You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

झारखंड में सियासी सरगर्मी के बीच गुरुवार को क्या-क्या हुआ?

झारखंड के सियासी गहमागहमी के बीच गठबंधन ने अपने विधायकों को हैदराबाद भेजने का फ़ैसला लिया.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and संदीप राय

  1. झारखंड: 'गवर्नर से न्योता मिलने में देरी होने पर विधायक ले जाए जा सकते हैं हैदराबाद'

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने गुरुवार को राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है.

    झामुमो नेता चम्पाई सोरेन की ओर से जारी की गई चिट्ठी के मुताबिक़, उन्होंने गवर्नर से दिन के तीन बजे मिलने का समय मांगा था.

    इस पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें 5.30 बजे मिलने का वक्त दिया है.

    राजभवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.

    झारखंड कांग्रेस के नेता राजेश ठाकुर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "विधायक राज्यपाल के न्योते का इंतज़ार कर रहे हैं. हमें देरी की वजह के बारे में जानकारी नहीं है. अगर राज्यपाल की ओर से गठबंधन को सरकार गठन का न्योता मिलने में देरी होती है तो ऐसी स्थिति में विधायक हैदराबाद जाएंगे ताकि विपक्षी भाजपा को उन्हें बहलाने-फुसलाने से रोका जा सके."

    बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार, एक चार्टर्ड विमान अभी रांची एयरपोर्ट पर खड़ा है.

    चर्चा है कि जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के विधायकों को इस विमान से झारखंड से बाहर (शायद हैदराबाद) शिफ्ट किया जाने वाला है.

  2. बिल्कुल 'सफ़ेद' ग्रेट व्हाइट शार्क कहां दिखी

    ग्रेट व्हाइट शार्क्स कैसे बच्चे को जन्म देती हैं, इस बारे में ज़्यादा नहीं पता.

    लेकिन एक वीडियो जिसे एक यूट्यूबर और ड्रोन ऑपरेटर ने फ़िल्माया है, उसमें इसकी झलक दिखती है.

    और दुनिया में ऐसा ये शायद पहला वीडियो है. इस पूरे वाक़ये को जर्नल ऑफ़ इन्वायरमेंटल बायोलॉजी ऑफ़ फ़िशेज़ में पब्लिश किया गया है.

    देखिए कैलिफ़ॉर्निया में मौजूद बीबीसी संवाददाता जेम्स क्लेटन की ये रिपोर्ट.

  3. बजट भाषणः सर्वाइकल कैंसर के ख़िलाफ़ लड़कियों की वैक्सीनेशन पर सरकार ने क्या कहा

    मोदी सरकार का अंतरिम बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर के ख़िलाफ़ 9 से 14 साल की लड़कियों के वैक्सीनेशन को सरकार प्रोत्साहित करेगी.

    पिछले महीने ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि वो देश में सर्वाइकल कैंसर के मामलों पर क़रीबी से निगरानी कर रहा है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन या डब्लयूएचओ के मुताबिक सर्वाइकल कैंसर के 95 फ़ीसद से ज्यादा मामलों का कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस या एचपीवी होता है.

    सर्वाइकल कैंसर के ख़िलाफ़ सीरम इंस्टीट्यूट ने एक मेड इन इंडिया वैक्सीन CERVAVAC विकसित की है जो खुले बाज़ार में 2000 रुपये प्रति डोज़ उपलब्ध है.

    जून में नेशनल टेक्निकल एडवाइज़री ग्रुप ऑन इम्युनाइज़ेशन ने जून 2022 में एचपीवी वैक्सीन (9-14 साल की लड़कियों को) के एक बार दिए जाने वाले सार्वभौमिक टीकाकरण का सुझाव दिया था.

    भारतीय महिलाओं में दूसरा सबसे बड़ा कैंसर

    दिल्ली स्थित वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सरिता श्यामसुंद के अनुसार, भारत में एक लाख महिलाओं में से 20 महिलाओं में इस कैंसर के मामले सामने आते हैं.

    हालिया अनुमानों के अनुसार, हर साल भारत में औसतन 80,000 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं और औसतन 35,000 की मौतें होती हैं.

    ग्लोबोकेन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2018 में पूरे भारत से एक साल में सर्वाइकल कैंसर के एक लाख मामले सामने आए और 60-62 हज़ार महिलाओं की मौत हुई थी.

    दुनिया में भारत में महिलाओं की 16 प्रतिशत आबादी है, लेकिन यहां सर्वाइकल कैंसर के मामले पूरे विश्व का एक चौथाई है और वैश्विक सर्वाइकल कैंसर मौतों में यह तीसरे नंबर पर है.

  4. बांग्लादेश के विदेशी मुद्रा भंडार संकट में कैसे मदद करेगा चीन?

  5. चुनाव जीतने के लिए बीजेपी हर किसी को जेल मे ठूंस रही हैः ममता बनर्जी

    झारखंड के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन को ईडी द्वारा कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ़्तार किए जाने के एक दिन बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी अगला आम चुनाव चुनाव जीतने के लिए विपक्षी नेताओं को जेल में डाल रही है.

    गुरुवार को नादिया ज़िले के शांतिपुर में एक सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि "अगर अगर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाला गया तो वो इससे बाहर आ जाएंगी."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी सिर्फ चुनाव जीतने के लिए हर किसी को जेल के अंदर डाल रही है."

    उन्होंने दोहराया कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को उत्सुक है लेकिन कांग्रेस ने ही उनका प्रस्ताव ठुकराया.

    उन्होंने कहा, "हम गठबंधन चाहते थे लेकिन कांग्रेस सहमत नहीं हुई. उन्होंने चुनावों में बीजेपी की मदद करने के लिए सीपीएम के साथ हाथ मिला लिया."

  6. सरफ़राज़ की मेहनत रंग तो लाई, लेकिन क्या पिता का सपना होगा पूरा?

  7. गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ हेमंत सोरेन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ़्तारी के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को याचिका दायर की है.

    चीफ़ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी है.

    सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को ये सुनवाई होगी. सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी हेमंत सोरेन का पक्ष रख रहे थे.

    उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि हेमंत सोरेन इस मुद्दे पर झारखंड हाई कोर्ट से अपनी याचिका वापस ले रहे हैं.

    झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद हेमंत सोरेन को बुधवार रात ईडी ने गिरफ़्तार कर लिया था.

    हेमंत सोरेन की जगह राज्य के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर रहे चम्पाई सोरेन को उनके उत्तराधिकारी के तौर पर चुना गया है.

  8. रांची से LIVE: झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की कोर्ट में पेशी, झारखंड का ताज़ा सियासी हाल बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा

  9. देश में 'लखपति दीदी' की संख्या एक करोड़ पार, लक्ष्य बढ़कर अब तीन करोड़ हुआ

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को पेश अंतरिम बजट में बताया कि सरकार के प्रयास से देश में एक करोड़ 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं.

    उन्होंने दो करोड़ लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य को अब बढ़ाकर तीन करोड़ करने का एलान किया है.

    लखपति दीदी योजना के तहत स्वयंसेवी समूहों के ज़रिए महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए की नियमित आय कमाने लायक बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

    उन्होंने बताया कि देश में इस योजना के तहत अभी 83 लाख स्वयंसेवी समूहों में नौ करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं.

  10. उम्र दस साल, देख नहीं सकतीं और सैकड़ों बच्चों को पढ़ा रही हैं

    हरियाणा में महेंद्रगढ़ ज़िले की रहने वालीं गरिमा की उम्र सिर्फ़ दस साल है, लेकिन उपलब्धि इतनी बड़ी कि इस साल इन्हें 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार' से सम्मानित किया गया.

    हरियाणा में महेंद्रगढ़ ज़िले की रहने वालीं गरिमा की उम्र सिर्फ़ दस साल है, दृष्टिबाधित हैं लेकिन उपलब्धि इतनी बड़ी कि इस साल इन्हें 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार' से सम्मानित किया गया.

    22 जनवरी को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गरिमा को ये अवॉर्ड दिया.

  11. ज्ञानवापी परिसर में पूजा की अनुमति के फ़ैसले पर तुरंत सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

    सुप्रीम कोर्ट ने ज्ञानवापी परिसर में पूजा की अनुमति देने के वाराणसी की ज़िला अदालत के फ़ैसले पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया है.

    ज्ञानवापी मस्जिद कमेटी ने बुधवार रात को ही सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार के यहां ज़िला अदालत के फ़ैसले को चुनौती दी.

    मस्जिद पक्ष की ओर से एडवोकेट फ़ुज़ैल अहमद अय्यूब ने याचिका दाख़िल की. उन्होंने परिसर में यथास्थिति बहाल करने की मांग करते हुए तुरंत सुनवाई करने की मांग की गई.

    इस याचिका में आंशका जताई गई कि मंदिर पक्ष बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात ही मस्जिद परिसर स्थित व्यास तहखाने में पूजा अर्चना कर सकता है.

    हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि वे इलाहाबाद हाई कोर्ट से संपर्क कर सकते हैं.

    इसमें कहा गया था कि ज़िला प्रशासन बहुत जल्दबाजी में रात को ही ज़िला अदालत का फ़ैसला लागू करने में जुट गया है. हालांकि निचली अदालत ने उसे ऐसा करने के लिए एक हफ़्ते का वक़्त दिया है.

    इस बीच वाराणसी के ज़िला प्रशासन ने गुरुवार तड़के ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में स्थित व्यास तहखाने में पूजा अर्चना शुरू करवा दी.

    वाराणसी के ज़िलाधिकारी एस रा​जलिंगम ने गुरुवार तड़के पत्रकारों को यह जानकारी दी.

  12. मणिशंकर अय्यर की बेटी ने अयोध्या पर की थी टिप्पणी, आरडब्ल्यूए ने जंगपुरा में घर छोड़ने को कहा

  13. झामुमो के चम्पाई सोरेन बोले- सरकार गठन के लिए राजभवन के न्योते का इंतज़ार कर रहा हूं...

    झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता चम्पाई सोरेन ने गुरुवार को कहा है कि वे नई सरकार के गठन के लिए राजभवन के न्योते का इंतज़ार कर रहे हैं.

    चम्पाई सोरेन ने ये भी कहा है कि उनके पास 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 47 विधायकों का समर्थन हासिल है.

    प्रवर्तन निदेशालय द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी के बाद झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन ने झामुमो के वरिष्ठ नेता चम्पाई सोरेन के नाम का प्रस्ताव रखा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, चम्पाई सोरेन ने कहा कि "राजभवन को नींद से जाग जाना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "हम पिछले 15-16 घंटों से इंतज़ार कर रहे हैं जबकि अन्य राज्यों में दावा किए जाने के दो घंटों के भीतर शपथ दिला दी जाती है."

    वे साफ़ तौर पर बिहार का हवाला दे रहे थे जहां जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया और इसके फौरन बाद उन्हें उसी दिन बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के समर्थन से मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला दी गई.

    चम्पाई सोरेन ने कहा, "हमने बुधवार को राज्यपाल को 43 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंप दी थी. अब हमारे पास 47 विधायकों का समर्थन है."

  14. बिहार बीजेपी में सम्राट चौधरी के उभार की कहानी

  15. स्टार्टअप्स को अंतरिम बजट में मिली राहत, वित्त मंत्री ने क्या एलान किए

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को पेश केंद्रीय अंतरिम बजट में स्टार्ट अप को बढ़ावा देने के लिए कई एलान किए हैं.

    इस बजट में आयकर क़ानून की धारा 80 आईएसी के तहत कर छूट लेने के लिए स्टार्ट अप शुरू करने की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2023 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2024 कर दिया है.

    इस बजट में आयकर क़ानून की धारा 80 आईएसी के तहत कर छूट लेने के लिए स्टार्ट अप शुरू करने की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2023 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2024 कर दिया है.

    केंद्र सरकार ने अभी तक 1.17 लाख स्टार्ट अप को मान्यता दी है.

    पीएम मोदी ने 15 अगस्त को स्टार्ट अप इंडिया का एलान किया था. इसके बाद 16 जनवरी, 2016 को इस योजना को शुरू किया गया था.

    इसके तहत देश में स्टार्ट अप को बढ़ावा देने के ​लिए नए उद्यमों को कर छूट और अन्य सुविधाएं देने का एलान किया गया था.

  16. बीजेपी के साथ आने से नीतीश कुमार के अति पिछड़ी जाति के वोटर ख़ुश या ख़फ़ा? प्रेस रिव्यू

  17. हेमंत सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार प्रताड़ित कर रही है: लालू यादव

    राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने पड़ोसी राज्य झारखंड के राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर हेमंत सोरेन की सरकार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने ट्विटर पर कहा, "झारखंड की लोकप्रिय सरकार के जनप्रिय आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को केंद्र की तानाशाह सरकार प्रताड़ित कर रही है. भाजपा के यह घिनौने हथकंडे अल्प समय के लिए परेशान तो कर सकते हैं पर पिछड़े, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और हाशियों पर रहने वाले समूहों के संकल्प और महत्वाकांक्षाओं को पराजित नहीं कर सकते. भाजपा का डर जग-ज़ाहिर है और जनता भी यह बात अब समझ चुकी है. हम मजबूती से हेमंत के साथ हैं."

    राष्ट्रीय जनता दल झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) की सहयोगी पार्टी है.

    इससे पहले झारखंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर सुनियोजित तरीके से गिरफ़्तार करने का आरोप लगाया था.

    उन्होंने दावा किया है कि उन्हें एक ऐसे मामले में अरेस्ट किया गया है, जो उनसे जुड़ा हुआ ही नहीं है.

  18. पाकिस्तान चुनाव: नवाज़ शरीफ़ और इमरान ख़ान एक दूसरे की भूमिका में कैसे पहुँचे

  19. अखिलेश यादव ने कहा- ये भारतीय जनता पार्टी का ​'विदाई बजट' है...

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि वित्त वर्ष 2024-25 का अंतरिम बजट भारतीय जनता पार्टी का ​'विदाई बजट' है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स पर किए एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, "कोई भी बजट अगर विकास के लिए नहीं है और कोई भी विकास अगर जनता के लिए नहीं है तो वो व्यर्थ है."

    "भाजपा सरकार ने जनविरोधी बजटों का एक दशक पूरा करके एक शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया है, जो फिर कभी नहीं टूटेगा, क्योंकि अब सकारात्मक सरकार आने का समय हो गया है.''

    इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को अंतरिम बजट पेश किया.

  20. वित्त मंत्री ने बुनियादी ढांचे पर निवेश 11 फ़ीसदी बढ़ाने का एलान किया, कितना होगा खर्च

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट में बुनियादी ढांचे पर खर्च को अगले वित्त वर्ष में लगभग 11 फ़ीसदी बढ़ाने का एलान किया है.

    उन्होंने बताया कि अगले साल बुनियादी ढांचे पर 11,11,111 लाख करोड़ रुपए का निवेश करने का एलान किया है. यह मौजूदा वित्त वर्ष से 11.11 फ़ीसदी अधिक है.

    निर्मला सीतारमण ने बताया कि इस तरह बुनियादी ढांचे पर खर्च बढ़कर 3.4 फ़ीसदी हो गया है.

    वित्त मंत्री ने दावा किया है कि पिछले चार सालों के दौरान बुनियादी ढांचे पर निवेश तिगुना हो गया है.

    बजट भाषण की ख़ास बातें

    • "वित्त वर्ष 2025 में बुनियादी ढांचे के लिए परिव्यय बढ़ाकर 11.11 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है."
    • "मैं आयात शुल्क सहित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के लिए समान कर दरों को बनाए रखने का प्रस्ताव करती हूं."
    • "2024-25 में राजकोषीय घाटा GDP का 5.1% रहने का अनुमान है."
    • "चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा जीडीपी का 5.8% रहने का अनुमान है."
    • "घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लक्षद्वीप सहित हमारे द्वीपों पर बंदरगाह कनेक्टिविटी, पर्यटन बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के लिए परियोजनाएं शुरू की जाएंगी."
    • "जुलाई में पूर्ण बजट में हमारी सरकार विकसित भारत के लक्ष्य का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत करेगी."
    • "यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और आराम के लिए 40,000 सामान्य रेलवे बोगियों को वंदे भारत मानकों में परिवर्तित किया जाएगा."
    • "आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी आशा वर्कर्स, आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स को भी कवर किया जाएगा."
    • "कृषि क्षेत्र की और वृद्धि के लिए, सरकार फसल कटाई के बाद की गतिविधियों में सार्वजनिक और निजी निवेश को और बढ़ावा देगी."
    • "कोविड के बावजूद हमने पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 करोड़ घर बनाने का काम पूरा हुआ. 2 करोड़ घर अगले 5 साल में और बनाए जाएंगे."
    • "भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर भारत और दूसरे देशों के लिए भी एक परिवर्तनकारी कदम है."