You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा- इलेक्टोरल बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश मानेंगे

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा है कि आयोग पार्दर्शिता के पक्ष में है. उन्होंने कहा कि हम पहले से ही इस पक्ष में रहे हैं कि इलेक्टोरल बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट का जो फैसला आएगा, उसके आधार पर हम कदम उठाएंगे.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and राजेश आर्य

  1. राहुल गांधी पहुंचे वाराणसी, बोले- बड़े मीडिया संस्थान अदानी, अंबानी के, ग़रीबों को नहीं दिखाते

    राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंच गई है. यूपी में इस यात्रा का ये दूसरा दिन है.

    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी इसमें हिस्सा लेंगे. वो रायबरेली में इस यात्रा में शामिल होंगे.

    वाराणसी में राहुल गांधी ने कहा,"देश में आज दो सबसे बड़े मुद्दे हैं- बेरोज़गारी और महंगाई. आज दो हिन्दुस्तान बन गए हैं- एक अरबपतियों का, दूसरा ग़रीबों का. देश के बड़े-बड़े मीडिया संस्थान अदानी और अंबानी के हैं. ये लोग किसान, मज़दूर, ग़रीबों को नहीं दिखाते. 24 घंटा केवल नरेंद्र मोदी को दिखाते हैं."

    बिहार से ये यात्रा शुक्रवार को यूपी के चंदौली पहुंची थी. वाराणसी में राहुल गांधी की इस यात्रा में यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और दूसरे प्रमुख कांग्रेस नेता शामिल हुए, राहुल गांधी और कांग्रेस के दूसरे नेताओं ने गदौली इलाके का दौर किया.

    राहुल गांधी ने काशी विश्वनाथ मंदिर के भी दर्शन किए.

    वाराणसी में इस यात्रा अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल और सिराथु से समाजवादी पार्टी के विधायक ने भी हिस्सा लिया.

    राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करेगी.

    मणिपुर से शुरू हुई ये यात्रा मुंबई में ख़त्म होगी. इसके तहत राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 67 हज़ार किलोमीटर की यात्रा करेंगे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड 319 रन पर ऑल आउट, भारत को 126 रनों की लीड

    राजकोट में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने इंग्लैंड की टीम को 319 रनों पर ऑल आउट कर दिया है.

    इसके साथ ही पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम को 126 रनों की लीड मिल गई है.

    इंग्लैंड की टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक केवल दो विकेट के नुकसान पर 207 रन बना लिए थे.

    तीसरे दिन की सुबह इंग्लैंड ने दो विकेट पर 224 रन जोड़ लिए थे लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के आखिरी आठ बल्लेबाज़ों को केवल 95 रन पर आउट कर दिया.

    मोहम्मद सिराज चमके

    तीसरे दिन की सुबह सबसे पहले जसप्रीत बुमराह ने जो रूट को पवेलियन लौटाया. इसके बाद मोहम्मद सिराज कहर बन कर बरपे और तीन बल्लेबाज़ों को चलता किया.

    वहीं रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने भी दो दो विकेट लिए.

    इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक बेन डकेट ने बनाया. उन्होंने 153 रनों की शानदार पारी खेली.

    पांच टेस्ट मैचों की सिरीज़ में दोनों टीमों के बीच अब तक दो मुक़ाबले खेले जा चुके हैं और सिरीज़ 1-1 से बराबरी पर है.

  3. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षाः केंद्रों पर कड़ा पहरा, उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़, देखें तस्वीरें

    उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती के लिए शनिवार और रविवार को भर्ती परीक्षा हो रही है.

    शनिवार सुबह पहली पाली की परीक्षा हो गई है और दूसरी पाली की परीक्षा शाम को होगी.

    यूपी पुलिस भर्ती और प्रोमोशन बोर्ड ने इसे ‘भर्ती का महाकुंभ’ कहा है. यूपी पुलिस के 60,244 पदों के लिए 50 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 4,87,441 आवेदकों को एडमिट कार्ड जारी हुए हैं.

    यूपी के 75 ज़िलों में 2,385 परीक्षा केंद्रों पर ये परीक्षा हो रही है. हर ज़िले में कंट्रोल सेंटर बनाए गए हैं.

    यूपी पुलिस ने प्रदेश के कई ज़िलों से परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश के आरोप में दर्जनों लोगों को गिरफ़्तार किया है. इनमें सॉल्वर गैंगों से जुड़े लोग भी शामिल हैं.

    यूपी के अलग-अलग ज़िलों में इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रही.

    हाल के सालों में प्रवेश परीक्षाओं में पर्चा लीक और सॉल्वर गैंगों की सेंध के बाद यूपी पुलिस ने इस परीक्षा को आयोजित करने के लिए कड़ी तैयारियां भी की हैं.

    बाग़पत में परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह 6 बजे से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारे नज़र आईं. यही हाल मुज़फ़्फ़रनगर और अन्य ज़िलों का भी रहा. सघन चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया. परीक्षा केंद्रों से 200 मीटर दूर सभी तरह के वाहनों को रोक दिया गया.

  4. हिमाचल में दूध के एमएसपी में भारी बढ़ोतरी, 1 अप्रैल से लागू होगी योजना

    हिमाचल प्रदेश सरकार ने गाय और भैंस के दूध पर एमएसपी बढ़ाने का फ़ैसला किया है.

    गाय के दूध पर एमएसपी में जहां नौ रुपये का इजाफ़ा किया गया है वहीं भैंस के दूध पर इसमें 17 रुपये की भारी वृद्धि की गई है.

    शनिवार को बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य सरकार के निर्णय की घोषणा की.

    सीएम सुक्खू ने एमएसपी में इजाफ़े का एलान करते हुए कहा, "किसानों और पशुपालकों को समृद्ध बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है."

    अब तक राज्य सरकार गाय के दूध पर 36 रुपये एमएसपी देती थी, जबकि भैंस के दूध पर यह 38 रुपये थे.

    सीएम सुक्खू ने एलान किया कि 1 अप्रैल 2024 से गाय के दूध पर 45 रुपये जबकि भैंस के दूध पर 55 रुपये एमएसपी दिया जाएगा.

  5. दिल्ली कोर्ट में वर्चुअल माध्यम से पेश हुए अरविंद केजरीवाल

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन पर कथित पालन नहीं करने की शिकायत के बाद शनिवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए से पेश हुए.

    वर्चुअल माध्यम से पेश होते हुए केजरीवाल ने कोर्ट को बताया कि वे अदालत में ख़ुद उपस्थित होना चाहते थे लेकिन विश्वास प्रस्ताव और बजट सत्र की वजह से शारीरिक रूप से आने में अमसर्थ हैं.

    सीएम केजरीवाल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश गुप्ता ने अदालत को बताया कि उन्होंने केजरीवाल की तरफ से अदालत में ख़ुद उपस्थित होने से छूट देने की याचिका दायर की और साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि वो (केजरीवाल) अगली पेशी पर ख़ुद उपस्थित रहेंगे.

    ईडी ने हाल ही में अदालत से दिल्ली शराब नीति मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी के समन का पालन नहीं करने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की थी.

    अदालत ने इस मामले की अगली पेशी 16 मार्च, 2024 को तय की है.

  6. यूपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू, 68 हजार पदों के लिए 48 लाख उम्मीदवार आजमा रहे हैं किस्मत

    उत्तर प्रदेश में पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती के लिए 17 और 18 फरवरी को परीक्षा हो रही है.

    इस परीक्षा के जरिये कांस्टेबलों की 67 से 68 हजार पदों पर भर्तियां होंगीं. इसके लिए 48 लाख परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे हैं.

    पूरे राज्य में अलग-अलग सेंटरों पर परीक्षा हो रही है. राज्य के बाहर के भी लगभग छह लाख परीक्षार्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं.

    यूपी के कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने कहा,'' पूरे राज्य में परीक्षा हो रही है और अभी तक किसी गड़बड़ी की सूचना नहीं है.''

    परीक्षा आयोजित करने के लिए खास तैयारी की गई है. परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें और रोडवेज की बसें भी चलाई जा रही हैं.

  7. लाल सागर के हालात पर भारत और अमेरिका के बीच बैठक, क्या बोले एस जयशंकर?

    भारत और अमेरिका ने लाल सागर में जहाज़ों की बेरोकटोक आवाजाही सुनिश्चित करने के सवाल पर बातचीत की है.

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने जर्मनी में म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के इतर लाल सागर में जहाजों की सुरक्षित यात्रा पर चर्चा की.

    दोनों मंत्रियों ने इस बात पर चर्चा की कि कैसे इस अशांत क्षेत्र आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के मामले में भारत और अमेरिका मिलकर काम कर सकते हैं.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा, ''ब्लिंकन और जयशंकर ने लाल सागर में जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने पर चर्चा की.''

    बयान के मुताबिक़ दोनों ने मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों की भी चर्चा की. पिछले साल नवंबर से ही लाल सागर में यमन के हूती विद्रोही जहाजों को निशाना बना रहे हैं.

    अमेरिका ने इन विद्रोहियों के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई भी की है. ब्लिंकन और जयशंकर की ये बैठक अमेरिका की ओर से भारत को हथियारों से लैस 31 एमक्यू-93बी ड्रोन देने की सहमति के बाद हुई है.

  8. एवदिवका से पीछे हटी यूक्रेनी सेना, कहा- रूसी सेना अपने ही सैनिकों की लाशों पर आगे बढ़ रही है

    यूक्रेन ने कहा है कि उसने रूसी सैनिकों से घिरे देश के प्रमुख उत्तरी शहर एवदिवका से अपने सैनिकों को वापस बुला लिया है.

    रूसी सैनिक इस शहर को कई महीनों से घेरे हुए थे. यूक्रेन के कमांडर इन चीफ ओलेक्संदर सिरिस्की ने कहा कि रूसी सेना की ओर से और ज्यादा घेरे जाने की आशंका को देखते हुए यूक्रेनी सेना पीछे हट रही है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और दूसरी सेवाओं में जुटे कर्मचारियों की जान बचाने के लिए भी ऐसा किया जा रहा है.

    उन्होंने कहा कि सैनिकों को वहां भेजा गया है जहां हालात उनके पक्ष में ज्यादा अच्छे हैं. उप कमांडर चीफ ने कहा है कि रूस के पास काफी गोला बारूद है. लेकिन रूसी सेना अपने ही सैनिकों की लाशों के ऊपर चल कर आगे बढ़ रही है.

    एवदिवका दोनेत्स्क का प्रवेश द्वार है. रूसी सेना ने दोनेस्त्सक की भी घेराबंदी कर रखी है. रूसी और यूक्रेनी सेना के बीच लड़ाई में ये शहर पूरी तरह बर्बाद हो गया है.

    2014 में रूस समर्थित लड़ाकों ने पूर्वी दोनेत्स्क और लुहांस्क के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था.

  9. ओवैसी का दावा- एक साल पहले ही कह दिया था नीतीश पलटी मारेंगे

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने एक साल पहले कह दिया था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों के साथ नहीं रहने वाले. वो वापस बीजेपी के साथ चले जाएंगे. वैसा ही हुआ.

    उन्होंने कहा, ''नीतीश कुमार ने अपनी आदत और फितरत के मुताबिक़ एक बार फिर बिहार की जनता को धोखा दिया है. यहां के लोगों को याद होगा कि जब मैं पिछले साल यहां आया था तो मैंने चेतावनी दी थी कि नीतीश कुमार पर भरोसा नहीं किया जा सकता है. वो फिर से गुलाटी मार सकते हैं.''

    उन्होंने कहा, ''नीतीश कुमार हम (एआईएमआईएम) पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाते रहे हैं. सिर्फ इसलिए कि हमने हमेशा माना है कि उन पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए और मुसलमानों को उनके लिए अपना वोट बर्बाद नहीं करना चाहिए.''

    बिहार के किशनगंज ज़िले में एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने नीतीश कुमार और आरजेडी दोनों पर मुसलमानों को सत्ता में भागीदारी न देने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, ''जब राजद ने हमारे चार विधायकों को अपने पाले में कर लिया, तो इससे नीतीश कुमार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. कुछ महीने बाद उन्होंने हाथ मिला लिया. उनका इशारा एआईएमआईएम के चार विधायकों के आरजेडी में चले जाने की ओर था.''

    उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव मुसलमानों को सत्ता में हिस्सेदारी से दूर रखना चाहते हैं. अगर बिहार में बीजेपी सत्ता में हैं तो इसके जिम्मेदार नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोनों हैं.

    ओवैसी ने कहा कि ''पीएम नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव तीनों के तीनों पलटू मास्टर हैं.''

  10. मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी के समन पर केजरीवाल के ख़िलाफ़ आज कोर्ट में हो सकती है सुनवाई

    दिल्ली की पुरानी आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी की शिकायत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ शनिवार को राउज़ एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हो सकती है.

    केजरीवाल पर आरोप है कि ईडी ने इस मामले में उनसे पूछताछ के लिए पांच समन जारी किए लेकिन वो हाज़िर नहीं हुए.

    ईडी ने इसके लिए कोर्ट में अर्ज़ी दाखिल की थी. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ आज इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हो सकती है.

    केजरीवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि दिल्ली की पुरानी आबकारी नीति में कोई घोटाला नहीं हुआ है. इसके बावजूद भाजपा दिल्ली में शराब घोटाले की आड़ में उन्हें गिरफ़्तार कराना चाहती है.

    केजरीवाल ने कहा, ''भाजपा आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को गिरफ्तार करा चुकी है. इसके पीछे उसका इरादा ये है कि दिल्ली की सरकार गिर जाए. इसके लिए भाजपा ने हमारी पार्टी के विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश भी की लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली.''

  11. डोनाल्ड ट्रंप पर लगा 35 करोड़ डॉलर जुर्माना, क्या हैं आरोप?

    एक अमेरिकी अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर धोखाधड़ी के आरोप में लगभग 36 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया है.

    न्यूयॉर्क की अदालत ने ट्रंप के ख़िलाफ़ कई साल पुराने धोखाधड़ी के एक मामले में ये सज़ा सुनाई है.

    ट्रंप पर बैंकों और दूसरे संस्थानों के साथ वित्तीय रिकॉर्ड्स में गड़बड़ी करने का आरोप है. इससे ट्रंप की संपत्ति बढ़ गई थी. इसके साथ ही ट्रंप पर तीन साल तक न्यूयॉर्क के किसी भी कॉरपोरेशन में अफ़सर या डायरेक्टर के पद पर तैनाती पर भी रोक लगा दी गई है.

    जज ऑर्थर एनगोरोन ने ढाई महीने की सुनवाई के बाद ये फै़सला उस समय सुनाया है जब ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के लिए राष्ट्रपति उम्मीदवारों की दौड़ में आगे चल रहे हैं.

    ट्रंप का कहना है कि राष्ट्रपति चुनावों में गड़बड़ी के कारण उनकी हार हुई है.

    फै़सले के बाद ट्रंप ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, ''एक बुरी नीयत वाले जज ने अभी-अभी ये फै़सला सुनाया है कि मुझे एक बेहतरीन कंपनी बनाने के आरोप में 35 करोड़ डॉलर देने होंगे. मेरे हिसाब से ये मेरे लिए और पूरे देश के लिए उदासी भरा दिन है.''

  12. भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट: आर. अश्विन ने बीच मैच में ही नाम लिया वापस, क्या है वजह?

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले जा रहे राजकोट टेस्ट से स्पिन बॉलर रविचंद्रन अश्विन से अपना नाम वापस ले लिया है.

    अश्विन ने परिवार में मेडिकल इमरजेंसी की वजह से तुरंत प्रभाव से अपना नाम वापस लिया है. बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला के ट्वीट से पता चला है कि उनकी मां बीमार हैं. शुक्ला ने उनकी मां के जल्दी ठीक होने की कामना की है.

    बीसीसीआई ने ट्वीट कर लिखा है, ''इस गंभीर परिस्थिति में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और टीम के साथी खिलाड़ियों और स्टाफ समेत सभी सदस्यों का अश्विन और उनके परिवार को पूरा सपोर्ट है.''

    बोर्ड ने लिखा, ''भारतीय बोर्ड और टीम अश्विन को ऐसी स्थिति में हर सुविधा देना जारी रखेगी. कोई भी जरूरत होगी, तो उसके लिए अश्विन से बातचीत जारी रहेगी.''

    बीसीसीआई ने फैन्स और अन्य लोगों से यह भी अपील की है कि वो खिलाड़ियों और उनके फैमिली की प्राइवेसी बनाए रखें, क्योंकि वो इस समय चुनौतीपूर्ण समय से गुज़र रहे हैं.

  13. पुतिन के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की मौत पर बाइडन क्या बोले

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सी नवेलनी की मौत पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की पहली प्रतिक्रिया आई है.उन्होंने इसके लिए पुतिन को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को कहा कि पुतिन के आलोचक और विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मौत ने उन्हें चौंकाया नहीं है बल्कि उनके अंदर गुस्सा भर दिया है.

    बाइडन ने नवेलनी के बारे में कहा, ''वो बहादुरी के साथ भ्रष्टाचार, हिंसा और पुतिन सरकार के सभी बुरे कामों के ख़िलाफ़ खड़े हुए थे. पुतिन ही नवेलनी की मौत के जिम्मेदार हैं.''

    रूस के जेल अधिकारियों ने शुक्रवार को एलेक्सी नवेलनी की मौत की जानकारी दी है. वो 47 साल के थे.

    ऑनलाइन जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि चहलकदमी के बाद नवेलनी की तबीयत ख़राब लग रही थी, इसके कुछ देर बाद ही वो बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई.

    बयान में कहा गया है कि डॉक्टर तुरंत नवेलनी के पास पहुंच गए थे लेकिन उन्हें बचाने के सभी प्रयास नाकाम रहे.

  14. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग पर आपका स्वागत है. ये लाइव ब्लॉग 24 घंटे चलेगा.

    16 फरवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.