You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नवाज़ शरीफ़ की पार्टी ने कहा- पीपीपी की ओर से सरकार गठन पर कोई अंतिम फ़ैसला नहीं लिया गया है

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब का कहना है कि सरकार गठन को लेकर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के साथ प्रारंभिक बातचीत हुई है और कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.

लाइव कवरेज

  1. शूटिंग के दौरान मिथुन चक्रवर्ती की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    मशहूर फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (74) को एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है.

    अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मिथुन की एमआरआई जांच की गई है.

    फिल्म से जुड़े लोगों ने बताया कि मिथुन यहां सोहम चक्रवर्ती की कंपनी की फिल्म शास्त्री की शूटिंग कर रहे थे. उसी समय उनकी तबीयत बिगड़ गई. उनको तुरंत महानगर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया.

    फिलहाल उनको न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ सजय भौमिक के अधीन भर्ती कराया गया है.

    उनके इलाज के लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई है. अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मिथुन को सीने में दर्द के अलावा कई अन्य समस्याएं भी हैं. फिलहाल उनके स्वास्थ्य की तमाम तरह की जांच की जा रही है. उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.

    बीते साल दुर्गा पूजा के दौरान रिलीज मिथुन की फिल्म काबुलीवाला ने दर्शकों की काफी प्रशंसा बटोरी थी.

    शास्त्री फिल्म की शूटिंग जनवरी में शुरू हुई थी. इस फिल्म के जरिए मिथुन और अभिनेत्री देवश्री राय की जोड़ी करीब 16 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेगी.

    यह फिल्म इस साल दुर्गा पूजा के दौरान रिलीज होनी है. मिथुन को हाल में पद्मभूषण अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था.

  2. हल्द्वानी में भड़की हिंसा के 48 घंटे बाद कर्फ्यू में ढील

      • Author, राघवेंद्र राव
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हल्द्वानी से

    उत्तराखंड में हल्द्वानी के बनभूलपुरा में भड़की हिंसा के दो दिन बाद कर्फ्यू में ढील दी जा रही है.

    नैनीताल की ज़िला मजिस्ट्रेट वंदना सिंह ने आदेश जारी कर कहा कि 8 फरवरी को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्द्वानी नगर के पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया था.

    आदेश के मुताबिक अब कर्फ्यू के इलाकों में संशोधन करते हुए नैनीताल-बरेली मोटर मार्ग पर वाहनों और दुकानों को इसमें छूट दी गई है.

    नए आदेश के मुताबिक हल्द्वानी नगर के पूरे क्षेत्र, आर्मी कैंट, तिकोनिया-तीनपानी-गौलापार बाईपास के अंदर आने वाले इलाकों में कर्फ्यू जारी रहेगा.

    कर्फ्यू में कोई भी व्यक्ति मेडिकल कामों को छोड़कर घर से बाहर नहीं निकल सकता है. इसके साथ ही कर्फ्यू इलाकों में आने वाली सभी दुकानें और उद्योग पूरी तरह से बंद रहेंगे, सिर्फ अस्पताल और मेडिकल की दुकानें खुली रहेंगी.

    कर्फ्यू का आदेश शासकीय सेवक, पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल पर लागू नहीं होगा और अगर किसी को बहुत ज़रूरी काम है तो उसे नगर मजिस्ट्रेट से इजाज़त लेनी होगी.

    8 फरवरी, हल्द्वानी के बनभूलपुरा में कथित तौर पर ग़ैर-क़ानूनी तरीके से बने एक मदरसे को तोड़ने की कार्रवाई के दौरान हिंसा भड़क गई थी.

    इस हिंसा में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है.

    उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी के मुताबिक हिंसा की मजिस्ट्रेट जांच करवाने का फैसला लिया गया है, जो अपनी रिपोर्ट 15 दिन के अंदर तैयार करेंगे.

  3. पाकिस्तान चुनाव नतीजों के बीच बोले सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर

    पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल आसिम मुनीर ने आम चुनाव 2024 के सफल आयोजन पर लोगों को बधाई दी है.

    उन्होंने कहा कि देश को अराजकता और विभाजन की राजनीति से आगे बढ़ाने के लिए स्थिर सरकार की ज़रूरत है.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग, आईएसपीआर के बयान के मुताबिक सेना प्रमुख ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले विकासशील पाकिस्तान के लिए बंटवारा और अराजकता ठीक नहीं है.

    उन्होंने कहा कि चुनाव हार-जीत का मामला नहीं है, बल्कि यह लोगों के जनादेश को निर्धारित करने की एक कवायद है.

    सेना प्रमुख ने कहा कि नेताओं और राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत हितों से अलग सरकार और लोगों की सेवा करने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि लोकतंत्र का असली मतलब यही है.

    जनरल आसिम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान के लोगों ने पाकिस्तान के संविधान में अपना भरोसा दिखाया है और अब सभी राजनीतिक पार्टियों का ये कर्तव्य है कि वे राजनीतिक परिपक्वता और एकता के साथ काम करें.

    सेना प्रमुख ने उम्मीद जताई है कि हालिया चुनाव राजनीतिक और आर्थिक स्थिरता लाएगा और इससे पाकिस्तान में शांति बहाल होगी.

  4. पाकिस्तान चुनाव: कौन आगे, कौन पीछे?

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की 266 सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान के बाद इसके नतीजे आ रहे हैं.

    अब तक आए नतीजों में इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई समर्थित 87 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है जबकि नवाज़ शरीफ़ की पीएमएल (एन) के 74 उम्मीदवार जीते हैं.

    वहीं पीपीपी ने 51 सीटों पर और अन्य उम्मीदवारों ने 35 सीटों पर जीत दर्ज की है.

    पाकिस्तान चुनाव आयोग की ओर से अभी तक अंतिम परिणामों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस बीच पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों की भारी जीत पर पार्टी प्रमुख इमरान ख़ान ने बयान जारी किया है.

    इस संदेश में अडियाला जेल में क़ैद इमरान ख़ान को ये कहते सुना जा सकता है कि "आपने वोट देकर सच्ची आज़ादी की बुनियाद रख दी है. मैं आपको इलेक्शन 2024 जीतने पर मुबारकबाद पेश करता हूं."

    हालांकि ये बयान एआई (आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया है क्योंकि इमरान ख़ान इस समय भ्रष्टाचार के मामले में जेल में है.

  5. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ आख़िरी तीन टेस्ट के लिए टीम इंडिया का एलान

    बीसीसीआई ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ आख़िरी तीन टेस्ट के लिए 17 सदस्यीय टीम इंडिया का एलान कर दिया है.

    इस टीम में विराट कोहली नहीं रहेंगे. बीसीसीआई के मुताबिक व्यक्तिगत कारणों के चलते विराट कोहली शामिल नहीं हो रहे हैं.

    इसके अलावा रवींद्र जडेजा और केएल राहुल को मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी के बाद ही शामिल किया जाएगा. वहीं टीम में आकाशदीप को मौका मिला है.

    बीसीसीआई के मुताबिक टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल*, रजत पाटीदार, सरफ़राज़ ख़ान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा*, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, आकाशदीप.

    तीसरा टेस्ट गुजरात के राजकोट में 15 फरवरी से शुरू होगा, वहीं चौथा टेस्ट 23 फरवरी को रांची में और सिरीज़ का पांचवां और आखिरी टेस्ट 7 मार्च को हिमाचल के धर्मशाला में खेला जाएगा.

  6. ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे हैं जयंत चौधरी, क्या कह रहे हैं लोग

    राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर ट्रेंड कर रहे हैं.

    शुक्रवार को जयंत चौधरी ने अपने दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने के बाद पीएम मोदी की तारीफ की थी.

    मीडिया को दिए बयान के बाद से वे लगातार ट्विटर ट्रेंड में बने हुए हैं. लोग सोशल मीडिया पर उनकी तुलना नीतीश कुमार की पाला बदली से कर रहे हैं.

    हालांकि उन्होंने बीजेपी के साथ जाने का फिलहाल कोई औपचारिक एलान नहीं किया है, लेकिन जब शुक्रवार को पत्रकारों ने यह सवाल उनसे किया तो उन्होंने कहा, "देखिए कोई कसर रहती है? आज मैं किस मुंह से इनकार करूं... आपके इस सवाल का."

    ट्विटर पर क्या कह रहे हैं लोग

    इक्वेलिटी नाम के एक यूज़र ने जयंत चौधरी का पुराना बयान भाषण शेयर किया है. इसमें जयंत चौधरी कह रहे हैं, "ये सरकार बड़ी ज़ालिम सरकार है. झूठी सरकार है...."

    कई लोग जयंत चौधरी का एक पुराना बयान शेयर कर रहे हैं. इस बयान में वे कह रहे हैं, "मैं कोई चवन्नी हूं, जो ऐसे करके पलट जाऊंगा."

    लेखक अशोक कुमार पांडे ने लिखा, "जयंत चौधरी और उनके ‘सेक्युलर’ सिपाहियों का दिल जीता जा चुका है, दिल को डील भी पढ़ सकते हैं. घोषणा की औपचारिकता दो-तीन दिन में पूरी कर ली जाएगी."

    पत्रकार राजीव रंजन ने लिखा, "बाल ठाकरे और प्रकाश सिंह बादल को भी भारत रत्न मिल जाता तो नीतीश कुमार और जयंत चौधरी की तरह एनडीए में आने में सुखबीर बादल और उद्धव को सहूलियत हो जाती."

    पत्रकार आदेश रावल ने लिखा, "मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देकर जयंत चौधरी के लिए पक्की सड़क का निर्माण किया है जो उन्हें बग़ैर किसी दिक़्क़त के बीजेपी की तरफ़ लेकर आएगी. कच्चे रास्ते पर आने से जयंत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाटों को बहुत दिक़्क़त होती."

    अंसार नाम के एक यूजर ने लिखा, "मौजूदा राजनीति में विचारधारा की कोई हैसियत नहीं."

  7. पाकिस्तान चुनाव में कथित धांधली पर अमेरिका, ब्रिटेन ने जताई चिंता

    पाकिस्तान की चुनावी प्रक्रिया में हो रहे हस्तक्षेप के आरोपों पर चिंता ज़ाहिर की है.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने कहा कि उनके देश ने पाकिस्तान के अधिकारियों से मौलिक मानवाधिकारों को बनाए रखने की अपील की है.

    एक बयान में कैमरन ने अफ़सोस जताते हुए कहा कि सभी पार्टियों को औपचारिक रूप से चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई.

    इस बीच अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने पाकिस्तान चुनाव के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण ढंग से इकट्ठा होने पर लगे प्रतिबंध की आलोचना की है.

    अमेरिका ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान मीडियाकर्मियों पर हमले, इंटरनेट और दूरसंचार सेवाओं पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठाए हैं.

    पीटीआई की ओर से धांधली के आरोप लगाए गए हैं लेकिन उनकी ओर से इसका कोई सबूत पेश नहीं किया गया है.

    इमरान ख़ान ने अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं को अपने वोट की सुरक्षा करने की सलाह दी है.

    पाकिस्तान चुनाव आयोग की ओर से अभी तक अंतिम परिणामों की घोषणा नहीं की गई है.

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की 266 सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान के बाद इसके नतीजे आ रहे हैं.

    अब तक आए नतीजों में पीटीआई समर्थित 84 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है जबकि नवाज़ शरीफ़ की पीएमएल (एन) के 70 उम्मीदवार जीते हैं.

    वहीं पीपीपी ने 51 सीटों पर और अन्य उम्मीदवारों ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की है.

  8. संविधान से ‘सेक्युलर’ और ‘समाजवादी’ शब्द हटाने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट क्या बोला

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को संविधान की प्रस्तावना को लेकर सवाल किया है कि 26 नवंबर 1949 की तारीख़ को बरक़रार रखते हुए क्या इसमें बदलाव किया जा सकता है.

    जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की बेंच ने ये सवाल याचिकाकर्ताओं से किया.

    पूर्व राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी और वकील विष्णु शंकर जैन ने याचिका दायर कर संविधान की प्रस्तावना से ‘समाजवादी’ और ‘सेक्युलर’ शब्द हटाने की मांग की है.

    जस्टिस दत्ता ने कहा, “शैक्षिक उद्देश्यों के लिए क्या प्रस्तावना पर लिखी गई तारीख़ को उसके अपनाने की तारीख़ के अलावा बदला जा सकता है. प्रस्तावना में बदलाव हो सकता है क्योंकि उससे कोई समस्या नहीं है.”

    इस पर स्वामी ने कहा कि, “इस मामले में बिलकुल यही सवाल है.”

    जस्टिस दत्ता ने कहा, “यह शायद इकलौती प्रस्तावना है जो मैंने देखी है जो तारीख़ के साथ आती है. इस संविधान को एक फलां तारीख़ को हमें दिया गया... वास्तव में ये दो शब्द (समाजवादी और धर्मनिरपेक्ष) उस समय नहीं थे.”

    जैन ने कहा कि भारत के संविधान की प्रस्तावना एक ख़ास तारीख़ पर आई थी, इस वजह से ये बिना चर्चा के नहीं बदली जा सकती है.

    स्वामी ने कहा कि संविधान का 42वां संशोधन आपातकाल के समय पास हुआ था.

  9. इमरान ख़ान ने पाकिस्तान के चुनाव परिणामों पर जारी किया ख़ास बयान

    पाकिस्तान के आम चुनावों में पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों की भारी जीत पर पार्टी प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बयान जारी किया है.

    हालांकि ये बयान एआई (आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया है क्योंकि इमरान ख़ान इस समय भ्रष्टाचार के मामले में जेल में है.

    पूर्व प्रधानमंत्री की पार्टी पीटीआई की ओर से सोशल मीडिया साइट एक्स पर उनकी आवाज़ में ये बयान जारी हुआ है.

    इस संदेश में अडियाला जेल में क़ैद इमरान ख़ान को ये कहते सुना जा सकता है कि "आपने वोट देकर सच्ची आज़ादी की बुनियाद रख दी है. मैं आपको इलेक्शन 2024 जीतने पर मुबारकबाद पेश करता हूं."

    उन्होंने कहा कि "लंदन प्लान आपके वोट की वजह से फ़ेल हो गया."

    इमरान ख़ान के संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ पर टिप्पणी की गई है और कहा गया है कि उनकी ओर से "तीस सीटें पीछे होते हुए भी विक्ट्री स्पीच दी गई."

    इमरान ख़ान ने दावा किया कि "धांधली शुरू होने से पहले हम नेशनल असेंबली की 150 सीटों पर जीत रहे थे."

    उन्होंने कहा कि "इस वक़्त हम फ़ार्म 45 के डेटा के मुताबिक़ नेशनल असेंबली की 170 सीटों पर जीत रहे हैं."

    ग़ौरतलब है कि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक अंतिम परिणामों की घोषणा नहीं की गई है. पीटीआई समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों को बढ़त हासिल है.

    पीटीआई की ओर से धांधली के आरोप लगाए गए हैं लेकिन उनकी ओर से इसका कोई सुबूत पेश नहीं किया गया है.

    इमरान ख़ान ने अपनी पार्टी और कार्यकर्ताओं को अपने वोट की सुरक्षा करने की सलाह दी है.

    इससे पहले पीटीआई की ओर से ये कहा गया था कि एआई की मदद से तैयार इमरान ख़ान के संदेश में उन्हीं के शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं.

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली की 266 सीटों पर गुरुवार को हुए मतदान के बाद इसके नतीजे आ रहे हैं.

    अब तक आए नतीजों में पीटीआई समर्थित 84 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है जबकि नवाज़ शरीफ़ की पीएमएल (एन) के 70 उम्मीदवार जीते हैं.

    वहीं पीपीपी ने 51 सीटों पर और अन्य उम्मीदवारों ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की है.

  10. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    09 फरवरी 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.