ग़ज़ा संघर्ष विराम पर सहमति की उम्मीद बढ़ी, इसराइली पीएम नेतन्याहू ने क्या कहा

ग़ज़ा संघर्ष विराम को लेकर पेरिस में चल रही वार्ता में शनिवार को हुई प्रगति के लेकर उम्मीदें जगी हैं. इसके बारे में इसराइल वॉर कैबिनेट को रविवार को जानकारी दी गई.

लाइव कवरेज

आदर्श राठौर and संदीप राय

  1. गुजरात में पीएम मोदी ने किया भारत के सबसे लंबे केबल पुल का उद्घाटन

    सुदर्शन सेतु

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उद्घाटन से एक रात पहले सुदर्शन सेतु

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में देश के सबसे लंबे केबल पुल का उद्घाटन किया है. 2.32 किलोमीटर लंबा यह पुल बेट द्वारका द्वीप को ओखा से जोड़ता है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पहले इस पुल को सिग्नेचर ब्रिज कहा जा रहा था लेकिन अब इसे 'सुदर्शन सेतु' नाम दिया गया है.

    बेट द्वारका मुख्य द्वारका शहर से क़रीब 30 किलोमीटर दूर ओखा बंदरगाह के पास एक टापू है. श्रीकृष्ण का प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर यहीं पर मौजूद है.

    पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले इस पुल को 'गुजरात की विकास यात्रा का एक अहम अवसर' क़रार दिया. उन्होंने बेट द्वारका मंदिर में पूजा अर्चना भी की.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इस पुल का यहां के लोगों और द्वारकाधीश मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफ़ी अहम माना जा रहा है.

    ओखा और बेट द्वारका के बीच आना-जाना सुगम बनाने के लिए इस परियोजना की शुरुआत साल 2017 में हुई थी. पहले नाव के माध्यम से ही इस द्वीप पर पहुंचा जा सकता था.

    इस पुल के निर्माण पर 978 करोड़ रुपये की लागत आई है. इस पुल में सोलर पैनल भी लगाए गए हैं, जिनसे एक मेगावॉट बिजली पैदा होगी.

  2. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी बोले- ममता बनर्जी अब दीदी नहीं रहीं, बल्कि...

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS

    इमेज कैप्शन, शुभेंदु अधिकारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी विधायक शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर क्रूर रवैया अपनाने का आरोप लगाया है.

    दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में बोलते हुए शुभेंदु ने कहा कि 'ममता बनर्जी अब दीदी नहीं, बल्कि आंटी बन गई हैं' और उनकी सरकार 'बुआ-भतीजे की सरकार' है.

    अधिकारी ने कहा, “पूरे बंगाल के इलाक़े में ममता बनर्जी के संरक्षण में ऐसा काम चल रहा है. उन्हें दीदी बोलना छोड़ दीजिए, वह आंटी बन गई हैं. हिंदी में बुआ. ये बुआ-भतीजे की सरकार है.”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    बीजेपी विधायक ने कहा, “वह दीदी नहीं है. दीदी नाम के साथ ममत्व, एक मानवीय भावना होती है लेकिन ममता बनर्जी की क्रूरता यह है कि मैंने उन्हें नंदीग्राम में हराया तो मेरे ख़िलाफ़ 42 मामले दर्ज कर दिए.”

    बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि 'जो सीरिया में हो रहा है, वैसा ही बंगाल में हो रहा है.'

  3. रूसी प्रशासन ने एलेक्सी नवेलनी की मौत के एक हफ़्ते बाद मां को सौंपा शव

    नवेलनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी का शव उनकी मां को सौंप दिया गया है. पुतिन के मुखर आलोचक नवेलनी की 16 फ़रवरी को आर्कटिक सर्कल की एक जेल में मौत हो गई थी.

    नवेलनी की प्रवक्ता कीरा यारमिश ने एक्स (पहले ट्विटर) पर उन लोगों को शुक्रिया कहा है, जिन्होंने प्रशासन से उनका शव लौटाने की मांग की थी.

    उन्होंने लिखा है कि अभी अंतिम संस्कार होना बाक़ी है.

    नवेलनी की मां ल्युदमिला को कथित तौर पर 'गोपनीय ढंग से' अंतिम संस्कार करने के लिए मनाया गया है वरना शव को उसी जेल में दफ़ना दिया जाता, जहां उनकी मौत हुई थी.

    पिछले हफ़्ते ल्युदमिला उसी जेल के पास के एक क़स्बे में रुकी थीं, जहां नलेवनी की मौत हुई थी. वह उनके शव का पता लगाने और उसे वापस लेने की कोशिश कर रही थीं.

    मृत्यु प्रमाण पत्र में नवेलनी की मौत की वजह प्राकृतिक बताई गई है और इस पर हस्ताक्षर के बाद ल्युदमिला को तीन घंटे का समय दिया गया, ताकि वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार गोपनीय ढंग से करने को राज़ी हो सकें.

    नवेलनी की प्रवक्ता यारमिश ने बताया कि नवेलनी की मां से कहा गया था कि अगर वह इस बात के लिए अपनी सहमति नहीं देंगी तो नवेलनी के शव को जेल में ही दफ़ना दिया जाएगा. हालांकि, ल्युदमिला ने इस विषय पर प्रशासन की बात मानने से इनकार कर दिया.

    यारमिश ने कहा, “हमें नहीं पता कि परिवार जिस तरीक़े से अंतिम संस्कार करना चाहता है, उसमें प्रशासन किसी तरह की दख़लअंदाज़ी तो नहीं करेगा.”

    इससे पहले, शनिवार को नवेलनी की पत्नी यूलिया नवेलनाया ने व्लादिमीर पुतिन पर उनके पति के शरीर को 'बंधक' बनाने का आरोप लगाया था और बिना शर्तों के इसे परिवार को सौंपने की मांग की थी.

    एक वीडियो संबोधन में उन्होंने कहा, “मेरे पति का शरीर हमें सौंप दो. जब वो ज़िंदा थे तो आपने उन्हें यातनाएं दीं और मरने के बाद भी आप ऐसा ही कर रहे हो.”

    नवेलनाया ने फिर से पुतिन पर उनके पति को मारने का आरोप लगाया.

    रूसी सरकार इन आरोपों को ख़ारिज कर चुकी है और कहना है कि इस मामले में ऐसे आरोप बेतुके हैं.

  4. डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी जीत, रिपब्लिकन उम्मीदवारी के लिए साउथ कैरोलाइना में मारी बाज़ी

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका में इस साल के आख़िर में होने वाले राष्ट्रपति चुनावों के लिए रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने की दिशा में डोनाल्ड ट्रंप को अहम जीत मिली है.

    अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, साउथ कैरोलाइना में हुए रिपब्लिकन पार्टी के प्राइमरी चुनाव में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी आख़िरी प्रतिद्वंद्वी निक्की हेली को हरा दिया है. निक्की हेली साउथ कैरोलाइना की गवर्नर रह चुकी हैं.

    निक्की हेली ने इस जीत पर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है और अभियान जारी रखने का एलान किया है.

    अमेरिका में बीबीसी के सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने एग्ज़िट पोल के नतीजे जुटाए हैं, जिनके तहत ट्रंप को हेली की तुलना में आबादी के हर समूह ने ज़्यादा वोट दिए हैं. ट्रंप को महिलाओं और पुरुषों के हर आयु वर्ग के लोगों के ज़्यादा वोट मिले हैं.

    ट्रंप ने लगातार चौथे राज्य में जीत हासिल की है. यह दिखाता है कि ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माने जाने वाले इलाक़ों में अच्छा समर्थन मिल रहा है.

    इस जीत के साथ ही यह लगभग तय हो गया है कि नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन के बीच मुक़ाबला होगा.

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इस जीत के बाद ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि 'ये कमाल की शाम है.' उन्होंने कहा कि वह ‘जो बाइडन की आखों में आंखें डालकर ये कहने के लिए तैयार हैं कि जो, तुम पद से हटा दिए गए हो.’

    ट्रंप ने कहा, “हम लगभग 15 मिनट तक जश्न मनाएंगे और फिर काम पर जुट जाएंगे.”

    उनका इशारा अगले प्राइमरी चुनावों और सुपर ट्यूज़डे की ओर था, जब 16 राज्यों में एकसाथ रिपब्लिकन पार्टी का राष्ट्रपति उम्मीदवार चुनने के लिए वोट डाले जाएंगे.

    ट्रंप ने कहा कि ‘ये समय से पहले ही हो गया.’

    दरअसल, निक्की हेली ने रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ से नाम वापस लेने से यह कहते हुए इनकार कर दिया था कि वो आख़िर तक लड़ेंगी.

    निक्की हेली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ट्रंप को बधाई देते हुए हेली ने कहा कि वह अभियान जारी रखेंगी. उन्होंने कहा, "हम कल मिशिगन जाएंगे और फिर अगले हफ़्ते सुपर ट्यूज़डे होगा. हम अमेरिका के लिए लड़ते रहेंगे और तब तक आराम नहीं करेंगे, जब तक अमेरिका की जीत नहीं हो जाती."साउथ कैरोलाइना में ट्रंप की जीत तय मानी जा रही थी और हेली को भी इसका अनुमान था. लेकिन अंतिम नतीजे आने पर शायद उन्हें थोड़ी राहत मिले.

    अगर साउथ कैरोलाइना में उनका प्रदर्शन इससे पहले के प्राइमरीज़ से बेहतर रहता है तो वह कह सकती हैं कि उनके पक्ष में समर्थन बढ़ा है.

    न्यू हैंपशायर में वह ट्रंप से सिर्फ़ 11 पॉइंट्स से हारी थीं, मगर अपने गृह राज्य में ही वह अंकों के इस अंतर को पाट नहीं सकीं तो भविष्य में उनकी संभावनाएं और कमज़ोर हो जाएंगी.

  5. नमस्कार,

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. ये लाइव पेज 24 घंटे चलेगा.

    24 फ़रवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.