोह का अनुभव लेने का मौक़ा दिया जाएगा.”

    अब तक रूसी पासपोर्ट के साथ 12 खिलाड़ी और बेलारूस के पासपोर्ट के साथ 7 खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर चुके हैं.

    फरवरी 2022 को रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद इन दोनों देशों के खिलाड़ियों के ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगाई गई है. हालांकि दोनों मुल्कों को ख़िलाड़ी बतौर न्यूट्रल यानी किसी देश का हिस्सा बिना बने खेलों में हिस्सा ले सकते हैं.

    पेरिस ओलंपिक समिति की शर्तों के अनुसार इन खिलाड़ियों को बिना अपने राष्ट्रीय झंडे, राष्ट्रचिन्ह और राष्ट्रगान के हिस्सा लेना होगा.

  12. लोकसभा चुनाव का आग़ाज़, पहले चरण के मतदान के लिए नोटिफ़िकेशन जारी

    निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनावों का आग़ाज़ करते हुए पहले चरण के लिए नामांकन की तारीख़ें और मतदान के वक़्त को लेकर और जानकारी साझा की है.

    आयोग ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को इससे संबंधित गज़ट नोटिफ़िकेशन जारी किया है, जिसमें पहले चरण में जिन 102 क्षेत्रों में मतदान होना है. वहां के लिए नामांकन की तारीख़ों की घोषणा की गई है. साथ ही अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के वक़्त के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई है.

    बिहार के लिए नामांकन का आख़िरी तारीख़ 28 मार्च है. दो अप्रैल तक नामांकन वापिस लिए जा सकते हैं.

    वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू एवं कश्मीर, लक्षद्वीप और पुदुच्चेरी के लिए नामांकन का आख़िरी तारीख 27 मार्च 2024 है. नामांकन 30 मार्च तक वापिस लिए जा सकते हैं.

    पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों के लिए चुनाव होना है. सभी सीटों के लिए वोटिंग 19 अप्रैल को और मतों की गिनती 4 जून को होगी.

    • और पढ़ें- सात चरणों में होगा मतदान, जानिए किस राज्य में कब-कब होंगे चुनाव, कब आएंगे नतीजे?

    कब, कितने बजे होगा मतदान

    • बिहार में कुछ सीटों पर मतदान सवेरे सात बजे से शाम के चार बजे तक होगा जबकि कुछ सीटों पर शाम के छह बजे तक वोट डाले जाएंगे.
    • राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, अंडमान एवं निकोबार, जम्मू-कश्मीर और पुदुच्चेरी में वोटिंग सवेरे सात बजे से शाम के छह बजे तक होगी.
    • अरुणाचल प्रदेश, असम, मिज़ोरम, सिक्किम, उत्तराखंड में मतदान सवेरे सात बजे से शाम के पांच बजे तक होगा.
    • मणिपुर, मेघालय और नगालैंड में मतदान का वक़्त सवेरे सात बजे से शाम के चार बजे तक होगा. मणिपुर की कुछ विधानसभा सीटों के लिए 19 और कुछ के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग होनी है. इसके लिए मतदान का वक़्त सवेरे सात बजे से शाम को चार बजे तक होगा.
    • छत्तीसगढ़ में सभी विधानसभा सीटों पर सवेरे सात बजे से लेकर दोपहर के तीन बजे तक मतदान होगा. वहीं बस्तर और जगदलपुर के कुछ मतदान केंद्रों में मतदान शाम के पांच बजे तक होगा.
    • पहले चरण में मध्य प्रदेश की बैहर, लांजी और परासवाड़ा विधानसभा सीटों को छोड़कर सभी सीटों पर मतदान सवेरे सात बजे से शाम के छह बजे तक होगा. इन तीनों सीटों पर वोटिंग शाम चार बजे तक होगी.
    • वहीं महाराष्ट्र के गढ़चिरौली-चिमूर की चार विधानसभा सीटों और अर्जुनी-मोरगांव सीट पर वोटिंग का वक्त दोपहर के तीन बजे तक का है. वहीं लोकसभा सीटों पर मतदान का वक्त शाम के छह बजे तक का है.
    • लक्ष्यद्वीप में वोटिंग का वक्त सवेरे सात बजे से लेकर शाम के साढ़े छह बजे तक का रखा गया है.
    • और पढ़ें - आपके चुनाव क्षेत्र में कब होगा मतदान, जानिए
  13. एंटनी ब्लिंकन की चेतावनी,ग़ज़ा की पूरी आबादी पर गंभीर खाद्य संकट का ख़तरा

    अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बीबीसी से कहा कि ग़ज़ा की 20 लाख की आबादी पर “गंभीर खाद्य संकट” का ख़तरा मंडरा रहा है.

    इसराइल हमास जंग शुरू होने के बाद ये पहली बार है, जब ग़ज़ा की पूरी की पूरी आबादी के लिए इस तरह का बयान सामने आया है.

    वहीं ग़ज़ा में काम कर रही संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों ने कहा है कि मई तक अगर युद्ध न रुका और ग़ज़ा में ज़रूरी मात्रा में राहत सामग्री न पहुंचाई गई तो ग़ज़ा भीषण भुखमरी का सामना कर सकता है.

    एंटनी ब्लिंकन फ़िलहाल फ़िलिपीन्स के दौरे पर हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को कहा है कि वो जल्द मध्य पूर्व का दौरा करने वाले हैं.

    अक्तूबर में हमास के ख़िलाफ़ इसराइल के हमले के बाद ये मध्य पूर्व का ब्लिंकन का छठा दौरा हैं. अपने दौरे में वो युद्धविराम बढ़ाने की संभावना को लेकर चर्चा करेंगे.

    मंगलवार को क़तर में इसराइली मध्यस्थ एक बार फिर संभावित युद्धविराम को लेकर चर्चा कर रहे हैं. चर्चा में ग़ज़ा में राहत सामग्री पहुंचाने से लेकर हमास के कब्ज़े में मौजूदल इसराइली बंधकों को छुड़ाने पर भी चर्चा होनी है.

    ब्लिंकन ने क्या कहा?

    बीबीसी ने ब्लिंकन से सवाल किया था, कि अगर युद्धविराम न हुआ और मौजूदा हालात बरकरार रहे तो क्या इससे इलाक़े के भविष्य पर असर पड़ेगा.

    इस सवााल के उत्तर में ब्लिंकन ने कहा, ”स्थिति का आकलन किया जाए तो ग़ज़ा की 100 फ़ीसदी आबादी गंभीर खाद्य संकट झेलने की कग़ार पर है. ये पहली बार है जब पूरी आबादी की स्थिति को इस तरह बताया जा रहा है.”

    गंभीर खाद्य संकट वो स्थिति होती है, जब खाना न मिलने के कारण किसी व्यक्ति के जीवन पर तुरंत ख़तरा मंडराने लगे. हालात न सुधरे तो ये भुखमरी का कारण बन सकता है.

  14. महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ लोकपाल ने की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश

    कैश के बदले सवाल मामले में मंगलवार को लोकपाल ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ सीबीआई केस दर्ज करे और उन पर लगे आरोपों की जांच करे.

    लोकपाल ने एक आदेश जारी करते हुए सीबीआई से कहा कि वो जांच पूरी कर छह महीनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपे.

    लोकपाल ने अपने आदेश में कहा, "रिकॉर्ड पर मौजूद पूरी जानकारी का मूल्यांकन करने और उस पर विचार करने के बाद, इस बात में कोई संदेह नहीं रह जाता कि उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप, जिनमें से अधिकांश में ठोस सबूत हैं. ख़ासकर उनके पद को देखते हुए, बेहद गंभीर हैं. इसलिए हमारी राय में सच को साबित करने के लिए इस मामले की गहन जांच ज़रूरी है."

    क्या है मामला?

    बीजेपी से लोकसभा सासंद निशिकांत दुबे ने महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने पैसे और तोहफ़े के बदले संसद में सवाल पूछे हैं.

    उनका आरोप था कि दुबई में रहने वाले बिज़नेसमैन दर्शन हीरानंदानी से पैसे और तोहफे़ लेकर महुआ मोइत्रा ने संसद में सवाल पूछे हैं.

    इस मामले में बीते साल दिसंबर में महुआ मोइत्रा को लोकसभा से निष्काषित कर दिया गया था. संसद की एथिक्स कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में महुआ को 'अनैतिक आचरण' और 'गंभीर रूप से ख़राब आचरण' का दोषी पाते हुए संसद से निष्कासित करने की सिफ़ारिश की थी.

    महुआ पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से सांसद चुनी गई थीं. इस बार एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें कृष्णानगर लोकसभा सीट से टिकट दिया है.

  15. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    19 मार्च की ख़बरें पढ़ने के लिए के लिए यहां क्लिक करें.