You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वायनाड में हाथियों के हमले में मारे गए व्यक्ति के परिजनों से मिले राहुल गांधी, मुआवज़ा देने की मांग की

अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बीच में ही छोड़कर राहुल गांधी केरल के अपने संसदी क्षेत्र वायनाड में हाथियों के हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार से मिलने पहुंचे.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री पैरोल पर रिहा,भ्रष्टाचार के आरोप में हुई थी सज़ा

    थाईलैंड के पूर्व प्रधामंत्री थकसिन शिनवात्रा को पैरोल पर रिहा कर दिया गया है. रिहा होने के बाद वो बैंकॉक स्थित अपने घर पहुंच गए.

    शिनवात्रा भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के दोषी पाए जाने के बाद एक साल की सजा दी गई थी. इस समय वो जेल अस्पताल में भर्ती थे, जहां से उन्हें रिहा किया गया. लेकिन स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की शिकायत के बाद उन्हें एक दिन भी जेल में बंद नहीं रहना पड़ा.

    74 साल के अरबपति शिनवात्रा को पिछले साल अगस्त में 15 साल के आत्म निर्वासन से वापस थाईलैंड लौटते ही हिरासत में ले लिया गया था. आत्म निर्वासन से वापस लौट आने के कुछ ही दिन बाद थाईलैंड के किंग ने उन्हें दी गई आठ साल की सज़ा घटा कर एक साल कर दी थी.

    हालांकि उन्हें मिली इस छूट का खासी आलोचना हुई थी. थाईलैंड के लोगों के कहना था कि देश में धनी और सुविधा संपन्न लोगों को छूट दी जा रही है.

  2. इंग्लैंड के साथ टेस्ट मैच में चौथे दिन वापसी करेंगे अश्विन

    बीसीसीआई ने कहा है कि स्पिन गेंदबाज़ आर. अश्विन भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन वापसी करेंगे.

    बीसीसीआई ने बताया कि उन्हें मैच के दूसरे दिन खेल बीच में ही छोड़ कर जाना पड़ा था.

    बीसीसीआई ने कहा है ऐसा उन्हें परिवार में मेडिकल इमरजेंसी के कारण करना पड़ा था. लेकिन अब वो मैच के चौथे दिन मैदान में उतरेंगे.

    बीसीसीआई ने कहा कि 'टीम मैनेजमेंट, खिलाड़ियों, मीडिया और फैन्स ने इस मामले में काफी अच्छी समझ और संवेदना जाहिर की है. उन्होंने परिवार को दी जाने वाली प्राथमिकता को समझा है.'

    "इस चुनौतीपूर्ण समय में पूरी टीम अश्विन के साथ है. इससे पहले बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने ट्वीट कर आर अश्विन की मां के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी."

  3. पाकिस्तान में चुनाव नतीजों के विरोध में प्रदर्शन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' की सर्विस पर असर

    पाकिस्तान में चुनाव नतीजों के बाद विरोध प्रदर्शनों के बीच पूरे देश में लोगों को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' का इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है.

    अब तक मिली जानकारी के अनुसार ट्विटर के नाम से जाना जाने वाले ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म खुल नहीं रहा है.

    इंटरनेट बंदी पर नज़र रखने वाली संस्था नेटब्लॉक्स ने पुष्टि की है कि पूरे पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन और अराजकता के बीच यूज़र को एक्स तक पहुंच में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.

    एक्स की सर्विस में उस समय दिक्कत आ रही है जब रावलपिंडी के कमिश्नर लियाकत अली चट्टा ने चुनाव में कथित धांधली की बात स्वीकार करते हुए और इसका आरोप पाकिस्तान के मुख्य चुनाव आयुक्त और मुख्य न्यायाधीश पर लगाया है. उन्होंने इसके बाद अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

  4. ज़ेलेंस्की ने क्यों कहा यूरोप को तबाही से बचाना मुश्किल होगा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने और अधिक हथियारों की मांग की है.

    उन्होंने कहा है कि अगर यूक्रेन को और हथियार नहीं मिले तो यूरोप को 'विनाश' से बचाना मुश्किल होगा.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि हथियारों की 'जो कृत्रिम कमी' पैदा की गई है उससे सिर्फ रूस को मदद मिलेगी.

    ज़ेलेंस्की ने जर्मनी में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहा कि यूक्रेनी सेना के पास हथियार और गोला-बारूद खत्म हो रहे हैं क्योंकि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक अमेरिकी संसद में यूक्रेन की मदद के लिए प्रस्ताव को रोक रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि वो ट्रंप के साथ सीमा पर जाने के लिए तैयार हैं. जेलेंस्की ने कहा, ''अगर ट्रंप की सत्ता में वापसी होती है तो मैं उनके साथ सीमा पर जाने के लिए तैयार हूं. मेरा मतलब वास्तविक युद्ध से है. इंस्टाग्राम पर लड़े जाने वाले युद्ध से नहीं. मैं असली युद्ध के मैदान की बात कर रहा हूं.''

    इस बीच यूक्रेन के पूर्वी शहर एवदिवका से उसने अपने सैनिक वापस बुला लिए हैं. यहां यूक्रेनी सेना को हथियारों और गोला बारूद की कमी का सामना करना पड़ रहा था.

  5. बीजेपी ने दस साल के मोदी शासन को कहा 'रामराज्य'

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शनिवार को अपने दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद बैठक के पहले दिन दस साल की मोदी सरकार के शासन की तुलना 'रामराज्य' से की.

    पार्टी ने एक प्रस्ताव में कहा है कि मोदी सरकार का दस साल का शासनकाल 'रामराज्य' की तरह है. ये 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने की राह की ओर ले जाएगा.

    प्रस्ताव में कहा गया है, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछला दस साल राम राज्य के आदर्शों को हासिल करने का गवाह रहा है. इस दौरान सबके लिए सुरक्षा, समृद्धि और खुशियों का सफर तय हुआ है."

    "पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने पांच प्रण लिए हैं. देश ने खुद को गुलाम मानसिकता से दूर करने, अपनी विरासत पर गर्व करने, एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प करने, एकता दिखाने और ईमानदारी के साथ नागरिक कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया है.''

    परिषद की बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की.

    उन्होंने कहा उनके नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण का काम शुरू हुआ. भक्तों का पांच सौ साल का इंतज़ार पूरा हुआ. उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने में मोदी सरकार का योगदान सराहनीय है.

  6. एलेक्सी नवेलनी का शव सौंपने में देर क्यों कर रहा है रूस?

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की मौत के बाद उनके शव का पता नहीं चल पा रहा है.

    नवेलनी के एक नज़दीकी सहयोगी किरा यारमिश ने कहा है कि उनकी मां लुडमिला ने बताया कि जेल अधिकारियों ने कहा था कि उनके बेटे का शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा. लेकिन इसे अभी तक नहीं सौंपा गाया है.

    नवेलनी की टीम ने बताया कि उसकी एक सदस्य को कहा गया कि शव को जेल परिसर के नज़दीक सेलखार्द शहर भेज दिया गया है. लेकिन जब वो वहां पहुंची तो शवगृह बंद था.

    जेल अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा गया है नवेलनी के शव का पोस्टमार्टम हुआ था. लेकिन इससे उनकी मौत के बारे में कोई नतीजा नहीं निकल सका. अब दूसरी बार पोस्टमार्टम होगा.

    नवेलनी की टीम का कहना है कि उनकी लाश सौंपने में जानबूझ कर देरी की जा रही है ताकि सुबूतों को मिटाया जा सके. शुक्रवार को नवेलनी आर्कटिक सर्किल की एक जेल में बीमार पड़ गए थे.

    इसके कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई. रूस ने कहा है कि नवेलनी को ज़हर देकर मारने की खबरें बेबुनियाद है.

  7. किसानों और सरकार के बीच आज चौथे दौर की बातचीत, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

    अपनी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग लेकर हरियाणा के नज़दीक शंभू बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों की आज केंद्रीय मंत्रियों से अहम बातचीत हो रही है.

    इससे पहले किसान संगठनों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के लिए अध्यादेश लाने की मांग की है.

    आंदोलन की अगुआई करने वाले संगठनों में से एक किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के सरवन सिंह पंधेर ने कहा है कि 'अगर सरकार एमएसपी की गारंटी देना चाहती है तो वो रातों रात अध्यादेश ला सकती है. अगर वो चाहती है कि इस समस्या का हल निकले तो उसे अध्यादेश लाना चाहिए.'

    वहीं भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा,''जब सरकार चाहती तो अध्यादेश ले आती है. वो ऐसा क्यों नहीं कर रही है. अध्यादेश को छह महीने में कानून में बदला जा सकता है.''

    अध्यादेश की मांग सरकार और किसानों के बीच चौथे दौर की बातचीत से पहले आई है.

    किसानों ने एमएसपी गारंटी समेत अपनी कई मांगों को मनवाने के लिए दिल्ली कूच का नारा दिया है. फिलहाल उन्हें पंजाब-हरियाणा के बीच शंभू बॉर्डर पर रोक दिया गया है.

  8. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग पर आपका स्वागत है. ये लाइव ब्लॉग 24 घंटे चलेगा.

    17 फरवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.