दिल्ली कूच का नारा देने वाले पंजाब, यूपी और हरियाणा के किसानों के आंदोलन को देखते हुए पूरी दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कई मुख्य सड़कों के ट्रैफिक को डायवर्ट भी किया गया है.
दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने बताया है कि दिल्ली और यूपी के बीच गाज़ीपुर बॉर्डर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, बहादुरगढ़, रोहतक की ओर जाने वाले कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, दिल्ली से गाज़ीपुर बॉर्डर होते हुए ग़ाज़ियाबाद जाने के लिए अक्षरधाम के सामने वाली पुश्ता रोड या फिर पटपड़गंज/मदर डेयरी वाली रोड या चौधरी चरण सिंह मार्ग आईएसबीटी आनंद विहार होते हुए निकलें और महाराजपुर या अप्सरा बॉर्डर से बाहर जाएं.
इसके अलावा एनएच-44 से हरियाणा जाने वालों के लिए भी कई बदलाव किए गए हैं.
पुलिस के अनुसार, रोहतक रोड से होकर बहादुरगढ़, रोहतक की ओर जाने वाले भारी और कमर्शियल वाहनों को नजफ़गढ़-नांगलोई रोड से होते हुए निकलें.
दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने सभी डायवर्जनों के लिए अपने सोशल मीडिया हैंडलों से विस्तृत जानकारी दी है.
इससे पहले एक आदेश में दिल्ली पुलिस ने कहा था कि पूरे प्रदेश में अगले एक महीने तक धारा 144 लागू होगी और इसके तहत आने वाले सभी प्रतिबंध भी लागू रहेंगे.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, नित्यानंद राय और अर्जुन मुंडा ने देर रात तक किसानों से बात कर के समाधान निकालने की कोशिशें की लेकिन ये वार्ता सफल नहीं हो सकी. किसानों ने एलान किया कि उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. तीन राज्यों के किसान मंगलवार यानी आज सुबह 10 बजे दिल्ली की ओर बढ़ेंगे.
क्या कहा दिल्ली पुलिस ने?
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि 13 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक), किसान मजदूर मोर्चा और कुछ और किसान संगठनों ने दिल्ली चलो का एलान किया है. वो अपनी मांगों को लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करना चाहते हैं.
किसानों के आंदोलन से तनाव, सामाजिक सद्भाव बिगड़ने और हिंसा फैलने की आशंका है. लिहाजा खुफिया अलर्ट को देखते हुए ये फैसला किया गया है.
पुलिस ने कहा है प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर ट्रॉली का इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे अन्य वाहन चालकों को असुविधा हो सकती है. इसके देखते हुए नई दिल्ली में ट्रैक्टरों के चलने पर बैन लगा दिया गया है.