You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चुराचांदपुर एसपी ऑफ़िस पर 300 से 400 लोगों की भीड़ का हमला: मणिपुर पुलिस

मणिपुर पुलिस ने कहा है कि गुरुवार रात को मणिपुर में चुराचांदपुर एसपी ऑफ़िस पर एक भीड़ ने हमला कर दिया.

लाइव कवरेज

  1. ENG vs IND Test: रोहित शर्मा ने जड़ा टेस्ट कैरियर का 11वां शतक

    इंग्लैंड के साथ गुरुवार को राजकोट में हो रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया.

    इसके साथ ही रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 79वां छक्का जड़ कर महेंद्र सिंह धोनी के 78 छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

    भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 91 छक्का लगाने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है.

    तीन विकेट पर भारत ने जब 202 रन बनाए उस समय तक रोहित शर्मा क्रीज़ पर डटे हुए थे और उन्होंने दो छक्कों, 12 चौकों की मदद से 172 गेंदों में 111 रन बना लिए थे.

    इंग्लैंड के साथ पांच मैचों की टेस्ट सिरीज़ के तीसरे मुक़ाबले में पहले दिन रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया.

    लेकिन ओपनर बैट्समैन यशस्वी जायसवाल दस गेंद खेल कर 10 रन बनाए और आउट हो गए.

    लेकिन दूसरे छोर पर रोहित शर्मा ने पारी को संभाले रखा. दूसरा विकेट शुभमन गिल का गिरा जो शून्य पर आउट हो गए.

    इसके बाद रजत पाटीदार भी पांच रन बनाकर आउट हो गए.

    लेकिन रोहित शर्मा ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर भारत को मज़बूत स्कोर की ओर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं.

    टीम इंडिया ने 56वें ओवर में अपने 200 रन पूरे किए हैं.

  2. बांग्लादेश ने म्यांमार के 330 सैनिकों और नागरिकों को वापस भेजा, विद्रोहियों ने किया था हमला

    बांग्लादेश ने कहा है कि विद्रोहियों के हमले के बाद सीमा पार कर देश में घुस आए 330 म्यांमार के नागरिकों, जिनमें अधिकांश सैनिक हैं, उन्हें वापस भेज दिया है.

    समाचार संस्था प्रोथम आलो, न्यू एज के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि सैनिक, अप्रवासन अधिकारी और उनके परिवार म्यांमार बॉर्डर के क़रीब स्थित बांग्लादेश के कोक्स बाज़ार से एक नाव पर सवार होकर रवाना हुए.

    इस महीने की शुरुआत में ये म्यांमार के नागरिक रखाइन प्रांत में हुए संघर्ष से बचकर बांग्लादेश आ गए थे. बताया जाता है कि यहां अराकान विद्रोहियों ने सीमा की कई पोस्टों पर कब्ज़ा कर लिया है.

    इस झड़प में सीमा पार से हुई गोलीबारी में दो बांग्लादेशी नागरिक भी मारे गए थे.

    उल्लेखनीय है कि इस साल के शुरुआती सप्ताहों में सेना लगातार पीछे हटी है.

    देश के दूसरी तरफ़ बांग्लादेश सीमा से लगे हिस्से में गठबंधन सेना की अराकान आर्मी ने कई सैन्य अड्डों पर कब्ज़ा कर लिया और चिन और रखाइन प्रांतों के एक बड़े हिस्से पर उनका नियंत्रण हो गया है.

  3. सोनिया गांधी ने रायबरेली के नाम लिखी चिट्ठी, कहा- आप मेरे परिवार को संभाल लेंगे

    यूपी के रायबरेली से कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने अब राजस्थान से राज्यसभा का पर्चा भर दिया है.

    रायबरेली गांधी परिवार की सीट रही है. ऐसे में जब सोनिया गांधी ने राज्यसभा से संसद जाने का फ़ैसला किया तो इस बारे में गुरुवार को एक चिट्ठी रायबरेली के लोगों के लिए लिखी.

    सोनिया ने इस चिट्ठी में अपनी बढ़ती उम्र का हवाला देते हुए लिखा, ''अब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के चलते मैं अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगी. इस फ़ैसले के कारण मुझे आपकी सीधा सेवा का अवसर नहीं मिलेगा, लेकिन यह तय है कि मेरा मन प्राण हमेशा आपके पास रहेगा.''

    सोनिया गांधी ने लिखा, ''मुझे पता है कि आप भी हर मुश्किल में मुझे और मेरे परिवार को वैसे संभाल लेंगे जैसे अब तक संभालते आए हैं.''

    सोनिया गांधी के रायबरेली सीट छोड़ने के बाद ये सवाल पूछे जा रहे हैं कि क्या प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी?

    हालांकि कांग्रेस की ओर से इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

    सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में लिखा- मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा है, वह रायबरेली आकर आप लोगों से मिलकर पूरा होता है.

    अपनी चिट्ठी में सोनिया गांधी ने फिरोज़ गांधी, इंदिरा गांधी का ज़िक्र किया.

    सोनिया ने लिखा- सास और जीवन साथी को हमेशा के लिए खोकर मैं आपके पास आई.

  4. चुनावी बॉन्ड को असंवैधानिक क़रार दिए जाने पर राहुल गांधी क्या बोले?

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनावी बॉन्ड को असंवैधानिक क़रार दिए जाने पर प्रतिक्रिया दी है.

    चुनावी बॉन्ड को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को असंवैधानिक क़रार दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को सूचना के अधिकार का उल्लंघन भी बताया.

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''नरेंद्र मोदी की भ्रष्ट नीतियों का एक और सबूत आपके सामने है. बीजेपी ने चुनावी बॉन्ड को रिश्वत और कमीशन लेने का माध्यम बना दिया था. आज इस बात पर मुहर लग गई है.''

    इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले का स्वागत किया था.

    इलेक्टोरल बॉन्ड राजनीतिक दलों को चंदा देने का एक वित्तीय ज़रिया है.

    यह एक वचन पत्र की तरह है जिसे भारत का कोई भी नागरिक या कंपनी भारतीय स्टेट बैंक की चुनिंदा शाखाओं से ख़रीद सकता है और अपनी पसंद के किसी भी राजनीतिक दल को गुमनाम तरीक़े से दान कर सकता है.

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने फ़ैसले के बाद मीडिया से कहा,''सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड मामले में एक महत्वपूर्ण फ़ैसला सुनाया जिसका हमारे लोकतंत्र पर लंबा असर होगा. कोर्ट ने बॉन्ड स्कीम को ख़ारिज कर दिया है.''

  5. शंभू बॉर्डर से किसानों का प्रदर्शन LIVE

  6. सरफराज़ ख़ान को टीम इंडिया में मिला मौक़ा, पिता से गले मिलकर हुए भावुक

    राजकोट में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है.

    भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. टीम में सरफराज़ ख़ान को पहली बार मौक़ा दिया गया है.

    सरफराज़ ख़ान का ये डेब्यू मैच है. सरफराज़ के अलावा ध्रुव जुरेल को भी टीम में जगह दी गई है.

    ऐसे में जब गुरुवार को सरफराज़ ख़ान को टीम में जगह दी गई, तो इस पल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जाने लगी.

    सरफराज़ ख़ान ख़ुद को टीम में चुने जाने के बाद अपने पिता को मैदान पर गले लगाते हुए नज़र आए.

    सोशल मीडिया पर सरफराज़ के पिता के पहने कपड़े पर लिखा मैसेज भी शेयर किया जा रहा है.

    सरफराज़ के पिता के कपड़े पर लिखा है- क्रिकेट जेंटलमैन्स नहीं, सबका गेम है.

    दरअसल इस ख़ुशी और भावुकता की वजह है सरफराज़ ख़ान को लंबे समय तक टीम में जगह ना दिया जाना.

    सरफराज़ की परफॉर्मेंस

    बीते साल जून में जब वेस्ट इंडीज़ के लिए टेस्ट टीम का एलान हुआ था, तब सरफराज़ ख़ान को टीम में जगह नहीं दी गई थी.

    तब भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा था, ''सरफ़राज़ ख़ान ने रणजी के पिछले तीन सीजन में 100 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं. अब टीम में जगह बनाने के लिए उन्हें क्या करना होगा? हो सकता है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह न मिले लेकिन आप उनका चयन 16 सदस्यीय टीम में तो कीजिए.''

    गावस्कर बोले थे, ''ऐसे खिलाड़ियों को बताइए कि उनके प्रदर्शन को नोटिस किया जा रहा है. अन्यथा रणजी ट्रॉफी खेलना बंद कीजिए. इसका कोई मतलब नहीं है. आप सिर्फ़ आईपीएल खेलिए और फिर आपको आईपीएल के आधार पर लाल गेंद से खेलने का मौका भी मिल जाएगा.''

  7. चुनावी बॉन्ड असंवैधानिक करार, कांग्रेस बोली- नोट पर वोट की ताक़त फिर से स्थापित होगी

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने इलेक्टोरल यानी चुनावी बॉन्ड को असंवैधानिक क़रार देने के सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि इस फ़ैसले का लंबे समय से इंतज़ार था और हम इसका स्वागत करते हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए जयराम रमेश ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरकार की बहुप्रचारित इलेक्टोरल बॉन्ड योजना को संसद द्वारा पारित क़ानूनों के साथ-साथ भारत के संविधान का उल्लंघन करने वाला बताया है.”

    जयराम रमेश ने कहा है कि इस निर्णय का लंबे समय से इंतज़ार था. उन्होंने कहा कि ये नोटों के ऊपर वोटों की ताक़त को फिर से स्थापित करेगा.

    जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार चंदादाताओं को विशेषाधिकार दे रही है और अन्नदाताओं पर अन्याय पर अन्याय कर रही है.

    जयराम रमेश ने चुनाव आयोग के वीवीपीएटी (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) का मुद्दा भी उठाया.

    उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इस बात का भी संज्ञान लेना चाहिए कि चुनाव आयोग राजनीतिक दलों की वीवीपीएटी के मुद्दे पर मुलाक़ात करने की मांगों को लगातार ख़ारिज कर रहा है.

    उन्होंने कहा, “अगर मतदान की प्रक्रिया में सबकुछ पारदर्शी है तो फिर ये ज़िद क्यों है?”

  8. चुनावी बॉन्ड पर सुप्रीम कोर्ट की रोक, वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने क्या बताया

    चुनावी बॉन्ड को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को असंवैधानिक क़रार दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को सूचना के अधिकार का उल्लंघन भी बताया.

    इस फ़ैसले के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने मीडिया से कहा, ''सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड मामले में एक महत्वपूर्ण फ़ैसला सुनाया जिसका हमारे लोकतंत्र पर लंबा असर होगा. कोर्ट ने बॉन्ड स्कीम को ख़ारिज कर दिया है.''

    प्रशांत भूषण इस मामले में याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट में पेश भी हुए थे.

    प्रशांत भूषण बोले, ''इस स्कीम में ये नहीं पता लगता था कि किसने कितने रुपए के बॉन्ड ख़रीदे और किसे दिए. सर्वोच्च न्यायालय ने इसे सूचना के अधिकार का उल्लंघन माना है. इसे लेकर जो संशोधन किया गया था, जिसके तहत कोई कंपनी, किसी भी राजनीतिक दल को कितना भी पैसा दे सकती हैं, कोर्ट ने वो भी रद्द कर दिया है.''

    भूषण ने बताया, ''कोर्ट ने कहा कि ये चुनावी लोकतंत्र के ख़िलाफ़ है, क्योंकि ये बड़ी कंपनियों को लेवल प्लेइंग फ़ील्ड ख़त्म करने का मौक़ा देती है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जो भी पैसा इस स्कीम के तहत जमा किया गया है, उसकी जानकारी भारतीय स्टेट बैंक चुनाव आयोग को दे और आयोग की तरफ़ से इसकी जानकारी आम लोगों को वेबसाइट पर मुहैया कराई जाए.''

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसले में क्या कहा?

    चुनावी बॉन्ड की जानकारी गुप्त रखना सूचना के अधिकार का उल्लंघन है.

    स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 12 अप्रैल 2019 से आज तक ख़रीदे गए चुनावी बॉन्ड की जानकारी चुनाव आयोग को मुहैया करवाए.

    ये जानकारी तीन हफ़्ते के भीतर देनी होगी. सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से 13 मार्च 2024 तक ये जानकारी वेबसाइट पर छापने के लिए कहा है.

    इलेक्टोरल बॉन्ड राजनीतिक दलों को चंदा देने का एक वित्तीय ज़रिया है.

    यह एक वचन पत्र की तरह है जिसे भारत का कोई भी नागरिक या कंपनी भारतीय स्टेट बैंक की चुनिंदा शाखाओं से ख़रीद सकता है और अपनी पसंद के किसी भी राजनीतिक दल को गुमनाम तरीक़े से दान कर सकता है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, चुनावी बॉन्ड को सुप्रीम कोर्ट ने कहा 'असंवैधानिक', जानिए अदालत ने क्या कहा फ़ैसले में

      • Author, उमंग पोद्दार
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को चुनावी बॉन्ड स्कीम को असंवैधानिक क़रार दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ''चुनावी बॉन्ड की जानकारी गुप्त रखना सूचना के अधिकार का उल्लंघन है.''

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ''स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 12 अप्रैल 2019 से आज तक ख़रीदे गए चुनावी बॉन्ड की जानकारी चुनाव आयोग को मुहैया करवाए.''

    ये जानकारी तीन हफ़्ते के भीतर देनी होगी. सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से 13 मार्च 2024 तक ये जानकारी वेबसाइट पर छापने के लिए कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिन चुनावी बॉन्ड की वैधता 15 दिन के भीतर की है और वो राजनीतिक दलों की ओर से नहीं लिए गए हैं, वो बॉन्ड ख़रीदने वाले को लौटा दिए जाएं.

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस संजीव खन्ना, बीआर गवई, जेबी पार्दीवाला और मनोज मिश्रा की बेंच ने बीते साल नवंबर में फ़ैसला सुरक्षित रखा था.

    क्या है चुनावी बॉन्ड

    ये मामला सुप्रीम कोर्ट में आठ साल से ज़्यादा वक़्त से लंबित था और इस पर सभी निगाहें टिकी हुई थीं.

    इलेक्टोरल बॉन्ड राजनीतिक दलों को चंदा देने का एक वित्तीय ज़रिया है.

    यह एक वचन पत्र की तरह है जिसे भारत का कोई भी नागरिक या कंपनी भारतीय स्टेट बैंक की चुनिंदा शाखाओं से ख़रीद सकता है और अपनी पसंद के किसी भी राजनीतिक दल को गुमनाम तरीक़े से दान कर सकता है.

    भारत सरकार ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना की घोषणा 2017 में की थी. इस योजना को सरकार ने 29 जनवरी 2018 को क़ानूनन लागू कर दिया था.

    इस योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक राजनीतिक दलों को धन देने के लिए बॉन्ड जारी कर सकता है.

  10. शंभू बॉर्डर पर किसानों का तीसरा दिन, तस्वीरों में देखिए ताज़ा हाल

    दिल्ली आना चाह रहे किसानों का आज यानी गुरुवार को पंजाब-हरियाणा की सीमा शंभू बॉर्डर पर तीसरा दिन है.

    बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल और शाद मिद्हत शंभू बॉर्डर पर हैं.

    गुरुवार सुबह बीबीसी संवाददाताओं ने जो देखा, वो कुछ यूं है-

    किसान मोटी काले रंग की तार से एक तरह की बैरिकेडिंग कर रहे हैं.

    किसानों का कहना है कि आज सरकार के साथ मीटिंग है, तब तक हम इस रस्सी के आगे नहीं जाएंगे.

    हरियाणा की तरफ़ से ख़बर लिखे जाने तक आंसू गैस के गोले नहीं गिरे हैं.

    नाके पर शांति है, लेकिन दूसरी तरफ हरियाणा पुलिस और अर्ध सैनिक बल खड़े हैं.

    आगे देखिए तस्वीरें

  11. मध्य प्रदेश: आदिवासी युवक को निर्वस्त्र कर पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी को हटाया

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश के बैतूल ज़िले में एक आदिवासी युवक को निर्वस्त्रकर उल्टा लटकाकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

    इस मामले में पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज किया है.

    बुधवार रात को प्रदेश सरकार ने ज़िले के पुलिस अधीक्षक को भी हटा दिया है.

    ये वीडियो तीन महीने पुराना बताया जा रहा है और मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

    इस मामले में एक अभियुक्त सोहेल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य अभियुक्त सोहराब हुसैन के अवैध मकान को प्रशासन ने ढहा दिया है.

    यह मामला बैतूल के बासपानी गांव का है, जहां पर आदिवासी युवक की पिटाई हफ्ता वसूली को लेकर की गई थी.

    वीडियो वायरल होने के बाद मामला विधानसभा में भी उठा.

    नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरते हुए कहा कि गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है लेकिन उसके बावजूद उनका ध्यान इस तरह की घटनाओं पर नहीं है, जो शर्मनाक है.

    बैतूल में पिछले एक हफ्ते में आदिवासी युवकों की पिटाई के दो वीडियो वायरल हुए हैं.

    इसके बाद आदिवासी समाज संगठन ने 16 फरवरी को शहर बंद का एलान किया है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच: रोहित शर्मा का पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला, सरफराज़ ख़ान को मिला मौक़ा

    भारत और इंग्लैंड के बीच आज यानी गुरुवार को तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना है.

    राजकोट में खेले जाने वाले इस टेस्ट मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    टीम में सरफ़राज़ ख़ान को मौक़ा दिया है. वो अपना पहला टेस्ट मैच खेलेंगे. इसके अलावा ध्रुव जुरेल को भी टीम में जगह दी गई है.

    अब तक इंग्लैंड और भारत की टीम एक-एक टेस्ट मैच जीत चुकी है.

    टीम में मुकेश कुमार को शामिल नहीं किया गया है. ये फ़ैसला मुकेश कुमार को बंगाल की रणजी ट्रॉफी टीम में खेलने के कारण लिया गया है.

    टीम में रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है.

    भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल, आर पाटीदार, एस ख़ान, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह

  13. पीएम मोदी क़तर पहुंचे, देखिए कैसे हुआ स्वागत

    यूएई का दौरा करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी अब क़तर की राजधानी दोहा पहुंच गए हैं.

    पीएम मोदी ने क़तर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाक़ात की है.

    पीएम मोदी जब क़तर पहुंचे तो भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया.

    एयरपोर्ट पर भी पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

    पीएम मोदी का क़तर दौरा ऐसे वक़्त में हो रहा है, जब कुछ दिन पहले क़तर ने भारत के आठ पूर्व नौसैनिकों को रिहा किया है.

    अपने दौरे पर पीएम मोदी क़तर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी से भी मिलेंगे. दोनों के बीच वैश्विक मुद्दों समेत द्विपक्षीय संबंधों पर बात होगी.

    पीएम मोदी ने इससे पहले जून 2016 में क़तर का दौरा किया था.

  14. सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने के बजाय राज्यसभा जाना क्यों पसंद किया- प्रेस रिव्यू

  15. कैप्टन विक्रम बत्रा की माँ कमलकांत बत्रा नहीं रहीं

    कारगिल युद्ध के दौरान मारे गए कैप्टन विक्रम बत्रा की माँ कमलकांत बत्रा अब इस दुनिया में नहीं रहीं.

    हिमालच प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ये जानकारी देते हुए श्रद्धांजलि दी है.

    हिमाचल सीएम के आधिकारिक हैंडल से लिखा गया, ''शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा जी की माता श्रीमती कमलकांत बत्रा जी के निधन की दु:खद सूचना मिली. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माता जी को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को अपार दुःख सहने की क्षमता दें.''

    कमलकांत बत्रा आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं. हालांकि कुछ वक़्त बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी.

    कैप्टन विक्रम बत्रा को मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र दिया गया था.

    परमवीर चक्र विजेताओं पर किताब 'द ब्रेव' लिखने वाली रचना बिष्ट रावत ने बीबीसी को बताया था- "विक्रम की माँ ने मुझसे कहा कि उनकी दो बेटियाँ थीं और वो चाहती थीं कि उनके एक बेटा पैदा हो. लेकिन उनके जुड़वाँ बेटे पैदा हुए. मैं हमेशा भगवान से पूछती थी कि मैंने तो एक ही बेटा चाहा था. मुझे दो क्यों मिल गए? जब विक्रम कारगिल की लड़ाई में मारे गए, तब मेरी समझ में आया कि एक बेटा मेरा देश के लिए था और एक मेरे लिए."

    कैप्टन विक्रम बत्रा की कहानी विस्तार से यहां पढ़िए.

  16. अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर को तस्वीरों में देखिए

    संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई की राजधानी अबू धाबी में पहला हिंदू मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुल गया है.

    पीएम मोदी ने इस मंदिर का उद्धाटन किया. इस मंदिर का निर्माण बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था यानी बीएपीएस ने किया है.

    मंदिर के लिए ज़मीन संयुक्त अरब अमीरात ने दी थी.

    ये मंदिर करीब 27 एकड़ ज़मीन पर 700 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है.

  17. टी-20 वर्ल्डकप में रोहित शर्मा की कप्तानी पर बोले जय शाह- मैं आपसे वादा करना चाहता हूं...

    इस साल जून में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप टूर्नामेंट अमेरिका में होना है.

    इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे. इस बारे में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बुधवार को राजकोट में हुए एक कार्यक्रम में एलान किया है.

    जय शाह ने कहा, ''सब लोग मेरे बयान का इंतज़ार कर रहे थे कि मैं वर्ल्ड कप के लिए कुछ बोलता क्यों नहीं हूं. मैं आप सबको कहना चाहता हूं कि 2023 में लगातार 10 जीत के बाद भले ही हमने वर्ल्ड कप नहीं जीता, मगर हमने दिल जीता.''

    जय शाह बोले, ''मैं आपसे वादा करना चाहता हूं कि रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में हम बारबाडोस में हम ज़रूर भारत का झंडा गाड़ेंगे.''

    बारबाडोस में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मैच होना है.

    ये मैच 29 जून को होगा.

  18. पुतिन ने बताया- उन्हें ट्रंप से ज़्यादा बाइडन क्यों हैं पसंद?

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को एक इंटरव्यू में कहा कि वो डोनाल्ड ट्रंप की तुलना में जो बाइडन को तरजीह देंगे.

    पुतिन ने ये भी कहा कि वो किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ काम करने के इच्छुक हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़,पुतिन से पूछा गया था कि रूस के लिए डेमोक्रेट बाइडन ज़्यादा अच्छे हैं या रिपब्लिकन ट्रंप?

    पुतिन ने जवाब दिया, ''बाइडन. वो ज़्यादा अनुभवी हैं, वो क्या करेंगे, ये पता होता है. बाइडन पुराने मंझे हुए नेता हैं.''

    इस साल अमेरिका में चुनाव होने हैं.

    माना जा रहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में इस बार बाइडन और ट्रंप आमने-सामने हो सकते हैं.

    पुतिन भी अमेरिकी चुनाव के संदर्भ में बोल रहे थे.

    पुतिन ने कहा कि अमेरिकी लोग जिस राष्ट्रपति पर भरोसा जताएंगे, हम उसके साथ काम करने को तैयार हैं.

    ये पहली बार है कि पुतिन ने 2024 अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर टिप्पणी की है.

  19. नमस्कार

    आपका दिन शुभ हो.

    14 फरवरी के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.