हलद्वानीः हिंसा प्रभावित इलाक़े में 'पैसे बांटने' वाले संगठन के ख़िलाफ़ पुलिस की कार्रवाई

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तराखंड के हल्द्वानी में तनावग्रस्त बनभूलपुरा क्षेत्र में लोगों की मदद करने के लिए पैसे बांटने वाले युवक और संगठन के ख़िलाफ़ नैनीताल पुलिस ने जांच शुरू की है.
नैनीताल पुलिस ने एक बयान में कहा है, “सोशल मीडिया में प्रसारित पैसे बांटे जाने के वीडियो के संबंध में पुलिस जांच कर रही है. एनजीओ के अकाउंट नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर और पैन नंबर से संबंधित सूचना आयकर विभाग को दी गई है.”
पुलिस ने कहा है, “हैदराबाद यूथ करेज एनजीओ को डोनेट करने वालों को भी चिन्हित किया जा रहा है. उक्त एनजीओ के अकाउंट, रजिस्ट्रेशन नंबर सीज़ करवाने की कार्रवाई की जा रही है.”
पुलिस की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है, “ग़लत तरीके से पैसा लेने व दंगाइयों को सपोर्ट करने एवं सोशल मीडिया में तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पोस्ट करने व भ्रामक तथ्य पोस्ट करने वालों के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई की जाएगी.”
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
हलद्वानी के बनभूलपुरा में मस्जिद और मदरसे पर बुलडोज़र चलाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध किया था.
पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुए संघर्ष में पांच लोग मारे गए थे जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
हलद्वानी के इस इलाक़े में कर्फ्यू लगा है और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक है.
बनभूलपुरा से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं जिनमें कुछ लोग स्थानीय लोगों की मदद के लिए पैसे बांटते नज़र आ रहे हैं.






