पाकिस्तान में मतगणना जारी: इमरान समर्थित निर्दलीय आगे, अब तक क्या-क्या हुआ?

पाकिस्तान में गुरुवार को हुए आम चुनाव में मतगणना अभी भी जारी है. पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने कहा है कि मतगणना की रफ़्तार धीमी होने की वजह मतदान वाले दिन देश भर में इंटरनेट पर प्रतिबंध लगना रहा है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and अनंत प्रकाश

  1. जया बच्चन ने अपने गुस्सा होने पर इस अंदाज़ में दिया जवाब

    जया बच्चन

    इमेज स्रोत, SANSAD TV

    राज्यसभा में शुक्रवार को जया बच्चन समेत कुल 68 सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है.

    इस मौक़े पर राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन ने सदन में भाषण दिया.

    जया बच्चन ने कहा, ''20 साल जीवन का बहुत बड़ा काल होता है. जो मेरा अनुभव रहा. अच्छा भी रहा, बुरा भी रहा.बहुत से वक़्त मुझे भी उदासी हुई. जो सबसे अच्छा अनुभव रहा वो ये कि मेरा परिवार बहुत बड़ा हो गया.''

    जया बच्चन बोलीं, ''मुझे नहीं लगता कि जिस तरह से हम लोग सदन के अंदर एक-दूसरे के ऊपर नाराज़ होते हैं. कुछ हमारे साथी पूछते हैं कि आप इतना गुस्सा क्यों हो जाती हैं. अब मेरा स्वभाव ऐसा है कि मैं कैसे बदल दूं.''

    जया बच्चन के गुस्सा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर शेयर होते रहे हैं.

    जया कहती हैं, ''जो चीज़ मुझे अच्छी नहीं लगती, ग़लत है, उस पर मैं गुस्सा कर जाती हूं. अगर मैंने बुरी तरह से गुस्सा किया, किसी से निजी तौर पर कोई ग़लत बात कही... उसके लिए मैं आप सबसे माफ़ी मांगती हूं. आप सबको बहुत बहुत शुभकामनाएं देती हूं. ईश्वर आपको लंबी उम्र दें.''

    हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि - 'राज्यसभा में उस सदन (लोकसभा) से ज़्यादा विद्वान लोग हुआ करते थे, ऐसा वक़्त फिर आए. सदन को उतनी ही गरिमा मिले, जो पहले हुआ करती थी."

  2. अजित पवार बोले- बाबा सिद्दीक़ी 10 फरवरी को एनसीपी में शामिल होंगे

    अजित पवार

    इमेज स्रोत, FB/AJIT PAWAR

    महाराष्ट्र में एक दिन पहले बाबा सिद्दीक़ी ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने का एलान किया था.

    अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि बाबा सिद्दीक़ी 10 फरवरी को एनसीपी में शामिल होंगे.

    मीडिया से अजित पवार ने बताया कि 11 फरवरी को कुछ और लोग पार्टी में शामिल होंगे.

    हाल ही में चुनाव आयोग ने अजित पवार गुट की एनसीपी को असली एनसीपी बताया था. अजित पवार अपने चाचा शरद पवार का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे की सरकार के साथ गठबंधन कर लिया था और तब एनसीपी दो गुटों में बँट गई थी.

    बाबा सिद्दीक़ी ने कांग्रेस छोड़ने का एलान करते हुए कहा था, "कभी-कभी क्या होता है कि तुम जहाँ हो और वहां अपनी बात रखते हो उसके बाद कई चीज़ें आपको लगता है कि नहीं हो रही हैं, बार-बार बात रखने के बाद भी कुछ चीज़े नहीं हो रही हैं तो किनारा कर लेना, इज़्ज़तदार आदमी का काम होता है. जब तक मुझे नहीं छेड़ा जाएगा, मैं कुछ नहीं कहूंगा, छेड़ेंगे तो छोड़ूंगा भी नहीं."

  3. पाकिस्तान में वोटों की गिनती के बीच संयुक्त राष्ट्र ने की ये अपील

    पाकिस्तान चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान में नेशनल असेंबली और प्रांतीय चुनावों के लिए गुरुवार को हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती जारी है. इस बीच संयुक्त राष्ट्र संघ ने लोगों से अपील की है कि वो हिंसा से बचें और शांति बनाए रखें.

    ये अपील संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने की है.

    संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने कहा है, “पाकिस्तान के आम लोग चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में यूएन के महासचिव ने सभी राजनेताओं और समाज के वर्गों को शांत माहौल बनाए रखने के साथ-साथ हिंसा और तनाव बढ़ाने वाले किसी भी काम से बचने की अपील की है.”

    “सभी उम्मीदवारों और समर्थकों के लिए ये सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि पाकिस्तानी लोगों के हित में मानवाधिकारों और कानून के शासन का पूरी तरह से सम्मान किया जाए और स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के ज़रिए पैदा होने वाले किसी भी विवाद को हल किया जाना चाहिए.”

    पाकिस्तान में गुरुवार को मतदान के दौरान मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित कर दी गई थी. तनावपूर्ण माहौल के बीच मतदान हुए.

    वोटों की गिनती नौ घंटे की देरी से शुरू हुई.

    अब तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़ नेशनल असेंबली की 21 सीटों पर तहरीक़े इंसाफ़ समर्थिक स्वतंत्र उम्मीदवारों की जीत हुई है और 17 सीटों पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ के उम्मीदवार जीते हैं.

    हालांकि ये फ़ाइनल नतीजे नहीं हैं.

  4. चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने पर जयंत चौधरी ने कहा- दिल जीत लिया

    जयंत सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को मरणोपरांत भारत रत्न दिए जाने का एलान किया है.

    इस घोषणा पर आरएलडी पार्टी के अध्यक्ष जयंत सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर लिखा- “दिल जीत लिया!”

    आरएलडी ने इस पर कहा है, “चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने पर भारत सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र जी का ह्रदय से आभार. किसानों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ!”

    शुक्रवार को केंद्र सरकार ने चौधरी चरण सिंह पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और हरित क्रांति के जनक माने-जाने वाले कृषि वैज्ञानिक एम.एस स्वामीनाथन को भी मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान दिए जाने की घोषणा की है.

    ये देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  5. चौधरी चरण सिंह, नरसिम्हा राव और एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न

    चौधरी चरण सिंह,पीवी नरसिम्हा राव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान दिए जाने का एलान किया गया है

    पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और हरित क्रांति के जनक माने जाने वाले कृषि वैज्ञानिक एम.एस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न सम्मान दिए जाने की घोषणा की गयी.

    ये देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है.

    पीएम नरेंद्र मोदी ने इसकी जानकारी एक्स पर दी है.

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    छोड़िए X पोस्ट, 3
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 3

    इससे पहले केंद्र सरकार ने कर्पूरी ठाकुर और लाल कृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न देने की घोषणा की थी.

  6. पाकिस्तान चुनाव: कुल 233 नेशनल असेंबली और प्रांतीय सीटों पर नतीजों का एलान, जानिए कौन आगे

      • Author, सहर बलोच
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, कराची से
    नेशनल असेंबली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने कुल 233 सीटों पर नेशनल असेंबली और प्रांतीय चुनावों के नतीजे घोषित किए हैं.

    हालांकि ये जानना ज़रूरी है कि चुनाव आयोग के आंकड़े आख़िरी नतीजे नहीं हैं.

    गुरुवार को हुए मतदान के 18 घंटे बाद इन चुनाव नतीजों को जारी किया गया है.

    नेशनल असेंबली की 47 सीटों पर चुनाव आयोग ने नतीजे जारी किए हैं जिसमें तहरीक़-ए-इंसाफ़ यानी पीटीआई समर्थित 16 स्वतंत्र उम्मीदवारों को जीत मिली है. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ को 17 सीटों और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी को 12 सीटों पर जीत मिली है.

    अब तक के नतीजों के आधार पर सिंध के 53 सीटों विजेता की घोषणा कर दी गई है. 45 सीटों पर पीपीपी की जीत हुई है और चार सीट पर स्वतंत्र उम्मीदवारों को जीत मिली है. जीडीए को दो सीटें और जमीयत-ए-इस्लाम को एक सीट मिली है.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत की 50 सीटों पर नतीजे घोषित हुए हैं और 45 सीटों पर पीटीआई के समर्थित उम्मीदवारों को जीत मिली है.

    पंजाब प्रांतीय चुनाव में 77 सीटों पर नतीजे सामने आए हैं और इसमें से 39 सीटों पर पीएमएलएन को जीत मिली है, पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों को 33 सीटों पर जीत मिली है.

    बलूचिस्तान की 6 सीटों पर नतीजे आए हैं. एक सीट पीएमएलएन को एक सीट, बीएनपी-आवामी को एक सीट पर जीत मिली है. यहा जेयूएल को तीन सीट और पीपीपी को एक सीट पर जीत मिली है.

  7. पाकिस्तान चुनाव: नवाज़ शरीफ़ की पार्टी सबसे आगे, चुनाव आयुक्त ने जल्द नतीजे जारी करने के दिए निर्देश

    पाकिस्तान चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के चुनाव में अब तक के जो नतीजे सामने आए हैं उसमें 10 सीटों पर इमरान ख़ान की तहरीक़-ए-इंसाफ़ के समर्थित उम्मीदवारों, 13 सीटों पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ और आठ सीटों पर पाकिस्तान पीपल्स पार्टी जीती है.

    ये आंकड़े पाकिस्तान चुनाव आयोग के हवाले से सामने आए हैं लेकिन ये आखिरी नतीजे नहीं हैं.

    गुरुवार को मतदान के बाद नौ घंटे की देरी से वोटों की गिनती शुरू हुई.

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि मतगणना में हुई देरी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता तौर पर सुनिश्चित करने के कारण हुई.

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि पोलिंग कर्मचारियों और बैलेट बॉक्स दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रोटोकॉल व्यापक हैं, जिसमें बहुत समय लगता है.

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि अब स्थिति संतोषजनक है और उम्मीद है कि जल्द नतीजे जारी रहेंगे.

    वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग ने प्रेस रिलीज़ जारी की है और बताया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा ने मुख्य सचिवों, ज़िला रिटर्निंग अफ़सरों और प्रांतीय चुनाव आयुक्तों से फोन पर बात की है और उन्हें तुरंत परिणाम घोषित करने के सख्त निर्देश दिए.

  8. पाकिस्तान चुनाव: ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों की जीत, सिंध में बिलावल भुट्टो की पार्टी आगे

    पाकिस्तान चुनाव:

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान में गुरुवार को नेशनल असेंबली, पंजाब, सिंध और ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में प्रांतीय चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती चल रही है.

    नौ घंटे की देरी के बाद से वोटों की गिनती शुरु हुई.

    अब तक पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने जो बताया है उसके अनुसार 81 प्रांतीय सीटों के नतीजे आ चुके हैं.

    इमरान ख़ान की पार्टी ‘तहरीक़े इंसाफ़’ समर्थित उम्मीदवार ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में आगे चल रहे हैं, वहीं सिंध में बिलाबल भुट्टो ज़रदारी की पार्टी ‘पाकिस्तान पीपल्स पार्टी’ आगे चल रही है.

    पंजाब में ‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़’ पार्टी ने कुछ सीटें जीती हैं और कुछ सीटें पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों ने जीती हैं.

    हालांकि ये नतीजे आख़िरी नतीजे नहीं हैं.

    जो नतीजे अब तक सामने आए हैं उसके अनुसार ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में 36 सीटों पर पीटीआई समर्थित उम्मीदवार जीते हैं. पीएमएलएन ने दो सीटों पर जीत हासिल की है और जमीयत-उलेमा-ए-इस्लाम ने एक सीट जीती है.

    पंजाब असेंबली में अब तक की जानकारी के अनुसार आठ सीटें पीएमएल-एन ने जीती हैं. तीन सीट पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवारों ने जीती हैं.

    पाकिस्तान के चुनाव आयोग अनुसार सिंध प्रांत में 28 सीटें बिलावल भुट्टो की पार्टी पीपीपी ने जीती हैं.

  9. उत्तराखंड के हल्द्वानी में हिंसा पर डीएम ने कहा- अतिक्रमण हटाने की मुहिम किसी विशेष क्षेत्र के लिए नहीं थी

    उत्तराखंड

    इमेज स्रोत, ANI

    गुरुवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच हिंसा भड़क गई.

    बनभूलपुरा में हुई इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 60 लोग घायल हुए हैं.

    प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया गया है.

    इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नैनीताल की डीएम ने कहा है कि ये अतिक्रमण मुहिम किसी विशेष इलाक़े को निशाना बना कर नहीं की गई.

    नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने कहा,“पिछले15-20 दिनों में हल्द्वानी के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण हटाने के लिए मुहिम चलाई जा रही, पहले भी हम हाई कोर्ट के आदेश के बाद इस तरह के ड्राइव चला चुके है. न्याय के अनुसार, यहाँ भी सभी को नोटिस दिया गया था, इसके बाद उनके पास सुनवाई समिति के पास जाने के समय दिया गया, उसने लोगों की शिकायत सुनी और सबका निस्तारण किया.”

    “कुछ लोगों ने हाई कोर्ट में अपील की. कुछ को समय मिला कुछ को नहीं मिला. जहां समय नहीं दिया गया वहां भी पीडब्लूडी और नगर निगम ने अतिक्रमण हटाया. कई इलाकों में इस तरह की कार्रवाई की गयी है ये किसी एक क्षेत्र को निशाना बना कर की गई कार्रवाई नहीं है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बनभूलपुरा में पुलिस कथित रूप से ग़ैरक़ानूनी तरीके से बने एक मदरसे को तोड़ने का काम करवा रही थी तभी स्थानीय लोगों ने आगज़नी शुरू कर दी और पत्थर फेंके.

  10. पाकिस्तान चुनाव: अब तक 11 नेशनल असेंबली सीटों के नतीजे आए- जानिए कौन किस सीट पर जीता

    पाकिस्तान चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान में गुरुवार को हुए मतदान के बाद नौ घंटे की देरी से नतीजे आने शुरू हो गए हैं.

    अब तक चुनाव आयोग ने नेशनल असेंबली की 11 सीटों पर नतीजे घोषित कर दिए हैं. हालांकि ये जानना ज़रूरी है कि चुनाव आयोग की ओर से दिए गए ये नतीजे फ़ाइनल नतीजे नहीं हैं.

    अब तक जो नतीजे सामने आए हैं उसमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज़ यानी पीएमएलएन ने नेशनल असेंबली की पांच सीटों पर जीत हासिल की है.

    वहीं तहरीके़ इंसाफ़ यानी पीटीआई समर्थिक चार उम्मीदवारों को जीत मिली है.

    नेशनल असेंबली की दो सीटें बिलावल भुट्टो ज़रदारी की पार्टी पाकिस्तान पीपल्स पार्टी को मिली है.

    पंजाब नेशनल असेंबली का हाल

    पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ के अध्यक्ष शहबाज शरीफ़ ने लाहौर की सीट एनए-123 पर 63,953 वोटों के साथ जीत हासिल की. जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार अफ़जल अज़ीम पहत को 48,486 वोट मिले.

    पंजाब में नेशनल असेंबली सीट एनए-58 पर पीएमएल-एन के उम्मीदवार ताहिर इक़बाल को 115,974 वोट के साथ जीत मिली है. वहीं तहरीक़े इंसाफ द्वारा समर्थित एक स्वतंत्र उम्मीदवार अयाज़ अमीर 102,537 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे.

    पीएमएल-एन के उम्मीदवार सरदार ग़ुलाम अब्बास ने 141,680 वोटों के साथ असेंबली सीट एनए-59 पर जीत हासिल की, जबकि तहरीक़े इंसाफ समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार मुहम्मद रुमान अहमद 129,716 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे.

    नेशनल असेंबली सीट एनए-55 पर पीएमएल-एन के उम्मीदवार अबरार अहमद को 78,542 वोट से साथ जीत मिली है. इस सीट पर पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार मोहम्मद बशारत राजा 67,101 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे.

    पीटीआई समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार वसीम क़ादिर को पंजाब में नेशनल असेंबली सीट एनए-121 पर 78,703 वोट के साथ जीत मिली है जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन के शेख रोहेल असगर 70,597 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वा- नेशनल असेंबली का हाल

    ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत में नेशनल असेंबली सीट एनए-25 को अवामी नेशनल पार्टी के आमिल वली ख़ान को पीटीआई समर्थित फज़ल मोहम्मद ख़ान ने हराया है.

    एनए-3 सीट से पीटीआई समर्थित उम्मीदवार सलीम रहमान की जीत हुई है.

    एनए-17 में भी पीटीआई समर्थित उम्मीदवार अली ख़ान ज़दून की जीत हुई है. और दूसरे नंबर पर पीएमएलएन के उम्मीदवार हैं.

    नेशनल असेंबली सिंध का हाल

    सिंध की एनए-199 सीट पर जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के उम्मीदवार की जीत हुई है.

  11. पाकिस्तान चुनाव: वोटों की गिनती के बीच पीटीआई ने कहा, मतगणना में हेराफेरी की गई

    पाकिस्तान चुनाव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान में गुरुवार को हुए चुनावों के बाद अब वोटों की गिनती जारी है.

    इस बीच इमरान ख़ान की पार्टी तहरीके इंसाफ़ (पीटीआई) के सेक्रेटरी जनरल उमर अयूब ख़ान ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी समर्थित कई उम्मीदवार जो बड़े अंतर से आगे थे वो पांच घंटे में पीछे कैसे आ गए?

    नेशनल असेंबली के चुनाव में अब तक जो नतीजे आए हैं, उनमें चार सीटों पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ यानी पीएमएल-एन और चार सीटों पर पीटीआई समर्थित उम्मीदवारों की जीत बताई जा रही है.

    जहां वोटो की गिनती हो रही है यानी आरओ ऑफ़िस उनके बाहर सेना तैनात की गई है.

    पाकिस्तानी सेना ने अपने बयान में कहा है कि आरओ दफ़्तरों की सुरक्षा के लिए सैनिक तैनात किए गए हैं. सेना किसी भी तरह चुनाव की प्रक्रिया में भाग नहीं ले रही है.

    देर रात तक जो अनाधिकारिक रुझान न्यूज़ चैनलों पर दिए जा रहे थे उनमें पीटीआई के समर्थन से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को बड़ी बढ़त बतायी जा रही थी लेकिन अभी जो रुझान आए हैं, उसमें पीएमएल-एन कुछ अंतर से आगे नज़र आ रही है.

    पीटीआई ने आरोप लगाया है कि चुनाव नतीज़ों में ‘धांधली’ की जा रही है.

    पीटीआई के सेक्रेटरी जनरल उमर अयूब ख़ान ने चुनाव केंद्रों के रिटर्निंग अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए एक्स पर लिखा- “ मैंने पहले ही बताया था और आरओ से चुनाव के बाद किसी भी तरह की धांधली नहीं करने को कहा था, लेकिन ऐसा लग रहा है कि वे बिल्कुल वही ही कर रहे हैं.”

    “एनए-197 के शब्द देश को परेशान करने वाले हैं, जहां उन्होंने चुनाव प्रबंधन प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है. और उनका ये शक कि ‘ये चुनाव पर्दे के पीछे से कंट्रोल किए जा रहे हैं’- ये डराने वाला है. ”

    “चुनाव आयोग को सफाई देनी होगी क्योंकि राजा बशारत, सीमाबिया ताहिर, अमीर मुगल, शोएब शाहीन, अयाज अमीर, मस्ती खेल सभी 40,000 वोटों से अधिक से आगे चल रहे थे और पिछले 5 घंटों के भीतर उनके नतीजे जबरदस्ती 'फ़्लिप' कर दिए गए हैं.”

    “ ये अप्रत्याशित है क्योंकि पीटीआई को 3 करोड़ में में से 2.5 करोड़ वोट मिले हैं. पंजाब के लोग ‘धांधली’ बर्दाश्त नहीं करेंगे. ”

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  12. पाकिस्तान चुनाव: वोटों की गिनती जारी, जानिए शुरुआती नतीज़ों में कौन आगे

    पाकिस्तान चुनाव

    इमेज स्रोत, EPA

    पाकिस्तान में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर रोक और हिसंक माहौल के बीच गुरुवार को किए गए मतदान के बाद अब वोटों की गिनती जारी है.

    हालांकि नतीज़ों के आने की रफ्तार थोड़ी धीमी है.

    अब तक नेशनल असेंबली में एनए-50, एनए-123, एनए-55, एनए-58 पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज़ (पीएमएल-एन) की जीत हुई है.

    चुनाव आयोग के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ़ ने लाहौर की एनए-123 सीट पर 63,953 वोटों के साथ जीत हासिल की है.

    वहीं इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीके़ इंसाफ़ यानी पीटीआई का आरोप है कि नतीज़ों के सामने आने में हो रही देरी बताती है कि वोटों से छेड़छाड़ की जा रही है.

    पाकिस्तानी मीडिया डॉन के मुताबिक़ चुनाव आयोग के शुरुआती नतीज़ों में चार सीटों पर पीटीआई- समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है.

    न्यूज़ चैनलों पर जो अनाधिकारिक नतीजे बताए जा रहे थे उसके अनुसार इमरान ख़ान की पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार आगे बताए जा रहे थे.

    इमरान ख़ान बीते साल से भ्रष्टाचार के मामले में जेल में हैं. बीते महीने ही उन्हें दो केस में 14 साल की सज़ा सुनाई गई है.उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई है और उनकी पार्टी पीटीआई को अपने उम्मीदवारों को निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में चुनाव लड़ाना पड़ा.

    चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न बैट भी इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं दी.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दो साल पहले इमरान ख़ान सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया जिसके बाद उनकी सरकार गिर गई और पीएमएल-एन के अध्यक्ष शहबाज शरीफ़ प्रधानमंत्री बने.

    चुनाव के समय देश में पीएम अनवारुल हक काकड़ की अंतरिम सरकार काम कर रही है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स का कहना है कि इस बार चुनावों के नतीजे काफ़ी धीमी गति से आ रहे हैं, पिछले चुनाव में मतदान के दिन ही आधी रात तक तस्वीर साफ़ हो गयी थी कि कौन सी पार्टी सरकार बनाने जा रही है.

    जब वोटों की गिनती शुरू हुई तो नतीज़ों के धीरे आने के बाद भी पीटीआई नेताओं ने कहा था कि शुरूआती नतीजे बता रहे हैं कि हम जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं. वहीं पाकिस्तान पीपल्स पार्टी यानी पीपीपी के नेता बिलावल भुट्टो ने भी कहा था की शुरुआती नतीजे पीपीपी का ‘उत्साह बढ़ाने’ वाले थे.

    गुरुवार को सुरक्षा कारणों और शांति व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने देश में मोबाइल सेवा निलंबित कर दी थी.

    चुनाव विश्लेषकों का कहना है कि ये पाकिस्तान के इतिहास के सबसे कम विश्वसनीय चुनावों में से एक है.

  13. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    08 फरवरी 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.