You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसानों के प्रदर्शन का चौथा दिन: कैसा रहा शंभू बॉर्डर का हाल

हरियाणा और पंजाब के शंभू बॉर्डर पर शुक्रवार को किसानों के प्रदर्शन के चौथे दिन हालात सामान्य रहे.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कांग्रेस का दावा पार्टी के सभी बैंक खाते फ़्रीज़ किए गए, कहा, 'ये लोकतंत्र की तालाबंदी'

    कांग्रेस नेता अजय माकन ने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी और यूथ कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज़ कर दिए गए हैं.

    कांग्रेस ने अपने अकाउंट बंद किए जाने को लोकतंत्र की तालाबंदी भी कहा है.

    अजय माकन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है, '' लोकतंत्र पर हमला हुआ है. हमारी पार्टी का बैंक अकाउंट लोकसभा चुनावों के ठीक पहले फ्रीज़ कर दिया गया है.

    माकन ने कहा कि कांग्रेस के सभी अकाउंट्स पर तालाबंदी कर दी गई है. उन्होंने इसके बारे में कहा "परसों हमें जानकारी मिली कि पार्टी जो चेक जारी कर रहे हैं बैंक उसका निपटारा नहीं कर रहे. इस बारे में आगे छानबीन करने पर पता चला कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज़ कर दिए गए हैं."

    कांग्रेस ने हाल ही में आम लोगों से पार्टी के लिए दान मांगा था और इसके लिए अभियान चलाया गया था. माकन ने बताया कि लोगों ने क़रीब 25 करोड़ रुपये का चंदा कांग्रेस पार्टी को दिया है.

    उन्होंने कहा "लोग पैसा देना जारी रख सकेंगे लेकिन हम उसे ख़र्च नहीं कर सकेंगे. न तो हम कार्यकर्ताओं की तनख्वाह दे सकेंगे और न ही अपने बिलों का निपटारा कर सकेंगे. हम अपना बिजली का बिल तक नहीं दे सकेंगे."

    उन्होंने इस घटनाक्रम की टाइमिंग को लेकर भी सवाल किया और कहा, "चुनाव की घोषणा होने को एक या दो सप्ताह ही बचे रह गए हैं, उससे ठीक पहले ये कदम उठाया गया है."अजय माकन ने कहा है कि आयकर विभाग ने कांग्रेस से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी की भी मांग की है.

    अभी तक कांग्रेस के इन आरोपों पर आयकर विभाग की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  2. बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप: भारतीय महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, पदक पक्का

    भारतीय महिला खिलाड़ियों का बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी है.

    मलेशिया के सेलंगर में हो रहे इस मुकाबले में भारत ने ग्रुप स्टेज में टॉप रैंक टीम चीन को हराने के बाद हॉन्गकॉन्ग को चौंकाया है.

    भारत ने क्वार्टर फाइनल में हॉन्गकॉन्ग को 3-0 से हराया है. इस तरह इस चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक पक्का हो गया है. इस मुकाबले में भारत की जीत में दिग्गज बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू की अहम भूमिका रही है.

    सिंधू ने लो सिन यान को हराया.

    सिंधू ने 52 मिनट में वर्ल्ड रैंक पर 77 नंबर की खिलाड़ी लो सिन यान हैप्पी को 21-7, 16-21 और 21-12 से हराया.

    दूसरे मुकाबलों में तनिशा क्रेस्टो और अश्विनी पोनप्पा ने अपना डबल मैच जीत लिया है.

  3. बाइडन क्यों बोले- 'इसका मतलब ये कि आप पुतिन के हाथों खेल रहे हैं'

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक बार फिर यूक्रेन की मदद की अपील की है.

    उन्होंने कहा है कि अगर इस बेहद अहम मोड़ पर यूक्रेन को समर्थन नहीं मिला तो इतिहास में इसे कभी भुलाया नहीं जाएगा.

    बाइडन ने अमेरिकी संसद में कहा कि इस समय यूक्रेन की मदद बेहद ज़रूरी है.

    अमेरिका की ओर से यूक्रेन को 60 अरब डॉलर की मदद वाले बिल पर बहस से पहले बाइडन ने संसद सदस्यों से इसके पक्ष में मतदान की अपील की .

    इस मामले में टिप्पणी करते हुए बाइडन बोले, ''यूक्रेन को इस समय मदद नहीं मिली तो इतिहास इसे याद रखेगा. इस बिल का समर्थन करने का मतलब ये है कि आप रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ख़िलाफ़ तन कर खड़े हैं. अगर आप इसका समर्थन नहीं दे रहे हैं तो इसका मतलब ये कि आप पुतिन के हाथों खेल रहे हैं. इतिहास देख रहा है.''

    ज्यादातर सीनेटरों ने यूक्रेन को दी जाने वाली मदद के पक्ष में मतदान किया.

  4. ग्रीस ने समलैंगिक शादी को दी मंजूरी

    ग्रीस ने एक बड़ा कदम उठाते हुए समलैंगिक शादी को मंजूरी दे दी है.

    इस तरह की शादियों को कानूनी दर्जा देने वाला ग्रीस पहला परंपरावादी ईसाई देश है.

    ग्रीस की संसद में 176 के मुकाबले 76 वोट से समलैंगिक शादी को कानूनी दर्जा देने का प्रस्ताव पारित हो गया. ग्रीस में अब समलैंगिक जोड़े कानूनी रूप से बच्चे गोद ले पाएंगे.

    प्रस्ताव पारित होने के बाद ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोतेकिस ने कहा, ''नया कानून बड़े ही साहसिक तरीके से इस गंभीर असमानता को खत्म कर देगा.''

    लेकिन ग्रीस में इस नए कानून को लेकर लोग बँटे हुए हैं.ऑर्थोडॉक्स चर्च की ओर से जोरदार विरोध हो रहा है.

    चर्च के समर्थकों ने एथेंस में समलैंगिक शादियों के ख़िलाफ़ मार्च निकाला.

    ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख आर्चबिशप लेरोनिमोस ने कहा है कि यह कदम देश में सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाएगा.

  5. अमेरिका में भारतीय छात्रों पर हिंसा रोकने के सवाल पर बाइडन प्रशासन ने क्या कहा

    अमेरिका में भारतीय छात्रों पर हाल के दिनों में हुए हमलों पर व्हाइट हाउस ने प्रतिक्रिया दी है.

    व्हाइट हाउस ने कहा है,'' राष्ट्रपति जो बाइडन और उनका प्रशासन भारतीय और भारतीय अमेरिकी छात्र-छात्राओं पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.''

    व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जो बाइडन और उनका प्रशासन इस तरह के हमलों को रोकने के लिए लगातार काम में जुटा है.

    अमेरिका में भारतीय छात्रों पर हमला और उनकी हत्या के मामलों में हाल ही के दिनों में बढ़ोतरी हुई है.

    जॉन किर्बी ने कहा, ''नस्ल, लिंग या धर्म या किसी भी अन्य कारण से हिंसा की कोई जगह नहीं है. अमेरिका में ये बिलकुल भी मंजूर नहीं है.''

  6. भारत इंग्लैंड टेस्ट मैच: रन आउट होने पर क्या बोले सरफ़राज़ ख़ान

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तीसरे टेस्ट मैच में डेब्यू करने वाले सरफ़राज़ ख़ान के रन आउट पर काफी चर्चा हो रही है.

    पहले मैच में उनकी फ़िफ़्टी हो या उनके आउट होने का तरीका और उस पर रोहित शर्मा की प्रतिक्रिया.

    गुरुवार को सरफ़राज़ ख़ान सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे थे.

    हालांकि रवींद्र जडेजा ने अफसोस जताया है लेकिन सरफ़राज़ के रन आउट होने के लिए लोग उन्हें दोषी ठहरा रहे हैं.

    लेकिन सरफ़राज़ ने इस पर पूछे सवाल के जवाब में सधी हुई प्रतिक्रिया दी है.

    सरफ़राज़ ने कहा, '' थोड़ा सा मिस-कम्युनिकेशन हो जाता है. ये तो खेल का हिस्सा है. कभी आप रन आउट हो जाते हैं और कभी नहीं. ये चीजें होती रहती हैं.''

    सरफ़राज़ ख़ान ने अपने टेस्ट करियर की पहली ही पारी में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 66 गेंदों पर 62 रन बनाए.

    पहले दिन का खेल पूरा होने के बाद सरफ़राज़ से जब उनका अनुभव पूछा गया तो उन्होंने कहा, "बहुत अच्छा लगा. फर्स्ट टाइम मैं ग्राउंड में आया. मुझे कैप मिली, मेरे अब्बू भी थे. उन्होंने छह साल से मुझे क्रिकेट सिखाया. ये मेरा सपना था उनके लिए कि उनके जीते जी मैं एक बार इंडियन टीम के लिए खेलते दिखूं."

  7. दिल्ली: अलीपुर के केमिकल गोदाम में आग लगने से 7 लोगों की मौत

    दिल्ली के अलीपुर में गुरुवार को एक केमिकल गोदाम में आग लगने सात लोगों की मौत हो गई.

    आग इतनी भयानक थी कि आसपास की दुकानों और घरों को भी अपने चपेट में ले लिया. कई किलोमीटर से धुएं के गुबार को देखा जा सकता था. करीब तीन घंटे जूझने के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

    इसके बाद चले तलाशी ऑपरेशन में सभी सात शवों को निकाल लिया गया है. बाकी अंदर फंसे लोगों की तलाश जारी है.

    जब आग लगी तो आस-पास के लोगों ने यहां से तुरंत भाग कर जान बचाई. आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है.

    दमकल अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे पुलिस और दमकल विभाग को एच ब्लॉक दयाल मार्किट अलीपुर स्थित केमिकल गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली.

    घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की 22 गाड़ियों की मदद से दमकलकर्मियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया.

  8. किसानों की मांगों के समर्थन में आज भारत बंद का एलान, दिल्ली समेत राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    किसानों की मांगों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा समेत कई किसान संगठनों ने आज यानी शुक्रवार को भारत बंद का एलान किया है.

    संयुक्त किसान मोर्चा के ग्रामीण भारत बंद के आह्वान में ये बंद किया जा रहा है.

    संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों की मांग का समर्थन कर रहे सभी संगठनों से भारत बंद करने की अपील है.

    देश भर के कुछ मजदूर संगठन भी इसमें हिस्सा लेंगे.

    इस बंद में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली की ओर कूच कर रहे पंजाब के कुछ किसानों को अंबाला के नजदीक हरियाणा में रोक लिया गया. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े.

    भारत बंद को देखते हुए राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के मुताबिक़ उसने प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में न घुसने देने के लिए पूरा इंतजाम किया है.

    किसानों के एक और संगठन संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) ने भी लोगों से भारत बंद में हिस्सा लेने की अपील की है.

  9. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    15 फरवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.