You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूट्यूबर एल्विश यादव पर लगा मारपीट करने का आरोप, मामला दर्ज

कथित हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. यादव पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and संदीप राय

  1. पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे पर जयराम रमेश बोले- टीएमसी के लिए दरवाज़े अभी भी खुले हैं

    कांग्रेस ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में सीटों के बंटवारे पर तृणमूल कांग्रेस से अभी भी उसकी बातचीत हो सकती है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि सीटों के बंटवारे के लिए तृणमूल से अभी भी बातचीत हो सकती है. उन्होंने कहा कि बातचीत के लिए कांग्रेस के दरवाज़े अभी भी खुले हैं.

    कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल नहीं हो पा रहा है. कांग्रेस ने पहले छह सीटें मांगी थीं जिसे घटा कर पांच किया गया था. लेकिन ममता बनर्जी कांग्रेस को दो से ज़्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं हैं.

    सूत्रों के मुताबिक़ कांग्रेस भाजपा के कब्ज़े वाली तीन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी. जिसमें उत्तर बंगाल की एक सीट भी शामिल है.

  2. Live: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश के मोहाना पहुँची. ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता सलमान रावी

  3. चीन से कराची जा रहे जहाज़ को मुंबई में रोकने के मामले में पाकिस्तान क्या बोला

    चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज़ को मुंबई बंदरगाह पर रोके जाने को लेकर पाकिस्तान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक़, भारतीय एजेंसियों का दावा है कि इस जहाज़ में परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम के लिए ज़रूरी सामानों की खेप है लेकिन पाकिस्तान का कहना है इसमें कोई सच्चाई नहीं है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इन तथ्यों को ग़लत तरीके से पेश करने के 'भारतीय मीडिया की आदत' का उदाहरण करार दिया है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, '' ये कराची स्थित एक कंपनी की ओर से लेथ मशीन आयात करने का साधारण सा मामला है. ये कंपनी पाकिस्तान में ऑटोमोबाइल कंपनियों को पार्ट्स की सप्लाई करती है. जो उपकरण मंगाए गए हैं उनसे साफ पता चलता है कि ये वाणिज्यिक इस्तेमाल के लिए हैं. इस बारे में जो ट्रांजेक्शन हुआ है वो पारदर्शी बैंकिंग चैनल के ज़रिये किया गया है और इससे संबंधित दस्तावेज़ भी मौजूद हैं.''

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत की कार्रवाई को नाजायज़ करार दिया है.

    भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने इस साल जनवरी में मुंबई के बंदरगाह पर चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज़ को रोक दिया था. ये जहाज पाकिस्तान के कराची बंदरगाह जा रहा था. इसमें संदिग्ध सामान होने की सूचना पर इसको रोका गया गया था.

    कस्टम अधिकारियों का दावा है कि जहाज़ में पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी संदिग्ध खेप मिली, जो चीन से लाई जा रही थी.

  4. आरएलडी औपचारिक तौर पर एनडीए गठबंधन में शामिल

    लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होते ही राष्ट्रीय लोकदल शनिवार को औपचारिक रूप से एनडीए गठबंधन में शामिल हो गया.

    पार्टी नेता जयंत चौधरी ने शनिवार को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाक़ात की.

    जयंत चौधरी से मुलाक़ात के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, ''राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी जी का एनडीए परिवार में स्वागत करता हूं."

    "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों में विश्वास प्रकट करते हुए उनके एनडीए में आने से किसान, ग़रीब और वंचित वर्ग के उत्थान के हमारे संकल्प को और बल मिलेगा. आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए 400 पार कर अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण के लिए कटिबद्ध है.''

    बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी एक्स पर लिखा, ''आज माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी की उपस्थिति में आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी जी से मुलाकात हुई. मैं उनके एनडीए परिवार में शामिल होने के निर्णय का हृदय से स्वागत करता हूं. आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत की यात्रा और उत्तर प्रदेश के विकास में आप महत्वपूर्ण योगदान करेंगे.''

    इस पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए जयंत चौधरी ने लिखा, ''नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकास और गरीब कल्याण का समांतर साक्षी बन रहा है! अमित शाह और नरेंद्र मोदी जी से भेंट कर एनडीए में शामिल होने का निर्णय लिया गया है. विकसित भारत के संकल्प और अबकी बार 400 पार के नारे को पूरा करने के लिए एनडीए तैयार है!"

    समझा जा रहा है कि बीजेपी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी स्थिति और मज़बूत करने के लिए आरएलडी को अपने गठबंधन में शामिल किया है. इस इलाके में जयंत चौधरी की पार्टी का खासा जनाधार है.

    चर्चा है कि बीजेपी के साथ गठबंधन में आरएलडी को बागपत और बिजनौर लोकसभा सीट दी जा सकती है. इसके अलावा उसे एक राज्यसभा सीट भी मिल सकती है.

  5. यूक्रेन को मिसाइल देने पर जर्मनी में चल रही बैठक की बातचीत को रूस ने किया हैक

    रूस ने जर्मनी की एक अहम बैठक की बातचीत को हैक कर लिया है. जर्मनी ने माना है कि ये साफ़तौर पर हैकिंग है.

    बैठक में जर्मन अफसर यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें देने और इसके संभावित लक्ष्यों के बारे में बात कर रहे थे.

    रूस के सरकारी आरटी चैनल ने इस वीडियो कॉन्फ्रेंस का ऑडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया है. इस पोस्ट में जर्मन अफसर कर्च ब्रिज को मिसाइल से निशाना बनाए जाने पर चर्चा कर रहे हैं. ये ब्रिज रूस और क्राइमिया को जोड़ता है.

    रूसी नेताओं ने कहा है कि इस ऑडियो से साबित होता है कि रूस का 'कट्टर दुश्मन' उनके देश पर हमले की योजना बना रहा है.

    जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स ने शनिवार को कहा कि ये ऑडियो लीक बेहद गंभीर मामला है.

    उन्होंने कहा कि इसकी पूरी गहनता, गंभीरता और तेज़ी से जांच चल रही है. 'दा स्पीगल मैगज़ीन' के मुताबिक़ ये वीडियो कॉन्फ्रेंस जर्मन सेना गुप्त आंतरिक नेटवर्क पर न होकर वेबएक्स प्लेटफॉर्म पर हुई थी.

  6. नमस्कार,

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे चलेगा.

    2 मार्च के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.