कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए जारी की पहली लिस्ट, राहुल गांधी वायनाड से लड़ेंगे चुनाव

राहुल गांधी एक बार फिर केरल के वायनाड से चुनाव लड़ेंगे.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and स्नेहा

  1. असमः अमृतपाल सिंह के पास से प्रतिबंधित सामान मिलने के मामले में डिब्रूगढ़ जेल सुपरिटेंडेंट गिरफ़्तार

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए
    Amritpal singh

    इमेज स्रोत, ANI

    असम पुलिस ने गुरुवार की रात डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट निपेन दास को गिरफ़्तार कर लिया है.

    उनकी यह गिरफ्तारी डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के कमरे से मोबाइल फोन और एक स्पाई कैमरे सहित कई अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के बरामद होने के मामले में हुई है.

    डिब्रूगढ़ के एएसपी (क्राइम) सेजल अग्रवाल ने इस गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट निपेन दास को ग़ैर क़ानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 13 (1) बी और असम जेल अधिनियम की धारा 75 के तहत गिरफ़्तार किया गया है.

    दरअसल 17 फरवरी को डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में अमृतपाल सिंह की हिरासत से अधिकारियों ने सिम कार्ड वाले स्मार्टफोन, की-पैड वाले फोन, की-बोर्ड के साथ टीवी रिमोट, स्पाई-कैमरा पेन, पेन ड्राइव, ब्लूटूथ हेडफोन और स्पीकर तथा स्मार्टवॉच सहित कई प्रतिबंधित चीजें बरामद की थी.

    इस घटना के बाद फरवरी में असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल का दौरा किया था.

    अमृतपाल सिंह और उनके नौ सहयोगी राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून (एनएसए) के तहत गिरफ़्तार होने के बाद पिछले साल अप्रैल से डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

  2. धर्मशाला टेस्ट पर भारत की पकड़ और मजबूत, यशस्वी, रोहित के बाद शुभमन ने भी जड़ी हाफ सेंचुरी

    शुभमन गिल

    इमेज स्रोत, ANI

    हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेले जा रहे पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी में 201 रन बना लिए हैं. भारत अब इंग्लैंड से 17 रन पीछे रह गया है.

    शुक्रवार को भारत की ओर से एक और बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने अर्धशतक जमाया. इस सिरीज़ में गिल की यह 50 से अधिक रनों की चौथी पारी है.

    ख़बर लिखे जाने तक भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 76 रन और गिल 64 रन बनाकर खेल रहे थे.

    इससे पहले गुरुवार को इंग्लैंड की पहली पारी केवल 218 रन पर सिमट गई. भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक पांच विकेट लिए. अपना सौवों टेस्ट मैच खेल रहे आर अश्विन ने चार विकेट लिए.

    इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक रन ज़ैक क्रॉली ने 79 रन बनाए. उनके अलावा, बेयरस्टो ने 29 रन, डकेट ने 27 रन, रूट ने 26 रन और फोक्स ने 26 रन बनाए थे.

    उसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरे भारतीय बल्लेबाज़ों ने शानदार खेल दिखाया. यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़े. इसी स्कोर पर जायसवाल 57 रन बनाकर आउट हो गए.

    पांच मैचों की इस ​टेस्ट सिरीज़ में भारत पहले से ही 3-1 से आगेहै. इस तरह यह सिरीज़ भारत के नाम हो गई है.

  3. अंतरधार्मिक प्रेम में अंकित सक्सेना की हत्या केस में तीन को मिली उम्र क़ैद, अंकित की माँ फ़ैसले पर क्या बोलीं- प्रेस रिव्यू

  4. काबुल में तालिबान के विदेश मंत्री से मिले भारतीय अधिकारी, क्या हुई बात

    तालिबान

    इमेज स्रोत, Twitter/Abdul Qahar Balkhi

    भारतीय विदेश मंत्रालय के एक प्रति​निधि मंडल ने गुरुवार को काबुल में तालिबान के विदेश मंत्री से मुलाक़ात की है.

    नई दिल्ली स्थित ​भारतीय विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव जेपी सिंह के नेतृत्व में अफ़ग़ानिस्तान गए इस प्रतिनिधिमंडल ने तालिबान सरकार के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मोत्तक़ी के साथ बैठक की.

    अधिकारियों ने काबुल में अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई से भी मुलाक़ात की है.

    तालिबान सरकार के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल क़हर बाल्खी ने बताया कि दोनों देशों के संबंधों को लेकर गहन बातचीत की. इसमें आर्थिक और आवागमन से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने इस बारे में कई ट्वीट किए.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने बताया, "इसके अलावा, सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने, नशीले पदार्थों का मुक़ाबला करने, आईएसकेपी (इस्लामिक स्टेट-ख़ुरासान प्रोविन्स) और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ जारी लड़ाई के लिए अफ़ग़ानिस्तान की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा कि भारत, अफ़ग़ानिस्तान के साथ राजनीतिक और आर्थिक सहयोग बढ़ाने और चाबहार बंदरगाह के ज़रिए कारोबार बढ़ाने में रुचि रखता है."

    मुत्तक़ी ने मानवीय सहायता के लिए भारत का आभार जताया है.

    "अफ़ग़ानिस्तान इस क्षेत्र के एक अहम पक्ष भारत के साथ राजनीतिक और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करना चाहता है. अंत में, विदेश मंत्री मुत्तक़ी ने भारत के संयुक्त सचिव से अफ़ग़ान कारोबारियों, मरीज़ों और विद्यार्थियों के लिए वीज़ा जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने का अनुरोध किया."

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी ने एलपीजी सिलेंडर के दाम 100 रुपए घटाने का एलान किया

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्र की मोदी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रसोई गैस को सस्ता करने का एलान किया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स से किए एक ट्वीट में बताया है कि सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में 100 रुपए की छूट देने का फ़ैसला लिया है.

    उन्होंने लिखा, ''महिला दिवस के अवसर पर आज हमने एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में 100 रुपए की छूट का बड़ा फ़ैसला किया है. इससे नारी शक्ति का जीवन आसान होने के साथ ही करोड़ों परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा. यह क़दम पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार बनेगा, जिससे पूरे परिवार का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि यह फ़ैसला महिलाओं को मजबूत बनाने और उनकी ज़िंदगी को आसान बनाने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है.

    अभी दो दिन पहले ही बुधवार को सीएनजी की क़ीमत घटाने का एलान किया था. बुधवार को 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम की कटौती होने के बाद दिल्ली में सीएनजी की क़ीमत 74.09 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई है.

  6. भगवंत मान को लेकर नवजोत सिद्धू ने किया ये सनसनीखेज दावा

    नवजोत सिंह सिद्धू और भगवंत मान

    इमेज स्रोत, ANI

    कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने दावा किया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने एक बार उनसे संपर्क कर कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी.

    नवजोत सिंह सिद्धू का यह दावा उनके कांग्रेस छोड़ने और फिर से बीजेपी ज्वाइन करने की अटकलों के बीच आया है.

    एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में सिद्धू से पूछा गया था कि क्या वे बीजेपी में लौट सकते हैं और क्या बीजेपी ने उनसे संपर्क किया है.

    इस प्रश्न के जवाब में सिद्धू ने दावा किया, "मैं आपको एक बात बता सकता हूं कि किसने (मुझसे) संपर्क किया था. भगवंत मान साहब मेरे पास आए थे. अगर वे कहें तो मैं उन्हें वो जगह भी बताऊंगा (जहां वे मिले थे)."

    सिद्धू ने कहा, "उन्होंने मुझसे कहा कि पाजी! अगर मैं उन्हें कांग्रेस में शामिल करा दूं तो मैं आपका डिप्टी बनने को तैयार हूं. उन्होंने मुझसे यह भी कहा कि अगर आप आम आदमी पार्टी में आ जाएं, तो भी वे मेरे डिप्टी बनने को तैयार हैं."

    नवजोत सिद्धू ने बताया कि उन्होंने मान से कहा कि अगर वे चाहें तो कांग्रेस में उनका स्वागत है, लेकिन इसके लिए उन्हें दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से बात करनी चाहिए.

    हालांकि पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अभी तक नवजोत सिद्धू के इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  7. अनुच्छेद 370 की आलोचना करना कोई अपराध नहीं: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक अहम फ़ैसले में गुरुवार को कहा कि अनुच्छेद 370 के रद्द किए जाने की आलोचना करना कोई अपराध नहीं है.

    अदालत ने महाराष्ट्र के एक प्रोफेसर जावेद अहमद हजाम पर दर्ज मुक़दमे को रद्द करते हुए यह बात कही.

    सुप्रीम कोर्ट ने ये भी कहा कि पुलिस को भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान द्वारा दी गई अभिव्यक्ति की आज़ादी को लेकर संवेदनशील होना चाहिए.

    क्या है मामला

    इस प्रोफेसर ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में अनुच्छेद 370 को रद्द करने की आलोचना करते हुए 5 अगस्त, 2019 को जम्मू और कश्मीर के लिए 'काला दिन' बताया था.

    उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर '5 अगस्त- ब्लैक डे जम्मू-कश्मीर' और '14 अगस्त- स्वतंत्रता दिवस पाकिस्तान' लिखा था.

    उनकी इस टिप्पणी पर पुलिस ने प्रोफेसर जावेद के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया था. महाराष्ट्र पुलिस ने उन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए लगाई थी.

    शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि सरकार के खिलाफ हर आलोचना या विरोध को अगर धारा 153-ए के तहत अपराध मान लिया जाएगा, तो देश में लोकतंत्र नहीं बचेगा.

    जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ ने कहा कि 5 अगस्त, 2019 को 'काला दिवस' बताना विरोध और पीड़ा की अभिव्यक्ति है.

    इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने पहले हजाम के खिलाफ एफआईआर को रद्द करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि प्रोफेसर की ​टिप्पणी समाज के विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य और दुर्भावना को बढ़ावा दे सकती है.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 5 अगस्त, 2019 को संसद में अनुच्छेद 370 को रद्द करने का एलान किया था.

    सरकार के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती भी दी गई थी.

    अब से लगभग तीन महीने पहले 11 दिसंबर, 2023 को सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों की संविधान पीठ ने सर्वसम्मति से सरकार के पक्ष में फ़ैसला सुनाया कि अनुच्छेद 370 को हटाया जाना ठीक था.

  8. नाइजीरिया में 280 से ज़्यादा स्कूली बच्चों का अपहरण

    Nigeria

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नाइजीरिया के अधिकारियों का कहना है कि दर्जनों बंदूकधारियों ने उत्तर-पश्चिमी शहर कुरिगा में 280 से अधिक स्कूली बच्चों का अपहरण कर लिया है.

    एक चश्मदीद ने बताया है कि सभी बच्चे स्थानीय समय के अनुसार, सुबह लगभग साढ़े आठ बजे जब असेंबली ग्राउंड में थे, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार दर्जनों बंदूकधारी स्कूल में घुस आए.

    उन्होंने बताया कि अपहरण किए गए बच्चों की उम्र आठ से 15 साल है. उनके एक शिक्षक का भी अपहरण किया गया है.

    इस घटना की पुष्टि कडुना राज्य के गवर्नर उबा सानी ने की है. कुरीगा इसी राज्य का हिस्सा है.

    अपहरण करने वालों गिरोहों ​ने पिछले कुछ सालों में नाइजीरिया में ख़ासकर देश के उत्तर-पश्चिम हिस्से में सैकड़ों लोगों का अपहरण कर लिया है.

    कडुना के गवर्नर उबा सानी ने बताया है कि गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल से 187 और स्थानीय प्राइमरी स्कूल से 125 छात्र लापता हुए थे. हालांकि इनमें से 25 लौटकर आ गए हैं.

    इस बीच, प्रत्यक्षदर्शी ने बताया है कि एक छात्र को बंदूकधारियों ने गोली मार दी जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

  9. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    7 मार्च की ख़बरें देखने के लिए यहां क्लिककरें