You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सोमवार से शुरू होगा रमज़ान का महीना, सऊदी अरब ने किया एलान

सऊदी अरब ने कहा है कि रमज़ान का महीना सोमवार 11 मार्च से शुरू होगा.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. रमज़ान के दौरान युद्ध विराम की उम्मीदें धूमिल होने के बाद यरूशलम में बढ़ सकती है हिंसा

      • Author, योलांदे नेल
      • पदनाम, बीबीसी मध्य पूर्व संवाददाता, यरूशलम से

    रविवार या सोमवार से शुरू हो रहे रमज़ान के महीने के दौरान फ़लस्तीनी इलाक़े ख़ासकर यरूशलम में फिर से हिंसा फैलने की आशंका है.

    इसकी वजह ये है कि अभी तक ये साफ नहीं है कि इसराइल और फ़लस्तीन के बीच संघर्ष विराम होगा या नहीं.

    यह मस्जिद इस्लाम की तीसरी सबसे अहम मस्जिद है, जहां स्थानीय मुसलमान इबादत करते हैं.

    यह जगह यहूदियों के लिए भी पवित्र मानी जाती है. इसराइल और फ़लस्तीन के बीच के विवाद के दौरान इस जगह अक्सर तनाव की स्थिति रहती है.

    वहीं ग़ज़ा में सक्रिय हमास ने फ़लस्तीनियों से अपील की है कि वे अल-अक़्सा मस्जिद का दौरा करें.

    इसराइल ने हमास पर रमज़ान के दौरान इस इलाक़े में 'आग' लगाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है.

    रमज़ान को देखते हुए 40 दिनों के यु​द्ध विराम होने की संभावना धूमिल हो गई है.

    हालांकि मिस्र के सूत्रों ने कहा है कि रविवार को मध्यस्थ हमास के प्रतिनिधिमंडल से एक बार फिर मिलेंगे, ताकि किसी समझौते पर पहुंचा जा सके.

  2. चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा बनीं मिस वर्ल्ड, जानिए क्या है उनका लक्ष्य

    चेक गणराज्य की क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा 71वीं 'मिस वर्ल्ड' चुनी गई हैं.

    1996 के बाद दूसरी बार भारत में आयोजित हुई इस प्रतिस्पर्द्धा के विजेता का फ़ैसला शनिवार देर रात हुआ.

    साल 2023 का यह मिस वर्ल्ड ख़िताब जीतने के बाद पिस्ज़कोवा ने मुंबई में मीडिया से बातचीत की.

    उन्होंने कहा, "मैं बहुत उत्साहित हूँ. मिस वर्ल्ड एक ऐसी चीज़ है जिसके लिए मैं बहुत मेहनत कर रही थी. मैं जानती हूं कि मिस वर्ल्ड मंच हमें उन मुद्दों के लिए बोलने की क्षमता देता है जिन्हें हम अहम मानते हैं. मैं जहां तक हो सके अधिक से अधिक बच्चों की मदद करूंगी."

    लेबनान की यास्मीन अज़ायतौन को पहला रनर अप (उपविजेता) चुना गया. वहीं भारत की सिनी शेट्टी इस प्रतियोगिता में सातवें स्थान पर रहीं.

    इससे पहले, नवंबर 2023 में अल सल्वाडोर में आयोजित मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता 2023 में निकारागुआ की शेन्निस पलासियोस को विजेता चुना गया था.

    हालांकि यह प्रतियोगिता 2024 में आयोजित हुई, लेकिन पहले इसका आयोजन मई 2023 में संयुक्त अरब अमीरात में होना था. लेकिन इसका आयोजन टाल दिया गया. जून में एलान किया गया कि इसका आयोजन सितंबर में भारत में होगा.

    हालांकि किसी कारण से इसका आयोजन दिसंबर में और फिर मार्च में कराने का फ़ैसला लिया गया. अब 2025 में 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.

  3. रूसी छात्र ने यूक्रेन समर्थक वाई-फ़ाई का नाम रखा तो हुई जेल

    रूस की राजधानी मॉस्को की एक अदालत ने वहां के एक छात्र को 10 दिनों की जेल की सज़ा सुनाई है.

    उन्हें यह सज़ा इसलिए मिली है कि उन्होंने यूक्रेन के समर्थन में अपने वाई-फाई का नाम रखा है.

    मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी के इस छात्र ने अपने वाई-फाई नेटवर्क का नाम 'स्लावा यूक्रेन!' (यूक्रेन की जय हो!) रखा था.

    इसके कारण मॉस्को की एक अदालत ने गुरुवार को उन्हें 'चरमपंथी संस्था के प्रतीकों' के प्रदर्शन का दोषी क़रार दिया है.

    लगभग दो साल पहले रूस ने जब यूक्रेन पर हमले शुरू किए, रूस में तब से अब तक हज़ारों लोगों को हमले की आलोचना करने या यूक्रेन का समर्थन करने के कारण जेल या जुर्माने की सज़ा दी जा चुकी है.

    अधिकारियों को नेटवर्क का नाम बताए जाने के बाद एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार की सुबह उस छात्र को मॉस्को में गिरफ्तार कर लिया.

    अदालती दस्तावेजों के अनुसार, अधिकारियों ने विश्वविद्यालय के छात्रावास के भीतर उसके कमरे का निरीक्षण किया और उसके निजी कंप्यूटर और वाई-फाई राउटर को ज़ब्त कर लिया.

    यूक्रेन समर्थकों के बीच 'स्लावा यूक्रेन!' का नारा काफी लोकप्रिय है. रूसी हमले के विरोध में होने वाली रैलियों में अक्सर यह नारा सुनाई देता है.

  4. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    9 मार्च की ख़बरें देखने के लिए यहां क्लिककरें