You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इंडिया गठबंधन की मुंबई में रैली, फ़ारूक़ अब्दुल्ला ने कहा- सत्ता में आए तो ईवीएम हटाएंगे

मुंबई में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में नेताओं ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर जमकर निशाना साधा.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले में केजरीवाल को मिला ईडी का नौवाँ समन

    दिल्ली के कथित शराब नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक और समन भेजा है.

    केजरीवाल को ईडी से मिला यह नौवाँ समन है.

    ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की पूछताछ के लिए उन्हें 21 मार्च यानी गुरुवार को बुलाया है.

    इससे पहले दिल्ली के स्थानीय राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने पूछताछ में सहयोग न करने पर ईडी के दर्ज दो मामलों में सीएम केजरीवाल को ज़मानत दे दी थी.

    वहीं गुरुवार को इसी मामले में तेलंगाना के पूर्व सीएम के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता को ईडी ने गिरफ़्तार किया था.

    उसके बाद शनिवार को कविता को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने उन्हें सात दिनों के लिए ईडी के रिमांड में भेज दिया.

  2. संदेशखाली: ईडी की टीम पर हमले के मामले में सीबीआई ने तीन को किया गिरफ़्तार

    पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में ईडी की टीम पर हुए हमले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले के मुख्य अभियुक्त और टीएमसी के निलंबित नेता शाहजहां शेख़ के भाई शेख़ आलमगीर और दो लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    गिरफ़्तार किए गए अन्य दो लोग मफ़ुज़र मुल्ला और सिराजुल मुल्ला हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि इन तीनों लोगों को रविवार को जज के सामने पेश किया जाएगा.

    गिरफ़्तार करने से पहले सीबीआई इन तीनों से पूछताछ कर रही थी.

    इस मामले के मुख्य ​अभियुक्त शाहजहां शेख़ पहले से सीबीआई की गिरफ़्त में हैं.

    क्या है मामला

    राशन घोटाले में नाम आने के बाद टीएमसी नेता शाहजहां शेख़ की गिरफ़्तारी के लिए प्रवर्तन निदेशालय और सीआरपीएफ की टीम पांच जनवरी को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली पहुंची थी.

    वहां उन पर सैकड़ों लोगों ने हमला कर दिया था.

    इस हमले के कुछ दिन बाद शाहजहां शेख़ समेत टीएमसी के कुछ स्थानीय नेताओं पर महिलाओं के उत्पीड़न के आरोप लगे.

    उसके बाद, तृणमूल कांग्रेस ने शाहजहां शेख को छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया.

    वहीं कलकत्ता हाईकोर्ट ने सवाल किया था कि सीबीआई की हिरासत में होने के बावजूद शाहजहां शेख़ अब तक उत्तर 24-परगना ज़िला परिषद के सदस्य कैसे बने हुए हैं? इस मामले की अगली सुनवाई चार अप्रैल को होगी.

    कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर इस मामले की जांच का ज़िम्मा मिलने के बाद सीबीआई ने तीन एफ़आईआर दर्ज की है.

  3. सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री को क्या दिलाया भरोसा

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने शनिवार को पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिया है.

    पिछले कुछ सालों से आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान को आर्थिक मदद की बहुत ज़रूरत है. ऐसे में सऊदी अरब का यह भरोसा बहुत अहम है

    विदेशी मुद्रा की कमी से जूझ रहे पाकिस्तान की मदद करने के लिए सऊदी अरब ने तीन अरब डॉलर का फंड वहां के बैंकों में रखा. उसने कई दूसरे तरीक़ों से भी पाकिस्तान की मदद की है.

    रेडियो पाकिस्तान के अनुसार, क्राउन प्रिंस ने प्रधानमंत्री शरीफ़ को फोन करके बधाई दी और कहा कि दोनों देशों के बीच भाईचारा है.

    वहीं शहबाज़ शरीफ़ ने उनसे कहा कि पाकिस्तान के लोगों के मन में सऊदी अरब के किंग और क्राउन प्रिंस के प्रति बहुत प्यार और सम्मान है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और मदद के लिए सऊदी अरब का शुक्रिया अदा किया.

  4. हांगकांग: लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शन में शामिल होने पर एक्टर ग्रेगरी वॉन्ग सहित 12 को जेल की सज़ा

    हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में 2019 में हुए प्रदर्शन में शामिल रहने पर एक्टर ग्रेगरी वॉन्ग सहित कुल 12 लोगों को जेल की सज़ा सुनाई गई है.

    वहां की ज़िला अदालत ने शनिवार को एक्टर वॉन्ग को छह साल से अधिक की सज़ा सुनाई.

    एक्टिविस्ट वेंटस लाउ विंग-होंग और ओवन चाउ को भी क़ैद की सज़ा दी गई है.

    वहीं दो पत्रकारों को लेजिस्लेटिव काउंसिल के चैंबर में बिना अनुमति के घुसने पर जुर्माना लगाया गया है.

    दोषी क़रार दिए गए लोगों में से ज़्यादातर पर दंगे कराने के आरोप थे.

    क्या था मामला

    यह मामला जुलाई 2019 का है, जब हांगकांग में एक विवादास्पद क़ानून लाया जा रहा था.

    इसके तहत, यहां के लोगों को चीन की मुख्य भूमि में प्रत्यर्पण किया जा सकता था.

    इस क़ानून के विरोध में हांगकांग में काफ़ी विरोध प्रदर्शन हुए थे. सैकड़ों प्रदर्शनकारी लेजिस्लेटिव काउंसिल में घुस गए थे और दीवारों पर अपना संदेश पेंट कर दिया था.

  5. भारतीय नौसेना के 40 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद 35 समुद्री लुटेरों का सरेंडर

    भारत का युद्धक जहाज़ आईएनएस कोलकाता अरब सागर में सभी 35 समुद्री लुटेरों को घेरने और उन्हें आत्मसमर्पण करने को मजबूर करने में कामयाब रहा है.

    भारतीय नौसेना के प्रवक्ता के एक्स हैंडल से किए एक ट्वीट में बताया गया है कि 40 घंटे तक चले अभियान के बाद अपहृत जहाज़ एमवी रुएन से चालक दल के 17 सदस्य सकुशल बचा लिए गए.

    इस ट्वीट में बताया गया, "आईएनएस कोलकाता ने भारत के तट से लगभग 1,400 नॉटिकल मील (2,600 कि.मी.) दूर समुद्री लुटेरों के जहाज़ रुएन को रोका था."

    "इस अभियान में आईएनएस सुभद्रा, HALE RPA, P8I समुद्री गश्ती विमान का साथ मिला. वहीं सी17 एयरक्राफ्ट से भारतीय नौसेना के मार्कोस कमांडो के जवान जहाज़ पर उतारे गए. इन सब के सामूहिक प्रयासों ने समुद्री डकैतों के जहाज़ को रुकने के लिए मजबूर कर दिया."

    नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार, "जहाज़ की छानबीन करके वहां से अवैध हथियार, गोला-बारूद और प्रतिबंधित सामग्री साफ़ कर दी गई है."

    अपने बयान में भारतीय नौसेना ने बताया कि जहाज़ पर अभियान शुरू करने से पहले उसने लुटेरों से तुरंत सरेंडर करने और बंधक लोगों को छोड़ने को कहा गया.

    बताया गया है कि ये सभी समुद्री लुटेरे सोमालिया के रहने वाले हैं.

  6. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    16 मार्च की ख़बरें पढ़ने के लिए के लिए यहां क्लिक करें.