You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ा में राहत सामग्री का इंतज़ार कर रहे लोगों की मौत पर भारत ने जताया दुख

भारत ने उत्तरी ग़ज़ा में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and स्नेहा

  1. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार छह विधायकों के जाने के बाद कितनी सुरक्षित है?- प्रेस रिव्यू

  2. रैट माइनर वकील हसन का घर तोड़ने के बाद डीडीए ने नए घर का दिया ऑफर, क्या बोले वकील हसन

    दिल्ली के खजूरी ख़ास इलाक़े में रैट-होल माइनर वकील हसन के घर पर बुलडोज़र चलाने के बाद अब दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडाए ने उन्हें फ़्लैट देने का प्रस्ताव दिया है.

    वकील हसन उन रैट होल माइनर्स में से एक थे, जिसने उत्तराखंड के सिल्क्यारा टनल में फँसे मज़दूरों को बाहर निकाला था. हसन को नरेला में ईडब्लूएस फ्लैट देने की बात कही गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई को अधिकारियों ने ये जानकारी दी है.

    हालांकि वकील हसन ने डीडीए का ये प्रस्ताव ठुकरा दिया है.

    वकील हसन का कहना है कि वह नया आवास उसी जगह पर चाहते हैं, जहां उनका घर था.

    पीटीआई से बात करते हुए वकील हसन ने मांग की कि उनका घर वहीं बनाया जाना चाहिए जहां उसे ढहाया गया. अगर उनकी मांग नहीं मानी जाएगी तो वह भूख हड़ताल करेंगे.

    हसन ने पीटीआई से कहा, "दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारियों ने बुधवार रात बताया कि अस्थायी आवास दिया जा रहा है और बाद में एक घर दिया जाएगा."

    लेकिन इस प्रस्ताव को उन्होंने स्वीकार नहीं किया क्योंकि यह केवल एक "मौखिक आश्वासन" था.

    इससे एक दिन पहले डीडीए ने वकील हसन के खजूरी खास स्थित घर पर बुलडोज़र चला दिया था. वकील हसन का दावा है कि उन्हें इस कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं मिला था.

    डीडीए का कहना है कि ये घर सरकारी ज़मीन पर बनाया गया था.

    डीडीए ने इस बुलडोजर ड्राइव पर बयान जारी कर कहा था कि “ एक प्राधिकरण के रूप में वह अधिग्रहण और ज़मीन पर ग़ैर क़ानूनी निर्माण की इजाज़त नहीं दे सकता.”

    डीडीए का कहना है कि वकील हसन को पहले से पता था कि ये निर्माण ‘अधिग्रहण के दायरे’ में आता है. साल 2016 में भी यहां से निर्माण हटाया गया था जिसे फिर बना लिया गया.

    हालांकि डीडीए का कहना है- “ उन्हें ये नहीं पता था कि वकील हसन ने सिल्क्यारा टनल मामले में बतौर रैट माइनर काम किया था.”

  3. हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल क्या बोले

    इस सप्ताह हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर चुनाव के लिए हुए मतदान में कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. इस वजह से कांग्रेस के पास संख्या बल होने के बावजूद बीजेपी उम्मीदवार को जीत मिली थी.

    कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर केंद्रीय क़ानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि ये कांग्रेस के भीतर का असंतोष था जिसमें बीजेपी कुछ नहीं कर सकती.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “असंतोष तो कांग्रेस में था, 40 सीट जीतकर कांग्रेस ने वहां सरकार बनाई. राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार को उसके 34 विधायकों ने ही समर्थन किया. छह का तो अंतर है ना तो इसका मतलब है कि कांग्रेस पार्टी में असंतोष है. इसमें बीजेपी क्या करे.”

    कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने धनबल और दबाव से इन विधायकों को तोड़ा.

  4. बांग्लादेश: ढाका की एक इमारत में लगी आग, कम से कम 43 लोगों की मौत

    बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार, गुरुवार को राजधानी ढाका में रात के दस बजे एक रेस्तरां में आग लगी.

    यह तेज़ी से पूरी इमारत में फैल गई और दर्जनों लोग इसमें फँस गए.

    अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, बाद में आग पर काबू पा लिया गया और आग लगने के कारण की जांच की जा रही है.

    बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सामंत लाल सेन ने कहा कि ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 33 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.

    शहर के मुख्य बर्न अस्पताल में कम से कम 10 अन्य की मौत हो गई.

    सेन ने कहा, दर्जनों और लोगों को इलाज के लिए वहां भेजा गया है.

    आपातकालीन सेवाओं को काच्ची भाई रेस्तरां में बुलाया गया.

    स्थानीय अख़बार डेली बांग्लादेश के अनुसार, रेस्तरां जिस इमारत में है वो सात मंजिल की है. इसमें कई अन्य रेस्तरां, कपड़ों की दुकान, फ़ोन की दुकानें भी हैं.

    समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, सोहेल नाम के एक रेस्तरां मैनेजर ने कहा, "हम छठी मंजिल पर थे जब हमने सीढ़ियों से धुआं निकलते देखा."

    "बहुत सारे लोग ऊपर की ओर भागे. हमने इमारत से नीचे उतरने के लिए पानी के पाइप का इस्तेमाल किया. हम में से कई लोग घायल हो गए क्योकि घबराकर लोग सीढियों से नीचे कूदने लगे."

    एक और शख़्स मोहम्मद अल्ताफ़ ने रॉयटर्स को बताया कि उन्होंने एक टूटी खिड़की के से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचायी.

  5. नमस्कार,

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे चलेगा.

    29 फ़रवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.