You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने की चर्चा तेज, धामी सरकार विधानसभा में ला सकती है प्रस्ताव

बताया जा रहा है कि इस पर विधानसभा में प्रस्ताव लाने के बारे में सहमति बन गई है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. पीएम मोदी ने नवीन पटनायक को बताया अपना मित्र, भड़की कांग्रेस

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के एक कार्यक्रम में वहां के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को अपना मित्र क़रार दिया है.

    उनके इस बयान के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल पर निशाना साधा है. पार्टी ने बीजेपी और बीजद को राजनीतिक साझेदार बताया है.

    कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी डॉ अजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीएम पटनायक और उनके क़रीबी सहयोगी वीके पांडियन की आलोचना में एक शब्द भी नहीं बोला.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आईआईएम संबलपुर परिसर का उद्घाटन करने ओडिशा के संबलपुर गए थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मोदी ने पटनायक को 'मुख्यमंत्री और मेरे मित्र श्रीमान नवीन पटनायक जी' कहकर संबोधित किया था.

    पुरस्कार विजेताओं से भी मिले पीएम

    पीएम मोदी ने रविवार को अपने ओडिशा दौरे के दौरान पद्म पुरस्कार पाए लोगों से हुई मुलाक़ात की एक तस्वीर अपने एक्स हैंडल से ट्वीट की.

    उन्होंने लिखा, "कल अपनी ओडिशा यात्रा के दौरान, मुझे राज्य के कुछ प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार विजेताओं से मिलने का अवसर मिला, जिन्होंने ज़मीनी स्तर पर हमारे देश के लिए समृद्ध योगदान दिया है."

    पीएम से मिलने वाले पद्म सम्मान विजेताओं में जीतेंद्र हरिपाल, डॉ कृष्णा पटेल, मित्रभानु गौंटिया, हलधर नाग, विनोद कुमार पसायत और भागवत प्रधान शामिल थे.

  2. राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर अखिलेश यादव का तंज

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अन्य आयोजनों का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें तो निमंत्रण ही नहीं मिलता.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से जारी एक वीडियो में पत्रकारों ने अखिलेश यादव से पूछा कि क्या वे कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे?

    इस पर उन्होंने कहा, "मुश्किल तो ये है कि कई बड़े आयोजन होते हैं, हम लोगों को निमंत्रण ही नहीं मिलता, तो अपने आप हम क्या मांगे निमंत्रण."

    वहीं पत्रकारों ने जब राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में मिले न्योते के बारे में याद दिलाया तो उन्होंने कहा कि वो तो मांगने से मिला था.

    उन्होंने कहा, "जब मैंने आवाज़ उठाई कि बताओ हमारा घर गंगाजल से धोया था, तब सुनने में आया कि उन्होंने कहा कि निमंत्रण दे दो इनको."

    अखिलेश यादव से जब अयोध्या जाकर दर्शन करने के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "सब कुछ समय पर होता है. भगवान जब बुलाएंगे, तो हम जाएंगे. उनकी बुलाने की इच्छा कब होगी, ये तो वो ही जानें."

  3. भारत की दूसरी पारी में ख़राब शुरुआत के बाद 250 से ज़्यादा हुई बढ़त

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुक़सान पर 116 रन बना लिए हैं.

    अब इस मैच में भारत की कुल बढ़त 259 रन की हो गई है, जबकि सात बल्लेबाज़ आउट होने बाक़ी हैं.

    क्रीज पर अभी शुभमन गिल और रजत पाटीदार हैं. गिल अभी 52 रन बनाकर खेल रहे हैं.

    रविवार को जब खेल की शुरुआत हुई, तब उसके दोनों ओपनर केवल दो रन और जोड़कर आउट हो गए. उसके बाद गिल और अय्यर के बीच 81 रन की साझेदारी हुई. श्रेयस अय्यर 29 रन बनाकर आउट हुए.

    कप्तान रोहित शर्मा आज के खेल के दूसरे ओवर में ही जेम्स एंडरसन की गेंद पर बोल्ड हो गए.

    पहली पारी में दोहरा शतक बनाने वाले यशस्वी जायसवाल भी एंडरसन के अगले ओवर में जो रूट के हाथों कैच आउट हो गए. रोहित ने 13 तो यशस्वी ने 17 रन बनाए.

    पांच टेस्ट मैचों की इस सिरीज़ के पहले मैच में हैदराबाद में इंग्लैंड से हार कर भारत 1-0 से पीछे है.

  4. खाप पंचायतों पर बोले उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कहा- ये हमारी संस्कृति

    भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को हरियाणा के सूरजकुंड में आयोजित एक कार्यक्रम में खाप पंचायतों का समर्थन करते हुए इसे अपनी संस्कृति का हिस्सा क़रार दिया है.

    उन्होंने कहा, "खाप हमारी संस्कृति है. ये हमारी सभ्यता की गहराई का प्रतीक है. कुछ छोटी-मोटी घटनाओं के आधार पर इसका मूल्यांकन नहीं किया जा सकता."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जगदीप धनखड़ ने कहा, "हमारी खाप संस्कृति को देखिए, आप खाप के इतिहास में जाएंगे तो पाएंगे कि खाप सकारात्मक है."

    उन्होंने हरियाणा के अखाड़ों (धार्मिक नेताओं के संगठन) की भी तारीफ़ की और कहा कि "इनका गौरवशाली इतिहास रहा है."

    इस कार्यक्रम में उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में कहा, "कनाडा, इंग्लैंड और फ्रांस को पीछे छोड़कर भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. अगले दो-तीन सालों में यह जापान और जर्मनी को पछाड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा."

  5. बीजेपी एमपी निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को क्यों बताया 'पारसी परिवार का वारिस'

    झारखंड के गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'पारसी परिवार का वारिस' और 'नक़ली हिंदू' क़रार दिया है.

    राहुल गांधी ने शनिवार को अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान झारखंड के देवघर स्थित वैद्यनाथ धाम में पूजा अर्चना की थी. उस दौरान उनके माथे पर चंदन का तिलक लगा हुआ दिखा था.

    निशिकांत दुबे का दावा है कि उसके बाद हुए कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माथे से चंदन पोंछ लिया. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स से किए एक ट्वीट में इसके लिए उन्होंने राहुल गांधी की आलोचना की.

    दुबे ने लिखा, "पारसी परिवार के वारिस राहुल गांधी जी ने देवघर के बाबा वैद्यनाथ जी ज्योतिर्लिंग को चौकी की तरह माना. चंदन, तिलक की आस्था को राजनीति का अखाड़ा बनाकर 5 मिनट में पोंछ दिया."

    उन्होंने राहुल गांधी के बारे में लिखा, "नक़ली हिंदू, नक़ली भक्त व बंगलादेशी घुसपैठियों के समर्थक राहुल गांधी जी का कारनामा शर्मनाक व हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ है."

    राहुल गांधी की यह यात्रा अब धनबाद पहुंच चुकी है. आज यह यात्रा वहां से बोकारो जा रही है.

    उनकी यह यात्रा मंगलवार को झारखंड से निकलकर ओडिशा पहुंचेगी.

  6. लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर बोले ओवैसी

    बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    आवैसी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आडवाणी को भारत रत्न मिलना इस सम्मान का अपमान है. ये एक ग़लत फ़ैसला है.

    उन्होंने आडवाणी पर आरोप लगाया कि उनके कारण देश में दंगे हुए और बाबरी मस्जिद गिराई गई.

    असदुद्दीन ओवैसी ने 1990 में लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा के बाद देश की विभिन्न जगहों पर हुए दंगों और उसमें मारे गए लोगों का ब्योरा भी शेयर किया.

    उन्होंने इस ट्वीट में तंज़ करते हुए लिखा, "लालकृष्ण आडवाणी भारत रत्न के हक़दार हैं. हिंसा में जान गंवाने वाले भारतीयों की क़ब्रें आगे बढ़ने वाली सीढ़ियां हैं."

    ओवैसी ने कहा, "आडवाणी की रथ यात्रा जहां-जहां गई, वहां-वहां हिंदू-मुस्लिम दंगे हुए. ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि नरेंद्र मोदी की सरकार उन्हें सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार दे रही है."

    उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान यात्रा के दौरान आडवाणी ने देश के विभाजन के लिए ज़िम्मेदार मोहम्मद जिन्ना की प्रशंसा की थी.

    आडवाणी की 'राम रथयात्रा' 1990 में गुजरात के सोमनाथ से 25 सितंबर को शुरू होकर उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 30 अक्टूबर को ख़त्म होनी थी. इस यात्रा का उद्देश्य अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करना था.

    हालांकि इस यात्रा के दौरान उन्हें 23 अक्टूबर को बिहार के समस्तीपुर में गिरफ़्तार कर लिया गया था.

    इस यात्रा के दौरान देश के कई इलाक़ों में सांप्रदायिक दंगे हुए, जिसमें कई लोग मारे गए.

  7. सीरिया और इराक़ में अमेरिकी हमलों को ईरान ने बताया 'रणनीतिक ग़लती'

    अमेरिका द्वारा सीरिया और इराक़ में ईरान से जुड़े कई ठिकानों पर शुक्रवार को किए गए हमलों को ईरान ने 'रणनीतिक ग़लती' क़रार दिया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सीरिया और इराक़ पर किए गए हमलों से 'इलाक़े में तनाव और अस्थिरता बढ़ने के अलावा और कोई परिणाम नहीं होगा.'

    इससे पहले, इराक़ ने भी कहा था अमेरिका के हमले इस क्षेत्र में 'विनाशकारी परिणाम' लेकर आएंगे.

    इराक़ के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, ये हमले उनके देश की संप्रभुता का 'उल्लंघन' थे और इससे 'इराक़ और उस इलाक़े की सुरक्षा और स्थिरता' प्रभावित होगी.

    इराक़ी अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका के हमलों में आम नागरिकों सहित कम से कम 16 लोग मारे गए.

    उधर, सीरिया ने कहा कि सीरिया के इलाक़ों पर अमेरिकी 'क़ब्ज़ा' जारी नहीं रह सकता.

    क्या है मामला

    इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका के कई बी-1 सुपरसोनिक बमवर्षक विमानों ने 30 मिनट के भीतर सीरिया में चार और इराक़ में तीन ठिकानों के 85 से अधिक टारगेट पर हमले किए थे.

    ये हमले सीरिया और इराक़ में मौजूद ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) के कुद्स फोर्स और इराक़ और सीरिया में इससे जुड़े विद्रोही गुटों पर किए गए.

    इससे पहले, 28 जनवरी को उत्तर पूर्वी जॉर्डन के एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ड्रोन से हमले हुए थे. उस हमले में तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए थे.

    अमेरिका ने इसके लिए ईरान से जुड़े मिलशिया संगठनों को ज़िम्मेदार ठहराया था. उन हमलों के जवाब में अमेरिका ने शुक्रवार को हमले किए थे.

  8. चिली के जंगलों में लगी आग से कम से कम 46 लोगों की मौत, कई लापता

    चिली के राष्ट्रपति गैब्रिएल बोरिक ने बताया है कि सेंट्रल चिली के वालपराइसो क्षेत्र के जंगल में लगी आग से कम से कम 46 लोग मारे गए हैं.

    उन्होंने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है.

    अधिकारियों के अनुसार, समुद्र के किनारे बसे पर्यटक शहर विना डेल मार के आसपास के इलाक़े इस आग से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.

    राहत और बचाव दल के कर्मी प्रभावित इलाक़ों तक पहुंचने के लिए जूझ रहे हैं.

    विना डेल मार शहर के मेयर ने बताया है कि शहर के 200 से अधिक निवासी लापता हैं.

    गृह मंत्रालय के अनुसार, पूरे देश में 430 वर्ग किलोमीटर से अधिक भूमि इस आग से प्रभावित हुई है.

    यह आग सामान्य से अधिक गर्मी और तेज़ हवाओं के कारण लगी है.

  9. यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर अमेरिका और ब्रिटेन का तीसरी बार हमला

    अमेरिका और ब्रिटेन ने यमन स्थित हूती विद्रोहियों के कई ठिकानों पर फिर से हमले करना शुरू किया है.

    अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के अनुसार, यमन में 13 जगहों पर हूती विद्रोहियों के 36 ठिकानों पर हमले किए गए हैं.

    हूती विद्रोहियों पर अमेरिका और ब्रिटेन की ओर से किए गए संयुक्त हमलों का ये तीसरा दौर है.

    ये हमले हूती विद्रोहियों की ओर से लाल सागर से गुज़र रहे जहाज़ों पर दागे गए क्रूज़ मिसाइलों के ख़िलाफ़ किए गए 'आत्मरक्षा अभियान' के अलावा हैं.

    अमेरिका ने शनिवार को किए उन हमलों में छह एंटी-शिप क्रूज़ मिसाइलों को निशाना बनाया था.

    एक बयान में बताया गया है कि इन नए हमलों के तहत हूती विद्रोहियों के हथियार भंडारण केंद्रों, मिसाइलों और लॉन्चरों, वायु रक्षा प्रणालियों और रडार से जुड़े स्थानों पर हमले किए गए हैं.

    अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने एक बयान में बताया, "ये सामूहिक कार्रवाई हू​ती विद्रोहियों को एक स्पष्ट संदेश है कि अगर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई और नौसैनिक जहाज़ों पर अपने अवैध हमले बंद नहीं किए तो उन्हें आगे भी नतीजे भुगतने होंगे. हम दुनिया के सबसे अहम जल मार्गों में से एक में, जीवन और कारोबार के मुक्त प्रवाह की सुरक्षा करने में कोई संकोच नहीं करेंगे."

    वहीं ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि उसके टाइफून जेट ने यमन के तीन ठिकानों पर बम गिराए हैं.

    उसके बयान के अनुसार, "सावधानीपूर्वक किए गए खुफिया विश्लेषण से लक्ष्यों की पहचान की गई. इनमें यमन के पश्चिमी तट पर संचालित दो ड्रोन ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन भी शामिल थे."

    इसराइल के ग़ज़ा पर किए गए हमलों के विरोध में ईरान समर्थित हूती लड़ाके लाल सागर से गुज़रने वाले जहाज़ों पर हमले कर रहे हैं.

    अमेरिका ने पिछले महीने दो बार यमन में हूती विद्रोहियों के ​कई ठिकानों पर हमले किए थे.

  10. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    03 फरवरी 2024 के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.