हूती ठिकानों पर ताज़ा अमेरिकी हमलों के बाद पश्चिमी एशिया पहुँचे एंटनी ब्लिंकन
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच गए हैं.
इस दौरे पर उनकी मुलाक़ात सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ होगी. इसके बाद वह मिस्र, क़तर, इसराइल और वेस्ट बैंक का दौरा करेंगे.
मिस्र और क़तर में वह इन दोनों देशों की मध्यस्थता के ज़रिए हमास से शुरू हुई बातचीत आगे बढ़ाने पर जोर दे सकते हैं ताकि एक होस्टेज़ डील और ग़ज़ा संघर्ष पर विराम लगाया जा सके.
अमेरिका, इसराइल, मिस्र और क़तर के अधिकारियों के बीच संघर्ष विराम पर एक विस्तृत विचार-विमर्श हो चुका है.
ब्लिंकन के दौरे से ठीक पहले ही इसराइली नेशनल सिक्योरिटी मिनिस्टर अतमार बेन ग्विर ने अमेरिका की आलोचना करते हुए कहा है कि इसराइल को उसके सहयोगी की ओर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला है.
ग्विर की इस आलोचना की वजह अमेरिकी सरकार की ओर से चार यहूदी बाशिंदों पर लगाया गया प्रतिबंध था.
पिछले साल सात अक्टूबर को हमास और इसराइल के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद मध्य पूर्व में ब्लिंकन का पांचवा दौरा है.
इन तमाम कोशिशों के बीच यूएन ने इसराइल पर मदद सामग्री लेकर जा रहे ट्रक पर हमला करने का अभियोग लगाया है.
यूएनआरडब्ल्यूए के निदेशक थॉमस व्हाइट ने तस्वीरें जारी करते हुए एक्स पर लिखा है - "खाद्य सामग्री लेकर उत्तरी ग़ज़ा में घुसने का इंतज़ार कर रहे ट्रक पर इसराइली नौसेना की ओर से गोलीबारी की गयी है. शुक्र है कि कोई जख़्मी नहीं हुआ."