You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हिमंत बिस्वा सरमा का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- जहां से गुजरेंगे, वहां बची-खुची कांग्रेस भी ख़त्म हो जाएगी

इंडिया गठबंधन के बारे में हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि जब इंडिया गठबंधन बना था, तभी कहा था कि ये ज़्यादा दिन नहीं चलेगा.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and चंदन शर्मा

  1. ओवैसी ने इन तीन नेताओं पर लगाया जनता को धोखा देने का आरोप और बोले- तीनों मांगे माफ़ी

    बिहार में महागठबंधन छोड़कर एनडीए का दामन थामने वाले नीतीश कुमार रविवार शाम नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं.

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीनओवैसी ने बिहार सीएम के ताज़ा सियासी उलटफेर के लिए नीतीश कुमार के साथ नरेंद्र मोदी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है.

    ओवैसी ने आरोप लगाया है कि इन तीनों की पार्टी (जेडीयू, बीजेपी और आरजेडी) ने बिहार की जनता के साथ धोखा दिया है. उन्होंने मांग की है कि इन तीनों को बिहार की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए.

    ओवैसी ने और क्या कहा?

    कल तक नीतीश कुमार कहते थे कि ओवैसी बीजेपी की ‘बी’ टीम है,अब बताइए, नीतीश कुमार को इनकी (बीजेपी) 'बी’ टीम बोलेंगे या नहीं.

    इन्हें (तेजस्वी यादव) जवाब देना चाहिए कि आखि़र ये अपनी बैठकों में इन्हें क्यों बगल में बिठा रहे थे और ‘चाचा-चाचा’ बोल रहे थे.

    इन्होंने सेकुलरिज्म के नाम पर धोखा दिया है.

    मैं ये तमाशे देख रहा हूं कि कैसे मुसलमानों और सेकुलर समाज के साथ खेल खेला जा रहा है, मैं ये सब देख रहा हूं.

  2. नीतीश कुमार पर जयराम रमेश बोले- अपनी महत्वकांक्षा के बारे में उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा

    बिहार में राजनीतिक बदलाव पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि इससे इंडिया गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

    वे बोले, "2024 के चुनाव के समय बिहार की जनता नीतीश कुमार जी और जो उनको दिल्ली में बैठ कर नचा रहे हैं उनको सही जवाब देगी."

    "जो अपना राजनीतिक रंग वक़्त के अनुसार हर समय बदलते रहते हैं, उनसे बड़ा अवसरवादी मैंने अपने लंबे राजनीतिक करियर में नहीं देखा है."

    जयराम रमेश ने कहा, "उनसे मेरे अच्छे रिश्ते हैं. जब मैं ग्रामीण विकास मंत्री था और वो मुख्यमंत्री थे, तब मैंने उनके साथ बड़ी नजदीकी से काम किया है. तब वे हमारे कांग्रेस के घटक दलों में शामिल नहीं थे. उसी के बाद महागठबंधन बना. विश्वासघात तब भी हुआ था. ये चौथी बार वो अपना रंग बदल रहे हैं इसिलिए मैं कहता हूं कि वो गिरगिटों का कड़ी टक्कर दे रहे हैं."

    यह पूछे जाने पर कि क्या नीतीश कुमार ने अपनी महत्वकांक्षा के बारे में कभी कुछ कहा?

    इस पर जयराम रमेश बोले, "उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा. इंडिया गठबंधन की पहली बैठक नीतीश कुमार ने ही बुलाई थी. उनके कहने पर ही सभी घटक दल पटना में जुटे थे. उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा."

  3. नीतीश कुमार के एनडीए से जुड़ने पर चिराग पासवान की आई ये प्रतिक्रिया

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के एनडीए से जुड़ने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार की नीतियों में उनकी पार्टी और बीजेपी के विकास के विज़न को जोड़ा जाएगा.

    चिराग ने कहा, "लंबे समय से हम लोग काम कर रहे थे, कहीं न कहीं एक मौक़ा है अपने उस विज़न को धरातल पर उतारने के प्रयास करने का यह देखते हुए कि आने वाले दिनों में सरकार की क्या रूप रेखा होगी."

    उन्होंने यह भी कहा, "एजेंडे में किन चीज़ों को जोड़ा जाता है, क्या कोई साझा न्यूनतम कार्यक्रम बनाया जाता है या नहीं.... इन तमाम विषयों पर आने वाले दिनों में चर्चा होगी."

    वे बोले, "आज महत्वपूर्ण था कि मौजूदा और पूर्व मुख्यमंत्री पहले इस्तीफ़ा दें और फिर शपथ लें. मैं शपथग्रहण समारोह में एनडीए के सहयोगी के रूप में शामिल होने जा रहा हूं."

    नीतीश कुमार पर चिराग ने कहा, "मेरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से नीतिगत विरोध था, है और अगर इस तरह से ही उनकी ही नीतियों पर काम करते हैं तो आगे भी रहेगा. मैंने हमेशा माना है कि उनकी नीतियों ने बिहार का विकास नहीं किया है."

    "ऐसे में एनडीए की नई सरकार जो बन रही है उसमें बीजेपी और लोकजनशक्ति (रामविलास) पार्टी का विज़न को जोड़ा जाता है और सही मायनों में हम लोग बिहार को उस विकास की राह पर लेकर चलते हैं जिससे बिहार अब तक अछूता रहा है तो यकीनन ये हम लोगों के लिए एक सफल निर्णय होगा."

  4. नीतीश कुमार के इस्तीफे पर बोले खड़गे- देश में बहुत लोग हैं ऐसे आयाराम गयाराम वाले

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीतीश कुमार के इस्तीफे़ पर कहा कि इसकी जानकारी उन्हें लालू यादव और तेजस्वी यादव ने बहुत पहले से दे दी थी. वो अब सच साबित हो गया है. खड़गे ने कहा, ''देश में ऐसे बहुत लोग हैं आयाराम, गयाराम वाले.''

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने कहा कि वो अब पुराने गठबंधन से अलग हो गए हैं. समझा जा रहा है कि वो बीजेपी के साथ मिल कर सरकार बनाएंगे.

    रविवार सुबह 11 बजे नीतीश राजभवन पहुंचे जहां उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाक़ात कर उन्हें इस्तीफ़ा सौंप दिया. इसके साथ ही उन्होंने गठबंधन से अलग होने का भी ऐलान किया.

    इसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "मैंने इस्तीफ़ा दे दिया है और अब सरकार ख़त्म हो गई. हमने लोगों और पार्टी की राय सुनी, उसके बाद यह फ़ैसला लिया."

    ऐसी ख़बरें भी हैं कि नीतीश कुमार जल्द ही आरजेडी के मंत्रियों से इस्तीफा लेने वाले हैं. बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि नीतीश नई सरकार में दो मुख्यमंत्री बना सकते हैं.

  5. Nitish Kumar ने Bihar के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया, नई सरकार बनाने पर क्या बोले?

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब से कुछ देर पहले राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाक़ात कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. नीतीश कुमार ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद इसका एलान किया.

  6. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद के राजनीतिक घटनाक्रम पर बीबीसी संवाददाता अभिनव गोयल की रिपोर्ट

  7. नीतीश के पाला बदलने के बाद तेजप्रताप यादव ने लिखा,‘तेरा अंत होगा और अंत होगा तेरी….’

    बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और नीतीश सरकार में पर्यावरण मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने नीतीश के महागठबंधन से नाता तोड़कर फिर से बीजेपी के साथ सरकार बनाने की कवायद के बीच सोशल मीडिया पर एक कविता पोस्ट की है.

    तेज प्रताव यादव ने लिखा है,

    “जब भाव न जागा भावों में,

    उस भावों का कोई भाव नहीं,

    ऐसी भावों का कोई स्थान नहीं,

    जिनका भाव नहीं अपनों की भावों में,

    कहाँ रखी है भाव तेरी, जिनका ख़्याल तेरी भावों में,

    बस सत्ता का ख़्याल है तेरी भावों में,

    अपनों के भावों का क्या हुआ।

    तेरा अंत होगा और अंत होगा तेरी भावों का, कोई स्थान नहीं होगा तेरा, जब बात होगी तेरी भावों का॥”

    तेज प्रताप यादव अपने अलग अंदाज़ के लिए चर्चित रहे हैं. अब नीतीश कुमार के राजद के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद उन्होंने कविता के ज़रिए निशाना साधा है.

    नीतीश कुमार ने रविवार को पटना में गवर्नर से मुलाक़ात के बाद महागठबंधन सरकार गिराने का एलान किया. उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.अब वो बीजेपी के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाने जा रहे हैं.

  8. नीतीश ने फिर बदला पाला, जयराम रमेश बोले- ‘गिरगिट को कड़ी टक्कर दे रहे हैं’

    कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने नीतीश कुमार के गठबंधन से अलग होने के बाद उन्हें गिरगिट कहा है.

    नीतीश कुमार कई बार गठबंधन बदल चुके हैं. रविवार को उन्होंने महागठबंधन सरकार गिराने और फिर से नई सरकार बनाने का दावा किया.

    नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के साथ ही इंडिया गठबंधन से अलग होने का एलान भी कर दिया है.

    बिहार में तेज़ी से बदल रहे राजनीतिक घटनाक्रम पर अब तक शांत रही कांग्रेस अब नीतीश कुमार पर पलटवार कर रही है.

    जयराम रमेश ने नीतीश की घोषणा के बाद टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा है, “बार-बार राजनीतिक साझेदार बदलने वाले नीतीश कुमार रंग बदलने में गिरगिटों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. इस विश्वासघात के विशेषज्ञ और उन्हें इशारों पर नचाने वालों को बिहार की जनता माफ़ नहीं करेगी.

    जयराम रमेश ने कहा, “बिलकुल साफ़ है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से प्रधानमंत्री और भाजपा घबराए हुए हैं और उससे ध्यान हटाने के लिए यह राजनीतिक ड्रामा रचा गया है.”

  9. नए गठबंधन की सरकार में दो उप मुख्यमंत्री होंगे : शाहनवाज़ हुसैन

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बीजेपी नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा है कि नए गठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो उप मुख्यमंत्री बना सकते हैं.

    उन्होंने बीबीसी से कहा कि बीजेपी विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी होंगे जबकि उपनेता विजय सिन्हा को बनाया जाएगा.

    उनसे जब पूछा गया कि क्या आज उन्हें शपथ दिलाई जाएगी तो उन्होंने कहा देखिए क्या होता है.

    इससे पहले नीतीश कुमार के इस्तीफे के एलान के साथ ही बीजेपी के विधायकों का सीएम आवास पहुंचना शुरू हो गया है.

    वहां थोड़ी देर में एनडीए की बैठक शुरू होने वाली है. बैठक में हिस्सा लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी भी रवाना हो चुके हैं.

  10. नीतीश ने इस्तीफ़ा देकर बिहार के युवाओं की मुस्कुराहट छीनी है : आरजेडी

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    नीतीश कुमार के इस्तीफे पर राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    आरजेडी प्रवक्ता एजाज़ अहमद कहा,'' नीतीश कुमार ने अपने स्वार्थ में युवाओं के नौकरी के रोजगार के मामले को धक्का देने और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने का काम किया है.''

    उन्होंने कहा,'' नौकरी मिलने के बाद बिहार के युवाओं के चेहरों पर जो मुस्कुराहट थी नीतीश ने उसे छीनने की कोशिश की है. नीतीश कुमार ने इस्तीफा देकर युवाओं और युवाओं के नेता तेजस्वी यादव की सोच को धक्का पहुंचाने का काम किया है. उन्हें ये बताना चाहिए था कि वो किस कारण, किस स्वार्थ से भारतीय जनता पार्टी के साथ जा रहे हैं.''

    उन्होंने कहा,'' यहां ठग और लोभी का गठबंधन तैयार हो रहा है. नौ अगस्त 2022 से पहले नीतीश ने खुद कहा था कि भारतीय जनता पार्टी हमारे अस्तित्व को समाप्त करना चाहती है. हमारी पार्टी को खत्म करनE चाहती है. हम सभी समाजवादी विचारधारा के लोग मिल कर इस ताकत का मुकाबला कर सकते हैं. लेकिन आज अपने स्वार्थ में बीजेपी के साथ जा रहे हैं.''

  11. बिहार के सियासी घटनाक्रम पर पटना से बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े की लाइव रिपोर्टिंग

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफ़ा, कहा- महागठबंधन से अलग होंगे

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब से कुछ देर पहले राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाक़ात कर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    नीतीश कुमार ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाक़ात के बाद इसका एलान किया.

    इसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा, "आज मैंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. हमने पार्टी के लोगों की बात मानी और सरकार को समाप्त करने का प्रस्ताव दिया. हम आज गठबंधन से अलग हो गए."

    उन्होंने गठबंधन छोड़ने के बारे में कहा कि उन्होंने डेढ़ साल पुराना गठबंधन छोड़ दिया है. उन्होंने कहा, "नए गठबंधन के बारे में और आगे की सरकार के बारे में एनडीए की मीटिंग में फै़सला होगा."

    इससे पहले बिहार में चल रही राजनीतिक सरगर्मियों के बीच राजधानी पटना में जनता दल (यूनाइटेड) की मीटिंग हुई.

    ये मीटिंग नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री आवास पर चली. इसमें विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद शामिल हुए. इसके बाद नीतीश कुमार राजभवन की ओर रवाना हो गए.

  13. बिहार के सियासी घटनाक्रम पर क्या बोले बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी

    बिहार में बैठक के लिए बीजेपी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.

    पटना पहुंचे बीजेपी नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा है कि राज्य राजनीतिक घटनाक्रम चल रहा है लेकिन अब तक ये पूरी तरह खुल कर सामने नहीं आया है. एक बार इसके सामने आ जाने पर हम बता पाएंगे कि क्या हो रहा है.

    उन्होंने कहा,'' लेकिन बिहार के लिए जो भी होगा उसका स्वागत है. हम सभी को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी के के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है.''

    इससे पहले राजधानी पटना में जनता दल (यूनाइटेड) की मीटिंग शुरू हुई. मीटिंग नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री आवास पर चल रही है. इसमें विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद शामिल हुए.

    माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर अपना इस्तीफ़ा दे सकते हैं. उसके बाद बीजेपी के विधायक नीतीश आवास पर आ सकते हैं और एनडीए के विधायकों की बैठक में नीतीश को सीएम चुना जा सकता है

  14. बिहार के सियासी घटनाक्रम पर पटना से बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े की लाइव रिपोर्टिंग

  15. जनता दल (यूनाइटेड) की बैठक शुरू, नीतीश के इस्तीफ़ा देने की चर्चा गर्म

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार में चल रही राजनीतिक सरगर्मियों के बीच राजधानी पटना में जनता दल (यूनाइटेड) की मीटिंग शुरू हो गई है.

    मीटिंग नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री आवास पर चल रही है. इसमें विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद शामिल हुए हैं.

    माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर अपना इस्तीफ़ा दे सकते हैं. उसके बाद बीजेपी के विधायक नीतीश आवास पर आ सकते हैं और एनडीए के विधायकों की बैठक में नीतीश को सीएम चुना जा सकता है.

    जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक ज़्यादातर यह बोलते देखे जा रहे हैं कि नीतीश जो फै़सला करेंगे वो मंजूर होगा.

    इस बीच दोपहर बाद क़रीब तीन बजे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी पटना पहुंचने की ख़बर है.

    दूसरी तरफ, बीजेपी की भी विधायकों की अलग बैठक चल रही है.

    राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से आज के अख़बार में एक धन्यवाद विज्ञापन दिया गया है, जिसमें बिहार में चार लाख नौकरी और बाक़ी काम के लिए तेजस्वी यादव को धन्यवाद दिया गया है.

    फिलहाल नीतीश कुमार, लालू प्रयास यादव के राष्ट्रीय जनता दल के समर्थन से मुख्यमंत्री हैं.

    साल 2022 के अगस्त महीने में नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए से नाता तोड़ा था और सरकार बनाई थी.

  16. बिहार: आरजेडी नेता ने कहा, जनता दल (यू) को खेल शुरू करने दीजिये, ख़त्म हम करेंगे

      • Author, चंदन कुमार जजवाड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार में सियासी सरगर्मियों के बीच राष्ट्रीय जनता दल के नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) सिर्फ बहाने खोज रही है. लेकिन लोग इस पर विश्वास नहीं करेंगे.

    तिवारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा- 'उन्हें खेल शुरू करने दीजिए, ख़त्म हम करेंगे.''

    कयासों के दौर के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि नीतीश कुमार रविवार दोपहर तीन बजे एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन उनकी सरकार को बीजेपी का समर्थन मिला होगा.

    उन्होंने दावा किया कि नई सरकार में भले ही नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे, मगर सरकार की कमान भारतीय जनता पार्टी के हाथ में रहेगी. मांझी ने कहा कि एनडीए का हिस्सा होने की वजह से वह और उनकी पार्टी के विधायक भी इस सरकार में शामिल होंगे.

    ऐसी ख़बरें हैं कि नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनता से नाता तोड़ कर एनडीए के साथ जा सकते हैं. ऐसी ख़बरें भी हैं कि नीतीश कुमार जल्द ही आरजेडी के मंत्रियों से इस्तीफा लेने वाले हैं. इसके बाद बीजेपी के सुशील कुमार मोदी को उप मुख्यमंत्री बनाया जाएगा.

  17. दिल्ली के कालकाजी मंदिर में जागरण के दौरान मंच गिरा- एक की मौत, 17 घायल

    राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर के पास जागरण के लिए बना मंच गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 17 लोग घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से कहा है कि मंदिर के महंत परिसर में जागरण का कार्यक्रम चल रहा था. इस दौरान लकड़ी और लोहे की रॉड से बना मंच गिर गया. उस समय वहां डेढ़ से दो हजार लोग मौजूद थे.

    पुलिस ने कहा है कि इस कार्यक्रम के लिए इजाज़त नहीं दी गई थी. हालांकि पुलिस ने ये भी कहा है कि कार्यक्रम की जगह पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.

    पुलिस ने आयोजकों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है.

  18. फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर बच्चों को न्यूड तस्वीरें भेजने पर लगेगी रोक

    सोशल मीडिया साइट फेसबुक की मालिक कंपनी मेटा ने कहा है कि वो जल्द ही ऐसा सेफ्टी टूल लाने जा रही है जो बच्चों को न्यूड तस्वीरें हासिल करने या भेजने से रोक देगा. इनक्रिप्टेड चैट में भी ऐसा नहीं हो सकेगा.

    ये टूल वैकल्पिक हो सकता है और ये इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वयस्कों के लिए भी उपलब्ध हो सकता है. मेटा ने इनक्रिप्ट मैसेंजर को डिफॉल्ट में डाल दिया था. इसके बाद सरकार और पुलिस से उसे काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था.

    उनका कहना था कि इनक्रिप्शन की वजह से कंपनी बच्चों से दुर्व्यवहार के मामलों का पता नहीं कर पाएगी.

    मेटा के मुताबिक़ कंपनी का ये फीचर महिलाओं और 13 साल से कम उम्र के बच्चों को यौन दुर्व्यवहार से बचाने के लिए लाया गया है.

  19. दुनिया की सबसे बड़ी क्रूज पहले सफर पर निकली, देखिये अंदर की तस्वीरें

    दुनिया की सबसे बड़ी क्रूज शिप अपनी पहली यात्रा पर निकल पड़ी है. अमेरिका में फ्लोरिडा के मियामी में रविवार को इसका उद्घाटन किया गया.

    'आईकन ऑफ़ द सीज़' नाम का ये क्रूज शिप 365 मीटर (1,197 फ़ीट) लंबा है. इसमें 20 डेक हैं और इसमें एक साथ 7,600 पैसेंजर यात्रा कर सकते हैं.

    यह क्रूज रॉयल कैरिबियन ग्रुप का है. अपनी पहली यात्रा के दौरान क्रूज शिप सात दिन का दौरा पूरा करेगी.

    इस शिप में सात स्वीमिंग पूल हैं. इसके अलावा इसमें छह वाटरस्लाइड, 40 रेस्त्रां, बार और लाउंज हैं.

    शिप में सेंट्रल पर्क नाम का एक छोटा बगीचा भी है जिसमें असली पेड़-पौधे लगाए गए हैं. इस पार्क के ऊपर एक तैराक की मूर्ति लगाई गई है.

    हालांकि पर्यावरणवादी इस शिप का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि एलएनजी से चलने वाली ये शिप समुद्र में भारी मात्रा में मिथेन उत्सर्जित करेगी.

    जहाज़ों में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक मरीन फ्यूल की तुलना में एलएनजी बेहतर है और कम प्रदूषण फैलाता है लेकिन इसके लीक होने की संभावना रहती है.

    लेकिन रॉयल कैरिबियन ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा है कि आधुनिक शिप के इंटरनेशनल मैरीटाइम स्टैंडर्ड के हिसाब से ये शिप 24 फीसदी कम गैस उत्सर्जित करता है.

  20. कांग्रेस ने फूंका लोकसभा चुनाव का बिगुल, आज देहरादून से शुरू करेगी अपना अभियान

    कांग्रेस अपना लोकसभा चुनाव अभियान उत्तराखंड से शुरू कर रही है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को देहरादून में जनसभा को संबोधित कर पार्टी का ये अभियान शुरू करने वाले हैं.

    पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, "खड़गे पूरे देश में जा रहे हैं. हम उनके आभारी हैं कि उन्होंने परिवर्तन का आह्वान करने के लिए उत्तराखंड को चुना है."

    उन्होंने कहा, "राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा देश में इंसाफ़ पाने की यात्रा है. पार्टी अध्यक्ष का ये कार्यक्रम इसी का हिस्सा है. समाज का हर वर्ग इंसाफ़ मांग रहा है चाहे वो महिलाएं हो या युवा या फिर किसान."

    खड़गे की बैठक रेस कोर्स इलाके़े में बन्नू स्कूल ग्राउंड में होगी. पार्टी ने प्रशासन से परेड ग्राउंड में सभा करने की इज़ाज़त मांगी थी लेकिन वहां स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे काम की वजह से इसके लिए जगह नहीं दी गई.

    इसके बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देहरादून में पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.

    कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर देशभर में कांग्रेस के कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश कर रही है.