You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीयूष गोयल और पंकजा मुंडे, महाराष्ट्र में बीजेपी के 20 उम्मीदवारों में कौन-कौन?

बीजेपी ने महाराष्ट्र में पिछले चुनाव की जीती हुई 23 में से 20 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. चीन के हेबेई प्रांत में धमाका, कई लोग हुए ज़ख़्मी

    उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत स्थित लैंगफै़ैंग में बुधवार सुबह एक धमाका हुआ.

    इस घटना का एक वीडियो चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

    वीडियो में धुएं का बड़ा गुबार नज़र आ रहा है, कई गाड़िया क्षतिग्रस्त दिख रही हैं और मलबे सड़क पर फैले हुए हैं.

    ग्लोबल टाइम्स के अनुसार एक रेस्टोरेंट में ये धमाका हुआ. ये रेस्टोरेंट एक रेज़िडेंशियल इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर था.

    जो लोग इस हमले में घायल हुए हैं उन्हें अस्पताल भेजा गया है. हालांकि हताहतों की संख्या का अब तक पता नहीं चल सका है.

    माना जा रहा है कि ये धमाका गैस सिलेंडर के फटने से हुआ.

    चीन के सरकारी न्यूज़ चैनल ने भी इस दुर्घटना का वीडियो जारी किया है.

  2. ग़ज़ा में भुखमरी को एक 'हथियार' की तरह इस्तेमाल किया जा रहा- यूरोपीय संघ

    यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख ने दावा किया है कि ग़ज़ा युद्ध में 'भुखमरी को एक हथियार' की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है.

    जोसफ़ बोरेल ने यहां ज़रूरत भर सहायता ना पहुंचने को "मानव निर्मित" संकट बताया.

    बेहद ज़रूरी खाद्य सामग्री लेकर एक स्पेनिश जहाज साइप्रस से ग़ज़ा के लिए रवाना हुआ है लेकिन संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि यह सहायता सड़क मार्ग से भेजी जाने वाली मदद की ज़गह नहीं ले सकता.

    वहीं दूसरी तरह इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि अब दक्षिणी ग़ज़ा में ज़मीनी हमले शुरू करेंगे.

    अब तक सेंट्रल ग़ज़ा और उत्तरी ग़ज़ा से आम लोगों को दक्षिणी ग़ज़ा जाने के लिए कहा गया था. ऐसे में ग़ज़ा की आबादी का बड़ा हिस्सा रफ़ा सीमा के पास रह रहा है. इसे अब तक सुरक्षित हिस्सा माना जा रहा था.

    सड़क मार्ग ग़ज़ा में सहायता भेजने का सबसे सही तरीका है. लेकिन सहायता पहुंचाने वाली संस्थाओं का कहना है कि इसराइल ने इस पर पाबंदी लगायी है, जिसका मतलब है कि जो मदद पहुंच सकती है उसका बहुत छोटा हिस्सा ही अभी पहुंच पा रहा है.

    अभी मदद समुद्री रास्ते और हवाई मार्ग से पहुंचाया रहा है.

    इसराइल का कहना है कि ग़ज़ा में खाने की कमी के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है क्योंकि उसने दो रास्ते मदद पहुंचाने के लिए खोले हैं.

    मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करते हुए, बोरेल ने कहा कि इस क्षेत्र में बढ़ते मानवीय संकट का कारण सड़क से मदद ना भेज पाना है.

    उन्होंने कहा- “ये आबादी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही हैं. मानवीय सहायता ग़ज़ा में पहुंचनी चाहिए और यूरोपीय संघ इसे मुमकिन बनाने के लिए जिनता हो सकता है उतना काम कर रहा है. ”

  3. केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर नेशनल फ्रंट पर पाँच साल का लगाया बैन

    केंद्र सरकार ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर नेशनल फ्रंट पर ग़ैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया.

    गृह मंत्रालय ने एक आदेश में अलगाववादी विचारधारा के संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेंस से जुड़े जेकेएनएफ़ को तत्काल प्रभाव से "ग़ैरकानूनी असोसिएशन" घोषित कर दिया.

    गृह मंत्री अमित शाह ने इस फ़ैसले को लेकर एक्स पर लिखा, “मोदी सरकार ने आज जम्मू-कश्मीर नेशनल फ्रंट को ग़ैरक़ानूनी एसोसिएशन घोषित कर दिया.”

    “पाया गया कि संगठन जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने और आतंकवाद का समर्थन करने, देश की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता को चुनौती देने की गतिविधियों में शामिल है.”

    “हम भारत के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आतंकवादी ताक़तों को उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

    जो आदेश केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया है कि उसमें ये भी कहा गया है कि जेकेएनएफ़ के सदस्य "आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन कर रहे थे, कश्मीर के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन के लिए लोगों को जुटाने और सुरक्षा बलों पर पथराव सहित गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल थे."

  4. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    11 मार्च की ख़बरें पढ़ने के लिए के लिये यहां क्लिक करें.