You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

रूस-यूक्रेन युद्ध : ज़ेलेंस्की कहा, यूक्रेन रूस को हरा कर रहेगा

राजधानी कीएव में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हम किसी को भी यूक्रेन नष्ट नहीं करने देंगे.

लाइव कवरेज

  1. अरविंद केजरीवाल को ईडी का 7वीं बार समन लेकिन नहीं होंगे पेश, बीजेपी ने क्या कहा

    आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को भी प्रवर्तन निदेशालय के समन पर पेश नहीं होंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने आम आदमी पार्टी के हवाले से ये जानकारी दी है. ये ईडी का केजरीवाल को सातवां समन है लेकिन इस बार भी वो पेश नहीं होंगे.

    भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस पर कहा है कि अरविंद के केजरीवाल को ‘विक्टिम कार्ड खेलने के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए.’

    उन्होंने कहा, “आज अरविंद केजरीवाल ईडी के सातवें समन पर भी पेश नहीं हो रहे हैं. उन्हें विक्टिमहुड कार्ड का इस्तेमाल करने के लिए नोबेल मिलना चाहिए. पहले वो भ्रष्टाचार करते हैं फिर अत्याचार-अत्याचार चिल्लाते हैं.”

    “केजरीवाल ईडी के समन को ग़ैर-क़ानूनी बताते हैं लेकिन उन्हें कोर्ट से तो कोई राहत नहीं मिली... ना ही मनीष सिसोदिया और संजय सिंह- जिसे केजरीवाल कट्टर ईमानदार कहते हैं- उन्हें कोर्ट से कोई राहत मिली."

    "सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि 338 करोड़ की गड़बड़ी हुई है. जब आप अन्ना हजारे के साथ थे तो कहते थे- पहले इस्तीफ़ा फिर जांच. आज आप कहते हैं- नो इस्तीफ़ा, नो जांच.”

    इससे पहले आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी को धमकी मिली है कि "या तो वह इंडिया गठबंधन छोड़ दे या फिर अरविंद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा."

    दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे हो गए हैं. आम आदमी पार्टी चार सीट पर और कांग्रेस तीन सीट पर दिल्ली में चुनाव लड़ेगी.

    कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और गोवा में एक साथ मिल कर चुनाव लड़ेंगी.

  2. मराठा आरक्षण को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच महाराष्ट्र के अंबड तालुका में कर्फ्यू

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ महाराष्ट्र के जालना ज़िले के अंबड में मराठा आरक्षण को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण कर्फ्यू लगा दिया गया है.

    अंबड तालुका से एक वीडियो सामने आया, जहां एक सरकारी बस को आग लगा दी गई.

    जालना के कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल ने आदेश में कहा कि "जारांगे पाटिल ने रविवार को घोषणा की है कि वह मुंबई जाएंगे और मराठा आरक्षण की अपनी मांग को लेकर आंदोलन करेंगे."

    "संभव है कि लोग अंतरवाली सराती गांव आएं, जहां वो भूख हड़ताल कर रहे हैं.इस बात को ध्यान में रखते हुए कानून प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंबड तालुका में सोमवार देर रात तक कर्फ्यू लगाया जा रहा है."

  3. रूस में फँसे भारतीयों को लेकर विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    'कुछ भारतीयों को नौकरी के नाम पर रूस ले जाने और फिर वहां की सेना में काम कराने' के मामले में सामने आ रही मीडिया रिपोर्ट्स पर विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है- “हमने रूसी सेना से रिहाई के लिए मदद मांगने वाले भारतीयों के संबंध में मीडिया में कुछ ग़लत रिपोर्टें देखी हैं. ”

    “मॉस्को में भारतीय दूतावास के संज्ञान में लाए गए ऐसे हर मामले को रूसी अधिकारियों के साथ हमने दृढ़ता से उठाया गया है और मंत्रालय के ध्यान में लाए गए मामलों को नई दिल्ली में रूसी दूतावास के साथ उठाया गया है. इसके नतीजे में कई भारतीयों को छोड़ा जा चुका है.”

    “हम रूसी सेना से भारतीय नागरिकों की जल्द रिहाई के लिए रूसी अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं और ये हमारी प्राथमिकता भी है और प्रतिबद्धता भी हैं.”

    बीते सप्ताह ख़बर आई कि कुछ भारतीय युवाओं को रूस में नौकरी के नाम पर ले जाया गया और फिर उनसे वहां सेना में जबरन काम कराया जा रहा है.

    उनका दावा है कि एजेंटों ने उन्हें नौकरी के नाम पर बुलाया और फिर उनकी भर्ती रूसी सेना में करा दी.

    हाल के दिनों में कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, जम्मू और कश्मीर और तेलंगाना से 16 लोग रूस गए हैं.

    रूस में फंसे लोगों के अनुसार एजेंटों ने उनसे कहा था कि उन्हें रूस में हेल्पर और सिक्योरिटी से जुड़ी नौकरियां दी जाएगी, सेना में नहीं. हालांकि रूस जाने के बाद उन्हें सेना में काम करवाया जा रहा है.

    इस नेटवर्क में दो एजेंट रूस में थे और दो भारत में थे.

  4. अपने गृहराज्य में ट्रंप से मिली हार के बाद निकी हेली ने क्या कहा

    रिपब्लिकन नेता निकी हेली अपने गृह राज्य दक्षिण कैरोलाइना में रिपब्लिकन पार्टी में राष्ट्रपति की उम्मीदवारी की दावेदारी का चुनाव डोनल्ड ट्रंप से हार गई हैं.

    दक्षिण कैरोलाइना में ट्रंप से हारने के बाद निकी हेली ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “ मैं लड़ रही हूं क्योंकि बड़ी संख्या में रिपब्लिकन प्राइमरी वोटरों का कहना है कि वो एक विकल्प चाहते हैं और 70 फ़ीसदी अमेरिकी दोबारा ये ट्रंप-बाइडन को आमने-सामने नहीं देखना चाहते.”

    ट्रंप की दक्षिण कैरोलाइना से जीत उनकी प्राइमरी चुनाव में हुई सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है. 2016 से अलग इस बार ट्रंप के सामने यहां की दो बार गवर्नर रह चुकीं निकी हेली थीं. यहां के लोगों के बीच वो लोकप्रिय हैं, इसलिए ट्रंप के लिए ये मुश्किल लड़ाई मानी जा रही थी.

    लेकिन शनिवार को ट्रंप ने 20 पर्सेंटेज प्वाइंट के साथ निकी हेली से ये चुनाव जीत लिया.

    बीते साल दिसंबर तक हेली सार्वजनिक तौर पर ये कह रही थीं कि वह दक्षिणी कैरोलाइना में ट्रंप पर जीत हासिल कर लेंगी.

    लेकिन जो नतीजे आए हैं, उससे निकी हेली के पूरे कैपेंन को ही धक्का लगा है.

  5. इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा- नफ़े राठी की हत्या के लिए हरियाणा सरकार ज़िम्मेदार

    इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नफ़े सिंह राठी की हत्या के लिए हरियाणा सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    उन्होंने कहा कि राठी ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी लेकिन सुरक्षा नहीं दी गई.

    मीडिया से बात करते हुए अभय चौटाला ने कहा- “इस हत्या के लिए पूर्ण रूप से हरियाणा सरकार ज़िम्मेदार है. आज से छह महीने पहले राठी साहब ने मुझे बताया था कि उन्हें खुद पुलिस ने बताया है कि उन्हें ख़तरा है. उन पर कभी भी हमला हो सकता है.”

    “मैंने तुरंत झज्जर के एसपी से बात की और इस बात के लिए आगाह किया कि आपके पुलिस के लोगों ने राठी साहब को इस जानकारी दी है आप उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएं. नफ़े राठी ने पुलिस, मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री को भी चिट्ठी लिखी और सीआईडी के प्रमुख को भी चिट्ठी लिखकर सुरक्षा की मांग की थी. इसके बावजूद उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई और उन लोगों को सुरक्षा देते रहे तो इस धमकी में शामिल थे.”

    रविवार को नफ़े सिंह राठी की हरियाणा के झज्जर में गोली मारकर हत्या कर दी गई .

    हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने रविवार को इस पर बयान देते हुए कहा, "यह दुखद घटना है. नफे सिंह राठी मेरे साथ विधायक रहे हैं. और मैंने सारे अधिकारियों से बात की है और उनसे कहा है कि इस पर तुरंत कार्रवाई करें."

    झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा,'' हमें गोलीबारी के बारे सूचना मिली थी. सीआईए और एसटीएफ़ की टीमें हमलावरों की तलाश कर रही हैं. उन्हें जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा.''

  6. ब्रिटिश प्रोफ़ेसर निताशा कौल का दावा, 'बिना कारण बताए बेंगलुरु एयरपोर्ट से वापस लंदन भेज दिया गया'- प्रेस रिव्यू

  7. संदेशखाली पर चुप्पी को लेकर टीएमसी सांसद नुसरत जहां बोलीं

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद नुसरत जहां ने संदेशखाली को लेकर चुप्पी बनाए रखने पर हो रही आलोचना का जवाब दिया है.

    संदेशखाली उनके लोकसभा क्षेत्र बसीरहाट के अंतर्गत आता है और इस विवाद पर उनके बयान ना देने पर एक तबका उनकी आलोचना कर रहा है.

    ना तो उन्होंने अब तक इस मामले पर कोई बयान दिया था और ना ही संदेशखाली गई हैं.

    इन आलोचनाओं पर उन्होंने एक्स पर लिखा, “इस तरह के आरोपों को देखना दिल तोड़ने वाला है. एक महिला और लोगों के प्रतिनिधि होने के नाते मैंने हमेशा पार्टी की गाइडलाइन का पालन किया है. संदेशखाली मामले में हमारी मुख्यमंत्री ने पहले ही मदद भेजी है...लोगों की बेहतरी के लिए ज़रूरी क़दम उठाए जा रहे हैं. हम क़ानून से ऊपर नहीं हैं.. इसलिए इसका पालन करना और प्रशासन का समर्थन करना ही ज़रूरी है.”

    “मैंने ख़ुशी के समय, मुसीबत के समय में अपने निर्वाचन क्षेत्र में लोगों की सच्ची सेवा की है. मैं अपनी पार्टी के दिशानिर्देशों के अनुसार कार्य करती हूं. मेरा मानना है कि हमें राज्य सरकार और प्रशासन पर भरोसा रखना चाहिए, हमें एक दूसरे को टारगेट करने से बचना चाहिए और साथ आकर शांति कायम करने के लिए काम करना चाहिए."

    "लोगों की सुरक्षा और उनकी भलाई हमारे लिए सबसे ज्यादा ज़रूरी है. बाकी कौन किसके बारे में क्या कहता है, इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता. जैसा कि मैंने पहले कहा था, मैं फिर से दोहराऊंगी राजनीति बंद करिए."

    संदेशखाली में बीते सात फ़रवरी से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, इस प्रदर्शन का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं.

    उनका आरोप है कि तृणमूल नेता शेख़ शाहजहां और उनके सहयोगियों शिब प्रसाद हाजरा और उत्तम सरदार ने उनका यौन उत्पीड़न किया और गांव के लोगों की ज़मीन हड़पी.

  8. नमस्कार,

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे चलेगा.

    25 फ़रवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.